नेपरी बृजगढी सड़क जलभराव की समस्या का हुआ समाधान, किसानों ने मनाया जीत का जश्न

कैलारस नेपरी से बृजगढी की ओर जाने वाली सड़क को ब्रॉड गेज ट्रैक के पुल के नीचे जल भराव की समस्या महीनों से बाधित किए हुए थी। इस क्षेत्र में लगभग 50 गांव के किसानों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे थे, अस्पताल पहुंचना आमजन का दूभर हो गया। यहां तक कि किसान खेतों पर भी नहीं पहुंच पा रहे थे। इस जल भराव स्थल पर दो छोटे-छोटे मासूम बच्चे पानी में गिरकर असमय काल कलवित हो गए। सैकड़ो वाहन खराब हो गए। सैकड़ो लोग महिला, पुरुष, बच्चे, वृद्ध चोटिल हो गए। सरकार और प्रशासन किसानों व आमजन की सुनने के लिए तैयार ही नहीं थे। अन्ततः किसानों ने 05 अगस्त से जल भराव स्थल के पास जोरदार आंदोलन की शुरुआत की। अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की शुरुआत की गई। उसके बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई तो सैकड़ो की संख्या में किसानों ने एकत्रित होकर आंदोलन स्थल से रैली निकालकर कल तहसील कार्यालय पहुंच कर घेराव करते हुए आगे आंदोलन की चेतावनी  दी। इस सबके चलते प्रशासन व सरकार सक्रिय हुए। पोकलेन और जेसीबी मशीन मंगाकर तत्काल कच्चा नाला खोदकर पानी कुंवारी नदी में निकाल दिया गया। सड़क साफ कर दी गई। इससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। किसानों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर आंदोलन स्थल पर आज जीत का जश्न मनाया। फल वितरण किये। आंदोलन के नेताओं का स्वागत किया। इस मौके पर स्थानीय तहसीलदार श्री विश्राम बघेल ने आकर नाले को पक्का करने का आश्वासन दिया। उसके बाद किसानों ने आंदोलन को समाप्ति की घोषणा की। इस मौके किसानों कीआम सभा को मध्य प्रदेश किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिवारी , कार्यकारी जिला अध्यक्ष गयाराम  सिंह धाकड, जगन्नाथ सिंह धाकड़, भैरूलाल धाकड़, राजवीर सिंह प्रदेश अध्यक्ष एस एफ आई,बृजराज सिंह सिकरवार सहित कई लोगों ने संबोधित किया। सभी ने जीत की खुशी का इजहार करते हुए किसानों की एकता और संघर्ष को मजबूत बनाने की आम जनों से अपील की। आंदोलन में  सर्वश्री कन्हैयालाल , रामसिंह कुशवाहा, विजय सिंह कुशवाह, जसवंत सिंह सिकरवार, निरंजन शाक्य, संजयसिंह सिकरवार, मदनलाल धाकड़, दाताराम धाकड़, रामहेत धाकड़, नवाव सिंह धाकड़, राजेन्द्र धाकड़, भूपेंद्र धाकड़, प्रदीप धाकड़ सुरेश चंद्र धाकड़, मातादीन कुशवाह रामप्रकाश जाटव, आदि ने विशेष भूमिका अदा की।अंत में जोरदार नारेबाजी के साथ किसान आंदोलन समाप्त हुआ। किसानों ने जीत के लिए सहयोग करने वाले आम जनों किसानों सभी को बधाई दी और आगामी दिनों में संगठन व एकता को मजबूत करने और राष्ट्रीय व स्थानीय मुद्दों पर किसान सभा के आव्हानों पर अमल करने का भी निर्णय लिया है। recent visitors 109

शीर्ष वरीयता प्राप्त कोको गाफ नेशनल बैंक ओपन से बाहर

टोरंटो शीर्ष वरीयता प्राप्त कोको गाफ 14वीं वरीयता प्राप्त डायना स्नाइडेर से 6.4, 6.1 से हारकर नेशनल बैंक ओपन टेनिस से बाहर हो गई। स्नाइडेर का सामना अब छठी वरीयता प्राप्त लियुडमिला सैमसोनोवा से होगा जिन्होंने एलिसे मर्टेंस को 6.2,, 6.4 से मात दी थी। दुनिया की दूसरे नंबर की खिलाड़ी एरिना सबालेंका ने कैटी बूल्टर को 6.3, 6.3 से हराया। गत चैम्पियन जेसिका पेगुला ने क्वालीफायर एशलिन क्रूगर को 6.2, 6.4 से मात दी। अब उनका सामना पेटोन स्टीयर्न्स से होगा जो विक्टोरिया अजारेंका के जांघ में चोट के कारण कोर्ट छोड़ने के बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई। टेलर टाउंसेंड ने चौथी वरीयता प्राप्त येलेना ओस्टापेंको को 6.2, 6.1 से हराया। वहीं एम्मा नवारो ने मार्टा कोस्टियुक को 7.5, 7.5 से हराया।   recent visitors 99

टीम विकेटकीपर का फैन पर आया दिल, रचाई सगाई, जल्द करेंगे शादी

नई दिल्ली  भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने अपनी गर्लफ्रेंड के संग सगाई कर ली। दोनों लंबे समय से एक साथ रिलेशनशिप में थे। जितेश ने अपने इंस्टाग्राम पर सगाई की तस्वीर शेयर की है। इस पोस्ट पर टी20I कप्तान सूर्यकुमार ने खास अंदाज में बधाई है। जितेश शर्मा ने गर्लफ्रेंड शलाका मकेश्वर के संग सगाई कर ली। आईपीएल में पंजाब किंग्स की ओर से खेलने वाले 30 साल के जितेश को अनेक क्रिकेटर्स से बधाइयां मिल रही हैं। वहीं, भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने जितेश और उनकी मंगेतर को सबसे अलग अंदाज में मुबारकबाद दी। भारतीय क्रिकेटरों किए मजेदार कमेंट सूर्यकुमार ने जितेश की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, "बहुत-बहुत बधाई भाऊ और वहिनी को।" मराठी में भाऊ को भाई और वहिनी को भाभी बोला जाता है। चेन्नई सुपर किंग्स कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने भी कमेंट किया। गायकवाड़ ने लिखा, बधाई हो, "क्लब में स्वागत है।" ऑलराउंडर शिवम दुबे ने कहा, "दोनों को शुभकामनाएं।" अर्शदीप सिंह ने कमेंट करते हुए लिखा, "बहुत-बहुत मुकारक, फेविकोल का जोड़।" कौन हैं शलाका मकेश्वर जितेश शर्मा की मंगेतर शलाका मकेश्वर ने प्रोफेसर राम मेघे कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट बडनेरा रेलवे से इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार इंजीनियरिंग से बी.ई किया है। शलाका ने डिजाइन में एम. टेक किया है। पुणे के रहने वाली शलाका ने नागपुर में ग्लोबल लॉजिक कंपनी में सीनियर टेस्ट इंजीनियर के पद पर हैं। कौन है ये खिलाड़ी ये खिलाड़ी टीम के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज दीपक शर्मा हैं। दीपक शर्मा ने शलाका मकेश्वर नाम की लड़की से सगाई रचाई है। इस सगाई की फोटो क्रिकेटर ने अपनी इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है। जितेश शर्मा ने अपनी सगाई की फोटो के साथ कैप्शन में लिखा है कि इस पागल दुनिया में हमने एक-दूसरे को हमेशा के लिए चुन लिया है। इसके बाद उन्होंने अपनी सगाई की तारीख मेंशन की है। वहीं, शलाका ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सगाई की फोटो शेयर की है और उन्होंने अपने कैप्शन में लिखा है कि मिस्टर एंड मिसेज शर्मा। लोग इनकी सगाई की तस्वीर को खूब पसंद कर रहे हैं और इन्हें बधाई दे रहे हैं। खुद को बताया था फैन गर्ल शलाका मकेश्वर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 11 मई 2024 का एक पोस्ट है। इस पोस्ट में वह पंजाब किंग्स इलेवन की टीशर्ट पहनकर टीम को सपोर्ट करने पहुंची थीं। उन्होंने इस फोटो के साथ कैप्शन में लिखा था कि फैन गर्ल मोमेंट। इस पोस्ट पर जितेश शर्मा ने हॉर्ट इमोजी रिएक्ट किया था। इससे लगता है कि दोनों एक-दूसरे के साथ लंबे समय से हैं। शलाका ने खुद को जितेश शर्मा का फैन गर्ल बताया था। टीम इंडिया के लिए खेल चुके हैं जितेश शर्मा जीतेश शर्मा ने टीम इंडिया में पिछले साल एशियन गेम्स में डेब्यू किया था। इस टूर्नामेंट में ऋतुराज गायकवाड ने टीम की कमान संभाली थी। जितेश शर्मा ने टीम इंडिया के लिए अब तक कुल 9 इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने कुल 100 रन बनाए हैं। जितेश शर्मा ने अपना आखिरी मैच इसी साल जनवरी के महीने में अफगानिस्तान के खिलाफ खेला था। आईपीएल में जितेश शर्मा पंजाब किंग्स इलेवन की टीम का हिस्सा हैं। इस साल टीम के कप्तान शिखर धवन चोटिल हो गए थे तो जितेश शर्मा ने पंजाब किंग्स इलेवन की कप्तानी भी संभाली थी। recent visitors 126

सांसद सिंह अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के संबंध में चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री से की मुलाकात

शहडोल आदिवासी क्षेत्रों का विकास हमारी कार्य योजना में प्रमुखता से शामिल है, और आपके क्षेत्र का भी समग्र विकास होगा। यह बातें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहडोल संसदीय क्षेत्र की सांसद हिमाद्री सिंह से मुलाकात के दौरान कहीं। दरअसल, सांसद सिंह अपने संसदीय क्षेत्र के विकास के संबंध में चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री से मिलने गई थीं। मुलाकात के दौरान हिमाद्री सिंह ने प्रधानमंत्री के समक्ष अपने क्षेत्र के विकास की योजना प्रस्तुत की। उन्होंने प्रधानमंत्री को याद दिलाया कि वे अपने अल्प प्रवास के दौरान शहडोल जिले के छोटे से गाँव विचारपुर, जिसे 'मिनी ब्राजील' कहा जाता है, के खिलाड़ियों से मिले थे। सांसद ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि आदिवासी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन उन्हें उचित मंच नहीं मिल पाता है। इसलिए, उन्होंने अपने क्षेत्र में एक वृहद खेल अकादमी की स्थापना की मांग की। सांसद सिंह ने प्रधानमंत्री के समक्ष घरेलू उड़ानों के लिए एक हवाई अड्डे के निर्माण का मुद्दा भी उठाया। इसके अलावा, उन्होंने शहडोल-नागपुर ट्रेन को अनूपपुर से चलाए जाने की मांग पर भी चर्चा की, जिस पर उन्हें बताया गया कि तीसरी लाइन और लिंक वर्क पूरा होने के बाद इस मांग को पूरा किया जाएगा। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खोलने की मांग हिमाद्री सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र में सैनिक स्कूल और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खोलने, और कोयला खदानों के उत्खनन के बाद खाली जमीनों के उपयोग की भी मांग प्रधानमंत्री के सामने रखी। विकास संबंधित चर्चाओं के बाद, सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी को माँ नर्मदा उदगम स्थल अमरकंटक का एक तैल चित्र और क्षेत्र की गौरव, पद्मश्री जोधया बाई द्वारा बनाई गई बैगा जनजाति की एक चित्रकारी भेंट की। बेटी तासू भी थी साथ सांसद ने प्रधानमंत्री को अमरकंटक आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री से हुई बातचीत में उन्हें बहुत सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, जिससे आने वाले समय में आदिवासी क्षेत्र के विकास की गति और तेज होने की उम्मीद है। सांसद के साथ उनकी बेटी तासू भी मौजूद थीं, जिन्हें प्रधानमंत्री ने स्नेहपूर्वक दुलारा। इस अवसर पर संगठन से जुड़ी चर्चा भी हुईं। recent visitors 105

भरोसेमंद ठेकेदार ही निकला चोर, राजस्थान-चित्तौड़गढ़ में सीसीटीवी में शॉर्ट सर्किट कर लाखों उड़ाए

चित्तौड़गढ़. जिले के निम्बाहेड़ा में टेंट व्यवसायी सुरेश काबरा के सूने मकान से 5 लाख से ज्यादा नकदी के साथ 8 से 10 तोला सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर नकदी व आभूषण बरामद कर लिए हैं। चोर टेंट व्यवसायी का विश्वसनीय ठेकेदार ही निकला, जिसने शातिराना तरीके से घर के सीसीटीवी कैमरों को शॉर्ट सर्किट से बंद कर हाथों में दस्ताने पहनकर चोरी की थी, ताकि किसी भी प्रकार से पकड़ा न जा सके। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि निम्बाहेड़ा के कमधज नगर निवासी सुरेशचंद्र काबरा परिवार के साथ 10 जुलाई से यात्रा पर गए थे। 5 अगस्त को घर वापस लौटने पर पीछे के कमरों में अलमारी के ताले टूटे हुए पड़े थे और घर से पांच लाख रुपये से अधिक नकद राशि और  8 से 10 तोला सोने के जेवर चोरी हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले व काबरा के टेंट व्यवसाय में लगे संदिग्ध लोगों से पूछताछ की। इसमें पश्चिम बंगाल के रामनाथ परा, थाना हेमताबाद, जिला उत्तर दिनाजपुर, हाल मुकाम कमधज नगर, निम्बाहेड़ा निवासी मोजम्मल हक पुत्र माइनत अली की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से गहनता से पूछताछ की, जिसमें मोजम्मल ने ही सुरेशचंद्र काबरा के यहां चोरी करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित की सूचना पर चोरी का सारा माल बरामद कर लिया है। आरोपित मोजम्मल पिछले 18 साल से निम्बाहेडा में टेंट के कारोबारियों के पास ठेकेदारी का काम करता है। recent visitors 100

भारतीय हॉकी टीम के सदस्यों का स्वदेश लौटने पर भव्य स्वागत, कप्तान ने कहा अभिभूत हूं

नई दिल्ली ओलंपिक कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरूष हॉकी टीम के सदस्यों का शनिवार की सुबह पेरिस से यहां पहुंचने पर सैकड़ों की संख्या में हवाई अड्डे पर मौजूद खेलप्रेमियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भारतीय टीम बृहस्पतिवार को स्पेन को कांस्य पदक के मुकाबले में 2.1 को हराकर हॉकी में 13वां ओलंपिक पदक जीतकर लौटी। भारतीय हॉकी की दीवार गोलकीपर पी आर श्रीजेश पेरिस ओलंपिक के समापन समारोह में दो पदक विजेता निशानेबाज मनु भाकर के साथ भारत के ध्वजवाहक होंगे। श्रीजेश, अमित रोहिदास, राजकुमार पाल, अभिषेक, सुखजीत सिंह और संजय समापन समारोह के बाद लौटेंगे। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और टीम का फूलों की मालाओं और ढोल ताशे के साथ इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर स्वागत किया गया। कांस्य पदक के मैच में दोनों गोल करने वाले हरमनप्रीत ने मीडिया से कहा, ‘‘हमें पूरा सहयोग मिला और हमारी सारी जरूरतें पूरी की गई। हम धन्यवाद देना चाहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हॉकी के लिये यह बड़ी उपलब्धि है। इस प्यार से हमारी जिम्मेदारी बढ गई है। हम हर बार पदक जीतकर लौटने की कोशिश करेंगे।’’ हरमनप्रीत ने पेरिस ओलंपिक में सर्वाधिक 10 गोल दागे। उन्होंने कहा कि इस स्वागत से टीम अभिभूत है। उन्होंने कहा, ‘‘यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि भारतीय प्रशंसक हमारे स्वागत के लिये यहां आये। टीम ने ओलंपिक की तैयारी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी और यह देखकर खुशी हुई कि हमारी मेहनत रंग लाई और हमारी जीत का जश्न पूरा देश मना रहा है।’’ भारत ने पेरिस ओलंपिक में ग्रुप चरण में आस्ट्रेलिया को 3.2 से हराया और म्युनिख ओलंपिक 1972 के बाद ओलंपिक में आस्ट्रेलिया पर यह पहली जीत थी। इसके अलावा क्वार्टर फाइनल में श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन से ब्रिटेन को पेनल्टी शूटआउट में 4.2 से मात दी। भारतीय उपकप्तान हार्दिक सिंह ने कहा, ‘‘खिलाड़ियों को एक दूसरे पर अटूट विश्वास था कि एक गलती करेगा तो दूसरा संभाल लेगा। इसी से हम सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सके।’ उन्होंने कहा, ‘‘ब्रिटेन के खिलाफ मैच में हमने बहुत अच्छा खेला। मिडफील्ड, डिफेंस, फॉरवर्ड सभी में कमाल का तालमेल था और कोई विफल रहता तो हमारे पास श्रीजेश थे जिन्होंने कई बार हमें संकट से निकाला है।’’ हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘ये यादें हमारे साथ रहेंगी। कांस्य पदक ने साबित कर दिया कि भारतीय हॉकी सही राह पर है। अपना दिन होने पर हम किसी को भी हरा सकते हैं। हमें खुद पर भरोसे और भारतीय हॉकीप्रेमियों के साथ की जरूरत थी। मैं अनुरोध करूंगा कि यूं ही हॉकी से प्यार करते रहे और हमारा सहयोग करते रहे।’’   recent visitors 95

विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगा सीएम राइज स्कूल, मंत्री गौर ने निश्शुल्क बस सेवा का किया शुभारंभ

भोपाल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा है कि सीएम राईज महात्मा गांधी स्कूल भेल में 100 करोड़ रूपये की लागत से विश्वस्तरीय अधोसंरचना और सुविधाएँ उपलब्ध कराई जायेगी। स्कूल विद्यार्थियों के लिये शैक्षणिक के साथ-साथ सांसकृतिक, कला और खेल कूद गतिविधियों का भी संचालन करेगा। इसके लिये स्कूल में स्मार्ट क्लासेस के साथ-साथ स्वीमिंग पूल जैसी आधुनिक सुविधाएँ भी होगी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर शुक्रवार को स्कूल में नि:शुल्क परिवहन सेवा शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि नि:शुल्क सेवा के पहले चरण में 55 सीटर 5 बसों को शुरू किया जा रहा है। अगले चरण में 4 और बसें शामिल की जायेगी। इन बसों के माध्यम से विद्यालय से 2 किलोमीटर से अधिक दूरी पर निवास करने वाले विद्यार्थियों को घर से स्कूल लाने ले जाने की सुविधा दी जायेगी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने स्कूल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि हार्ड वर्क से सफलता मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वह अपनी योग्यता का उपयोग जिम्मेदारियों को पूरा करने में करे। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि सरकार हर संभव सुविधा उपलब्ध करा रही है। शिक्षा के क्षेत्र में अब सरकारी स्कूल निजी स्कूलों से भी ज्यादा सुविधा संपन्न स्कूल बन रहे है। उन्होंने कहा कि बच्चे आने वाले कल का भविष्य है। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद श्री नीरज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी श्री एके अहिरवार, प्राचार्य श्रीमती ममता सिंह स्कूल का स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित थे। इन विद्यार्थियों को मिलेगा बस सेवा का लाभ राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि सरकार द्वारा हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिक्षा के क्षेत्र में अब सरकारी स्कूल निजी से भी ज्यादा सुविधा संपन्न बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि निश्शुल्क बस सेवा के पहले चरण में 55 सीटर वाली पांच बसों को शुरू किया जा रहा है। अगले चरण में चार और बसें शामिल की जाएंगी। इन बसों के माध्यम से विद्यालय से दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर निवास करने वाले विद्यार्थियों को घर से स्कूल लाने ले जाने की सुविधा दी जाएगी। उन्होंने स्कूल के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पार्षद नीरज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी एके अहिरवार, प्राचार्य हेमलता परिहार, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित थे। recent visitors 170