दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बालाजी जा रहे परिवार के 3 लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत

अलवर राजस्थान के अलवर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क में गड्ढा होने के कारण हुए भीषण कार हादसे एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे का शिकार हुआ यह परिवार हरियाणा से बालाजी के दर्शन करने जा रहा था। मरने वालों में पिता, बेटा और बेटी शामिल हैं। अलवर में शुक्रवार देर रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क में गड्ढा होने के कारण क्रेटा गाड़ी पलट जाने से एक व्यक्ति और उसके बेटे-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही दो लोग घायल हो गए। मृतक और घायल सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं, जो हरियाणा के नारनौल से बालाजी के दर्शन के लिए निकले थे। यह हादसा रात को अलवर जिले के पिनान के निकट भड़ोली के पास हुआ। पुलिस ने बताया कि हादसे के वक्त कार में छह लोग सवार थे। इनमें एक 8 साल का बच्चा कारव भी है, जो हादसे में घायल हो गया है। हादसे में हरियाणा नारनौल निवासी विद्यानंद (60) और उनके बेटे शुभम यादव (28) की मौके पर ही मौत हो गई। शुभम की बहन सोनिका यादव गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे पिनान सीएचसी ले जाया गया था। वहां से उसे अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बालाजी के दर्शन के लिए निकले थे शुभम की मां संतोष यादव और सोनिका का बेटा कारव यादव घायल हैं। कारव ने बताया कि हम सभी बालाजी मंदिर के दर्शन के लिए निकले थे। हादसे से पहले हम सभी एक होटल पर रुके थे। जैसे ही होटल से निकले गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। क्रेटा में मेरे अलावा मेरी मम्मी-पापा के साथ नाना-नानी और मामा भी थे। हादसे की सूचना मिलने पर रैणी पुलिस और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रैणी अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है। बता दें कि, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर चेनेज संख्या-132 की पुलिया पर भड़ौली के पास एक्सप्रेसवे की दिल्ली-जयपुर लेन में मेंटिनेंस का काम चल रहा है। यहां सड़क खुदी हुई थी और बैरिकेड दूर रखा हुआ था। ऐसे में रात के समय ड्राइवर को बैरिकेड नहीं दिखा और गड्ढे से गुजरते ही कार पलट गई। बताया जा रहा है कि कार हाईवे पर करीब चार बार पलटी खाकर दूर जा गिरी। recent visitors 92

धार में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने एक के बाद एक 5 कारों को टक्कर मारी

धार  मध्य प्रदेश में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। धार में भीषण सड़क हादसा हो गया है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक के बाद एक 5 कारों को टक्कर मार दी, फिर एक कंटेनर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद फोरलेन हाईवे पर लंबा जाम लग गया। इस हादसे में लगभग 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए मानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अच्छी बात यह है कि इस घटना में किसी की मौत की खबर नहीं आई है। हादसा गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे धामनोद गणपति घाट पर हुआ। इंदौर की तरफ से रहे ट्रक अपना नियंत्रण खो दिया। वह यमराज का रूप धारण करके एक के बाद एक 5 कारों को टक्कर मारता हुआ निकल गया। एक बस भी इस हादसे की चपेट में आ गई। इसके बाद वह एक कंटेनर से जा भिड़ा। भिंड़त के बाद ट्रक और कंटेनर जल उठे। वहीं भारी वाहन की चपेट में आने से पांचों कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। हादसे में लगभग आधा दर्जन लोग घायल हुए है। उन्हे एबुंलेंस की मदद से मानपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम हादसे की सूचना मिलते ही काकड़दा और धामनोद पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। कंटेनर और ट्रक में लगी आग पर काबू पाया गया। ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा पुलिस के मुताबिक ट्रक के ब्रेक फेल होने से ये घटना हुई है। जिसमें ट्रक ने 5 कारों को टक्कर मारते हुए कंटेनर से जा टकराया। ट्रक में गेहूं भरा हुआ था जबकि कंटेनर में ऑनलाइन शापिंग कंपनियों के डिलीवरी पार्सल थे। घटना के बाद से दोनो वाहनों के ड्राइवर मौके से फरार हो गए है। मामले की जांच की जा रही है। recent visitors 70