Friday, July 10, 2026 6:51 am

परिजनों को सीएम साय ने दी सांत्वना, छत्तीसगढ़-बीजापुर में गमगीन माहौल में शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में बलिदान हुए आठ जवानों और एक चालक को दंतेवाड़ा में पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान गमगीन माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय समेत तमाम नेताओं और मृतकों के परिजनों ने यहां पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारों से आसमान गूंज उठा। इस दौरान महिलाओं और बच्चों सहित मृतकों के परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। रोते हुए परिजनों को महिला सुरक्षाकर्मी उन्हें सांत्वना देने की कोशिश कर रही थीं। बलिदान हुए जवानों को श्रद्धांजलि देने के बाद सीएम साय ने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और हम राज्य में शांति स्थापित करने में सफल होंगे। मुख्यमंत्री साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा ने जवानों के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और उन्हें उनके पैतृक स्थानों पर ले जाने के लिए वाहनों में रखा। बता दें कि छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों पर दो साल में सबसे बड़ा हमला करते हुए नक्सलियों ने सोमवार को बीजापुर जिले के कुटरू थाना क्षेत्र के अंबेली गांव के पास 60-70 किलोग्राम के इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का इस्तेमाल कर सुरक्षाकर्मियों के वाहन को उड़ा दिया। बीजापुर जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर स्थित एसयूवी में सवार राज्य पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बस्तर फाइटर्स इकाइयों के चार-चार सुरक्षाकर्मियों और वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पत्रकारों से बातचीत करते हुए सीएम साय ने कहा कि जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। नक्सली हताश हो चुके हैं, जिसके कारण उन्होंने ऐसी कायरतापूर्ण हरकत की है। मैं शहीद जवानों और नागरिक चालक को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। recent visitors 71

सात जवान शहीद और कई घायल, छत्तीसगढ़-बीजापुर में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के वाहन को आईईडी से उड़ाया

बीजापुर। बीजापुर के कुटरु मार्ग में नक्सलियों ने जवानों के वाहन पर आईईडी ब्लास्ट किया है। हादसे में सात जवान बलिदान हो गए हैं। वहीं कई जवान घायल बताए जा रहे हैं। वाहन में कुल कितने जवान सवार थे इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि जवान नक्सल ऑपरेशन से वापस लौट रहे थे इस दौरान कुटरु मार्ग में नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट किया है। छत्तीसगढ़ में लगातार नक्सल ऑपरेशन से नक्सली बौखलाए हुए हैं इस वजह से वह घात लगाकर किसी बड़े हमले को अंजाम देने में लगे हुए थे। बस्तर आईजीपी सुंदर राज पी. ने सात जवानों के शहीद होने की पुष्टि कर दी है। इस हमले में घायल जवानों को घटनास्थल से निकाला जा रहा है। घटनास्थल पर रेस्क्यू जारी है। पिकअप में डीआरजी के कई जवान सवार थे। बताया जा रहा है कि लगभग तीन किलो का आईडी विस्फोटक था जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए। मिली जानकारी के मुताबिक जवान पंखाजूर में नक्सल ऑपरेशन को अंजाम देने के बाद वहां से वापस लौट रहे थे। फोर्स ने पखांजूर ऑपरेशन में रविवार को पांच नक्सलियों को ढेर कर दिया था। इसके बाद आज जवान वापस लौट रहे थे। इस दौरान नक्सलियों ने घात लगाकर आईईडी विस्फोट कर वाहन को उड़ा दिया। मिली जानकारी के मुताबिक आठ जवान गंभीर रूप से घायल हैं। घायल जवानों को विमान से बस्तर लाया जाएगा इसके बाद वहां से रायपुर लाने की तैयारी है। घायल जवानों और बलिदान हुए जवानों की संख्या बढ़ भी सकती है। recent visitors 54

तोपाभ्यास के दौरान हुआ बम विस्फोट, राजस्थान-बीकानेर की महाजन फायरिंग रेंज में दो सैनिक शहीद और एक घायल

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के नॉर्थ कैंप में तोपाभ्यास के दौरान बम फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके में दो सैनिक मौके पर ही शहीद हो गए जबकि एक अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सैनिक को सूरतगढ़ के मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा फायरिंग रेंज के चार्ली सेंटर पर हुआ, जहां सैन्य अभ्यास चल रहा था। हादसे की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। महाजन थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद है। महाजन थानाप्रभारी कश्यप सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जांच की जा रही है। कश्यप सिंह ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर जो जानकारी सामने आई है उसके मुताबिक फील्ड फायरिंग रेंज में सेना का अभ्यास चल रहा था। इसी दौरान टैंक में ब्लास्ट होने के चलते यह हादसा हुआ। हादसे में दो सैनिकों की शहादत हो गई है, जबकि घायल जवान को सूरतगढ़ मिलिट्री अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीकानेर जिले की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में एक हफ्ते के भीतर यह दूसरी घटना है जब जवानों को अपनी शहादत देनी पड़ी है। बीते 15 दिसंबर को तोपखाने की तैनाती के प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान सेना के एक जवान की शहादत हो गई थी। घटना 15 दिसंबर को हुई, जब उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के 31 वर्षीय गनर चंद्र प्रकाश पटेल प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान गन बैटरी में टुकड़ी कमांडर के रूप में ड्यूटी कर रहे थे। चंद्र प्रकाश पटेल जब बंदूक को टोइंग वाहन से जोड़ रहे थे, तो बंदूक की खाई के रैंप पर बंदूक का ट्रैक्शन खो गया और वह पीछे की ओर फिसल गई। इससे जवान घायल हो गया। प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें तुरंत एंबुलेंस में फील्ड अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद चंद्र प्रकाश पटेल का पार्थिव देह उनके परिजनों को सौंप दिया गया। recent visitors 69