पेट्रोल पंप पर मिलने वाली 8 फ्री सेवाएं, जिन्हें आप शायद नहीं जानते होंगे

नई दिल्ली हममें से ज्यादातर लोग पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए नियमित रूप से पेट्रोल पंप पर जाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके अलावा भी पेट्रोल पंप पर कुछ चीज़ें मुफ्त मिलती हैं? यहां हम आपको पेट्रोल पंप पर मिलने वाली 8 फ्री सेवाओं के बारे में बता रहे हैं: फ्री टायर हवा : पेट्रोल पंप पर आप अपनी गाड़ी के टायर में फ्री हवा भरवा सकते हैं। इसके लिए आपको कोई पैसा नहीं देना होता। हालांकि, अगर आप नाइट्रोजन गैस चाहते हैं तो कुछ पेट्रोल पंप पर इसके लिए चार्ज लिया जा सकता है, लेकिन कई जगह यह भी मुफ्त होती है। फ्री पानी : पेट्रोल पंप पर आपको पीने का पानी भी मुफ्त मिलता है। यहां आरओ या वाटर कूलर की सुविधा होती है, जिससे आप आसानी से पानी पी सकते हैं। वॉशरूम की सुविधा : पेट्रोल पंप पर वॉशरूम की सुविधा भी मुफ्त होती है। आप इसे किसी भी वक्त इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर कोई मना करे तो शिफ्ट मैनेजर से इसकी शिकायत की जा सकती है। फ्री कॉल : इमरजेंसी के दौरान आप पेट्रोल पंप से फ्री कॉल कर सकते हैं। इसके लिए कोई चार्ज नहीं लिया जाता, यह सुविधा पंप मालिक की ओर से दी जाती है। फर्स्ट एड बॉक्स : पेट्रोल पंप पर फर्स्ट एड बॉक्स की भी सुविधा होती है। इसमें जरूरी दवाइयां और मरहम-पट्टी रहती है, जो आप इमरजेंसी में उपयोग कर सकते हैं। हालांकि, इसे इस्तेमाल करने से पहले यह जरूर चेक कर लें कि इनका एक्सपायर नहीं हुआ हो। फायर सेफ्टी डिवाइस : पेट्रोल पंप पर फ्यूल भरवाने के दौरान अगर वाहन में आग लग जाती है, तो वहां फायर सेफ्टी डिवाइस उपलब्ध होती है, जिसका इस्तेमाल आप कर सकते हैं। इसके लिए भी कोई शुल्क नहीं लिया जाता। पंप मालिक की जानकारी : पेट्रोल पंप पर आपको पंप मालिक का नाम, कंपनी का नाम और संपर्क नंबर भी मिलता है। यह जानकारी आपको किसी भी जरूरत के समय पंप से संपर्क करने में मदद करती है। बिल : पेट्रोल-डीजल भरवाने के बाद आपको बिल दिया जाता है। अगर किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी हो, तो बिल के माध्यम से उसे ठीक किया जा सकता है। recent visitors 167

मध्य प्रदेश पुलिस का नया फरमान जारी, अब 1 जनवरी 2025 से पेट्रोल पंप और सुपर बाजारों में नगद पेमेंट पर प्रतिबंध

भोपाल मध्य प्रदेश पुलिस के पेट्रोल पंप और सुपर बाजारों में मिल रही गबन की शिकायतों को देखते हुए यहां नकद भुगतान पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसकी जगह एक जनवरी 2025 से यहां केवल कैशलेस भुगतान ही लिया जाएगा। मप्र की कई इकाइयों के पेट्रोल पंपों में गबन की घटनाएं सामने आई हैं, जिसका फाेरेंसिक आडिट कराया गया, जिसमें गबन का एक कारण इकाइयों द्वारा नकद लेन-देन करना एवं संव्यवहार का लेखा-जोखा का संधारण न करना पाया गया है। कैशलेस पेमेंट के पॉजिटिव परिणाम भोपाल पुलिस इकाई के पेट्रोल पंप में गत एक मई 2024 से नगद लेन-देन को प्रतिबंधित किया गया है, जिसके सफल परिणाम सामने आए हैं। यह लेन-देन पुलिस कल्याण के पेट्रोल पम्पों, पुलिस गैस रिफिलिंग केंद्रों, एलपीजी गैस, सुपर बाजार, पुलिस परिसरों की साफ-सफाई व्यवस्था एवं अन्य गतिविधियों जिनमें वार्षिक टर्नओवर छह लाख से अधिक है, बंद किया जाएगा। पचमढ़ी पुलिस पेट्रोल पंप को छूट हालांकि पचमढ़ी स्थित पुलिस पेट्रोल पंप को इससे छूट प्रदान की गई क्योंकि वहां मोबाइल इंटरनेट की सुविधा सीमित है। यहां के पेट्रोल पंप में नगद प्राप्ति को बंद नहीं किया जाएगा, लेकिन पेट्रोल पंप से सभी भुगतान चैक, डिजिटल माध्यम से ही किए जाएंगे। वहां के पेट्रोल पंप के नोडल अधिकारी द्वारा दैनिक स्तर पर समीक्षा की जाएगी। पुलिस मुख्यालय की कल्याण शाखा के एडीजीपी अनिल कुमार ने इस संबंध में सभी जिला पुलिस अधीक्षकों एवं सेनानियों को निर्देश जारी किए हैं। recent visitors 66