राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने डॉ. मनदीप शर्मा को कुलपति नियुक्त किया

भोपाल राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री मंगुभाई पटेल ने नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय, जबलपुर का कुलपति डॉ. मनदीप शर्मा को नियुक्त किया है। पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय, पालमपुर, हिमाचल प्रदेश के पूर्व डीन डॉ. शर्मा को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से पांच वर्ष की समयावधि अथवा 70 वर्ष की आयु, जो भी पूर्वतर होगी के लिए कुलपति नियुक्त किया गया है।   recent visitors 129

वायनाड जिले में जमीन से आ रही रहस्यमय आवाज, स्थानीय लोगों और अधिकारियों में दहशत फैली

केरल केरल के भूस्खलन प्रभावित वायनाड जिले में अलग-अलग पर शुक्रवार की सुबह जमीन के नीचे से तेज ध्वनि सुनाई देने की खबरें मिलीं जिससे स्थानीय लोगों और अधिकारियों में दहशत फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि भूस्खलन प्रभावित आवासीय क्षेत्र से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अंबालावायल गांव और व्यथिरी तालुक के कुछ इलाकों में तेज ध्वनि सुनाई दी। वायनाड जिलाधिकारी डी. आर. मेघश्री ने एक बयान में कहा, ‘जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानांतरित करने के लिए कदम उठाए हैं।’ केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (केएसडीएमए) ने कहा कि वह भूकंपीय ‘रिकॉर्ड’ की जांच कर रहा है और स्थानीय स्तर पर जांच कर स्थिति का पता लगाया जा रहा है। इसने कहा, ‘अभी तक भूकंपीय रिकॉर्ड में हलचल का कोई संकेत नहीं मिला है।’ पंचायत वार्ड के एक सदस्य ने एक टीवी चैनल से कहा कि यह ध्वनि सुबह करीब 10:15 बजे सुनी गई। पहाड़ी जिले में हाल ही में हुए भीषण भूस्खलन में 226 लोगों की मौत और अनेक लोगों के लापता होने के बाद जमीन के नीचे से उत्पन्न रहस्यमयी ध्वनि से स्थानीय लोगों में दहशत है। बता दें कि वायनाड के भूस्खलन ने बड़ी तबाही मचाई थी। केरले के सीएम पिनाराई विजयन ने कहा है कि 10 अगस्त को प्रधानंत्री मोदी भी भूस्खलन प्रभावित इलाके का दौरा करने वाले हैं। विजयन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह भी कहा कि भूस्खलन में मरने वाले लोगों की सही संख्या की पुष्टि मानव अंगों और अज्ञात शवों के डीएनए परीक्षण के परिणाम आने के बाद ही की जा सकती है। उन्होंने कहा कि फिलहाल 131 लोग लापता हैं। उन्होंने कहा कि अवशेषों को केवल तभी पूर्ण शव माना जाएगा जब शव के 90 प्रतिशत या उससे अधिक हिस्से बरामद हो जाएं, अन्यथा इसे शरीर का अंग ही माना जाएगा। recent visitors 74

हरियाणा सरकार का आदेश जारी, अब सभी स्कूलों में गुड मॉर्निंग नहीं, जय हिन्द चलेगा

हरियाणा हरियाणा में इस स्वतंत्रता दिवस से सभी स्कूलों में 'गुड मॉर्निंग' के स्थान पर अब 'जय हिंद' का प्रयोग किया जाएगा। एक सरकारी आदेश में इसकी जानकारी दी गई है। प्रदेश सरकार के स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से गुरुवार को जारी आदेश में कहा गया है कि हरियाणा सरकार द्वारा शुरू किए गए इस कदम का उद्देश्य छात्रों में 'देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की गहरी भावना उत्पन्न करना' है । आदेश में कहा गया है कि 'जय हिंद' का नारा सुभाष चंद्र बोस ने भारत के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान दिया था और स्वतंत्रता के बाद सशस्त्र बलों द्वारा इसे सलामी के रूप में स्वीकार किया गया था । स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, जिला खंड शिक्षा अधिकारियों, खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और प्रधानाध्यापकों को यह परिपत्र भेजा है। आदेश में कहा गया है कि स्कूलों में अब 'गुड मॉर्निंग' की जगह 'जय हिंद' का उपयोग किया जाएगा, ताकि हर दिन छात्रों को 'राष्ट्रीय एकता की भावना से प्रेरित किया जा सके' और देश के 'समृद्ध इतिहास के प्रति सम्मान' व्यक्त किया जा सके। इसमें कहा गया है कि देशभक्तिपूर्ण अभिवादन 'जय हिंद' छात्रों को देश की आजादी के लिए किए गए बलिदानों की सराहना करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। इसमें कहा गया है कि 'जय हिंद' क्षेत्रीय, भाषाई और सांस्कृतिक मतभेदों से परे है और विविध पृष्ठभूमि के छात्रों के बीच एकता को बढ़ावा देता है।   recent visitors 134

प्याज के दामों में जोरदार तेजी, करेला-मटर 100 के पार, फुटकर टमाटर हुआ सस्ता

इंदौर बांग्लादेश में उपजे संकट से अटक रहे प्याज निर्यात का रास्ता फिर खुल गया है। पेतरापोल बार्डर पर बीते तीन दिनों से अटके प्याज से भरे ट्रकों के लिए सीमा खोल दी गई है। करीब 4,500 टन प्याज से भरे ट्रक सीमा पर ही खड़े थे। इनमें महाराष्ट्र और मप्र से बांग्लादेश को निर्यात किया गया प्याज भरा था। इसके बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। गुरुवार को तेजी थोक मंडी में गुरुवार को प्याज के दामों में जोरदार तेजी देखी गई। प्याज में स्थानीय मांग भी अच्छी निकलने लगी है। प्याज सुपर ऊपर में 3200 रुपये तक बिका। गोल्टा भी 2800 के पार पहुंच गया है। प्याज की आवक करीब 40 हजार बोरी रही। आलू के दाम स्थिर आलू के भाव में अभी स्थिरता है। एक-दो लाट ही ऊपर में 2400 रुपये बिके। आलू की आवक करीब 5-6 हजार बोरी रही। कारोबारियों को राखी के लेवाली का इंतजार है। टमाटर के दाम भी ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। सभी सब्जियां सामान्य रेट पर चल रही हैं। हालांकि भिंडी 75 रुपए किलो पहुंच गई है। लौकी के दाम भी 60 रुपए प्रति किलो तक है। लहसुन लहसुन की आवक 7 हजार बोरी की रही लेकिन दाम बीते सप्ताह के मुकाबले नरम ही है। लहसुन ऊपर में एक-दो लाट बेस्ट क्वालिटी होने पर 2000 रुपये तक बिकती है। शेष माल बेस्ट में ऊपर में 17000-19000 रुपये क्विंटल तक बिकी। खीरा 30 रुपए किलो, जबकी हरा मटर 100 के पार चल रहा है। recent visitors 72

नीरज चोपड़ा ने कहा- ओलंपिक के कारण सर्जरी टाल रहा था लेकिन अब फैसला लेना होगा

पेरिस भारत के भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने ओलंपिक में रजत पदक जीतने के बाद अपनी चोट का खुलासा करते हुए कहा कि उन्हें यहां प्रतिस्पर्धा करने के लिए कड़ी मेहनत करने के बाद जल्द ही सर्जरी करानी पड़ सकती है। नीरज पेरिस खेलों से पहले जांघ के भीतरी हिस्से की मांसपेशी में (एडक्टर) परेशानी से जूझते आये हैं। उन्होंने हालांकि गुरुवार को सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास 89.45 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया। वह दो ओलंपिक पदक जीतने वाले भारत के पहले ट्रैक एवं फील्ड एथलीट बन गए। उन्होंने तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। नीरज पाकिस्तान के अरशद नदीम से पीछे रहे, जिन्होंने 92.97 मीटर के ओलंपिक रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नदीम इसके साथ ही पाकिस्तान के पहले व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बन गए। नीरज ने कहा, ‘‘मेरे दिमाग में काफी कुछ चल रहा था। जब मैं थ्रो कर रहा होता हूं तो मेरा 60-70 प्रतिशत ध्यान चोट पर होता है। मैं चोटिल नहीं होना चाहता था। जब भी मैं थ्रो करने जा रहा था तो आपने देखा होगा कि मेरी गति कम थी।’’ उन्होंने 2023 विश्व चैम्पियनशिप का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘डॉक्टर ने मुझे पहले ही सर्जरी करने के लिए कहा था लेकिन मेरे पास विश्व चैंपियनशिप से पहले या बाद में इतना समय नहीं था। ओलंपिक की तैयारी में बहुत समय लगता है।’’ नीरज ने इस विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। अपनी सर्वश्रेष्ठ स्थिति में नहीं होने के बाद भी नीरज लगातार दो ओलंपिक में पदक जीतने वाले तीसरे भारतीय बने। उनसे पहले सुशील कुमार (कुश्ती) और पीवी सिंधू (बैडमिंटन) ने यह कारनामा किया है। नीरज ने निराशा भरे लहजे में कहा, ‘‘मैंने अब भी इसे जारी रखा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘खेल में यह अच्छी स्थिति नहीं होती है। आप अगर लंबा करियर चाहते हैं तो आपको फिट और स्वस्थ रहना होगा। इस स्तर की प्रतियोगिताओं के कारण कई बार आप निर्णय नहीं ले सकते। अब हम इस पर काम करेंगे और तकनीक में भी सुधार करेंगे।’’ उन्होंने कहा कि वह इस मसले पर अपनी टीम से चर्चा कर ‘कोई फैसला करेंगे’। उन्होंने यह भी बताया कि फिटनेस के मामले में पिछले सात साल उनके लिए कितने कठिन रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे 2017 में यह दर्द महसूस हुआ। उसके बाद मैंने बहुत इलाज करवाया। लेकिन इसके लिए मुझे एक बड़ा फैसला लेना होगा।’’ नीरज ने 90 मीटर की दूरी का जिक्र किये बिना कहा कि उनके पास और बड़ा थ्रो करने की क्षमता है। नीरज का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2022 में आया था जब उन्होंने 89.94 मीटर की दूरी हासिल की थी। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने 2016 अच्छी दूरी तय की और फिर 2018 में मैंने एशियाई खेलों में 88 मीटर का थ्रो किया था। उसके बाद मुझे लगता है कि इसमें काफी सुधार कर सकता हूं। इसलिए, जब तक ऐसा नहीं होता, मैं इस कोशिश को जारी रखूंगा। मैं आपको बताना चाहता हूं मेरा पास काफी अधिक क्षमता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘और मैं यह करूंगा। मैं अपने दिमाग को भविष्य के लिए तैयार रखूंगा। मैं चीजों पर काम करूंगा। मैं खुद को फिट रखूंगा।’’ उन्होंने कहा कि इस चोट के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। इस खिलाड़ी ने कहा, ‘‘मैं अपनी पूरी रन अप के साथ भाला नहीं फेंक पा रहा था। मैं पिछले एक-दो साल से कम रन अप के साथ प्रयास कर रहा हूं। अभ्यास में खिलाड़ी एक सत्र में 40-50 थ्रो करते है लेकिन चोटिल होने के डर के कारण मुझे ऐसा करने में दो-तीन सप्ताह लग गये।’’ नीरज ने कहा, ‘‘यह काफी मुश्किल है लेकिन मैंने अपने खेल को जारी रखा है।’’   recent visitors 84

स्वच्छ भारत अभियान अंतर्गत स्वच्छता समग्र प्रशिक्षण कार्यशाला का हुआ आयोजन

सिंगरौली राज्य शासन के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में निकायों के उत्कर्ष प्रदर्शन के लिए दो दिवसीय ‘एक्सपोजर विजिट सह प्रशिक्षण कार्यक्रम’ का आयोजन विंध्य नगर के होटल नीलम में किया गया। पिछले वर्ष नगर निगम सिंगरौली के द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट काम किया गया जिसके चलते रीवा और शहडोल संभाग की 28 नगरी निकाय को प्रशिक्षण और संयुक्त रूप से अनुभव साझा करने हेतु सिंगरौली नगर निगम को चुना गया।इस दो दिवसीय प्रशिक्षण और एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य है कि किस तरह से योजना, नई तकनीकी और गुणवत्ता के साथ काम कर नगर को स्वच्छ और सुंदरता बनाया जा सकता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में निगम आयुक्त श्री डी.के शर्मा  निगम महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, निगम अध्यक्ष  देवेश पाण्डेय और एमआईसी की सदस्य शिव कुमारी कुशवाहा उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत में पुष्पगुच्छ से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया उसके उपरांत दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।कार्यक्रम की शुरुआत में निगम आयुक्त ने कहा कि  ‘समग्र स्वच्छता’ एक व्यापक विषय है जिसमें हर व्यक्ति की सहभागिता होती है। यहां आए सभी निकायों के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि आप सभी लोग इस दो दिवसीय कार्यक्रम से कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां सीखेंगे । हमारी पूरी टीम आपका सहयोग करेगी आप लोग भी अपना फीडबैक और अनुभव साझा करे। ताकि पूर्व में की गई गलतियों को सुधारकर सभी निकायों को बेहतर से बेहतरीन बनाया जा सके। इसके बाद नगर निगम की महापौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि “हम सबको मिलकर एक कदम स्वच्छता की ओर बढ़ाना है । आज के समय हम सबको मिलकर यह सोचने की जरूरत है कि किस तरह हम अपने शहर को साफ रख सकते हैं। निगम के अधिकारी कर्मचारी और नगर के लोग को मिलकर काम करने की जरूरत है। जब हम सब अपनी-अपनी जिम्मेदारियां समझेंगे तो शहर खुद ही साफ स्वच्छ निर्मल दिखने लगेगा। वही निगम अध्यक्ष ने कहा कि यह दो दिवसीय कार्यक्रम बहुत महत्वपूर्ण है उन्होंने अपने इंदौर भ्रमण के अनुभव बताए। वहा दुकानदार डस्टबिन रखते हैं और जो लोग यहां वहां कचरा फेकते हैं उनको रोकते और टोकते है। हमारे सिंगरौली में भी हम सभी लोगों को मिलकर यह संकल्प लेना की जरूरत है कि जो भी व्यक्ति यहां वहां गंदगी करेगा उसे हम रोकेंगे और टोकेगे और खुद अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए शहर को साफ स्वच्छ बनाने में सहयोग करेंगे ” इसके उपरांत पीपीटी के माध्यम से उन सभी बिंदुओं को प्रदर्शित किया गया जिसमें सिंगरौली ने अपना उत्कृष्ट कार्य किया किसके उपरांत सॉलिड बेस्ट मैनेजमेंट एक्सपर्ट श्री अजय सिंह और श्री अमित कुमार सिंह के द्वारा उन तकनीकों और योजना पर चर्चा की गई जो शहर को स्वच्छ और साफ बनाने में सहयोगी होती है। आज का दिन प्रशिक्षण से संबंधित रहेगा स  कल 10 अगस्त को 28 निकायों के प्रतिनिधि नगर की सॉलिड बेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट, ड्राई बेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट, एमआरएफ फैसेलिटीज, सीएनडी प्रोसेसिंग यूनिट, एफएसटीपी पेवर ब्लॉक मैन्युफैक्चरिंग, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट, एलटीपी और  आरआरआर यूनिट्स का भ्रमण करेंगे स प्रशिक्षण और विजिट के उपरांत सभी निकायों के प्रतिनिधियों के द्वारा फीडबैक लिया जाएगा और उनको प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरण किए जाएंगे।इस दौरान नगर निगम के कार्यपालन यंत्री व्हीपी उपाध्याय, उपायुक्त आरपी बैस, सीटाडेल प्रबंधक रावेन्द्र सिंह, आईसी मैनेजर आशीष शुक्ला सहित नगरीय निकायो के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। recent visitors 62

राघौगढ़ की ड्रीम सिटी कॉलोनी में रहने वाले युवक हेमंत ने रात में सोने से पहले मैगी खाई, तबीयत बिगड़ी, युवक की मौत

राघौगढ़ नगर की ड्रीम सिटी कॉलाेनी में रहने वाले एक युवक की बीते दिन संदिग्ध मौत हो गई। युवक रात में खाना के साथ मैगी खाकर सोया था। मौत के सही कारणों का पता लगाने पुलिस ने मर्ग जांच शुरू कर युवक के शव का पीएम कराया है। जानकारी के अनुसार राघौगढ़ की ड्रीम सिटी कॉलोनी में रहने वाले युवक हेमंत पुत्र शिवनारायण मोगिया उम्र 25 वर्ष को बीती अल सुबह अचानक चक्कर आने लगे और वह उल्टियां करने लगा। इस पर स्वजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।   रेलवे की तैयारी कर रहा था युवक युवक के पिता ने बताया कि हेमंत रेलवे में भर्ती के लिए तैयारी कर रहा था। उसका छोटा भाई अरविंद उम्र 21 वर्ष भी पढ़ाई करता है। युवक के पिता ने बताया कि हेमंत को रात करीब ढाई बजे अचानक उल्टियां होने लगी और चक्कर आने की उसने शिकायत की। इसके कुछ ही देर में वह बेहोश हो गया, जिसे सबसे पहले राघौगढ़ की साडा कॉलोनी के अस्पताल ले जाया गया। वहां से जिला अस्पताल लाए। डॉक्टरों ने कहा कि उसकी मौत हो चुकी है। युवक के पिता ने बताया कि रात में घर के सभी लोगों ने खाने के साथ मैगी खाई थी। गौरतलब है कि युवक और उसके स्वजन मूलरूप से जामनेर के पास पचगोडिया गांव के रहने वाले हैं। recent visitors 109