‘एक्सीडेंट फ्री सड़क चिन्हित एवं विकसित करें’, राजस्थान-कलेक्ट्रेट में हुई जिला यातायात प्रबंध समिति की बैठक

जयपुर। जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने कहा कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिये पुराने साइनेज को हटाकर नये साइनेज लगाए जाएं। डॉ. सोनी ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला यातायात प्रबंध समिति की बैठक के दौरान यह बात कही। उन्होंने बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को राजमार्गों पर जारी फ्लाइओवर का गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने जिले में एक्सीडेंट फ्री सड़क को चिन्हित एवं विकसित करने के भी निर्देश दिये ताकि उन्हें आदर्श सड़क के रूप में पहचान दिलाकर अन्य सड़कों एवं राजमार्गों पर भी सुगम यातायात एवं दुर्घटना रोका जाना सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने जयपुर जिले के शहरी, ग्रामीण क्षेत्र के राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर भारत सरकार के नये नोटिफिकेशन के अनुसार स्पीड लिमिट के साइनेज बोर्ड लगाने, राजमार्गों के प्रोटोकॉल के अनुसार चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स के निवारण करने एवं जिले में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने और राजमार्गों पर अनाधिकृत पार्किंग सहित रिफलेक्टिव टेप इत्यादि के उल्लघनों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये। साथ ही जयपुर विकास प्राधिकरण और राजस्थान राज्य सड़क विकास निगम के अधिकारियों कोे पिछली बैठक के बिन्दुओं की अनुपालना रिपोर्ट पेश करने के लिए निर्देशित किया गया है। बैठक में ज्वलनशील पदार्थों को ले जाने वाले वाहनों की जीपीएस ट्रैकिंग करने, रूट उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने, टोल नाके पर शराब या नशा कर के चलाने वाले वाहन चालकों को पकड़ने तथा बेसहारा पशुओं को रेडियम पट्टी लगा कर सर्दी में फोग से सेफ्टी के उपाय करने आदि पर भी चर्चा की गई। बैठक में पुलिस आयुक्त यातायात, पुलिस आयुक्त पश्चिम, अतिरिक्त जिला कलक्टर(पूर्व), श्री देवेन्द्र कुमार जैन सहित जयपुर विकास प्राधिकरण, परिवहन विभाग, सार्वजनिक निमार्ण विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और मुस्कान फाउंडेशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। recent visitors 61

सिविल डिफेंस के जवानों ने आपदा नियंत्रण में निभाई अहम जिम्मेदारी, राजस्थान-फैक्ट्री में लगी आग

जयपुर। जयपुर जिले में नागरिक सुरक्षा के साहसिक एवं समर्पित जवान आपदा प्रबंधन में अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं। अपनी जान की परवाह किये बगैर सिविल डिफेंस के जांबाज जवान जिला कलक्टर के निर्देशन एवं उप नियंत्रक श्री अमित शर्मा के नेतृत्व में बेमिसाल कार्य कर रहे हैं। विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र के रोड नंबर 14 स्थित एक फैक्ट्री में रविवार को सुबह करीब 8 बजे आग लगने की सूचना नियंत्रण कक्ष में प्राप्त हुई। सूचना मिलने के पश्चात उप नियंत्रक अमित शर्मा के नेतृत्व में सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम मौके के लिए तत्काल रवाना हुई एवं नागरिक सुरक्षा अग्निशमन सेवा के वाहनों को भी मौके पर रवाना किया गया। रेस्क्यू टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी फैक्ट्री का सर्च किया। इसके अतिरिक्त फायर कर्मियों का फायर फाइटिंग करने में सहयोग किया। 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पाया। इससे पूर्व शनिवार रात को करीब 10 बजे नियंत्रण कक्ष को टाटीयावास टोल के पास सीकर रोड पर एक सीएनजी का टैंकर पलटने की सूचना प्राप्त हुई। जिसके बाद सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचे और टोरेंट गैस कंपनी की टेक्निकल टीम से समन्वय स्थापित करते हुए मौजूद गैस के प्रेशर को डॉउन करवाया। रेस्क्यू कार्य के दौरान जयपुर सीकर हाईवे को दोनों साइड से वाहनों की आवाजाही को बंद किया गया एवं बड़ी दुर्घटना पर समय रहते काबू पा लिया। ऑपरेशन पूरा होने के पश्चात हाईवे को आवागमन के लिए खोल दिया गया। recent visitors 110

उपखंड अधिकारी ने आमजन के सुने परिवाद, राजस्थान-सुशासन सप्ताह में तीसरे दिन हुई ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई

जयपुर। जयपुर एवं जयपुर ग्रामीण में 19 दिसंबर से लेकर 24 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सुशासन सप्ताह के तीसरे दिन जिले में ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिसके तहत जयपुर एवं जयपुर ग्रामीण उपखंड में जनसुनवाई की गई। उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। उपखंड अधिकारी ने आमजन के परिवाद सुने गए। इस दौरान उपखंड अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए निर्देशित किया। ब्लॉक स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम में कई समस्याओं का निस्तारण तो मौके पर ही कर दिया गया साथ ही अन्य समस्याओं के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। recent visitors 52