विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा- एआई को दुनिया के लिए परमाणु बम जिनता खतरनाक, तेजी से उभर रही यह टेक्नोलॉजी

नई दिल्ली विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को दुनिया के लिए परमाणु बम जिनता खतरनाक बताते हुए कहा कि तेजी से उभर रही यह टेक्नोलॉजी पूरी दुनिया को अगले दशक में गहराई तक प्रभावित करेगी। नई दिल्ली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक ग्रोथ और वित्त मंत्रालय की साझेदारी में आयोजित कौटिल्य इकोनॉमिक कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि एआई आने वाले समय में काफी बढ़ने वाला है और देशों को इसके प्रभावों से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। यह वैश्विक इकोसिस्टम के लिए भी एक महत्वपूर्ण कारक बनने जा रहा है। दुनिया के लिए "एआई कुछ इतना खतरनाक होगा, जितने एक समय पर परमाणु बम थे"। विदेश मंत्री ने कहा कि जनसांख्यिकी, कनेक्टिविटी और एआई वैश्विक व्यवस्था को बदल देंगे। अगले दशक में वैश्वीकरण को हथियार बनाया जा सकता है और दुनिया को इसे लेकर सतर्क रहना चाहिए। दुनिया में कई लोग इसे बेरोजगारी और क्रांति के अन्य नकारात्मक प्रभावों के लिए दोषी मानते हैं। विदेश मंत्री ने कहा, "वैश्वीकरण पर सामाजिक और राजनीतिक प्रतिक्रिया ने पिछले दशक में गति पकड़ी है। वैश्वीकरण की वास्तविकताएं अनिवार्य रूप से संरक्षणवाद से टकराती हैं।" जयशंकर ने आगे कहा कि आज के युग में संयुक्त राष्ट्र की भूमिका केवल एक दर्शक की रह गई है। उन्होंने कहा, "संयुक्त राष्ट्र एक पुराना बिजनेस है, जो जगह काफी ले रहा है, लेकिन दुनिया के मुताबिक बदल नहीं रहा है।" मध्य पूर्व के देशों में चल रहे संघर्ष पर जयशंकर ने कहा कि आज के समय में लड़ाई केवल आर्थिक गलियारा, जमीन और समुद्र के लिए हो रही है, लेकिन भविष्य में लड़ाइयां जलवायु परिवर्तन के लिए भी होंगी। recent visitors 75

10 साल की बच्ची के साथ रेप और मर्डर: ममता ने पुलिस को अल्टीमेटम देते हुए कहा, मामले को पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया जाना चाहिए

कोलकाता पश्चिम बंगाल के कुल्तुली में 10 साल की बच्ची के साथ रेप और मर्डर के मामले में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुलिस को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इस मामले को पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया जाना चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि दोषियों को 3 महीने में मौत की सजा मिले. वही, मामले को लेकर पीड़िता के परिवार की मांग के बाद पश्चिम बंगाल सरकार ने कलकत्ता हाईकोर्ट का रुख किया है. साथ ही इसको लेकर लोगों में गुस्सा है और राजनीति भी अपने चरम पर है. आज रविवार (06 अक्टूबर) को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया. कुल्तुली पुलिस थाने के बाहर हुए इस विरोध प्रदर्शन में पुलिस और बीजेपी कार्यकर्ताओं की झड़प भी हुई क्योंकि कार्यकर्ताओं ने पुलिस बेरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की. बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, "नौ साल की बच्ची को बचाया नहीं जा सका? बच्ची को बचाने के लिए दो नागरिक स्वयंसेवकों को तैनात नहीं किया जा सका! नाबालिग का शव शनिवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण परगना जिले के कुल्तुली गांव में एक नहर में मिला. बच्ची के रिश्तेदार ने देखे खून के धब्बे 10 की बच्ची के एक रिश्तेदार ने बताया कि बच्ची के पूरे शरीर पर खून के धब्बे थे. एएनआई से बात करते हुए रिश्तेदार ने कहा कि उसने अस्पताल में बच्ची का शव देखा था. उसने दावा किया कि शुक्रवार शाम को ट्यूशन से वापस आते समय बच्ची लापता हो गई थी. रिश्तेदार ने बताया, ''लड़की के शरीर पर कई चोटें हैं. उसके पूरे शरीर पर खून के धब्बे थे. हाथ टूटे हुए थे. वह ट्यूशन से वापस आते समय लापता हो गई थी.'' शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने जयनगर इलाके में दलदली जमीन से लड़की का शव बरामद किया. 'पुलिस ने की मामले की अनदेखी' रिश्तेदार ने आरोप लगाया कि जब लड़की के पिता पुलिस स्टेशन गए थे तब पुलिस ने मामले की अनदेखी की. उन्होंने कहा, "उसके पिता ने उसे हर जगह खोजने की कोशिश की, लेकिन जब वह उसे नहीं ढूंढ़ पाया तो वह पुलिस स्टेशन गया, लेकिन पुलिस ने उसकी बात सुनने से इनकार कर दिया और उसे जयनगर पुलिस स्टेशन जाने के लिए कहा. पुलिस ने मामले की अनदेखी की." recent visitors 71

CM नायब सिंह सैनी का कांग्रेस पर तंज कस्ते हुए जमकर बोला हमला, कहा-8 अक्टूबर को जनता देगी जवाब

  हरियाणा हरियाणा में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दावा किया है कि 8 अक्टूबर को हम पूर्ण बहुमत से सरकार बना रहे हैं. मेरे पास सभी रिपोर्ट हैं. उन्होंने कहा कि 8 अक्टूबर को जनता देगी जवाब और ये (कांग्रेस) कहेंगे ईवीएम है खराब. 8 तारीख को जनता जवाब देगी और ये आरोप लगाएंगे. ये ईवीएम को दोष देंगे. सीएम सैनी ने आगे कहा, ''कई सीटों पर हमारा मुकाबला था और इससे हम अछूते नहीं हैं. हम तीसरी बार हरियाणा में अपने कामों के बल पर सरकार बनाएंगे. डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा के लोगों के हित में काम किए हैं. लोगों के जीवन को सरल और सुगम करने और लोगों को राहत देने का काम हमलोगों ने किया. नायब सिंह सैनी का कांग्रेस पर हमला हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, ''कांग्रेस ने लोगों को लाइन में खड़ा कर दिया था, जिसने लोगों को प्रताड़ित किया था. गैस सिलेंडर भी चार दिन के अंदर मिलता था. हमारी सरकार ने योजनाबद्द तरीके से आम लोगों तक लाभ पहुंचाया है. उसका एक पॉजिटीव मैसेज हर समाज के अंदर है. हमने हर वर्ग के लिए बिना भेदभाव के काम किया है और उसी के आधार पर मैं कह रहा हूं कि 8 अक्टूबर को बीजेपी पूर्णबहुमत की सरकार बनाएंगी.'' चुनाव प्रक्रिया में शामिल सभी को धन्यवाद- सीएम सैनी उन्होंने कहा, ''आपसी सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रदेश का सामाजिक तानाबाना और भाईचारा कायम रखते हुए सभी ने एक सहज चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया है. इस चुनाव प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों का विशेष तौर पर मैं धन्यवाद करना चाहूंगा, जिनकी वजह से लोकतंत्र के इस पर्व में हमसब शामिल हुए.'' उन्होंने पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों और मीडिया को भी धन्यवाद किया. सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा, "मैं अपनी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने इस चुनाव में हमारा मार्गदर्शन किया – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह. सभी तमाम नेताओं ने हरियाणा विधानसभा के इन चुनावों में हमारा साथ और मार्गदर्शन किया. उन्होंने कहा कि सबसे आखिर में मैं पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देता हूं, जिनकी वजह से विश्व का सबसे बड़ा संगठन बनकर तैयार हुआ है. इन्होंने कड़ी मेहनत करते हुए पार्टी के विचारों को आम जनता तक पहुंचाने का काम किया है. बता दें कि ज्यादातर एग्जिट पोल ने अनुमान लगाया है कि इस बार हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है. recent visitors 69

एनआईए दिल्ली के मुस्तफाबाद में की छापेमारी, संदिग्ध सामग्री बरामद की

नई दिल्ली राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की कई जगहों पर छापेमारी लगातार जारी है। इसी क्रम में एनआईए ने राष्ट्रीय राजधानी के उत्तर पूर्वी इलाके मुस्तफाबाद सहित कई जगहों पर छापेमारी की और संदिग्ध सामग्री बरामद की। एनआईए ने यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और स्थानीय पुलिस की मदद से की। सूत्रों के मुताबिक छापेमारी के दौरान संदिग्ध सामग्री बरामद की गई और कुछ लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं, साथ ही पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। छापेमारी शनिवार सुबह खत्म हुई। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई एनआईए की केस आरसी-13/24/एनआईए/डीएलआई के तहत जांच का हिस्सा है। इसके तहत आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के राष्ट्रव्यापी नेटवर्क पर एनआईए छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई के तहत देश के पांच राज्यों में 22 जगहों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है। बता दें कि एनआईए और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने शनिवार को संयुक्त रूप से महाराष्ट्र में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह छापेमारी छत्रपति संभाजीनगर, मालेगांव और जालना समेत कई जगहों पर की गई, जिसके परिणामस्वरूप राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया गया। एनआईए ने जालना में गांधी नगर क्षेत्र से दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से एक को छत्रपति संभाजी नगर आजाद चौक से व अन्य एक व्यक्ति को एन-6 क्षेत्र से तथा एक अन्य संदिग्ध को मालेगांव से हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हिरासत में लिए गए संदिग्धों की आतंकवाद के वित्तपोषण और आतंकवादी सहायता समूहों से संभावित संबंधों की भी जांच की जा रही है। गौरतलब है कि ये छापे एनआईए द्वारा आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियों पर देश भर में की गई व्यापक कार्रवाई के मद्देनजर मारे गए हैं। कुछ दिन पहले ही, 1 अक्टूबर को, एनआईए ने माओवादी पुनरुत्थान की साजिश के सिलसिले में पश्चिम बंगाल में कई छापे मारे थे। पिछले हफ़्ते तमिलनाडु में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी, जो चेन्नई सेंट्रल क्राइम ब्रांच द्वारा दर्ज एक आतंकी साजिश के मामले से संबंधित थी, जिसे बाद में एनआईए को सौंप दिया गया था। recent visitors 86

उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर का लड्डू प्रसाद लैब टेस्ट में हुआ पास, एकदम शुद्ध मिला

उज्जैन मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर का लड्डू प्रसाद एकदम शुद्ध मिला है। इस खबर के बाद महाकाल के भक्तों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसने खाद्य सुरक्षा नियमों के 13 मानकों को पास कर लिया है। मंदिरों में अशुद्ध प्रसाद का मुद्दा तिरुपति प्रसाद विवाद के बाद सामने आया था। उज्जैन के मंडल आयुक्त संजय गुप्ता ने जानकारी दी कि लड्डू प्रसाद की भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की मान्यता प्राप्त कुछ प्रयोगशालाओं में 13 विभिन्न प्रकार की जांच की गईं, जिसमें यह प्रसाद शुद्ध पाया गया। उन्होंने जानकारी दी कि इसमें सबसे महंगी सामग्री शुद्ध घी है। इसमें राज्य सरकार के सहकारी संस्थान उज्जैन मिल्क यूनियन द्वारा बनाए गए घी का उपयोग होता है। लड्डू बनाने के लिए हर दिन 40 मीट्रिक टन घी का उपयोग होता है। recent visitors 92

मछुआरे की तीन दिन बाद मिली लाश, जाल में फंसा मिला शव

रायगढ़ जिले की धरमजयगढ़ क्षेत्र के ग्राम आमदरहा के चेकडैम में डूबे मछुआरे की लाश तीन दिन बाद बरामद हुई. बता दें कि 4 अक्टूबर की दोपहर को मछुआरा अपने साथी के साथ मांड नदी पर बने चेकडैम पर मछली पकड़ने के लिए जाल फेंक रहा था. तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया. धरमजयगढ़ पुलिस ने गोताखोरों की मदद से मछुवारे का शव को जब निकाला तब वह अपने ही जाल में फंसा हुआ था. अनुमान लगाया जा रहा है कि वह अपने ही मछली पकड़ने के जाल में फंसकर डूबता चला गया था. संजय यादव (47 वर्ष) धरमजयगढ़ के जेलपारा का रहने वाला था और चेकडैम में डूबने के बाद तीन दिन की तलाशी करने के बाद आज तड़के दो बजे पानी में बहकर दो किलोमीटर दूर किनारे पड़ा हुआ मिला. धरमजयगढ़ पुलिस ने मर्ग कायम करके इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी है. recent visitors 61

रविशंकर जलाशय गंगरेल में रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों से प्रतिभागियों और दर्शकों का हुआ आगमन

धमतरी जिले के रविशंकर जलाशय गंगरेल में आयोजित दो दिवसीय जल जगार महा उत्सव के दूसरे दिन आज रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों से प्रतिभागियों और दर्शकों का आगमन हुआ. इस दौरान जल ओलंपिक के प्रति लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखने को मिला. कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों ने कयाकिंग, तैराकी, बनाना राइड, फ्री स्टाइल स्विमिंग, फ्लैग रेस, थ्रो रो और रिवर क्रॉसिंग जैसी गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया. इस मौके पर रायपुर के संजय बच्चानी, अमित गोयल और राकेश ने धमतरी में जल संरक्षण के लिए किए गए सामुदायिक प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज का हर व्यक्ति इसमें योगदान दे सकता है. प्रतिभागियों ने गिरते भूजल स्तर, पेड़ों की कटाई और मिट्टी के कटाव जैसे मुद्दों पर चिंता व्यक्त करते हुए भविष्य के लिए जल और पर्यावरण संरक्षण हेतु वॉटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं और पौधारोपण के महत्व पर जोर दिया. बिलासपुर से आए प्रतिभागी वेदांत वर्मा ने बताया कि तैराकी उनका शौक है, और वे जल ओलंपिक में भाग लेकर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना चाहते हैं. उनका कहना था, “जल है तो कल है.” रविवार सुबह जल जगार महोउत्सव के हाफ मैराथन में सैकड़ों की तादाद में लोग पहुंचे और जल जागरूकता के लिए आयोजित इस विराट आयोजन का हिस्सा बने. रविशंकर जलाशय गंगरेल डैम के मुहाने से शुरू हुई इस हाफ मैराथन को तीन श्रेणियों में आयोजित किया गया . इसमें गंगरेल हाफ मैराथन, एन्डुरन्स रन और वॉकेथॉन शामिल है. गौरतलब है कि गंगरेल हाफ मैराथन के तहत 21.1 किलोमीटर का मैराथन में 18 से 29 वर्ष, 30 से 49 वर्ष तक की आयु वर्ग तथा 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी हिस्सा लिये. इसी तरह एन्डुरन्स रन के तहत 10 किलोमीटर का मैराथन में 15 से 29 वर्ष, 30 से 49 वर्ष तक की आयु तथा 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल हुए. इसके साथ ही पारिवारिक मनोरंजन के लिए वॉकेथॉन के तहत 5 किलोमीटर का मैराथन में पुरुष और महिला दोनों श्रेणी में लोग हिस्सा लेते नजर आये. ज्ञात हो यह पूरा आयोजन गंगरेल डैम के गेट से लेकर कुकरेल तक आयोजित किया गया और इससे पहले स्वस्थ तन मन के लिए ज़ुंबा करते विभिन्न धुनों पर लोग थिरकते भी नजर आये. recent visitors 54