सघर्षपूर्ण मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की जीत, भारत को नौ रन से मिली हार, हरमनप्रीत ने जड़ा अर्धशतक

शारजाह  गत चैम्पियन ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को यहां आईसीसी महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मैच में भारत को नौ रन से हराकर नॉकआउट में प्रवेश किया जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर (नाबाद 54 रन) की अर्धशतकीय पारी भी मेजबानों के काम नहीं आ सकी जिससे सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीम मुश्किल स्थिति में पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 151 रन बनाये। जवाब में भारतीय टीम हरमनप्रीत के अर्धशतक और दीप्ति शर्मा के 29 रन के बावजूद 20 ओवर में नौ विकेट पर 142 रन ही बना सकी। एनाबेल सदरलैंड की अंतिम ओवर की गेंदबाजी से भारत जीत के करीब पहुंचकर हार गया। आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे। हरमनप्रीत (47 गेंद, छह चौके) फॉर्म में थीं, लेकिन दूसरे छोर पर चार विकेट गिर गये और चार रन ही बन पाये। अब भारत को नॉकआउट में पहुंचने के लिए सोमवार को न्यूजीलैंड के नतीजे का इंतजार करना होगा और उम्मीद करनी होगी कि वह हार जाये। भारत के दो जीत और दो हार से ग्रुप ए में चार अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया ने चारों मैच जीतकर आठ अंक से शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं न्यूजीलैंड के चार अंक हैं और उसे अंतिम चार में पहुंचने के लिए सोमवार को पाकिस्तान पर जीत दर्ज करनी होगी। भारत को इस ‘करो या मरो’ के मैच की अंतिम छह गेंद में 14 रन की जरूरत थी। एक रन बनने के बाद पूजा वस्त्राकर (09) आउट हो गईं। लिचफील्ड और सदरलैंड ने मिलकर अरूंधति रेड्डी को आते ही रन आउट कर दिया। अंतिम तीन गेंद में 13 रन बनाना मुश्किल था। श्रेयंका पाटिल भी रन आउट हो गईं और राधा यादव को सदरलैंड ने बोल्ड कर दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ने भी पावरप्ले में शेफाली वर्मा (20 रन) और स्मृति मंधाना (06) के रूप में दो विकेट गंवा दिये थे। जेमिमा रोड्रिग्स (16 रन) 12 गेंद में तीन चौके जड़कर सातवें ओवर में आउट हो गयीं। इसके बाद कप्तान हरमनप्रीत और दीप्ति शर्मा (29 रन) ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 55 गेंद में 63 रन की भागीदारी से उम्मीद जगाई। पर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने उनकी उम्मीद तोड़ दी। सदरलैंड और सोफी मोलिनू ने दो दो विकेट प्राप्त किये। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए पांच खिलाड़ी दोहरे अंक तक पहुंची जिसमें सलामी बल्लेबाज ग्रेस हैरिस 40 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं। कार्यवाहक कप्तान तहलिया मैकग्रा और एलिसे पैरी ने 32-32 रन बनाये। भारत के लिए रेणुका सिंह और दीप्ति शर्मा ने दो दो विकेट झटके जबकि पूजा वस्त्राकर, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव को एक एक विकेट मिला। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को तीसरे ही ओवर में दो झटके मिले। भारतीय गेंदबाज रेणुका सिंह ने तीसरे ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर ऑस्ट्रेलिया के दो विकेट झटककर अच्छी शुरूआत कराई। रेणुका की लेंथ गेंद को बैकफुट से खेलने के प्रयास में बेथ मूनी (02) आउट हुईं। आल राउंडर राधा यादव ने शानदार क्षेत्ररक्षण करते हुए बैकवर्ड प्वांइट पर कमाल का कैच लपका। अगली गेंद पर रेणुका ने जॉर्जिया वारेहैम को पगबाधा आउट कर खाता भी नहीं खोलने दिया। इस तरह तीसरे ओवर में ऑस्ट्रेलतिया का स्कोर दो विकेट पर 17 रन था। पर इसके बाद मैकग्रा और सलामी बल्लेबाज ग्रेस हैरिस ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 62 रन की भागीदारी निभाई। हैरिस और मैकग्रा ने संभलकर खेलते हुए रन गति बढ़ाई। दोनों ने 54 गेंद में अर्धशतकीय साझेदारी की। राधा यादव की गेंद पर मैकग्रा स्टंप आउट हुई जिन्होंने चार चौके से 26 गेंद में 32 रन बनाये। कुछ ही देर में दीप्ति शर्मा ने हैरिस की पारी का भी अंत किया और ऑस्ट्रेलिया ने 92 रन पर अपना चौथा विकेट गंवाया। ऑस्ट्रेलिया ने रनों का शतक पूरा ही किया था कि एशले गार्डनर (06) पूजा वस्त्राकर की शॉर्ट गेंद पर राधा को कैच दे बैठीं। पैरी ने फिर 23 गेंद में दो चौके और एक छक्के से 32 रन जोड़े। पर वह दीप्ति का दूसरा शिकार हो गईं। एनाबेल सदरलैंड (10 रन) और फोबे लिचफील्ड (नाबाद 15 रन) ने टीम को 150 रन तक पहुंचने में मदद की। भारतीय टीम ने अंतिम एकादश में एक बदलाव करते हुए एस सजना की जगह पूजा वस्त्राकर को शामिल किया। लेकिन मैच शुरू होने से तुरंत पहले भारत को एक और बदलाव करना पड़ा क्योंकि अभ्यास के दौरान आशा शोभना चोटिल हो गईं जिससे राधा यादव को अंतिम एकादश में जगह मिली। ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तान एलिसा हीली चोट के कारण इस मैच में नहीं खेली। टीम ने दो बदलाव करते हुए ग्रेस हैरिस और डार्सी ब्राउन को अंतिम एकादश में जगह दी।     recent visitors 74

IIFA Award 2025 Jaipur में होगा IIFA Award, भजनलाल सरकार जोरों-शोरों से तैयारी

जयपुर राजधानी जयपुर में तीन दिवसीय आइफा-25 का आयोजन 7 से 9 मार्च तक जयपुर में होगा। इस आयोजन के माध्यम से राजस्थान पर्यटन की वैश्विक ब्रांडिंग और एंटरटेनमेंट क्षेत्र में नई पहचान बनाने की उम्मीद है। इस ऐतिहासिक इवेंट के लिए सरकार 50 करोड़ रुपए का योगदान करेगी। राज्य सरकार का बड़ा कदम राजस्थान सरकार, पर्यटन और एंटरटेनमेंट क्षेत्र से जुड़े लोगों की आशा है कि इस ग्लोबल इवेंट में भागीदारी से राज्य में फिल्म सिटी और बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स को आमंत्रित किया जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे। आयोजन के लिए बजट का विवरण आइफा-2025 के आयोजन पर कुल 150 करोड़ रुपए का खर्च प्रस्तावित है। इसमें से राज्य सरकार 50 करोड़, पर्यटन विभाग 30 करोड़ और रीको 20 करोड़ रुपए प्रदान करेगा। अधिकारियों ने बताया कि पर्यटन विभाग और रीको इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक देंगे। ग्लोबल ब्रांडिंग का नया अध्याय पर्यटन विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि यह पहली बार है जब राजस्थान सरकार किसी ग्लोबल इवेंट में इतनी सक्रियता से भागीदारी कर रही है। इस आयोजन के दौरान देश-दुनिया के फिल्मी सितारे जयपुर आएंगे। ये उम्मीदें भी -बड़े फिल्म निर्माता और प्रोड्यूसर इस आयोजन में शामिल होंगे, जिससे फिल्म सिटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स प्राप्त होने की उम्मीद है। -जयपुर समेत अन्य प्रमुख स्थानों पर बड़ी फिल्मों की शूटिंग के प्रोजेक्ट्स मिल सकते हैं। -फिल्म सिटी और शूटिंग हब बनने से युवाओं के लिए रोजगार के नए दरवाजे खुलेंगे। -नवंबर से प्रत्येक वीकेंड पर सेलिब्रिटी राजस्थान आएंगे, जिससे पर्यटन की ग्लोबल ब्रांडिंग में मदद मिलेगी। आयोजन की मॉनिटरिंग कर रहे प्रमुख अधिकारी भजन लाल शर्मा, मुख्यमंत्री राजस्थान दिया कुमारी, उपमुख्यमंत्री रवि जैन, पर्यटन सचिव वीपी सिंह, पर्यटन आयुक्त recent visitors 92

भोपाल, इंदौर, जबलपुर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभागों के 31 जिलों में हल्की से लेकर मध्मम बारिश होने के आसार

भोपाल  मध्य प्रदेश के भोपाल, इंदौर, जबलपुर, नर्मदापुरम और उज्जैन संभागों के 31 जिलों में हल्की से लेकर मध्मम बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी, अरब सागर में मानसूनी सिस्टम एक्टिव दिखाई दे रहे हैं. अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनता दिखाई दे रहा है. तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में चक्रवात बना हुआ है. एक ट्रफ लाइन बंगाली की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से से अरब सागर तक जाती दिखाई दे रही है. इस वजह से प्रदेश में बारिश होगी. हालांकि, मौसम विभाग का यह भी कहना है कि प्रदेश के 48 जिलों से मानसून विदा ले चुका है. इस बीच मंडला जिले में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री पहुंच गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, भोपाल, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, इंदौर, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, धार, झाबुआ, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, शाजापुर, रतलाम, मंदसौर, नीमच जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला और डिंडौरी में हल्की से लेकर मध्यम बारिश होगी. दरअसल, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से जो हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं, उनमें नमी है. इसके अलावा अरब सागर में लॉ प्रेशर एरिया भी बनता नजर आ रहा है. खंडवा में कमजोर पड़ सकता है सिस्टम, लेकिन बारिश की संभावना खंडवा में मानसून का मिलाजुला असर देखने को मिल रहा है. कभी तेज धूप निकल रही है, तो कभी बूंदाबांदी और कभी तेज बारिश हो रही है. इसे दक्षिणी पश्चिमी और उत्तर पूर्व मानसून का असर बताया जा रहा है. मौसम के जानकारों की मानें तो सक्रिय सिस्टम का असर कमजोर पड़ सकता है. लेकिन, आने वाले कुछ दिनों में कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज बारिश हो सकती है. 14 अक्टूबर को हल्की बारिश की संभावना है. वहीं 16, 17 और 18 अक्टूबर को बारिश की स्थिति कमजोर होने की संभावना है. यहां महाराष्ट्र में सक्रिय सिस्टम का कुछ असर देखने को मिल सकता है. जिले का अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. recent visitors 63

मध्यप्रदेश के हर विवि में 500 कम्प्यूटर वाली मॉडर्न लैब बनेगी, साल भर नहीं चलेगी परीक्षा

भोपाल मध्यप्रदेश की सभी यूनिवर्सिटी में 500 कम्प्यूटर वाली मॉडर्न लैब तैयार की जाएगी। ये लैब 24 घंटे सातों दिन स्टूडेंट्स को उपलब्ध रहेंगी। सभी विश्वविद्यालयों के कुलसचिव (रजिस्ट्रार) और परीक्षा नियंत्रक की समीक्षा बैठक के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने ये निर्देश जारी किए हैं। इसमें जिन बिन्दुओं पर फोकस करने के निर्देश जारी किए हैं, उसमें छात्र हित से जुड़े कई मामले शामिल हैं। शासन ने ये निर्देश राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत हायर एजुकेशन में गुणवत्ता सुधार, रिसर्च सेंटर स्थापना, विद्यार्थियों के एनरोलमेंट, अगली कक्षा में प्रमोशन, परीक्षा संचालन, परीक्षा परिणाम और अन्य मामलों में डिस्कसन के बाद जारी किए हैं। ऐसा टाइम टेबल सेट करें कि साल भर न चले परीक्षा कुलसचिवों से कहा है कि वे ऐसा टाइम टेबल सेट करें कि परीक्षा साल भर न चले। खास तौर पर इग्नू विश्वविद्यालय, चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय, संस्कृत विश्वविद्यालय और भोज विश्वविद्यालय के कुलसचिव अपनी परीक्षा के टाइम टेबल परंपरागत विश्वविद्यालयों के टाइम टेबल के साथ सेट करें ताकि महाविद्यालय में साल भर परीक्षा की स्थिति न बने और शैक्षणिक कार्यक्रम कैलेंडर के अनुसार हो सके। इसके लिए आगामी कार्य योजना बनाई जाए और जरूरत हो तो स्कूलों में भी परीक्षा केंद्र बनाए जा सकते हैं। 45 दिन में पूरे हों एग्जाम, 15 जुलाई तक आए रिजल्ट सभी विश्वविद्यालय अपना परीक्षा कार्यक्रम 45 दिन में पूरा कराएं और एक माह में सप्लीमेंट्री परीक्षा कराएं। सभी विश्वविद्यालय परीक्षा परिणाम 15 जुलाई तक जारी करें। परीक्षाओं के कारण विद्यार्थियों का अस्थायी प्रवेश बाधित नहीं होना चाहिए। हायर क्लास में प्रवेश तुरंत देने की जिम्मेदरी कुलसचिव की है। काॅलेज में टीचर की नियुक्ति रोकें, शासन से होगी भर्ती उच्च शिक्षा विभाग ने कहा है कि पुराने विश्वविद्यालयों के सभी रजिस्ट्रार शैक्षणिक स्टाफ की कमी को देखते हुए महाविद्यालय के शिक्षकों की नियुक्ति प्रथा को रोकें। रिक्त पदों पर शासन के निर्देशानुसार भर्ती की जाएगी ताकि महाविद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता ठीक की जा सके। इसको लेकर शासन की ओर से दिव्यांगों और सहायक प्राध्यापकों की भर्ती को लेकर भी निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें कहा है कि सहायक प्राध्यापकों की भर्ती के लिए रोस्टर खुद तैयार करें और जरूरत होने पर उच्च शिक्षा विभाग से संपर्क करें। शैक्षणिक उड़नदस्ता तैयार हो जो बगैर सूचना विजिट करे विश्वविद्यालय एक शैक्षणिक उड़नदस्ता तैयार कराएं जो अपने क्षेत्र में माह में एक बार बगैर सूचना दिए विजिट करें, यह विजिट सकारात्मक होना चाहिए। सभी विश्वविद्यालय अपने से संबंधित न्यायालयीन प्रकरणों की जानकारी शासन को जल्द देंगे। सभी रजिस्ट्रार मान्यता और संबद्धता का साफ्टवेयर तैयार करने के लिए आपस में चर्चा करेंगे और शासन द्वारा ली जाने वाली अगली बैठक में जानकारी देंगे। रीवा, छतरपुर, छिंदवाड़ा में पेंशन फंड का पैसा जमा नहीं कार्यकारी परिषद की जानकारी सभी विश्वविद्यालयों को सरकार को देना होगी। इसमें उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त भी शामिल होंगे। विश्वविद्यालयों के पेंशन पंड के संबंध में सभी विवि को निर्देश दिए हैं कि राशि पेंशन फंड में जमा करें। रीवा, छतरपुर और छिंदवाड़ा विश्वविद्यालयों के कुल सचिव से 2023-24 का पेंशन फंड का बाकी पैसा जल्द जमा करने के लिए कहा गया है। साथ ही ऑडिट रिपोर्ट भी देने के लिए कहा गया है। recent visitors 81

इंदौर से लापता छात्रा को पुलिस ने 10 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद अलीगढ़ से बरामद किया

इंदौर  शहर से लापता छात्रा को पुलिस ने 10 दिन की कड़ी मशक्कत के बाद उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से बरामद किया। बाणगंगा थाना पुलिस की पांच टीमें लगातार छात्रा की लोकेशन ट्रेस कर उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी छात्र शाहरुख, जो छात्रा को लेकर फरार हुआ था, को भी पुलिस ने अलीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा की तलाश के लिए पुलिस ने 20 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनसे छात्रा और शाहरुख की लोकेशन का पता चला। फुटेज के आधार पर पुलिस ने अपनी खोजबीन को तेज की और अलीगढ़ तक पहुंच गई, जहां से छात्रा को बरामद किया गया। गुमशुदगी की रिपोर्ट और हिंदू संगठन की चेतावनी छात्रा के माता-पिता ने 2 अक्टूबर को बाणगंगा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। इस बीच, हिंदू संगठन ने दो दिन पहले पुलिस को चेतावनी दी थी कि अगर 24 घंटे में छात्रा को नहीं ढूंढा गया तो वे आंदोलन करेंगे। चेतावनी के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए छात्रा का पता लगाया। पुलिस ने अलीगढ़ से आरोपी छात्र शाहरुख को भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को इंदौर लाकर बाणगंगा थाना पुलिस पूछताछ कर रही है। पुलिस जांच कर रही है कि छात्रा को बहला-फुसलाकर शाहरुख किस मकसद से लेकर गया था और इसके पीछे कोई और वजह तो नहीं है। गोविंद नगर निवासी 19 साल की छात्रा के पिता ने 2 अक्टूबर को बाणगंगा पुलिस से बेटी के लापता होने की शिकायत की थी। पिता ने कहा कि बेटी अपनी सहेली के साथ कुछ देर में आने का कहकर निकली थी, लेकिन चौबीस घंटे बाद भी घर नहीं पहुंची। छात्रा को ले जाने वाला आरोपी शाहरुख। इसकी पहले दिल्ली में लोकेशन मिली थी। बाद में अलीगढ़ से पकड़ाया। पुलिस ने लापता लड़की को इसके पास से ही बरामद किया है। छात्रा को ले जाने वाला आरोपी शाहरुख। इसकी पहले दिल्ली में लोकेशन मिली थी। बाद में अलीगढ़ से पकड़ाया। पुलिस ने लापता लड़की को इसके पास से ही बरामद किया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर करीब 20 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले। एक सीसीटीवी में छात्रा अपनी सहेली के साथ जाती दिखी। लेकिन उसी सीसीटीवी में कुछ देर बाद सहेली अकेले ही लौटती हुई दिखाई दी। इसके बाद परिवार ने सहेली से पूछा तो उसने बताया कि उसे शाहरुख नाम का युवक अपने साथ ले गया है। इसके बाद परिवार ने सोशल मीडिया से शाहरुख के फोटो-वीडियो और मोबाइल नंबर निकालकर पुलिस को सौंपे। पुलिस ने शाहरुख और छात्रा के मोबाइल की लोकेशन ट्रैक करना शुरू कर दी। पुलिस को उनकी लोकेशन दिल्ली में मिली, जब पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी शाहरुख छात्रा को वहां से लेकर जा चुका था। पुलिस ने फिर लोकेशन ट्रेस की तो वे अलीगढ़ में मिले। उप्र पुलिस की मदद से दोनों की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस शाहरुख तक पहुंच गई। उसके पास से छात्रा को बरामद कर पिता को सौंप दिया। पिता ने बताया कि उप्र में पुलिस की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रविवार शाम को इंदौर पहुंचे। recent visitors 67

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पखवाड़े का किया शुभारंभ

महर्षि वाल्मीकि ने प्रत्येक व्यक्ति के रोम-रोम तक भगवान श्रीराम की भावना को पहुंचाया: मुख्यमंत्री डॉ. यादव रामराज्य की अवधारणा से महर्षि वाल्मीकि ने कराया समाज को अवगत : मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पखवाड़े का किया शुभारंभ भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने  क्षेत्र वाल्मीकि धाम में महर्षि वाल्मीकि जयंती पखवाड़े का शुभारंभ किया। उल्लेखनीय है 17 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा एवं महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर एक पखवाड़े तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य सभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, महापौर मुकेश टटवाल, बहादुर सिंह बोरमुंडला, विवेक जोशी, संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी, संभागायुक्त संजय गुप्ता, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह हम सब का सौभाग्य है कि 17 अक्टूबर से लेकर 21 अक्टूबर तक महर्षि वाल्मीकि जयंती के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। बालयोगी उमेशनाथ जी महाराज राज्यसभा सांसद के लिए नामांकित हुए हैं । उन्होंने पूरे उज्जैन को गौरवान्वित किया है। हमारे समाज में राम राज्य की संपूर्ण भावना महर्षि वाल्मीकि ने प्रस्तुत की है। उन्होंने राम राज्य को परिभाषित किया और भारतीय संस्कृति और सभ्यता के पूरे रोम-रोम और वायुमंडल तक महर्षि वाल्मीकि ने भगवान श्रीराम को पहुंचाया है। हमारे समाज में संत जन स्वयं जलकर हमारी प्रगति के मार्ग को आलोकित करते हैं । भारतीय संस्कृति और सभ्यता में संत जनों का विशेष महत्व है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपनी ओर से सभी को महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दीं । मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सर्वप्रथम वाल्मीकि धाम पहुंचकर स्वामी सोहन दास जी महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित किए तथा समाधि पर माथा टेका। इसके बाद उन्होंने आश्रम में धूनी के स्थान के दर्शन भी किये । महर्षि वाल्मीकि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने स्वागत भाषण दिया। सांसद बाल योगी उमेश नाथ जी महाराज ने कहा कि प्रतिवर्ष शरद पूर्णिमा के अवसर पर महर्षि वाल्मीकि जयंती का आयोजन किया जाता है। उन्होंने एक पखवाड़े तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किए जाने का सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा तो उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है और इस प्रकार के आयोजन निरंतर किये जाते रहना चाहिए। बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी वर्गों का विश्वास अर्जित किया है। यह देश ऋषि मुनियों का देश रहा है। हर समाज में संतों का जन्म हुआ है। हम सब मिलकर महर्षि वाल्मीकि जयंती मना रहे हैं। एक पखवाड़े पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रामायण के अनुसार जहां पुष्पक विमान उतरा था वहां पर महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाया गया। इसके लिए वाल्मीकि समाज सदैव देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ऋणी रहेगा। प्रधानमंत्री द्वारा अंतिम व्यक्ति के लोगों को प्रथम पंक्ति में लेकर आने का अद्वितीय व अतुलनीय प्रयास किया गया है। बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज ने कहा कि आगामी 21 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती पखवाड़े का समापन भोपाल में भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर संजय कोरट, जितेंद्र भाटी , सत्यनारायण खोईवाल एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे।   recent visitors 86

बुराई का प्रतीक कितना ही बड़ा और बलिष्ठ क्यों न हो सच्चाई के तीर से उसकी डूठी का अमृत जलता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

उज्जैन सहित प्रदेश के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे: मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव  बुराई का प्रतीक कितना ही बड़ा और बलिष्ठ क्यों न हो सच्चाई के तीर से उसकी डूठी का अमृत जलता है  : मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. यादव दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव  उज्जैन के खाकचौक और डालडा मैदान मक्सी रोड में आयोजित दशहरा महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और सभी को दशहरे पर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज यहां हो रही आतिशबाजियां हमारे हिंदू संस्कृति की यश गाथा गा रही हैं। उन्होंने कहा कि बुराई का प्रतीक कितना ही बड़ा और बलिष्ठ क्यों न हो सच्चाई के तीर से उसकी डूठी का अमृत जलता है। उसके प्राण नष्ट होते हैं। राम राज्य की अवधारणा दुनिया का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्णा बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में जाने जाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन सहित प्रदेश के विकास में कोई कसर बाकी नहीं रहेगी। प्रत्येक व्यक्ति के जीवन से दुख के कांटे निकालकर खुशहाली लाने के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्पित है। प्रदेश सरकार द्वारा सभी तीज त्योहारों को पूरे धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम और उनका परिवार हमारे लिए आदर्श हैं। भगवान श्रीराम हमारे रोम-रोम में समाए हुए हैं। उनके नाम से ही दिन और रात होती हैं। आज भारत का कोई भी व्यक्ति दुनिया के किसी भी कोने में चले जाए और देश का नाम बताएं बिना कहें कि वह भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की भूमि से आया है तो सामने वाला भलीभांति समझ जाएगा कि आप भारत से आए हैं। यह हमारे देश और संस्कृति की विशेषता हैं। उज्जैन के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा , विधायक सतीश मालवीय, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, विवेक जोशी , बहादुर सिंह बोरमुंडला, संजय अग्रवाल सहित आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में जनसमूह उपस्थित रहा।   recent visitors 64