Friday, July 10, 2026 3:29 am

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लोगों की सुविधा के लिए लंबी लिंक सड़कें बनाने का निर्देश दिया

चंडीगढ़ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्य के लोगों की सुविधा के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए आज अधिकारियों को 2436.49 करोड़ रुपये की लागत से 13400 किलोमीटर लंबी लिंक सड़कें बनाने का निर्देश दिया। आज यहां एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ये लिंक सड़कें वस्तुओं और सेवाओं की निर्विघ्न आपूर्ति के अलावा लोगों की आवाजाही के लिए भी बहुत सहायक हैं। उन्होंने कहा कि ये संपर्क सड़कें राज्य के आर्थिक विकास को बढ़ावा देती हैं और ग्रामीण निवासियों के लिए बहुत फायदेमंद हैं। सी.एम. भगवंत सिंह मान ने इन सड़कों के निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया क्योंकि 6 साल बीत जाने के बाद भी इनमें से अधिकांश सड़कों को अनदेखा किया गया है।   मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सड़कों को प्राथमिकता देकर निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को इसका पूरा लाभ मिल सके। सी.एम. मान ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण के लिए आवश्यकता और प्राथमिकता के आधार पर जमीनी स्तर का सर्वेक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और मंडी बोर्ड के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए भी कहा कि इन सड़कों के निर्माण पर एक-एक पैसा सोच-समझकर खर्च किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने राज्य भर में इन ग्रामीण लिंक सड़कों को चौड़ा, मजबूत और अपग्रेड करके लिंक सड़कों के बुनियादी ढांचे को नया रूप देने का फैसला किया है।  उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए इस सड़क नेटवर्क के महत्व को देखते हुए राज्य सरकार द्वारा यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। सी.एम. भगवंत सिंह मान ने पंजाब मंडी बोर्ड और लोक निर्माण विभाग को काम आवंटित करते समय परियोजना की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने और यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि इसके लिए आवंटित एक-एक पैसे का उचित निवेश किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य में ग्रामीण सड़कों के निर्माण में 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' तकनीक का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कदम से ग्रामीण सड़कों पर उच्च गुणवत्ता का काम सुनिश्चित होगा और साथ ही राज्य के मौजूदा संसाधनों का उपयोग सुनिश्चित होगा।  सी.एम. मान ने कहा कि इस तकनीक से लोगों का पैसा तो बचेगा ही, साथ ही सड़क निर्माण कार्यों में भी क्रांति आ जाएगी। recent visitors 75

दिल्‍ली-एनसीआर में खराब आबोहवा के बाद ग्रैप लागू, अब लगेगी कई चीजों पर पावंदी

नई दिल्ली दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) खतरे के निशान के पार पहुंच गया है। दिल्ली एनसीआर के कई इलाके ऐसे हैं, जहां का एक्यूआई 300 से ज्यादा है। स्थिति को देखते हुए दिल्ली सरकार ने एनसीआर में ग्रैप का पहला चरण लागू कर दिया है। ऐसे में आईए जानते हैं कि ग्रैप के कितने चरण होते हैं और किस चरण में किन-किन चीजों पर पाबंदी होती है। एक्यूआई 201 से 300 के बीच रहने पर ग्रैप का पहला चरण लागू किया जाता है। इसमें निर्माण और विध्वंस से निकलने वाली धूल और मलबे के प्रबंधन से संबंधित निर्देश लागू होते हैं। खुली जगहों पर कचरा जलाने और फेंकने पर रोक लगाई जाती है। नियमित रूप से कूड़ा उठाने के निर्देश दिए जाते हैं। सड़कों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए कुछ दिनों के अंतराल पर पानी का छिड़काव किया जाता है। डीजल जनरेटर सेट के इस्तेमाल पर रोक लगाई जाती है और पीयूसी के नियमों को सख्ती से लागू किया जाता है। वाहनों से निकलने वाले धुएं पर सख्ती बरती जाती है। एक्यूआई 301 से 400 के बीच होने पर ग्रैप का दूसरा चरण लागू किया जाता है। इसमें अस्पतालों, रेल और मेट्रो सेवाओं को छोड़कर अन्य जगहों पर डीजल जनरेटर के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया जाता है। रोजाना सड़कों की साफ-सफाई और पानी का छिड़काव किया जाता है। फैक्ट्रियों में केवल उचित ईंधन का इस्तेमाल किया जाता है। लोगों को सार्वजनिक परिवहन का अधिकतम इस्तेमाल करने के लिए पार्किंग फीस बढ़ाई जाती है, निर्माण स्थलों पर निरीक्षण बढ़ा दिया जाता है। एक्यूआई 401 से 450 के बीच होने पर तीसरा चरण लागू किया जाता है। इसमें हर दिन सड़कों की सफाई की जाती है, नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाता है। निर्माण और विध्वंस से निकलने वाले धूल और मलबे का सही तरीके से निष्पादन किया जाता है। दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर में पेट्रोल से चलने वाले बीएस-3 इंजन और डीजल से चलने वाले बीएस-4 चार पहिया वाहनों के इस्तेमाल पर रोक लगाई जाती है। एक्यूआई 450 से अधिक होने पर ग्रैप का चौथा चरण लागू किया जाता है। इस चरण में ट्रक, लोडर जैसे भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश करने पर रोक लगा दी जाती है। केवल आवश्यक सामग्री वाली आपूर्ति करने वाले वाहनों को प्रवेश दिया जाता है। सभी प्रकार के निर्माण और विध्वंस कार्यों पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है। राज्य सरकार स्कूली छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं और सरकारी तथा निजी कार्यालयों के लिए घर से काम करने का निर्णय भी ले सकती है। ऑड-ईवन का निर्णय भी चौथे चरण में लिया जा सकता है, हालांकि यह अनिवार्य नहीं है, लेकिन ऐसा करने के लिए राज्य सरकार को अधिकार दिए गए हैं। recent visitors 73

दंपती ने एक हजार व्यापारियों से ठगे पांच करोड़, ठग दंपती ने व्यापारियों को अधिक ब्याज का लालच देकर दैनिक वसूली शुरू की थी

भोपाल कोलार क्षेत्र में जालसाज दंपती ने एक हजार से अधिक व्यापारियों से पांच करोड़ रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। ठग दंपती ने व्यापारियों को अधिक ब्याज का लालच देकर दैनिक वसूली शुरू की थी।जब रुपये वापस करने का समय आया तो दोनों गायब हो गए। पीड़ित व्यापारी मंगलवार को कलेक्टर जनसुनवाई में पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई है। कलेक्टर ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि वह मामले में पुलिस आयुक्त से बातचीत कर उचित कार्रवाई करवाएंगे।वहीं जनसुनवाई में विभिन्न समस्याएं लेकर 84 आवेदक पहुंचे, जिनको एडीएम, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों ने सुना और विभागीय अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए हैं। कोलार निवासी राजकुमार वर्मा ने बताया कि अशोक नाथ योगी और उसकी पत्नी कृष्णा ने एक कंपनी बनाकर व्यापारियों से प्रतिदिन रुपये लेना शुरू किया था। कोलार क्षेत्र के करीब एक हजार छोटे दुकानदारों ने राशि दी। अब दोनों ही रुपये लेकर फरार हो गए हैं। मोबाइल भी बंद कर लिया गया है। उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। लगभग पांच करोड़ रुपये की राशि उन्होंने ली है। व्यापारियों ने कलेक्टर से मांग की है कि दोनों को जल्दी पकड़ा जाए, जिससे उनकी राशि वापस मिल सके। दिव्यांग किसान को आइपीएस ने धमकाया परवलिया सड़क शाहपुर निवासी कालूराम पिता लालजी ने बताया कि गांव में उसकी जमीन है। जिससे लगी आइपीएस सुरेंद्र गौर की जमीन भी है। दिव्यांग किसान ने जब भी अपने खेत में जाकर काम करता है तो आइपीएस उनके साथ गाली-गलौच कर धमकी देता है और खेत छीनने की बात कहता है। वह पिछले तीन वर्ष से प्रताड़ित कर रहा है। रोटी में घुन, दाल में इल्ली परोसी नजीराबाद के भगवान सिंह, पूरन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि शशि समुदाय समूह द्वारा स्कूल में मध्यान भोजन नियमानुसार नहीं दिया जा रहा है। आए दिन रोटी में घुन और दाल में इल्ली निकलती है।सब्जियां सड़ी गली उपयोग की जा रही हैं। बुजुर्ग को नहीं मिला मकान उमा देवी पत्नी विनोद गुप्ता उम्र 64 साल निवासी लिबरटी कालोनी समरधा होशंगाबाद रोड ने बताया कि एक महीने पहले कोलार एसडीएम रविशंकर राय ने शिवकुमारी माहेश्वरी पत्नी प्रदीप मोहेश्वरी को मकान खाली करने के आदेश दिए थे। इसके बाद भी अब तक बेदखल नहीं किया जा रहा है। बुजुर्ग रोजाना तहसील के चक्कर काट रहीं हैं। recent visitors 87

अब हरियाणा का मौसम तेजी से बदल रहा है, लगातार शीतलहर का दौर जारी, ठंड ने दस्तक दे दी

हिसार हरियाणा में ठंड ने दस्तक दे दी है। लगातार हरियाणा में शीतलहर का दौर जारी है। आपको बता दें, अब हरियाणा का मौसम तेजी से बदल रहा है। बिना बारिश के भी न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है जिसके चलते सुबह सवेरे और रात के समय ठंड का अहसास होने लगा है।   बता दें, बीते सोमवार हरियाणा में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम रहा। वहीं आर बात करें न्यूनतम तापमान की तो वो हरियाणा में 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हैरान कर देने वाली बात तो यह भी है कि हरियाणा में शीतलहर के दौर में बारिश की भी संभावनाएं हैं। जिसके चलते हरियाणा के तापमान में और भी अधिक गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विभोक्ष सक्रिय होता नजर आ रहा है। ये असरदार साबित हो सकता है।जिसके चलते पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है। इसके अलावा हरियाणा में बारिश और बूंदाबांदी के भी आसार हैं। जिससे दिन और रात के तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। recent visitors 77

मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में 22 जिलों से बसों में आवागमन करने वाले लोगों को मिलेगा भोजन पैक्ड, पानी मिले

चंडीगढ़(धरणी) हरियाणा में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में जाने वाले लोगों को फुल खाना मिलेगा। इसको लेकर जिला प्रशासन को आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि 22 जिलों से 17 अक्तूबर को बसों में आवागमन करने वाले लोगों को मिले पैक्ड भोजन,पानी मिले। गौर रहे कि हरियाणा में 17 अक्टूबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के माध्यम से एनडीए अपनी शक्ति का प्रदर्शन भी करेगी। यही कारण है कि बीजेपी के इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री शामिल होंगे। इसके अलावा 11 भाजपा शासित राज्यों और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, NDA घटक दलों के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ विपक्ष के नेताओं को भी न्योता दिया गया है। इस संबंध में सीएम के पूर्व मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय ने बताया कि समारोह में ड्रोन दीदी, प्रगतिशील किसान, सफाई कर्मचारी, उद्योगपतियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही सरकार की योजनाओं के लाभार्थी और प्रमुख खिलाड़ियों को भी निमंत्रण भेजा गया है। recent visitors 100

प्रदेश के इंजीनियरिंग कालेजों में प्रवेश के लिए कालेज लेवल काउंसलिंग के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हुई

भोपाल प्रदेश के इंजीनियरिंग कालेजों में प्रवेश के लिए कालेज लेवल काउंसलिंग (सीएलसी) के दूसरे चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीटेक में प्रवेश के लिए सिर्फ 317 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। इससे ज्यादा डिप्लोमा पाठ्यक्रम में पंजीयन हुए हैं। डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 540 पंजीयन हुए हैं। लेटरल एंट्री से प्रवेश के लिए 501 पंजीयन हुए हैं। आईटीआई से डिप्लोमा पाठ्यक्रम करने के लिए 325 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है। आल इंडिया काउंसिल फार टेक्निकल एजुकेशन (एआईसीटीई) ने इंजीनियरिंग कालेजों में प्रवेश के लिए रिवाइज्ड कैलेंडर जारी किया था। इसके आधार पर तकनीकी शिक्षा विभाग (डीटीई) ने कालेज लेवल काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की है। इसके तहत तीन चरण तय किए हैं। इसके तहत ऐसे विद्यार्थी जो अभी भी पंजीयन नहीं करा पाए हैं वे इस चरण में बुधवार तक पंजीयन कराकर अपनी पसंद के कालेज में प्रवेश ले सकते हैं। इसके तहत प्रवेश की आखिरी तारीख 23 अक्टूबर तय की गई। recent visitors 65

आलोक रंजन के एनसीआरबी में प्रतिनियुक्ति पर जाने से उनकी जगह मुद्गल को पदोन्नत किया गया

भोपाल अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) तकनीकी सेवाएं योगेश मुद्गल को स्पेशल डीजी बनाया गया है। राज्य शासन ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। स्पेशल डीजी बनाए जाने के बाद भी वे पहले की तरह तकनीकी सेवाएं का काम ही संभालेंगे। स्पेशल डीजी (प्रबंध) रहे आलोक रंजन के एनसीआरबी में प्रतिनियुक्ति पर जाने से उनकी जगह मुद्गल को पदोन्नत किया गया है। उप पुलिस अधीक्षक स्तर के आठ अधिकारियों के तबादले राज्य शासन ने उप पुलिस अधीक्षक स्तर के आठ अधिकारियों का तबादला भी कर दिया है। सत्येन्द्र घनघोरिया एसडीओपी बालाघाट को सीएसपी रतलाम, अरविंद सिंह तोमर सीएसपी खंडवा को एसडीओपी बदनावर धार, अभिनव बारंगे सीएसपी रतलाम को सीएसपी खंडवा, शेर सिंह भूरिया एसडीओपी बदनावर को डीएसपी अजाक रतलाम। विवेक गुप्ता कार्यवाहक डीएसपी नारकोटिक्स मंदसौर को कार्यवाहक सीएसपी पीथमपुर धार, अमित मिश्रा सीएसपी पीथमपुर को डीएसपी पुलिस मुख्यालय, अंजुल अयंक मिश्रा सीएसपी बालाघाट को एसडीओपी लांजी और वैशाली सिंह डीएसपी महिला सुरक्षा नीमच को सीएसपी बालाघाट पदस्थ किया गया है। आइएएस अधिकारी पवन जैन के विरुद्ध अभियोजन की स्वीकृत बीते डेढ़ वर्ष बाद भी नहीं मिल पाई है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने उनके विरुद्ध वर्ष 2015 में प्रकरण कायम किया था। पिछले वर्ष फरवरी में ईओडब्ल्यू की ओर से अभियोजन स्वीकृति के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र भेजा गया था। उसके बाद इस वर्ष स्मरण पत्र भी भेजा जा चुका है।   recent visitors 137