ग्रामीणों के 23 परिवादों के त्वरित समाधान के निर्देश, राजस्थान-केकड़ी के कलेक्टर ने लगाई रात्रि चौपाल

केकड़ी। केकड़ी क्षेत्र में पहली बार आये अजमेर जिला कलेक्टर लोक बंधु ने शनिवार को जूनिया गांव में रात्रि चौपाल लगाई। चौपाल के दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याओं के परिवाद दिए गए। इनमें खाला निर्माण, गांव में पक्की सड़क का निर्माण, जलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाने, पट्टा बनवाने, नियमित विद्युत आपूर्ति करवाने के मामले शामिल थे। समस्याओं के परिवाद में पीएम आवास योजना में मकान का लाभ दिलवाने, राजस्व रिकॉर्ड में रकबा कम होने के प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई करने, निर्माणाधीन सड़क का कार्य जल्द पूर्ण करवाने, रास्ता विवाद में रास्ता खुलवाने, नाले की खुदाई एवं सफाई कराने, भूमि रूपांतरण करवाने, वृद्धावस्था पेंशन व विकलांग पेंशन का लाभ दिलवाने, विद्यालय के जीर्ण-शीर्ण कक्ष को गिरवाने, पट्टा वितरण कराने के मामले शामिल थे। जिला कलक्टर ने मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन परिवादों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार आमजन की समस्याओं को जल्द से जल्द हल करें एवं पीड़ित को राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होनें क्षेत्र में खुले बोरवेल को ढकवाने के लिए तीन दिन का विशेष अभियान चलाने के लिए कहा। रात्रि चौपाल में केकड़ी के अतिरिक्त जिला कलक्टर चंद्रशेखर भंडारी, उपखण्ड अधिकारी केकड़ी सुभाष चंद्र हेमानी, उपखंड अधिकारी भिनाय सुनील कुमार जिंगोनिया, पुलिस वृताधिकारी हर्षित शर्मा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिशी शर्मा, तहसीलदार भोपाल सिंह मीणा, ग्राम विकास अधिकारी, पटवारी, विद्युत विभाग के अधिकारी सहित कई कार्मिक एवं ग्रामीण उपस्थित थे। recent visitors 73

आमजन की समस्याओं का हुआ समाधान, राजस्थान-जयपुर के गांव में लगी रात्रि चौपाल

जयपुर। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देशानुसार जिले में आमजन की समस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु दिनांक ग्राम पंचायत बिलौंची में श्रीमान अतिरिक्त जिला कलक्टर महोदय चतुर्थ श्रीमती सुमन पंवार की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। जिसमें सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। रात्रि चौपाल में अतिरिक्त जिला कलक्टर की मौजूदगी में सभी विभागों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विभाग की फ्लैगशिप योजनाओं के संबंध में आम नागरिकों को जानकारी प्रदान की, जिससे इन योजनाओं से अधिकाधिक ग्रामीण लाभान्वित हो सकें। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित लगभग 35 परिवाद (10 राजस्व, 08 पंचायतीराज, 04 विद्युत विभाग, 13 अन्य) प्राप्त हुये। उक्त परिवादों में से अधिकतर परिवादो का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष परिवादो के लिये अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ ने 3 दिवस में निस्तारण करने के निर्देश प्रदान किये। रात्रि चौपाल के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों ने स्वच्छता की शपथ ली। recent visitors 114