Tuesday, July 7, 2026 2:31 pm

अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान-बीकानेर में डेंगू के मरीज 400 के पार

बीकानेर. बीकानेर शहर में डेंगू मरीजों की संख्या 400 के पार पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। डेंगू पीड़ितों मरीजों की संख्या 400 के पार कर चुकी है। इन मरीजों में एनएस-1 के मरीजों की संख्या लगभग 238 के करीब है। आईजीएम के 167 हैं। इसके अलावा मलेरिया के 63 केस हैं। सीएमएचओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देश पर 546 लोगों की मोबाइल टीमें बनाई है। टीमों में आशा सहयोगिनी, एएनएम, सीएचओ, जीएनएम, नर्सिंग स्टूडेंट्स, डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर भी लगा रखे हैं। विभाग की टीमें रोजाना 30 से 50 घरों का सर्वे कर रही हैं।टीमों द्वारा सैंपलिंग कराई जा रही है। टीमों द्वारा घर-घर जाकर एंटी लारवल गतिविधियां करवाई जा रही हैं। डेंगू पॉज़िटिव के सरकारी और प्राइवेट दोनों जगहों की बात करें तो ये आंकड़ा अभी और ऊपर तक जाएगा। हालांकि, सीएमएचओ डॉ. गुप्ता ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से मरीजों की संख्या में इजाफा देखने को मिला है। ऐसे में रोजाना करीब 50 से 60 लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। इनमें से 2 या 3 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ रही है। इसके अलावा कुछ मरीज ऐसे भी आ रहे हैं, जिनको बुखार काफी तेज रहता है। ऐसे मरीजों को भर्ती भी करना पड़ा रहा है, लेकिन इनकी संख्या बहुत कम रहती है। मौसमी बीमारियों के बढ़ते हुए मरीजों की तादाद का असर अब संभाग के सबसे बड़े अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी पड़ने लगा है। अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने के चलते उन्हें भर्ती करने के लिए बेड भी कम पड़ने लगे हैं। ऐसे में जनाना अस्पताल के एमसीएच विंग के खाली पड़े वार्डों में इन मरीजों को शिफ्ट करने की तैयारी भी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अलग-अलग जगहों पर हॉट-स्पॉट चिन्हित किए  हैं। विभाग की टीम इन इलाकों पर लगातार नजर बनाए हुए है। कैसे फैलता है डेंगू बता दें, डेंगू लोगों में एडीज प्रजाति की मादा मच्छरों के काटने से फैलता है। कभी-कभी टाइगर मच्छर के काटने से भी यह बीमारी फैलती है। जब एडीज प्रजाति का मच्छर किसी संक्रमित व्यक्ति को काटता है और उसके बाद वह स्वस्थ व्यक्ति को काटता है, जिससे वह भी संक्रमित हो जाता है। बता दें, यह वायरस गर्भवती महिला से उसके शिशु में या रक्तदान के माध्यम से भी फैल सकता है। ऐसे करें बचाव एडीज मच्छर जमे हुए पानी में पनपता है। ऐसे में घर के कूलर, पानी टंकी, चिड़ियों के लिए बर्तन में रखे गए पानी, फ्रिज के ट्रे और पौधों के गमलों में पानी को अधिक समय तक पानी न जमा होने दें। उसे हमेशा बदलते रहें। recent visitors 72

कोर्ट ने पति को सुनाया आजीवन कारावास, छत्तीसगढ़-गौरेला में शराब के पैसे न देने पर पत्नी की बेरहमी से हत्या

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। करीब एक साल पहले शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर पति ने अपनी पत्नी को जलाऊ लकड़ी से बुरी तरह पीटकर मौत के घाट उतार दिया था. पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. आरोपी भोग सिंह बैगा को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास के साथ 1000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया है. साथ ही समय पर अर्थदंड न देने के कारण आरोपी को अतिरिक्त 6 माह का सश्रम कारावास भोगना होगा. अपर सत्र न्यायाधीश पेंड्रारोड किरण थवाईत ने आरोपी पति को हत्या के आरोप में दोषी पाया है और सजा सुनाई है. यह है पूरा मामला– यह हत्या मामला पिछले वर्ष नवंबर में गौरेला थाना क्षेत्र के ग्राम करंगरा का है. आरोपी भोग सिंह ने अपनी पत्नी सेमबाई की हत्या इसलिए की, क्योंकि उसने उसे शराब पीने के लिए पैसे नहीं दे रही थी. इससे गुस्साए पति भोग सिंह ने घर के सामने पड़ी जलाऊ लकड़ी से सेमबाई के सिर, चेहरे और सीने पर ताबड़तोड़ हमला किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद गौरेला पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया था. वहीं न्यायालय में हत्या के इस मामले की सूक्ष्मता से सुनवाई करते हुए जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पति भोग सिंह बैगा को अपनी पत्नी सेमबाई की हत्या का आरोपी पाया गया. अपर सत्र न्यायाधीश पेंड्रारोड किरण थवाईत ने आरोपी को आजीवन कारावास के साथ 1000 रूपये के साथ दंडित किया है. मामले में पंकज नागईच अतिरिक्त लोक अभियोजक ने पैरवी की. recent visitors 83

अब हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ ट्रिपल सेंचुरी जड़ने का कीर्तिमान स्थापित किया, हैरी ब्रूक का बवंडर

नई दिल्ली इंग्लैंड के बल्लेबाज हैरी ब्रूक का बवंडर मुल्तान में देखने को मिला। 2004 में ऐसी ही सुनामी पाकिस्तान के खिलाफ इसी मैदान पर भारतीय बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बल्ले से आई थी। उन्होंने भी टेस्ट मैच में मेजबान पाकिस्तान के खिलाफ तिहरा शतक जड़ा था और अब हैरी ब्रूक ने पाकिस्तान के खिलाफ ट्रिपल सेंचुरी जड़ने का कीर्तिमान स्थापित किया है। हैरी ब्रूक की ये ट्रिपल सेंचुरी टेस्ट में दूसरी सबसे तेज ट्रिपल सेंचुरी है। वहीं, 34 साल के बाद इंग्लैंड के किसी बल्लेबाज ने इस फॉर्मेट में तिहरा शतक जड़ा है। इंग्लैंड के लिए आखिरी बार किसी बल्लेबाज ने साल 1990 में टेस्ट क्रिकेट में ट्रिपल सेंचुरी जड़ी थी। ग्राहम गूच ने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स के मैदान पर 333 रनों की पारी खेली थी। अब 34 साल के बाद हैरी ब्रूक इस जादुई आंकड़े तक पहुंचे हैं। इसके अलावा आखिरी बार किसी बल्लेबाज ने टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर डेविड वॉर्नर ने पाकिस्तान के ही खिलाफ नवंबर 2019 में ठोका था। दाएं हाथ के बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने अपने करियर का पहला तिहरा शतक जड़ा। पाकिस्तान के खिलाफ दूसरी बार किसी बल्लेबाज ने इस मैदान पर तिहरा शतक जड़ा है। 311 गेंदों में हैरी ब्रूक ने ट्रिपल सेंचुरी पूरी की है। हैरी ब्रूक इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में तिहरा शतक जड़ने वाले छठे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले लियोनार्ड ह्यूटन (364), वैरी हैमंड (336*), ग्राहम गूच (333), एंडी सैंडम (325) और जॉन एडरिच (310*) ने ये कमाल किया था। हैरी ब्रूक ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में शतक पूरा करने के मामले में कई दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। वे सिर्फ वीरेंद्र सहवाग से पीछे हैं। सहवाग ने 278 गेंदों में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तिहरा शतक जड़ा था, जबकि हैरी ब्रूक ने 310 गेंदों में तिहरा शतक पूरा किया है। मैथ्यू हेडेन इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 362 गेंदों में ट्रिपल सेंचुरी पूरी की थी। वीरेंद्र सहवाग फिर से लिस्ट में शामिल हैं, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान में 364 गेंदों में तिहरा शतक पूरा किया था। करुण नाया ने 381 गेंदों में टेस्ट क्रिकेट में ट्रिपल सेंचुरी जड़ी है। सबसे तेज तिहरा शतक 278 गेंद – वीरेंद्र सहवाग बनाम दक्षिण अफ्रीका, चेन्नई, 2008 310 गेंद – हैरी ब्रूक बनाम पाकिस्तान, मुल्तान, 2024* 362 गेंद – मैथ्यू हेडन बनाम जिम्बाब्वे, पर्थ, 2003 364 गेंद – वीरेंद्र सहवाग बनाम पाकिस्तान, मुल्तान, 2004 ब्रूक ने 28 चौके और 3 छक्कों की मदद से अपना तिहरा शतक पूरा किया। पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में ये पांचवां तिहरा शतक है। हैरी ब्रूक से पहले गैरी सोबर्स, मार्क टेलर, वीरेंद्र सहवाग और डेविड वॉर्नर ने पाकिस्तान के खिलाफ रेड बॉल क्रिकेट में ट्रिपल सेंचुरी जड़ी है। सबसे पहले सोबर्स ने ये सिलसिला साल 1958 में शुरू किया था। 1998 में मार्क टेलर ने दूसरी पारी पाकिस्तान के खिलाफ विशाल पारी खेली। इसके बाद 2004 में सहवाग और 2019 में वॉर्नर ने तीसरे शतक जड़ा। टेस्ट में पाकिस्तान के खिलाफ तिहरा शतक 365* – गैरी सोबर्स (वेस्टइंडीज), किंग्स्टन, 1958 335* – डेविड वार्नर (ऑस्ट्रेलिया), एडिलेड, 2019 334* – मार्क टेलर (ऑस्ट्रेलिया), पेशावर, 1998 309 – वीरेंद्र सहवाग (भारत), मुल्तान, 2004 300* – हैरी ब्रुक (इंग्लैंड), मुल्तान, 2024* recent visitors 125

जो रूट नहीं तोड़ पाए विराट कोहली का यह वर्ल्ड रिकॉर्ड, सचिन और लारा से भी रह गए पीछे

मुल्तान इंटरनेशनल क्रिकेट में 20,000 रनों का आंकड़ा पार करने वाले गिने-चुने बल्लेबाज ही हैं और इस लिस्ट में एक नया नाम और जुड़ गया है। इंग्लैंड के स्टार क्रिकेटर जो रूट ने पाकिस्तान के खिलाफ मुल्तान टेस्ट में 262 रनों की पारी के दौरान इंटरनेशनल क्रिकेट में 20,000 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। सबसे कम पारियों में 20,000 इंटरनेशनल रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है, जिन्होंने 417 पारियों में यह कारनामा किया है, वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर और ब्रायन लारा का नाम साथ में आता है, दोनों ने यह कारनामा 453-453 पारियों में किया है। रूट इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 458 पारियों में 20,000 इंटरनेशनल रनों का आंकड़ा पार किया। सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में रूट ने एबी डिविलियर्स को पीछे छोड़ दिया है। सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने के मामले में सचिन तेंदुलकर सबसे आगे हैं, उनके खाते में कुल 34357 रन दर्ज हैं, वहीं इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर कुमार संगकारा का नाम आता है, जिन्होंने कुल 28016 इंटरनेशनल रन बनाए हैं। तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं, जिनके बैट से कुल 27483 इंटरनेशनल रन निकले हैं। चौथे नंबर पर विराट कोहली का नाम आता है, जिन्होंने 27041 इंटरनेशनल रन बनाए हैं। टॉप-5 में इसके बाद महेला जयवर्धने का नाम आता है, जिनके खाते में 25957 इंटरनेशनल रन दर्ज हैं। छठे, सातवें, आठवें, नौवें और 10वें नंबर पर इसके बाद से क्रम से जैक कालिस (25534), राहुल द्रविड़ (24208), ब्रायन लारा (22358), सनत जयसूर्या (21032) और शिवनारायण चंद्रपाल (20988) के नाम आते हैं। 11वें नंबर पर इंजमाम उल हक हैं और 12वें नंबर पर अब जो रूट आ गए हैं और एबी डिविलियर्स 13वें नंबर पर खिसक गए हैं। इंजमाम ने कुल 20580 इंटरनेशनल रन बनाए हैं, जबकि जो रूट के खाते में कुल 20079 रन हो गए हैं, वहीं एबी डिविलियर्स ने 20014 इंटरनेशनल रन बनाए हैं। 20,000 से ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले यही कुल 13 बैटर्स हैं। recent visitors 89

लुटेरों में एक महिला भी शामिल, राजस्थान-केकड़ी में युवक से नौ लाख की लूट

केकड़ी. बाइक पर श्रीनगर (अजमेर) से छान (टोंक) जा रहे एक युवक के साथ केकड़ी में नौ लाख रुपयों की लूट हो गई। पहले एक युगल उसे चिकनी चुपड़ी बातों में फंसाकर इस युवक की बाइक पर बैठे, फिर केकड़ी पहुंचने के बाद इस युवक को बाइक से धक्का देकर वह लुटेरा युगल यह रकम ले उड़ा। मामला छह अक्तूबर का है। अजमेर क्षेत्र के भूडोल (अजमेर) गांव का रहने वाला जितेंद्र सांसी बुधवार को श्रीनगर (अजमेर) से छान (टोंक) जाने के लिए मोटर साइकिल पर निकला था। यह युवक किसी को देने के लिए नौ लाख रुपयों की रकम अपने साथ लेकर जा रहा था। रास्ते में अजमेर-केकड़ी मार्ग पर ग्राम लोहरवाड़ा के समीप माताजी के मंदिर के यहां वह चाय पीने रुका। इसी दौरान एक महिला व एक युवक इसके साथ हो लिए और मीठी-मीठी बातों से नजदीकियां बढ़ाने लगे। युवक के वहां से रवाना होते ही ये युगल भी उसके पीछे लग गया। उन्होंने चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझाकर इसे रास्ते में एक जगह चाय भी पिलाई और शराब भी। इस बीच उसने लुटेरे युगल के सामने ही छान में रहने वाले अपने मामा से फोन पर बात भी की थी। शाम को युवक केकड़ी पहुंचा। छान जाने के लिए जैसे ही युवक आगे रवाना हुआ, अचानक उसका पीछा कर रहे दोनों लुटेरों उसके पास पहुंचे और उसे रोककर जान पहचान निकालने लगे। लुटेरे युवक ने कहा कि उसके मामा भी छान में ही रहते है तथा वह भी वहीं जा रहा है। इसलिए एक ही बाइक पर चलते है। दोनों की लच्छेदार बातों में आकर वह उनके साथ एक ही बाइक पर रवाना हो गया। केकड़ी में पुराना कोटा रोड पर ज्योतिबा फूले सर्किल के समीप लुटेरे युवक ने बाइक रोकी व उसे धक्का मारकर नौ लाख रुपए से भरा बैग व मोबाइल आदि लूट कर महिला के साथ रफूचक्कर हो गया। वारदात के बाद जैसे तैसे उसने अपने घर वालों को लूट की सूचना दी। बाद में इस संबंध में पीड़ित जितेन्द्र सांसी पुत्र गुमान सांसी निवासी भूडोल थाना गेगल जिला अजमेर ने मंगलवार रात को केकड़ी सिटी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। सिटी थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे है। recent visitors 66

राफेल नडाल ने किया संन्यास का ऐलान, 22 ग्रैंड स्लैम के साथ टेनिस को कहा अलविदा

मैड्रिड स्पेन के महान टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने इस खेल को अलविदा कह दिया है। उन्होंने गुरुवार 10 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए अपने रिटायरमेंट की जानकारी दी। सिंगल्स में 22 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले राफेल नडाल ने कहा कि वह अपने प्रोफेशनल टेनिस करियर को समाप्त कर रहे हैं। यह निर्णय डेविस कप फाइनल के बाद प्रभावी होगा। 38 वर्षीय खिलाड़ी ने रिकॉर्ड 14 बार फ्रेंच ओपन का खिताब जीता है और इसी वजह से उनको लाल बजरी का बादशाह कहा जाता, क्योंकि फ्रेंच ओपन क्ले कोर्ट (लाल मिट्टी) पर होता है। राफेल नडाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा, "यह कुछ कठिन वर्ष रहे हैं, खासकर पिछले दो साल। मैं बहुत उत्साहित हूं कि मेरा आखिरी टूर्नामेंट मेरे देश का प्रतिनिधित्व करने वाला डेविस कप होगा। यह चक्र पूरा हो रहा है, क्योंकि मेरी पहली खुशियों में से एक 2004 में सेविला में फाइनल था।" डेविस कप के नॉकआउट मैच 19 नवंबर से शुरू होंगे। 24 नवंबर को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में जहां तक स्पेन की टीम खेलेगी, वही मैच राफेल नडाल का आखिरी मैच होगा। नडाल का करियर चोटों से प्रभावित रहा है और वह 2023 फ्रेंच ओपन से चूक गए थे और इस साल उन्हें पहले दौर में जर्मन अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने हराया था। उन्होंने अपना आखिरी रोलैंड गैरोस खिताब 2022 में जीता और पेरिस क्ले को 112-4 की जीत-हार के रिकॉर्ड के साथ छोड़ा है। recent visitors 74

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, छत्तीसगढ़-कोण्डागांव में मक्के की आड़ में गांजे की खेती

कोण्डागांव. कोण्डागांव जिले के अनंतपुर थाना पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत मक्का की फसल के बीच गांजा की खेती करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी अखिलेश धीवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़े घोड़सोड़ा के बुधराम सागर ने अपने मक्का के खेत में गांजे के पौधे उगाए थे। मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने बुधराम सागर के खेत की तलाशी ली, जहां से 43 गांजे के पौधे जब्त किए गए। जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 1.565 किलोग्राम था, जिसकी अनुमानित कीमत 15,000 रुपये है। पुलिस ने आरोपी बुधराम सागर (उम्र 44 वर्ष) को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट की धारा 20(क) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। recent visitors 52