दंतेवाड़ा-नारायणपुर सीमा पर मुठभेड़ में 36 नक्सली ढेर, सर्च अभियान जारी

दंतेवाड़ा अबूझमाड़ क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल को इस वर्ष अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिले की सीमा पर थुलथुली गांव के पास जंगल व पहाड़ी में हुई मुठभेड़ में पुलिस ने अब तक 36 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ अभी जारी है। मुठभेड़ स्थल से अब तक 36 नक्सलियों के शव सहित एके-47 राइफल, एसएलआर जैसी आटोमेटिक बंदूकें व भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए हैं। इससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मुठभेड़ में बड़े कैडर के इनामी नक्सली भी मारे गए हैं। मुठभेड़ में नक्‍सलियों के शव बरामद जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ तब हुई जब नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्‍सलियों की उपस्थिति की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सर्चिंग अभियान शुरू किया। संयुक्त पुलिस पार्टी ने सर्चिंग अभियान के दौरान शुक्रवार सुबह नक्‍सलियों के साथ मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान मारे गए नक्सलियों के शव मौके पर बरामद किए गए हैं। साथ ही पुलिस ने AK-47, SLR और कई अन्य हथियार भी बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान सभी पुलिस जवान सुरक्षित हैं। फिलहाल इलाके में सर्च अभियान को जारी है। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की तरफ से कोई नुकसान नहीं हुआ। मुठभेड़ की जानकारी मिलने के बाद अतिरिक्त बल भी मौके पर भेजा गया है ताकि नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई को जारी रखा जा सके। recent visitors 66

रेप आरोपों में फंसा फाइटर पायलट, एयरबेस की सुरक्षा में चूक का भी दोषी को वायुसेना ने भेजा नोटिस

नई दिल्ली भारतीय वायुसेना (IAF) ने अंबाला एयरबेस पर तैनात एक लड़ाकू विमान के पायलट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। पायलट रेप के आरोपों का सामना कर रहा है और उसे सुरक्षा प्रोटोकॉल उल्लंघन के मामले में कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी द्वारा दोषी ठहराया गया है। वायुसेना के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। यह नोटिस गुरुवार को जारी किया गया, जिसमें विंग कमांडर को यह बताने के लिए कहा गया है कि क्यों न उनकी सेवाओं को समाप्त कर दिया जाए। वायुसेना ने कहा कि नैतिक कदाचार से जुड़े मामलों में वायुसेना की जीरो-टॉलरेंस नीति है। क्या है मामला? रिपोर्ट दी थी कि 40 वर्षीय विंग कमांडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन पर एक पूर्व सिविलियन इंटर्न द्वारा दुष्कर्म का आरोप लगाया गया है और अंबाला एयरबेस पर सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन का दोषी ठहराया गया है। विंग कमांडर अंबाला के वायुसेना स्टेशन में स्थित जगुआर फाइटर स्क्वाड्रन में तैनात हैं। उन्हें जून 2007 में IAF में कमीशन दिया गया था। दुष्कर्म का आरोप 25 वर्षीय इंटर्न ने लगाया है, जो पालम स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोस्पेस सेफ्टी में कार्यरत थी। इस संस्थान का संचालन भारतीय वायुसेना के अधीन होता है। विंग कमांडर के खिलाफ भारतीय वायुसेना द्वारा दो अलग-अलग जांचें की गई हैं। पहली जांच कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के तहत अंबाला एयर फोर्स स्टेशन के एयर ऑफिसर कमांडिंग (AOC) द्वारा सुरक्षा उल्लंघन के मामले में की गई, जबकि दूसरी जांच वेस्टर्न एयर कमांड के प्रमुख द्वारा दुष्कर्म के आरोपों की जांच के लिए की गई। सुरक्षा उल्लंघन के गंभीर आरोप अंबाला एयरबेस पर सुरक्षा उल्लंघन के मामले में विंग कमांडर ने वायुसेना स्टेशन के तकनीकी क्षेत्र में बिना अनुमति के प्रवेश की अनुमति दी, प्रतिबंधित क्षेत्रों में स्मार्टफोन का इस्तेमाल किया और विमानों की तस्वीरें प्रसारित कीं। यह एयरबेस देश के सबसे प्रमुख फाइटर बेसों में से एक है, जहां राफेल और जगुआर लड़ाकू विमान तैनात हैं। दिल्ली हाईकोर्ट की कार्यवाही विंग कमांडर ने दिल्ली हाईकोर्ट में 28 अगस्त को याचिका दायर कर वायुसेना द्वारा उनके खिलाफ की जा रही दो जांचों पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने तर्क दिया कि वायुसेना की दोनों जांचें उन्हीं मुद्दों पर आधारित हैं, जो पुलिस द्वारा पहले ही जांच के अधीन हैं। हालांकि, वायुसेना की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने अदालत में कहा कि दुष्कर्म के आरोपों पर फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, क्योंकि यह मामला पुलिस द्वारा जांच के अधीन है। अदालत ने अपने आदेश में कहा, “अगली सुनवाई तक, वायुसेना के अधिकारी अनुशासनात्मक या प्रशासनिक कार्रवाई जारी रख सकते हैं, लेकिन बिना कोर्ट की अनुमति के कोई अंतिम आदेश पारित नहीं किया जाएगा।” महिला इंटर्न द्वारा 1 दिसंबर, 2023 को कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, दिल्ली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 और 506 के तहत प्राथमिकी दर्ज की और विंग कमांडर के खिलाफ बलात्कार और आपराधिक धमकी के आरोपों की जांच शुरू की। मार्च 2024 में भारतीय वायुसेना को भेजी गई 22 पन्नों की शिकायत में इंटर्न ने विंग कमांडर पर आरोप लगाया कि वह उसे परीक्षण करने के बहाने कॉनॉट प्लेस के एक होटल में ले गए और उसके साथ बलात्कार किया। सितंबर 2022 में अंबाला एयरबेस पर एक कॉन्फ्रेंस के दौरान उनकी मुलाकात हुई थी। यह मामला अब 5 नवंबर को फिर से सुना जाएगा। यह घटनाक्रम श्रीनगर में भारतीय वायुसेना के एक बेस पर एक अन्य विंग कमांडर पर उसी एयरबेस पर एक 26 वर्षीय फ्लाइंग ऑफिसर द्वारा बलात्कार का आरोप लगाए जाने के कुछ सप्ताह बाद हुआ है। फ्लाइंग ऑफिसर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि विंग कमांडर ने नए साल की पूर्व संध्या पर उसके साथ बलात्कार किया, और आरोप लगाया कि भारतीय वायुसेना द्वारा की गई आंतरिक जांच में कई खामियों के कारण उसे और अधिक उत्पीड़न और मानसिक यातना दी गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। recent visitors 73

सोनी लिव की सीरीज ज़िंदगीनामा का ट्रेलर रिलीज़

मुंबई, प्राजक्ता कोली, श्रेयस तलपड़े, सुमीत व्यास और श्वेता बसु प्रसाद अभिनीत सीरीज जिंदगीनामा का ट्रेलर रिलीज़ हो गया है। सोनी लिव की आगामी सीरीज़, ज़िंदगीनामा, 6 अनूठी कहानियों के माध्यम से कई चुनौतियों के साथ एक जीवन की यात्रा को दर्शाती है. इन छह कहानियों के शीर्षक है भंवर, स्वागतम, वन+वन, केज्ड, पपेट शो और पर्पल दुनिया।इस सीरीज में श्वेता बसु प्रसाद, प्रिया बापट, प्राजक्ता कोली, यशस्विनी दयामा, लिलेट दुबे, श्रेयस तलपड़े, अंजलि पाटिल, सुमीत व्यास, इवांका दास, मोहम्मद समद, शिवानी रघुवंशी, सयानदीप सेनगुप्ता, तन्मय धनानिया शामिल हैं। श्रुति सेठ. आदित्य सरपोतदार, सुकृति त्यागी, मिताक्षरा कुमार, डैनी मामिक, राखी सांडिल्य और सहान द्वारा निर्देशित, ज़िंदगीनामा जीवन की व्यक्तिगत यात्राओं को पेश करती है। जिंदगीनामा के प्रस्तुतकर्ता अप्लॉज एंटरटेनमेंट है और यह एंटीमैटर प्रोडक्शन, एमपॉवर द्वारा संकल्पित है।यह सीरीज 10 अक्टूबर से सोनी लिव पर दिखायी जाएगी।   recent visitors 60

मछली पकडने वाले सिंचाई पानी के प्रवाह में पैदा कर रहे रुकावट , कार्यवाही हेतु ज्ञापन

रायपुर गंगरेल बांध से सिंचाई हेतु छोड़े गये पानी के अबाध प्रवाह में अवैध रूप से मछली पकडने वाले रुकावट डाल सिंचाई समस्या पैदा कर रहे हैं। इनके  खिलाफ कानूनी कार्यवाही करने रायपुर जिला जल उपभोक्ता संस्था संघ के अध्यक्ष रहे भूपेन्द्र शर्मा ने महानदी जलाशय परियोजना के मुख्य अभियंता कुबेर सिंह गुरुवर को व्हाट्स ऐप के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया है। ज्ञापन में बताया गया है कि गंगरेल के नहरों, वितरक शाखाओं व माइनरों में प्रवाहित हो रहे पानी के साथ आने वाले मछलियों को पकडने कतिपय विध्नसंतोषी तत्व इन माइनरों व वितरक शाखाओं के गेट को गिरा खासकर रात्रि में जाल डाल अवैध रूप से मछली पकड़ते हैं। इनके द्वारा गेट गिरा दिये जाने से पानी का प्रवाह थम जाता है जिसके चलते निरंतर सिंचाई में बाधा उत्पन्न हो जाती है और नये सिरे से खेतों में पानी पहुंचाने में समय लगता है। ज्ञापन में इन विध्नसंतोषी तत्वों द्वारा माइनरों व वितरक शाखाओं के गेट की डुप्लीकेट चाबी बनवा यह कार्य करने की आंशका व्यक्त करते हुये ऐसे तत्वों के खिलाफ ठोस कदम उठाने का आग्रह किया गया है। ज्ञापन में सर्वप्रथम इन तत्वों को चेतावनी देने ग्राम कोटवारों के माध्यम से तुरंत प्राथमिकता के आधार पर मुनादी कराने और बाज न आने पर इनके द्वारा लगाये गये जाल को जप्त कर सिंचाई अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्यवाही करने के साथ – साथ इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों के तहत भी पुलिसिया कार्यवाही सुनिश्चित कराने आवश्यक पहल का आग्रह किया गया है। इसकी जानकारी महानदी सिंचाई मंडल के अधीक्षण अभियंता एस के सहारे, जल प्रबंध संभाग क्रमांक के कार्यपालन अभियंता ललित रावटे व बगोली सिंचाई उपसंभाग के अनुविभागीय अधिकारी प्रमोद पाल को देते हुये अपने कमांड वाले प्रशासनिक क्षेत्र के ग्रामों में फौरी कदम उठाने का आग्रह किया गया है। इधर श्री शर्मा ने जानकारी दी है कि सिंचाई पंचायतों के अस्तित्व समाप्त होने तक इन माइनरों व वितरक शाखाओं को मछली पकडने इस शर्त के साथ नीलाम किया जाता था कि वे पानी के प्रवाह को सुनिश्चित बनाये रखेंगे पर नीलामी की कार्यवाही बंद होने के बाद से यह समस्या वर्ष दर वर्ष बढ़ती जा रही है।   recent visitors 60

संजय पासवान ने बातचीत में कहा- जीतन राम मांझी को छोड़ दें तो बिहार में 35 साल से पिछड़ी जाति से ही मुख्यमंत्री बन रहे

पटना बिहार का राजनीतिक माहौल बदलने की जन सुराज की कोशिशों के बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री रह चुके संजय पासवान प्रशांत किशोर और जन सुराज पार्टी के मुरीद बन गए हैं। संजय पासवान प्रशांत किशोर को सुनने के लिए 2 अक्टूबर को वेटनरी कॉलेज मैदान भी पहुंच गए थे, जब जन सुराज पार्टी बन रही थी और दलित समुदाय से आने वाले पूर्व राजनयिक मनोज भारती को पार्टी का पहला नेता और कार्यकारी अध्यक्ष घोषित किया जा रहा था। संजय पासवान ने बातचीत में कहा कि जीतन राम मांझी को छोड़ दें तो बिहार में 35 साल से पिछड़ी जाति से ही मुख्यमंत्री बन रहे हैं। अब दलित या महादलित के सीएम बनने का समय आ गया है। बिहार में 19 परसेंट से ज्यादा आबादी दलित है। संजय पासवान ने कहा कि मनोज भारती को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने को पीके का एक साहसिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर द्वारा एक दलित को नेतृत्व थमाने से सामाजिक मंथन होगा जिसका दूरगामी असर हो सकता है और इसका नतीजा देर-सबेर दिखेगा। भाजपा ने 2025 का विधानसभा चुनाव जेडीयू अध्यक्ष और मौजूदा सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ने का ऐलान कर रखा है। संजय पासवान ने पिछले महीने भी दलित मुख्यमंत्री का मुद्दा उठाया था और कहा था कि बीच की जातियों को काफी समय और मौका मिल चुका है। उन्होंने कहा- “हर पार्टी में दलित और महादलित समुदाय के लोगों के लिए जगह खाली है क्योंकि उनमें आकांक्षा बढ़ी है। एक दलित को जन सुराज पार्टी का अध्यक्ष बनते देखना अच्छा लग रहा है और यह दिखाता है कि प्रशांत किशोर कितनी बारीकी से कदम बढ़ा रहे हैं। बाकी दलित नेता बस राजनीति कर रहे हैं। प्रशांत किशोर राजनीति को सोच रहे हैं और जी रहे हैं। जिस तरह से वो काम कर रहे हैं उसके लिए मैं उनको सलाम करता हूं। एक भरोसेमंद चेहरा दलितों को एकजुटता कर सकता है।” पासवान ने कहा कि समय आ गया है कि सारी पार्टियां बहस को पिछड़े से दलित की तरफ ले जाएं। बागडोर बदलती रहनी चाहिए। इससे राजनीति जीवंत रहती है। recent visitors 161

8वीं के छात्र ने 9वीं के छात्र पर चाकू से किया हमला, जब स्कूल की छुट्टी हुई तो आरोपित छात्र ने वारदात को अंजाम दिया, मौत

जबलपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में कक्षा आठवीं के छात्र ने कक्षा नौवीं के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। स्कूल में दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जब स्कूल की छुट्टी हुई तो आरोपित छात्र ने वारदात को अंजाम दिया। घायल छात्र को नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था। उसकी शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर शहपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम नटवारा की है। मृतक छात्र का नाम रोहित प्रजापति था। उसे दूसरे छात्र ने दो दिन पहले भी जान से मारने की धमकी दी थी। हमले के बाद 15 वर्षीय छात्र चाकू लहराते हुए भाग गया, जिसे कुछ देर बाद पुलिस ने अभिरक्षा में लिया। पुलिस ने हमले में उपयोग किए गए चाकू को जब्त कर लिया है। सरकारी स्कूल में नटवारा निवासी रोहित स्कूल मैदान में घूम रहा था, तभी आरोपित छात्र भी बाहर निकला। दोनों के बीच सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करने को लेकर कहासुनी हुई। सहपाठी छात्रों ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया। इसके बाद लंच पर आरोपित छात्र घर गया। वह स्कूल बैग में चाकू छिपाकर लाया। स्कूल की छुट्टी होते ही खेल मैदान में खड़े रोहित के पास पहुंचा और उसके पेट में चाकू घोंप दिया। रोहित के पिता अशोक प्रजापति महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। छात्र गांव में अपने चाचा-चाची के साथ रहता था। recent visitors 59

हिजबुल्लाह के सूत्रों द्वारा हसन नसरल्लाह को एक गुप्त स्थान पर दफनाया गया, मौत के बाद भी इजरायल का खौफ

हिजबुल्लाह इजरायल के हवाई हमले में मारे गए हिजबुल्लाह चीफ को अस्थायी रूप से दफन किया गया है। हिजबुल्लाह के करीबी सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार को हसन नसरल्लाह को एक गुप्त स्थान पर दफनाया गया। संगठन को डर था कि अगर सार्वजनिक तौर पर दफनाया गया तो इजरायल इस बड़े अंतिम संस्कार में शामिल लोगों को निशाना बना सकता है। 27 सितंबर को हसन नसरल्लाह को हवाई हमले में मारने के बाद इजरायल लगातार लेबनान में हमले कर रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक नसरल्लाह को तब तक के लिए अस्थाई जगह पर दफनाया गया है जब तक कि परिस्थितियां सामान्य नहीं हो जातीं। जैसे ही इजरायल के साथ चल रहा युद्ध किसी परिणाम पर पहुंचेगा उसके बाद नसल्लाह को पूरे सम्मान के साथ एक सार्वजनिक रूप से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के बाद दफनाया जाएगा। अमेरिका से की थी अंतिम संस्कार तक इजरायल को रोकने की मांग रिपोर्ट के मुताबिक हिजबुल्लाह की तैयारी नसरल्लाह को सम्मान के साथ एक बड़े सार्वजनिक समारोह के दौरान दफनाने की थी। लेकिन लेबनान में जारी इजरायली बमबारी के दौरान यह कार्यक्रम संभव नहीं था। नसरल्लाह के अंतिम संस्कार को सम्मानपूर्वक करने के लिए हिजबुल्लाह ने लेबनानी अधिकारियों के माध्यम से संयुक्त राज्य अमेरिका से मांग की थी कि वह गारंटी दे कि अंतिम संस्कार के दौरान इजरायल किसी भी प्रकार का कोई हमला नहीं करेगा। संयुक्त राज्य अमेरिका ने ऐसी किसी भी प्रकार की गारंटी देने से इंकार कर दिया, जिसके बाद हिजबुल्लाह की मौजूदा लीडरशिप ने नसरल्लाह को अस्थाई रूप से दफनाने का फैसला किया। एक हफ्ते से अंतिम संस्कार के इंतजार में था नसरल्लाह हिजबुल्लाह प्रमुख नसरल्लाह की मौत पिछले हफ्ते 27 सितंबर को इजरायली हवाई हमले में हो गई थी। एक हफ्ते से हिजबुल्लाह की तरफ से नसरल्लाह को दफनाने का इंतजाम किया जा रहा था लेकिन इजरायल की तरफ से जारी बमबारी के बीच संगठन का सबसे बड़ा डर यही था कि अगर बड़े स्तर पर नसरल्लाह का अंतिम संस्कार किया गया तो उसके लाखों समर्थक उसकी एक झलक देखने के लिए सड़कों पर आ जाएंगे और ऐसे में इजरायली एयर फोर्स आसानी से उन सभी पर हमला कर सकती है। इसलिए इस्लाम के शिया पंथ का पालन करने वाले नसरल्लाह को शिया मुस्लिम रीति रिवाजों के जरिए अस्थाई रूप से दफन करने का फैसला लिया गया। शिया मुस्लिम रीति रिवाज ऐसे अस्थायी दफनाने का प्रवाधान करते हैं, जब किसी विशेष परिस्थिति में उचित तरीके से अंतिम संस्कार नहीं किया जा सकता या व्यक्ति की इच्छा के अनुसार उसे नहीं दफनाया जा सकता है तो फिर ऐसे अस्थाई तौर पर दफनाया जाता है। recent visitors 50