परिजनों ने मंगेतर पर लगाया प्रताड़ना का आरोप, राजस्थान-झुंझुनू में फंदे से लटका मिला युवती का शव

झुंझुनू। जिले के नृसिंहपुरा गांव में एक 22 वर्षीय छात्रा पूजा का शव घर की छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतका के चचेरे भाई राकेश कुमार ने पुलिस में दी गई शिकायत में पूजा के मंगेतर निकेश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के टोड़ी गांव निवासी निकेश ने सगाई के बाद पूजा के साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने से मना कर दिया। इसके साथ ही निकेश पर पूजा को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है, जिसके चलते वह तनाव में आकर आत्महत्या के लिए मजबूर हो गई। गुढ़ागौड़जी थाने के एएसआई आशुतोष ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या पूजा ने मंगेतर की प्रताड़ना के कारण यह कदम उठाया या फिर इसके पीछे कोई और वजह है। जानकारी के अनुसार पूजा परिवार में पांच बहनों में दूसरे नंबर पर थी और कॉलेज में पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। recent visitors 87

मानसिक डिप्रेशन का थी शिकार, राजस्थान-चुरू में गंदे पानी के नाले में मिला लापता युवती का शव

चुरू. चुरू जिले के राजगढ़ थाना इलाके के रामबास मोहल्ले में स्थित गंदे पानी की डिग्गी में मंगलवार को एक युवती का शव मिला। खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर राजगढ़ पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी से गंदे पानी और दलदल में फंसी युवती के शव को बाहर निकाला। युवती की पहचान राजगढ़ के वार्ड 28 निवासी मनीषा के रूप में हुई है। युवती के परिजनों ने बताया कि मनीषा काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान थी और 7 अक्टूबर की सुबह घर से लापता हो गई थी। वह डिप्रेशन की बीमारी का शिकार थी, जिसका काफी समय से इलाज चल रहा था। सोमवार को लापता होने के बाद परिजनों ने मनीषा को दिन भर रिश्तेदारों, परिचितों और हर संभावित जगहों पर तलाश किया मगर उसका कोई भी सुराग नहीं लगा। इसके बाद युवती के भाई ने राजगढ़ थाने में बहन के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें बताया कि उसकी बहन बिना बताए घर से चली गई थी। मंगलवार को खोजबीन के दौरान रामबास मोहल्ले में स्थित गंदे पानी की डिग्गी में मृत हालत में मिली है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। recent visitors 107