Sunday, July 5, 2026 8:46 am

जोश हेजलवुड ने कर दी अपनी ही टीम RCB की खटिया खड़ी, बोले- हमने हारकर भी सबक नहीं लिया

बेंगलुरू रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने कहा कि बेंगलुरू का विकेट चिन्नास्वामी के आम विकेट की तरह नहीं था। जोश हेजलवुड ने ये भी दावा किया कि उनके बल्लेबाजों का पिछले मैचों से सबक नहीं लेने के कारण उन्हें अपने घरेलू मैदान पर लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। आरसीबी को शुक्रवार को बारिश से प्रभावित मैच में पंजाब किंग्स से पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इससे पहले आरसीबी अपने घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स से भी हार गई थी। जोश हेजलवुड ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह चिन्नास्वामी के आम विकेट की तरह नहीं है। निश्चित तौर पर इसमें हमेशा उछाल रहती है, लेकिन अब इसमें कम विविधता देखने को मिल रही है।’’ इससे पहले आरसीबी के मेंटर (मार्गदर्शक) दिनेश कार्तिक भी यहां की पिच की आलोचना कर चुके हैं। हेजलवुड ने कहा, ‘‘यह हमारी घरेलू मैदान पर लगातार तीसरी हार है। शायद ऐसा इसलिए हुआ कि हमने पिछले दो मैच से जल्दी सबक नहीं सीखा और हमने जितना हो सकता था उतना अभ्यास भी नहीं किया। हम शुरुआती ओवरों में अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाए।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘पिछले दो मैच में हमारी गेंदबाजी पहले से बेहतर रही, लेकिन हम इतनी जल्दी सुधार नहीं कर पाए जितना हमें करना चाहिए था।’’ पंजाब किंग्स के स्पिनर हरप्रीत बराड़ ने मध्यक्रम के बल्लेबाज नेहल वढेरा की छोटे से लक्ष्य के सामने संयम के साथ बल्लेबाजी करने के लिए सराहना की। वढेरा ने 19 गेंदों में नाबाद 33 रन की पारी खेली। बराड़ ने कहा, ‘‘नेहल बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। वह पिछले 2-3 साल से आईपीएल में खेल रहे हैं। वह घरेलू स्तर पर भी अच्छा प्रदर्शन करते हैं। हाल ही में, जब हमने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती, तो उन्होंने नॉकआउट में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। एक सीनियर के रूप में, मुझे बहुत गर्व महसूस होता है।’’ recent visitors 24

तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोटिल होने के कारण भारत के खिलाफ एडिलेड टेस्ट में नहीं खेल पाएंगे

एडिलेड ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड चोटिल होने के कारण भारत के खिलाफ छह दिसंबर से यहां शुरू होने वाले दूसरे दिन रात्रि टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने शनिवार को यह जानकारी दी। ऑस्ट्रेलिया पर्थ में खेले गए पहले टेस्ट में 295 रन की हार के कारण पांच मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 0-1 से पीछे चल रहा है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने यहां जारी विज्ञप्ति ने कहा,‘‘जोश हेज़लवुड बायीं ओर हल्की चोट के कारण दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे। हेज़लवुड हालांकि श्रृंखला के बाकी मैचों की तैयारी के लिए एडिलेड में टीम के साथ बने रहेंगे।’’ तेज गेंदबाज सीन एबॉट और ब्रेंडन डोगेट को एडिलेड टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। विज्ञप्ति के अनुसार ,‘‘ सीन एबॉट और ब्रेंडन डोगेट को एडिलेड में भारत के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टीम में शामिल किया गया है। एबॉट और डोगेट एडिलेड टेस्ट मैच के लिए ब्यू वेबस्टर के साथ टीम से जुड़ गए हैं।’’ ऑस्ट्रेलिया के पास हेज़लवुड के स्थान पर तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड को अंतिम एकादश में शामिल करने का विकल्प भी है। हेज़लवुड का गुलाबी गेंद से होने वाले टेस्ट मैच में अच्छा रिकॉर्ड रहा है। इस 33 वर्षीय तेज गेंदबाज ने भारत के खिलाफ 2020-21 की श्रृंखला के दौरान दिन-रात्रि टेस्ट मैच में आठ रन देकर पांच विकेट लिए थे। भारतीय टीम तब 36 रन पर आउट हो गई थी। यह पहला अवसर होगा जबकि हेज़लवुड भारत के खिलाफ घरेलू टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे। एबॉट और डोगेट को हाल में शेफ़ील्ड शील्ड मैचों में अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। एबॉट ने अपने आखिरी शील्ड मैच में तस्मानिया के खिलाफ 16 ओवर में 71 रन देकर चार विकेट लिए थे, जबकि डोगेट ने पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच विकेट लिए थे। उन्होंने अभी तक तीन शील्ड मैचों में 11 विकेट लिए हैं। इस तेज गेंदबाज ने हाल ही में मैकाय में भारत ए के खिलाफ मैच में 15 रन देकर छह विकेट लिए थे जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी है।   recent visitors 99