Tuesday, July 7, 2026 12:38 pm

मां अन्नपूर्णा रसोई सेवा समिति के भोजन वितरण वाहन को हरी झंडी देकर रवाना किया

भोपाल मां अन्नपूर्णा रसोई सेवा समिति द्वारा गरीबों के लिए निशुल्क भोजन सेवा का कार्य वर्षों से किया जा रहा है। समिति ने भोजन वितरण वाहन के द्वारा शहर के तीन प्रमुख अस्पतालों में असहाय और गरीबों के लिए भोजन वितरण के लिए वाहन सेवा को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्री सबनानी ने कहा कि असहाय और गरीबों को भोजन कराकर समिति बहुत ही बड़ा पुण्य का काम कर रही है, समिति द्वारा कोई गरीब भूखा ना सोए इसकी चिंता करना अपने आप में एक बड़ा काम है समिति के सभी लोगों को मैं अपनी शुभकामनाएं देता हूं जिन्होंने इस मानवता के कार्य को अपनी जिंदगी का मिशन बना लिया है, मैं समाज सेवा करने वाले लोगों से भी कहना चाहता हूं कि वह लोग भी आए और इस पुण्य कार्य के लिए समिति को अपना सहयोग प्रदान करें। समिति के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि हमारी समिति 17 वर्षों से श्राद्ध पक्ष और विशेष अवसरों पर निशुल्क भोजन का वितरण करती आ रही है अब समिति द्वारा भोजन वाहन के द्वारा शहर के तीन प्रमुख अस्पतालों काटजू हॉस्पिटल जेपी हॉस्पिटल और कैंसर हॉस्पिटल के मरीजों के लिए भी भोजन व्यवस्था प्रतिदिन की जा रही है, इस अवसर पर पार्षद ब्रजुला सचान भाजपा जिला कार्यालय प्रभारी राजू अनेजा, निखिल सिंह हांडा बसंत गन्नोते पियूष रैकवार अपिल सिंह हांडा घनश्याम यादव नरेंद्र सिंह चौहान गुलाब सिंह राजपूत करण लोधी शंकर तापसे मुकेश वंशकार उपस्थित रहे।   recent visitors 88

खड़े ट्राला में घुसी कार, फतेहपुर में सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत

फतेहपुर उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को सड़क हादसे में कार सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा हाईवे पर बड़ौरी टोल प्लाजा के पास हुआ। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह कानपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बलेनो कार खड़े ट्राला में घुस गई। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर रूप से घायल तीसरे व्यक्ति को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बलेनो कार कन्नौज नंबर की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि 14 अक्टूबर को यूपी के कानपुर में एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। यह हादसा रामादेवी से पनकी भौती जाने वाले हाईवे पर हुआ था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, हाईवे पर एक तेज रफ्तार डंपर के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया था। जिससे डंपर के पीछे चल रही कार उससे जा टकराई, इसके बाद दोनों वाहनों के पीछे चल रहे ट्राला ने कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। इस हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी की कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। मृतकों की पहचान प्रतीक सिंह, गरिमा, सतीश, आयुषी व चालक विजय साहू के रूप में हुई थी।   recent visitors 65

यूपी का बाराबंकी बना इको टूरिज्म का केंद्र, राज्य के कई जिलों के सैलानी अब पार्क में विभिन्न तरह की एक्टिविटीज कर सकेंगे

बाराबंकी उत्तर प्रदेश का बाराबंकी जिला अब इको टूरिज्म का केंद्र बना गया है। योगी सरकार की कुशल नीतियों और जिला प्रसाशन की ओर से किए गए प्रयासों के कारण बाराबंकी जिले के किसान पथ पर स्थित ग्राम तिंदोला मे पिनाक एडवेंचर पार्क बनकर तैयार हुआ है। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में निवेशक एवं सरकार के साथ हुए करार के बाद करीब 4.5 करोड़ की लागत से बने इस एडवेंचर पार्क में लखनऊ समेत राज्य के कई जिलों के सैलानी अब पार्क में विभिन्न तरह की एक्टिविटीज कर सकेंगे। लगभग 10 एकड़ में फैले इस एडवेंचर पार्क में लोग ट्री वॉक, जिप लाइन, रोप कोर्स, वाटर साइकिलिंग, एटीवी बाइक, शूटिंग, साईकिलिंग, आर्चरी के साथ ही तमाम एक्टिविटीज का लुफ्त उठा सकते हैं। पार्क से जिले में टूरिज्म सेक्टर को भी काफी बढ़ावा मिला है। साथ ही 50 से ज्यादा युवाओं को रोजगार भी मिला है। बच्चों के लिए यह काफी अच्छी जगह है। एडवेंचर पार्क मे घूमने आए सैलानियों ने बताया की घूमने फिरने के लिए यह बहुत अच्छी जगह है। पिनाक एडवेंचर पार्क बाराबंकी जिले में बनने से हम सभी लोग खुश हैं। यहां अब लोग वाटर साइकिलिंग, एटीवी बाइक ट्रैंपोलिन, जिप लाइन का लुप्त उठा सकते हैं। फैमिली के साथ घूमने के लिए यह पार्क बहुत अच्छा है। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया की बाराबंकी जिले में टूरिज्म सेक्टर इकाई पिनाक एडवेंचर पार्क बनकर तैयार हुआ है। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में निवेशकों के द्वारा 4.5 करोड़ का एमओयू किया गया था। अच्छी बात यह है कि एडवेंचर पार्क पूरी तरह से संचालित हो चुका है। पार्क के बनने से करीब 50 लोगों को रोजगार भी मिला है। इसके साथ ही यह स्थानीय स्तर पर टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए भी बहुत मददगार है। लखनऊ समेत आसपास के जिले के लोग भी यहां पर घूमने आ सकते हैं।   recent visitors 154

महिला टी20 विश्व कप 2024 के ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद टीम की कप्तान पर एक्शन लिया जा सकता है

मुंबई आईसीसी इवेंट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए ऑस्ट्रेलिया सबसे बड़ी परेशानी का सबब बन चुकी है। पिछले कुछ वर्षों से भारत और ट्रॉफी के बीच यह टीम एक ऐसी दीवार बन गई है, जिसे लांघना हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम के लिए नामुमकिन बन गया। अब महिला टी20 विश्व कप 2024 के ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद टीम की कप्तान पर एक्शन लिया जा सकता है। बीसीसीआई जल्द ही उन्हें हटाकर एक नई कप्तान चुन सकती है। इसके लिए दो खिलाड़ी सबसे बड़ी दावेदार मानी जा रही हैं। हरमनप्रीत कौर की उत्तराधिकारी वैसे तो स्मृति मंधाना हैं, लेकिन जेमिमा रोड्रिग्स को उनसे भी बड़ा दावेदार माना जा रहा है। मिताली राज ने इस नाम को सपोर्ट कर क्रिकेट जगत में हलचल तेज कर दी है। महिला टी20 विश्व कप 2024 में भारतीय टीम के बाहर होने के बाद पूर्व कप्तान मिताली राज ने कहा कि अगर भारतीय टीम नए कप्तान की ओर देख रही है, तो निर्णय लेने का यही सही समय है। हरमनप्रीत कौर ने टी20 विश्व कप के चार संस्करणों में टीम की अगुवाई की है, लेकिन ताजा संस्करण प्रदर्शन के लिहाज से काफी खराब था। मिताली ने मीडिया से बात करते हुए आगे कहा, "अगर चयनकर्ता बदलाव का मन बना रहे हैं तो मैं एक युवा कप्तान के साथ जाऊंगी। बदलाव का यही समय है क्योंकि अगर आप और देर करेंगे, तो अगले अक्टूबर में वनडे विश्व कप भी है। अगर आप अभी कप्तान नहीं बदलेंगे तो बाद में कप्तान बदलने का कोई तुक नहीं होगा।" उन्होंने आगे कहा, "स्मृति मंधाना 2016 से उपकप्तान हैं और वह एक अच्छा विकल्प हैं लेकिन मैं जेमिमा रोड्रिग्स के साथ जाना चाहूंगी क्योंकि वह अभी 24 वर्ष की हैं और काफी युवा हैं। वह अधिक समय तक टीम का नेतृत्व कर सकती हैं। वह एक ऐसी खिलाड़ी हैं जो मैदान पर अपने साथ काफी ऊर्जा लेकर आती हैं। वह हर किसी से बात करती हैं। मैं इस टूर्नामेंट में उनसे काफ़ी प्रभावित हुई।" मंधाना की उम्र अभी 28 साल है और वह वनडे विश्व कप और टी20 विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट खेल चुकी हैं। इसका मतलब है कि वह युवा होने के साथ-साथ अनुभव भी रखती हैं और ज्यादा समय तक टीम का नेतृत्व कर सकती हैं। हालांकि, मिडिल ऑर्डर की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को मंधाना से भी बड़ा दावेदार माना जा रहा है। दोनों में कौन कप्तान बनेगा, यह देखने वाली बात होगी। लेकिन कप्तानी को लेकर बीसीसीआई फेरबदल कर सकती है, यह तय माना जा रहा है। recent visitors 75

दिल्ली सीएम आतिशी ने कहा-कच्ची कॉलोनियों में रहने वालों को अब बिजली कनेक्शन बिना एनओसी के मिलेगा

नई दिल्ली दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने दिल्ली की कच्ची कॉलोनी में रहने वालों को बड़ी राहत देते हुए यह घोषणा की है कि अब उन्हें बिजली कनेक्शन बिना एनओसी के भी मिलेगा। आतिशी ने बताया है कि दिल्ली में 1731 कच्ची कॉलोनियां हैं और दस साल पहले यहां बहुत बुरा हाल था। लेकिन जब अरविंद केजरीवाल की सरकार बनी तो यहां तमाम सुविधाएं दी गई और यहां रहने वाले लोगों का जीवन सुलभ हो गया। मगर पिछले एक साल से यहां रहने वाले लोगों को भाजपा की डीडीए की वजह से बिजली कनेक्शन लेने में दिक्कत आ रही है। डीडीए ने आदेश जारी किया कि बिना डीडीए की एनओसी के 1731 कच्ची कॉलोनियों में रहने वालों को बिजली कनेक्शन नहीं मिलेगा। आतिशी ने बताया कि अब दिल्ली की आप सरकार ने फैसला लिया है कि इन 1731 कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बिजली कनेक्शन और मीटर के लिए किसी भी तरह की एनओसी की जरूरत नहीं होगी। इस बारे में डिस्कॉम को आदेश दे दिये गये हैं। डीडीए ने आदेश निकाला था कि बिजली कनेक्शन के लिए कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को एनओसी चाहिये होगा। इससे लोग दर-दर भटक रहे थे और कनेक्शन नहीं मिल पा रहा था। वहीं जो डीडीए के अधिकारियों को रिश्वत दे रहा था, उसे कनेक्शन मिल जाता था। आतिशी ने कहा है कि अब दिल्ली सरकार ने डिस्कॉम को आदेश दे दिए हैं कि अब बिजली कनेक्शन के लिए किसी भी तरह की एनओसी की आवश्यकता नहीं होगी। डीडीए ने आदेश निकाला था कि बिजली कनेक्शन के लिए कच्ची कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को एनओसी चाहिये होगा। इससे लोग दर-दर भटक रहे थे और कनेक्शन नहीं मिल पा रहा था।   recent visitors 89

रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 10 संगवारी मतदान केन्द्र होंगे: कंगाले

रायपुर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहब कंगाले ने रायपुर दक्षिण विधानसभा उप चुनाव की घोषणा करते हुए कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र में आदर्श आचार संहित प्रभावशील हो गयी है। रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में 10 संगवारी मतदान केन्द्र होंगे, जो महिला मतदान दल द्वारा संचालित किए जाएंगे। यही नहीं, पांच आदर्श मतदान केन्द्र और एक दिव्यांग संचालित मतदान केन्द्र, और पांच युवा संचालित मतदान केन्द्र बनाए जाएंगे। इस सीट पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक है। उन्होंने बताया कि 18 तारीख को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। रायपुर नगर दक्षिण विधानसभा क्रमांक-51 अनारक्षित सीट है और चुनाव के लिए निर्वाचन 1, रिटर्निंग अधिकारी एवं 2 सहायक रिटर्निंग अधिकारी अधिसूचित हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा जांच 28, नाम वापसी की तिथि 30 अक्टूबर, मतदान 13 नवंबर और मतगणना की तिथि 23 नवंबर होगी। 25 नवंबर से पहले निर्वाचन संपन्न होगा। कानून व्यवस्था के लिए सुरक्षाबालों की 5 कंपनियां लगाई गयी हैं तथा इन्हें आवश्यकतानुसार सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ, स्ट्रांग रूम एवं काउंटिंग सेण्टर में तैनात किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रायपुर दक्षिण में 2 लाख 70 हजार 936 मतदाता हैं। इनमें से 1 लाख 33 हजार 713 पुरुष, और 1 लाख 37 हजार 171 महिला मतदाता पंजीकृत हैं। सेवा मतदाताओं की संख्या 59 है। तृतीय लिंग के 52 मतदाता पंजीकृत हैं। दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 1188 और कुल मतदाताओं की संख्या 5014 है। 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 1711 है। 100 वर्ष पूरी कर चुके मतदाताओं की संख्या 56 है। रायपुर दक्षिण में कुल 253 मतदान केन्द्र हैं, जो कि पूरे शहरी क्षेत्र में हैं। 85 वर्ष या इससे अधिक के वृद्धजन, 40 फीसदी से अधिक दिव्यांगता रखने वाले दिव्यांगजन डाक पत्रों के माध्यम से घर पर ही वोटिंग कर सकेंगे। ऐसे मतदाताओं के लिए विशेष मतदान दल गठित किया जाएगा। recent visitors 60

बेंगलुरु में आज भारी बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया, मौसम विभाग ने कल भी लगातार बारिश की संभावना जताई

बेंगलुरु बेंगलुरु बुधवार को भारी बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया। अधिकारियों ने प्रभावित निवासियों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए दो ट्रैक्टरों की व्यवस्था की है। मौसम विभाग ने बुधवार को पूरे दिन और गुरुवार को भी लगातार बारिश होने का संभावना जताई है। बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने येलहंका इलाके के निवासियों की मदद के लिए केंद्रीय विहार अपार्टमेंट में दो ट्रैक्टरों की व्यवस्था की है। रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार शाम को एक हेल्प डेस्क स्थापित की गई और जरूरी सामान जैसे पीने का पानी, दूध, ब्रेड तथा बिस्कुट की आपूर्ति के लिए व्यवस्था की गई है। मुख्य आयुक्त तुषार गिरिनाथ ने सुबह पानी से भरे इलाकों और अपार्टमेंट परिसरों का दौरा किया तथा समस्या को कम करने के लिए उठाए गए कदमों की निगरानी की। गिरिनाथ ने केंद्रीय विहार अपार्टमेंट का दौरा किया। यहां करीब 3 फीट पानी जमा हो गया था। उन्होंने अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निवासियों को अपार्टमेंट परिसर में प्रवेश करने और बाहर निकलने में मदद करने के लिए दो ट्रैक्टरों की व्यवस्था की गई है। समस्या के समाधान के लिए 20 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी मौके पर हैं। गिरिनाथ ने रमणश्री कैलिफोर्निया लेआउट का भी दौरा किया और अधिकारियों को पानी बाहर निकालने के निर्देश दिए। उन्होंने मीडिया से बताया कि सोमवार से मंगलवार तक 30 मिमी बारिश हुई है। मंगलवार को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक करीब 60 मिमी से 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। उन्होंने कहा, “बेंगलुरु के उत्तरी हिस्से में भारी बारिश हुई है। सभी झीलें भर गई हैं और पानी के ओवरफ्लो होने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। हर साल यह समस्या रही है। हम येलहंका के जलमग्न निचले इलाकों से पानी निकालने के लिए कदम उठा रहे हैं।” लगातार जारी बारिश के कारण मुख्य आयुक्त ने आज सुबह एक वर्चुअल बैठक की। बैठक के दौरान सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने उनसे मौके पर स्थिति का आकलन करने और स्थायी समाधान खोजने की दिशा में काम करने को कहा है।   recent visitors 80