Friday, July 10, 2026 7:12 am

भोपाल की बच्ची को गंभीर बीमारी में एयर एम्बुलेंस से गुड़गांव रेफर – जान बचाने के लिए PM श्री एयर एम्बुलेंस सेवा बनी संजीवनी

भोपाल पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा इमरजेंसी में कई जिंदगियों को बचाने ने अहम भूमिका निभा रही है। इसी कड़ी में भोपाल की रहने वाली 7 वर्षीय बालिका को लीवर की गंभीर बीमारी के उपचार के लिए भोपाल से गुड़गांव एयरलिफ्ट कर भर्ती करवाया गया। मरीज के आयुष्मान कार्ड धारक होने के कारण यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध करवाई गई। बच्ची को पेट दर्द, त्वचा का पीला पड़ना और मल में खून आने की समस्या थी। इसके इलाज के लिए परिजनों ने 19 मई को भोपाल के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। प्राथमिक जांच में एक्यूट हेपिटाइटिस विथ इंपैंडिंग फैलियर पाया गया। 23 मई को सुबह 8.20 पर पीएम श्री एयर एम्बुलेंस की मदद से मरीज को इलाज के लिए गुड़गांव के निजी अस्पताल की पीडियाट्रिक लिवर यूनिट में रेफर किया गया है। सीएमएचओ ने करवाई एयर लिफ्ट की व्यवस्था एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था सीएमएचओ कार्यालय भोपाल ने जिला प्रशासन और संचालनालय स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क कर करवाई। इसके साथ ही गुड़गांव के डॉक्टरों से समन्वय कर मरीज को शिफ्ट करवाया गया। जहां आगे का इलाज चल रहा है। सीएमएचओ भोपाल डॉ प्रभाकर तिवारी के निर्देशन में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज हुरमाड़े एवं चिकित्सकों की देखरेख में पूरी प्रक्रिया करवाई गई। मरीज के भोपाल स्थित अस्पताल से डिस्चार्ज से लेकर मरीज के एयर लिफ्ट होने तक पूरे समय स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही। इनको मिलेगी फ्री एयर लिफ्ट सुविधा सीएमएचओ डॉ प्रभाकर तिवारी ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन की इस योजना से गंभीर मरीजों को बहुत लाभ मिल रहा है। मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य संस्थाओं में बेहद कम समय में पहुंचाकर त्वरित उपचार मिल रहा है। आयुष्मान कार्डधारी के ट्रीटमेंट के लिए राज्य के अंदर और राज्य के बाहर सभी शासकीय और आयुष्मान सम्बद्ध अस्पतालों में उपचार हेतु निशुल्क परिवहन की व्यवस्था है। इसके अलावा अन्य लाभार्थी जो कि आयुष्मान कार्डधारी नहीं हैं, उनके इलाज के लिए राज्य के अंदर स्थित शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क परिवहन सुविधा है। जबकि राज्य के बाहर के किसी भी अस्पताल में अनुबंधित दर पर सशुल्क परिवहन सेवा उपलब्ध है। recent visitors 36

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हरदा के एक मरीज को बेहतर इलाज के लिए पीएम श्री एयर एम्बुलेंस से भोपाल भेजा गया

हरदा  सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हरदा के एक मरीज को बेहतर इलाज के लिए पीएम श्री एयर एम्बुलेंस से भोपाल भेजा गया. यह पहला मौका है जब हरदा के किसी मरीज को एयर एंबुलेंस से इलाज के लिए किसी दूसरे शहर भेजा गया. सीएमएचओ के निर्देश के बाद घायल को एयरलिफ्ट किया गया. पीड़ित युवक के भाई ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री मोहन यादव की सराहना की. भीषण दुर्घटना का शिकार हुआ था युवक दरअसल, जिले के रोलगांव निवासी 28 वर्षीय दिनेश गोंड का 3 दिन पहले हरदा में रोड एक्सीडेंट हो गया था. वह बाजार से घर लौट रहा था, इसी दौरान सामने से एकाएक एक भैंस आ गई और उसे बचाने के चक्कर में दिनेश बिजली के पोल से टकरा गया. हादसे में उसका पैर 3 जगह से टूट गया और कंधे की हड्डी भी टूट गई. गंभीर रुप से घायल युवक को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां 2 दिन तक उपचार के बाद सोमवार को भोपाल रेफर किया गया. 35 मिनट में हरदा से पहुंचाया भोपाल गंभीर रूप से घायल दिनेश को वाया रोड भोपाल ले जाने में जान का खतरा था. डॉक्टरों ने अंदेशा जताया कि रोड पर झटके लगने से मरीज कोमा में भी जा सकता है, जिसके बाद सीएमएचओ की पहल पर घायल को पीएम श्री एयर एम्बुलेंस योजना के तहत हेलीकॉप्टर की सुविधा उपलब्ध कराई गई. इससे मरीज को मात्र 35 मिनट में भोपाल पहुंचाया गया. एयर एम्बुलेंस के डॉक्टर निर्भय सिंह ने बताया, '' मरीज के बाएं पैर की हड्डी कई टुकड़ों में टूटने के कारण उसे भयानक दर्द था और ऐसी स्थिति में वह कोमा में भी जा सकता था.'' घायल के भाई ने कहा- ये हमारे लिए बड़ी मदद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह ने बताया, '' हमारे अस्पताल में दिनेश के इलाज की पर्याप्त सुविधा नहीं थी, इसलिए उसे भोपाल भेजा गया. पैर की हालत को देखते हुए उसे साधारण एम्बुलेंस से भेजना संभव नहीं था. इसलिए हमने एयर एंबुलेंस की मदद ली.'' घायल युवक के भाई महेश गोंड ने कहा, '' सरकार की इस सुविधा से हमें बहुत राहत मिली है. भाई की हालत ऐसी थी कि वह सड़क मार्ग से यात्रा नहीं कर सकता था. हेलीकॉप्टर से उसे भोपाल भेजा जा रहा है, यह हमारे लिए बड़ी मदद है.'' तत्काल बेहतर इलाज के लिए शुरू की गई है योजना पीएम श्री एयर एम्बुलेंस योजना की शुरुआत मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की थी. इस योजना का उद्देश्य गंभीर रूप से घायल या बीमार मरीजों को तुरंत बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से बड़े अस्पतालों तक पहुंचाना है. खासकर तब, जब सड़क मार्ग से ले जाना संभव न हो या इसमें बहुत समय लग सकता हो. यह योजना गरीब और दूरदराज के इलाकों में रहने वालों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है. recent visitors 35