बंगाल में ममता सरकार पर बरसे जेपी नड्डा, सत्ता में बैठे हैं उनके मन में करुणा आए, अन्याय के खिलाफ लड़ सकें

कोलकाता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि उनकी पार्टी बंगाल में हो रहे अन्याय से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। दुर्गा पूजा में कोलकाता के एक दिवसीय दौरे पर आए नड्डा ने महानगर के प्रसिद्ध पूजा आयोजक संतोष मित्रा स्क्वायर के पूजा पंडाल का परिदर्शन के बाद यह बात कही। कोलकाता में सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक से दुष्कर्म व हत्या के मामले को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। नड्डा सुबह करीब 11 बजे कोलकाता पहुंचने के बाद महासप्तमी के अवसर पर सबसे पहले हावड़ा में रामकृष्ण मिशन के मुख्यालय बेलूर मठ पहुंचे। दुर्गा पूजा में हुए शामिल नड्डा बेलूर मठ में दुर्गा पूजा में भी शामिल हुए। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री सुकांत मजूमदार और बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी भी उनके साथ थे। यहां दर्शन पूजन के बाद नड्डा दोपहर में मध्य कोलकाता के संतोष मित्रा स्क्वायर पूजा कमेटी के पंडाल में पहुंचे, जिसके प्रमुख कोलकाता नगर निगम में भाजपा के पार्षद सजल घोष हैं। लास वेगास क्षेत्र की तर्ज पर बनाए गए इस पंडाल का परिदर्शन और देवी दुर्गा के समक्ष प्रार्थना करने के बाद नड्डा ने बंगाल में अन्याय से लड़ने के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा हमें नया जोश और तब तक अन्याय के खिलाफ लड़ने की नई ऊर्जा देती है, जब तक कि सत्य और न्याय की जीत न हो जाए। ममता सरकार पर बोला हमला जेपी नड्डा ने कहा, 'मां दुर्गा करुणा और शक्ति की प्रतीक हैं, लेकिन जब मैं बंगाल आता हूं और यहां महिलाओं के साथ हो रही क्रूरता देखता हूं तो मैं मां दुर्गा से विशेष प्रार्थना करता हूं कि यहां जो सत्ता में बैठे हैं उनके मन में करुणा आए और हम यहां हो रहे अन्याय के खिलाफ लड़ सकें।' उन्होंने ममता सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस की संस्कृति 'धमकी संस्कृति' बन गई है। गुंडागर्दी और कट मनी संस्कृति टीएमसी का पर्याय बन गई है। जनता हकीकत जानती है और मुझे पूरा भरोसा है कि वे टीएमसी को कड़ा सबक सिखाएंगे। नड्डा ने दुर्गा पूजा के अवसर पर राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं और इस त्योहार के सांस्कृतिक महत्व तथा अन्याय से लड़ने की भावना को पुनर्जीवित करने में इसके महत्व को रेखांकित किया। इसके बाद नड्डा ने बांग्ला को शास्त्रीय भाषा घोषित करने के केंद्र के हालिया फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने के वास्ते कोलकाता के न्यूटाउन स्थित एक पांच सितारा होटल में आयोजित प्रतिष्ठित हस्तियों की एक बैठक में भाग लिया। हाल में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बांग्ला सहित पांच भाषाओं को शास्त्रीय भाषा के रूप में मान्यता दी है। recent visitors 79

महात्मा गांधी की जयंती पर जेपी नड्डा ने लोधी कॉलोनी में सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया

नई दिल्ली महात्मा गांधी की जयंती पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष और केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बुधवार सुबह लोधी कॉलोनी में सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। इस मौके पर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज सहित कई नेता मौजूद रहे और स्वच्छता अभियान में भागीदारी की। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि यह केवल एक दिन करने वाला कार्यक्रम नहीं है, स्वच्छता सतत रूप से हर दिन, हर साल हमारे जीवन का अंग बने, इसके लिए हम सभी को कार्य करना चाहिए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और जन सामान्य को संदेश दिया कि इस अभियान में अपनी भागीदारी दें। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया में पोस्ट पर अपने संदेश में कहा कि सत्य, अहिंसा, शांति और सद्भाव का संदेश देकर मानव कल्याण को समर्पित राष्ट्रपिता महात्मा गांधीजी की जयंती पर उन्हें कोटिश: नमन करता हूं। पूज्य बापू की शिक्षाएं, विचार एवं सामाजिक समरसता के प्रति दृढ़ संकल्प, हम सभी के लिए प्रेरणा पुंज है।   recent visitors 77

जेपी नड्डा ने कहा- राहुल गांधी को ‘नकली देशभक्त’ बताते हुए कहा कि उन्हें देश के हितों से कोई लेना-देना नहीं

राजकोट (गुजरात) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने शनिवार कांग्रेस पर देश को बांटने का आरोप लगाया और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष नेता राहुल गांधी को ‘नकली देशभक्त’ बताते हुए कहा कि उन्हें देश के हितों से कोई लेना-देना नहीं है। भाजपा अध्यक्ष ने यहां तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा, "ये लोग भारत जोड़ो यात्रा के जरिये देश को तोड़ने में व्यस्त हैं। हम सब को देश को एकजुट करने की दिशा में सरदार वल्लभ भाई पटेल के अमूल्य योगदान को याद करना चाहिए।" नड्डा ने कांग्रेस पर चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु और नेताजी सुभाष चंद्र बोस सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को भुलाने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा, “मुझे दुख के साथ यह कहना पड़ रहा है कि आज कांग्रेस नेता केवड़िया में सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने नहीं गए, जिन्होंने 562 रियासतों को मिलाकर एक नए भारत का निर्माण किया।” नड्डा ने कहा कि देश के युवा "इन नकली देशभक्तों को" सच्चाई से रू-ब-रू कराएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों को "सिर्फ और सिर्फ राजनीति करने से मतलब है"। देश की तरक्की और लोगों के हितों से उनका कोई लेना-देना नहीं है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की जनता अब समझदार हो चुकी है। कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद थे। भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में उनकी कार्यशैली की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राज्य लगातार विकास कर रहा है। मौजूदा सरकार राजनीति से परे हटकर लोगों के हितों के बारे में सोच रही है। recent visitors 75

दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना भारत में चलाई जा रही, स्वास्थ्य बजट के आवंटन में 164 % की बढ़ोतरी : जेपी नड्डा

 नई दिल्ली  केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने लोगों के स्वास्थ्य को मोदी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए दावा किया है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना भारत में चलाई जा रही है और स्वास्थ्य बजट के आवंटन में भी 164 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से संबंधित अनुदान मांगों पर लोकसभा में हुई चर्चा का जवाब देते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार सिर्फ घोषणाएं ही नहीं करती, बल्कि उसे धरातल पर सफल बनाने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से काम करती है। विपक्षी दलों के हंगामे के बीच लोकसभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में हमारी सरकार सक्रिय और प्रतिक्रियाशील रही है। वर्ष 2013-14 में स्वास्थ्य का जो बजट 33,278 करोड़ रुपए था, आज उस बजट को बढ़ाकर 90,958 करोड़ रुपए कर दिया गया गया है। स्वास्थ्य बजट के इस आवंटन में 164 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य के बजट में यह बढ़ोतरी लोगों के स्वास्थ्य की देखभाल को प्राथमिकता देने और भारतीयों नागरिकों की भलाई सुनिश्चित करने की मोदी सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। नड्डा ने कहा कि एनडीए की पहली सरकार (अटल बिहारी वाजपेयी सरकार) से पहले देश में एक एम्स था, अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान 6 एम्स खोले गए। वर्तमान मोदी सरकार के कार्यकाल में 22 एम्स को मंजूरी दी गई, जिसमें से 18 ऑपरेशनल और 4 निर्माणाधीन हैं। अपने जवाब के दौरान विपक्षी दलों के हंगामे पर सदन में पलटवार करते हुए नड्डा ने कहा कि राजनीति करनी है तो करिए और सच्चाई सुननी है तो सुनिए। उन्होंने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर भी निशाना साधते हुए बीमारी से संबंधित आंकड़ों को केंद्र के साथ शेयर नहीं करने का आरोप लगाया। नड्डा ने सदन के माध्यम से देश को यह भी बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 12 करोड़ परिवार यानी 55 करोड़ से ज्यादा लोगों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है। इसके साथ ही 1.73 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्थापित किए गए हैं। दुनिया के देश भारत के आयुष्मान भारत योजना का अध्ययन कर रहे हैं। सरकार ने आयुष्मान भारत, मुफ्त दवाइयों एवं जांच सुविधाओं सहित स्वास्थ्य से जुड़ी अन्य सुविधाओं पर जोर देकर आउट ऑफ पॉकेट खर्च को 62 प्रतिशत से कम कर 47.1 प्रतिशत पर पहुंचाया है। उन्होंने कोविड के संकट काल के दौरान मोदी सरकार द्वारा चलाए गए दुनिया के सबसे बड़े और सफल टीकाकरण अभियान का भी जिक्र करते हुए पिछली सरकारों की तुलना में मोदी सरकार द्वारा तेजी से कामकाज किए जाने का दावा किया। जेपी नड्डा के जवाब के बाद लोकसभा ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय से संबंधित अनुदान मांगों को ध्वनिमत से पारित कर दिया। recent visitors 137