Tuesday, July 7, 2026 2:48 am

‘2025 में NDA को हर कीमत पर हराएंगे’, तेजस्वी यादव का बिहार उपचुनाव में हार के बाद पहला बयान

पटना. बिहार की चार सीटों पर हुए उपचुनाव में शनिवार (23 नवंबर) को जारी हुए नतीजों में इंडिया गठबंधन को भारी नुकसान हुआ है. सभी चार सीटों पर हार हुई है. इस हार के बाद बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि बिहार उपचुनाव की जहां तक बात है तो लोकसभा में हम लोग जीते थे. अभी 2024 के विधानसभा उपचुनाव में हारे हैं. 2025 के चुनाव में हम लोग जीतेंगे. उधर दूसरी ओर तेजस्वी यादव ने झारखंड विधानसभा चुनाव में जीत को लेकर प्रतिक्रिया दी. कहा कि जो जनसमर्थन बिहार और झारखंड के लोगों ने दिया उसके लिए हम आभारी हैं. पिछली बार झारखंड में मात्र एक सीट हम लोग जीत पाए थे. इस बार आरजेडी ने झारखंड में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन किया है. लगातार हम लोगों का प्रयास रहा था कि जितनी सीट पर हम लोग लड़ें वो जीतें. चार सीट पर हम लोगों की जीत हुई है. एक-दो सीट पर बहुत ही कम मार्जिन से हम लोगों की हार हुई है. अगली बार और कोशिश होगी. तेजस्वी यादव ने कहा कि एक बात तो तय है कि झारखंड में हम लोग जीते हैं. बहुत ही प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री बने हैं. उनको भी हम धन्यवाद देते हैं. बता दें कि बिहार में चार सीट रामगढ़, बेलागंज, तरारी और इमामगंज में उपचुनाव हुआ था. तरारी सीट को माले से छीनकर बीजेपी ने यहां जीत दर्ज की है. रामगढ़ की बात करें तो आरजेडी से यह सीट छीनकर बीजेपी ने जीत दर्ज की है. इसके अलावा इमामगंज सीट 'हम' के खाते में थी और उपचुनाव में भी 'हम' के पास ही है. बेलागंज सीट आरजेडी के पास थी लेकिन यहां से जेडीयू ने जीत दर्ज की है. recent visitors 61

तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कसा तंज, कहा- वह थक चुके हैं और अब सरकार उनसे चलने वाली नहीं है

बांका (बिहार) बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि वह थक चुके हैं और अब सरकार उनसे चलने वाली नहीं है। तेजस्वी यादव ने यहां कहा, "मैं व्यक्तिगत तौर पर नीतीश कुमार का सम्मान करता हूं। लेकिन, वह थक चुके हैं, उनसे बिहार चलने वाला नहीं है। उनकी क्या स्थिति है वह हम जानते हैं।" उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ता दिन रात मेहनत करते हैं। चूंकि, साल 2025 में विधानसभा चुनाव हैं। हम लोग बिहार के हर जिले में कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं। पहली बार ऐसा कार्यक्रम हो रहा है, जहां हम पंचायतों के अध्यक्षों से सीधे तौर पर बात करेंगे। इस दौरान, उनसे चर्चा की जाएगी कि कैसे संगठन को मजबूती प्रदान की जाए। उन्होंने कहा, "डबल इंजन की सरकार के पास 10 माह में एक भी उपलब्धि नहीं है। सत्ता में रहकर विपक्ष को गाली दी जा रही है। जो काम हमने 17 माह में करके दिखाया था। वह काम 19 साल के एनडीए के शासन में नहीं हुआ। बिहार की डबल इंजन की सरकार को बस सत्ता में रहना है। बिहार में बेरोजगारी, महंगाई, पलायन, गरीबी है। सरकार इस पर काम नहीं करती है और न ही बताती है कि इन पर क्या योजना है। बिहार में सबसे महंगी बिजली मिलती है। स्मार्ट मीटर इनका 'स्मार्ट चीटर' हो चुका है। जनता त्रस्त हो चुकी है।" तेजस्वी ने कहा, "अगर हमारी सरकार बनती है तो लोगों को 200 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा, बिहार की कानून-व्यवस्था भगवान भरोसे हैं। ऐसा कोई दिन नहीं बीतता जब, हत्या, लूट, अपहरण रेप जैसे संगीन मामले सामने न आएं। लेकिन यहां कोई सुनवाई नहीं होती है। एफआईआर होती है तो कार्रवाई नहीं होती। दोषियों को सजा नहीं मिल रही है।" तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार में अफसरशाही चरम पर है। जनता जानती है कि यहां पर अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग कैसे किए जाते हैं। हमें नया बिहार, विकसित बिहार बनाना है। डबल इंजन की सरकार में बिहार को क्या मिला? केंद्र में बिहार के वोटरों के दम पर सरकार बनी है। लेकिन, इसके बदले में बिहार को क्या मिला। चुनाव से पहले कहते हैं कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देंगे, चुनाव के बाद अपनी बात से मुकर जाते हैं। recent visitors 80