मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर रास 2024 के आयोजकों ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज यहाँ नवा रायपुर सेक्टर 24 स्थित निवास में रायपुर रास 2024 के आयोजकों ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को 08 एवं 09 अक्टूबर को बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय रास गरबा के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने आयोजकों को आमंत्रण के लिए धन्यवाद दिया एवं आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर श्री सार्थक शर्मा, श्री भावेश शर्मा एवं आयोजकगण भी उपस्थित रहे। recent visitors 58

मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन अकादमी के यश बाथरे करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व, वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए चयन

भोपाल मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन अकादमी के होनहार खिलाड़ी यश बाथरे का चयन भारत की ओर से मॉडर्न पेंटाथलॉन के बाईथले/ट्रायथले इवेंट में भाग लेने के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित वर्ल्ड चैंपियनशिप प्रतियोगिता 8 से 14 अक्टूबर के बीच इजिप्ट में आयोजित की जाएगी। यश बाथरे विगत चार वर्षों से मध्यप्रदेश ट्रायथलॉन अकादमी में कैप्टन मनोज झा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग और खेल संचालक रवि कुमार गुप्ता ने उन्हें बधाइयां दी हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।   recent visitors 151

सेवा भारती द्वारा गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित किया गया कार्यक्रम, कन्या-पूजन में शामिल हुए मुख्यमंत्री

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नवरात्रि पर होने वाला कन्या-पूजन मातृशक्ति की आराधना का प्रतीक है। साथ ही नवरात्रि, जीवन में ऋतु परिवर्तन की महत्ता को भी स्थापित करती है। सनातन परंपरा में विद्यमान उपवास की अवधारणा और उसके लाभ को आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था भी स्वीकार करती है। भारतीय संस्कृति मातृसत्ता की महत्ता को नमन करती है। हमारी संस्कृति में मां सरस्वती को ज्ञान की देवी और मां लक्ष्मी को धन संपदा की देवी के रूप में पूजा जाता है। भारतीय संस्कृति भोजन और भाव दोनों को महत्व देती है यह स्व से संपूर्ण ब्रह्मांड को एकाकार करने के विचार पर केंद्रित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सेवा भारती महावीर मंडल भोपाल द्वारा गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में आयोजित विशाल कन्या-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुष्प वर्षा कर कन्याओं का स्वागत और विधि-विधान से उनका पूजन भी किया। नवदुर्गा शक्ति संचय का पर्व है मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति जीव मात्र से प्रेम और शांति का संदेश देती है। यह हमारे सांस्कृतिक मूल्यों और देश का सामर्थ्य ही है, जिसके परिणामस्वरूप विश्व, शांति के लिए भारत की ओर देखता है। रूस-यूक्रेन युद्ध हो या ईरान-इजराइल के बीच संघर्ष, शांति के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की ओर सभी देश आशा से देख रहे हैं। यह हम सबके लिए गौरव का विषय है। नवदुर्गा शक्ति संचय का पर्व है, देश भी शक्ति सम्पन्न हो तथा अधिक से अधिक शक्ति संचय की ओर हम अग्रसर हों, इसी उद्देश्य से सेवा भारती संस्था समाज के सभी वर्गों के कल्याण और हित संवर्धन के लिए समर्पित है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवरात्रि, दशहरा और दीपावली की सभी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सेवा भारती के श्री रवि सेठी, श्री विमल त्यागी, गोविंदपुरा क्षेत्र के उद्योगपति, जन-प्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित थे।   recent visitors 90

आशा शब्द ही उम्मीद और नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देता है – मंत्री श्री शुक्ला

भोपाल नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने कहा है कि आशा शब्द है उम्मीद का दूसरा नाम है। यह शब्द महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देता है। मंत्री श्री शुक्ला ने रविवार को भिंड जिले के मेहगांव में आशा, पर्यवेक्षक एवं बीसीएम को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशंसा-पत्र और शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ता एक मजबूती कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं, जो प्रत्येक गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने व टीकाकरण संबंधी कार्यों को पूरी जिम्मेदारी से निभा रही हैं। मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि आशा कार्यकर्ता के नाम के आगे ही आशा शब्द जुड़ा हुआ है जो सबके मन में उम्मीद की किरण तो जगाता ही है। साथ ही महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा देता है। आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों की जितनी सराहना की जाये उतनी कम होगी। उन्होंने कहा कि आशा, गर्भवती महिलाओं के पास डॉक्टर से पहले पहुंचने का कार्य कर रही है। जिले में आशा कार्यकर्ताओं के निरंतर किया जा रहे प्रयत्नों और परिश्रम का ही परिणाम है कि आज शिशु-मातृ मृत्यु दर में कमी आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसी तरह सजग रहकर कार्य करने से जिले में लिंगानुपात भविष्य में और भी बेहतर होगा। कार्यक्रम मे बड़ी संख्या मे आशा कर्यकर्ता और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।   recent visitors 79

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्मश्री अवार्डी श्रीमती दुर्गाबाई से की भेंट

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पद्मश्री अवार्डी श्रीमती दुर्गाबाई के कोटरा सुल्तानाबाद स्थित निवास पहुंचकर उनसे भेंट की तथा कुशल क्षेम पूछी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पुष्प-गुच्छ भेंट कर श्रीमती दुर्गाबाई का अभिवादन किया। श्रीमती दुर्गाबाई ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का तिलक कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रीमती दुर्गाबाई से लोक कला विशेषकर गोंड चित्रकारी में हो रहे नवाचारों और प्रदेश में नई पीढ़ी के कलाकारों के प्रशिक्षण तथा प्रोत्साहन के संबंध में चर्चा भी की। उल्लेखनीय है कि श्रीमती दुर्गाबाई को चित्रकला के लिए वर्ष 2022 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।   recent visitors 74

पीड़ित महिला के पिता ने कहा- उनकी बेटी रानू साहू की शादी 2006 में हुई थी, लेकिन 2008 के बाद से उसे कैद कर रखा, अब पुलिस ने बचाया

भोपाल मध्य प्रदेश के भोपाल में विवाहित महिला को करीब 16 साल से कैद करने का मामला सामने आया है. महिला के ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगा है. पिता की शिकायत के बाद महिला थाना पुलिस ने महिला को ससुरालवालों के कैद से छुड़ाया. बताया जा रहा है कि महिला की हालत गंभीर है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक पीड़ित महिला 2008 से अपने मायके के परिवार से नहीं मिली है. उसे अपने परिवार से मिलने से रोका गया था. महिला के कैद और प्रताड़ित किए जाने के पीछे का सही कारण उसके ससुराल वालों के बयान दर्ज होने के बाद ही सामने आएगा. महिला थाना प्रभारी शिल्पा कौरव ने बताया कि शिकायत नरसिंहपुर निवासी 75 वर्षीय किशनलाल साहू ने दर्ज कराई है. साल 2006 में हुई थी महिला की शादी टीओआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित महिला के पिता किशनलाल ने कहा, ''उनकी बेटी रानू साहू की शादी 2006 में हुई थी, लेकिन 2008 के बाद से उसके ससुराल वालों ने उसे उसके मायके परिवार से मिलने नहीं दिया.'' हालांकि किशनलाल और उनके परिवार को कभी-कभी पड़ोसियों से उनकी बेटी रानू और उसके दो बच्चों के हालचाल को लेकर सूचना दी जाती थी, लेकिन हाल ही में उन्हें पता चला कि उनकी तबीयत खराब हो गई थी. पिता ने बेटी को बचाने के लिए पुलिस से मांगी मदद इसके बाद चिंतित किशनलाल ने अपनी बेटी को बचाने के लिए पुलिस से मदद मांगी. शिकायत के बाद महिला थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया और जहांगीराबाद पुलिस से सहायता का आग्रह किया. थाना प्रभारी कौरव ने बताया कि पुलिस टीम के साथ बताए गए पते पर पहुंचने पर रानू के ससुराल वालों ने बताया कि वह घर की दूसरी मंजिल पर है. पुलिस ने उस महिला को प्लास्टिक से बनी खाट पर लेटा हुआ पाया, उसके बगल में एक प्लेट में चपाती का एक टुकड़ा और आलू के कुछ टुकड़े रखे हुए थे. वह बोलने या संवाद करने की स्थिति में नहीं थी. पुलिस ने तुरंत उसे बचाया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. उनके पति को भी उनके साथ रहने के लिए अस्पताल भेजा गया था. थाना प्रभारी कौरव ने बताया कि बुजुर्ग पिता की शिकायत की गहनता से जांच की जाएगी. recent visitors 110

महिला की डिलीवरी के समय स्वास्थ्य विभाग की एक नर्स भी मौजूद रही, मामले में जांच शुरू

खंडवा मध्य प्रदेश के खंडवा का एक वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो रहा है, जिसमें साड़ी का पर्दा लगाकर नर्मदा नदी के किनारे एक महिला की खुले में डिलीवरी करवाई जा रही है. इंदौर-इच्छापुर सड़क मार्ग पर स्थित मोरटक्का में महिला की डिलीवरी के समय स्वास्थ्य विभाग की एक नर्स भी मौजूद रही, लेकिन धूप होने की वजह से वो किनारे बैठ कर तमाशा देखती रहीं. दरअसल, मोरटक्का में नर्मदा नदी पर स्थित खेड़ी घाट पर हर रोज कई श्रद्धालु आते हैं, इसलिए यहां फूल और पूजन सामग्री की कई दुकानें भी हैं. यहीं पर पूजा सामग्री बेचने वाली एक महिला को लेबर पेन हुआ. इसके बाद महिला को वहीं पर पड़े बेंच पर लिटा दिया गया. साथ ही स्वास्थ्य केंद्र को भी सूचना दी गई. जिसके बाद मौके पर एक नर्स पहुंची, लेकिन उसने महिला की डिलीवरी करने के बजाए उसे दर्द में कराहता छोड़कर धूप से बचने के लिए किनारे बैठ गई.   साड़ी का पर्दा लगाकर कराई डिलीवरी इसके बाद घाट पर मौजूद अन्य महिलाओं ने साड़ी का पर्दा लगाकर महिला का प्रसव करवाया. इस दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. स्थानीय लोगों ने बताया, स्वास्थ्य केंद्र को सूचना दी गई थी, वहां से एक नर्स भी मौके पर पहुंची, लेकिन उसने डिलीवरी करवाने में मदद नहीं की, जिसके बाद स्थानीय महिलाओं ने ही महिला की डिलीवरी करवाई. वहीं इस मामले में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर राम कृष्ण इंगला ने कहा, हमें सूचना मिली थी कि नर्मदा के खेड़ी घाट पर एक महिला को लेबर पेन हो रहा है. सूचना मिलने पर सेंटर से तुरंत डिलिवरी सम्बंधित चीजें लेकर नर्स पहुंची, लेकिन तब तक महिला की डिलीवरी हो चुकी थी. इसके बाद असिस्टेंट ने बच्चे की नाल को अलग किया और सेंटर लाकर बच्चे और मां की जांच की. इसके अलावा बच्चे को टीका भी लगाया गया. उन्होंने वायरल वीडियो पर कहा यह वीडियो गलत है. नर्स अपना काम करने के बाद वहां जाकर बैठी थी. हालांकि, इस मामले में जांच की जाएगी. recent visitors 58