Tuesday, July 7, 2026 12:17 pm

दो घायलों को मिली 100-डायल की मदद, पहुंचाया गया अस्पताल

शहडोल थाना बुढार क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से  मोटर साइकिल में सवार  बुढार के अटरिया टोला निवासी छोटू बैगा एवं सुनील प्रजापति घायल हो गए थे जिसे 100 डायल के माध्यम से दो घायलों को घटना स्थल सेशासकीय अस्पताल बुढार भिजवाया गया।      गौरतलब है कि थाना बुढार क्षेत्र में एक मोटर साइकिल का एक्सिडेंट हो गया है दो व्यक्ति घायल हो गये है, पुलिस सहायता की आवश्यकता है इसकी  सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-100 भोपाल में  23 अक्टूबर 2024 को रात्रि में 6:11 बजे प्राप्त हुई। सूचना प्राप्ति पर तत्काल बुढ़ार थाना क्षेत्र में तैनात डायल-100 वाहन को मदद के लिए तत्काल रवाना किया गया। डायल-100 स्टाफ आरक्षक शिशिर सिंह राजपूत एवं पायलेट दुर्गेश शर्मा ने घटना स्थल पर पहुँचकर बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटर साइकिल सवार छोटु बैगा पिता होरी लाल बैगा उम्र 24 साल निवासी अटरिया टोला एवं सुनील प्रजापति पिता गोविंद राम प्रजापति उम्र 18 साल निवासी अटरिया टोला घायल हो गये थे। डायल 100 एफ.आर.व्ही द्वारा घायलों को शासकीय अस्पताल बुढ़ार पहुँचाया गया जहां से प्राथमिक उपचार उपरांत घायलों को मेडिकल कॉलेज शहडोल के लिए रेफर किया गया। recent visitors 59

पंजाब में नेशनल हाईवे बंद, भटकते रहे राहगीर

     अमृतसर पंजाब सरकार के खिलाफ भड़के किसान शनिवार को भी सड़कों पर उतर आए हैं। पंजाब में किसानों ने धान खरीद सहित विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ एक दिवसीय ताजा विरोध प्रदर्शन की घोषणा की। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने बड़ी संख्या में इकट्ठे होकर मंडियों के नजदीक प्रमुख मार्गों को जाम करके धरने-प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले शुक्रवार को भी प्रदेशभर में किसानों ने कई हाईवे जाम कर दिए थे। फगवाड़ा मुख्य चौक पर किसान सुबह से ही धरने पर बैठ गए हैं। भारतीय किसान यूनियन (क्रांतिकारी) पंजाब के अध्यक्ष सुरजीत सिंह फूल ने कहा 26 अक्टूबर को 4 बिंदुओं पर सड़क जाम करेंगे। दोपहर 1 बजे विरोध प्रदर्शन शुरू करेंगे और सड़कों पर बैठेंगे। उधर, किसान नेता सरवन सिंह पंधेर का कहना है शनिवार को किसानों के धरने की वजह धान की खरीद न होना है। बड़रुखान और संगरूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर समय दोपहर एक बजे से हाईवे जाम कर दिए जाएंगे। किसानों ने शनिवार को भी प्रदेश के नेशनल हाईवे जाम कर दिए हैं। इनमें फगवाड़ा में अमृतसर-दिल्ली हाईवे, संगरूर में बदरूखां, संगरूर-बठिंडा हाईवे, मोगा में डगरू, मोगा-फिरोजपुर हाईवे, गुरदासपुर में सतियाली फूल, गुरदासपुर टांडा हाईवे और बटाला में बटाला रेलवे स्टेशन के पास किसानों ने धरना दिया है। इस वजह से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है। लोग खासे परेशान हो रहे हैं। इधर किसान हैं कि हाईवे खोलने को लेकर तैयार नहीं हैं। इस मौके पर सरकार से धान की खरीद व लिफ्टिंग फौरी तौर पर करने की मांग कर रहे हैं। धान की लिफ्टिंग न होने पर आंदोलन और तेज करने की चेतावनी दी गई है। इसके तहत 29 अक्तूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक सभी डीसी दफ्तरों का घेराव किया जाएगा। साथ ही मंडियों में आने पर आप सरकार के मंत्रियों, विधायकों व अधिकारियों का काले झंडों के साथ घेराव करने का एलान किया गया। मुख्यमंत्री ने मांगा था दो दिन का समय किसान नेताओं रामिंदर सिंह पटियाला, दविंदर सिंह पुनिया आदि ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से 19 अक्तूबर को चंडीगढ़ में बैठक करके धान की निर्विध्न खरीद व लिफ्टिंग का मामला हल करने को दो दिनों का समय मांगा गया था। लेकिन मान के दिलाए भरोसे के बावजूद मंडियों में खरीद व लिफ्टिंग का संकट जस का तस बना हुआ है। इसके चलते किसानों को मंडियों में परेशान होना पड़ रहा है। उनकी बेटों की तरह पाली फसलें मंडियों में पड़ी खराब हो रही हैं। इसलिए मजबूरी में किसानों को सड़कों पर उतरना पड़ा है। उपचुनावों में भाजपा और आप का विरोध करेंगे किसान किसान नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार भी किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। पंजाब के गोदामों व शैलरों में पड़े पुराने भंडारों की केंद्र ने समय पर लिफ्टिंग नहीं की, जिससे स्थिति गंभीर बनी हुई है। उन्होंने ऐलान किया कि अगर मसला हल न हुआ, तो विधानसभा के उपचुनावों में भाजपा व आप का विरोध करने से भी किसान जत्थेबंदियां गुरेज नहीं करेंगी। इन मुख्य मार्गों पर धरना दे रहे किसान     अमृतसर-दिल्ली राजमार्ग, फगवाड़ा     बदरूखां, संगरूर-बठिंडा हाईवे, संगरूर     डगरू, मोगा-फिरोजपुर राजमार्ग, मोगा     सतियाली फूल, गुरदासपुर टांडा हाईवे, गुरदासपुर     बटाला रेलवे स्टेशन, बटाला   recent visitors 63

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का इंटरव्यू मामला, 7 पुलिसकर्मी निलंबित, ड्यूटी में लापरवाही बरती

चंडीगढ़ पंजाब में एक विवादास्पद मामले के बाद डीएसपी गुरशेर संधू और समर वनीत सहित कुल 7 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। इन पुलिसकर्मियों पर जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का साक्षात्कार लेने का आरोप है। पंजाब सरकार और पुलिस विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना ने जेल प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम कई आपराधिक मामले जुड़े हुए हैं। पहले इंटरव्यू में मूसेवाला के कत्ल की जिम्मेदारी ली लॉरेंस का पहला इंटरव्यू 14 मार्च 2023 को ब्रॉडकास्ट हुआ था। इसमें लॉरेंस ने सिद्धू मूसेवाला का कत्ल करवाने की बात कबूली थी। लॉरेंस का कहना था कि मूसेवाला सिंगिंग के बजाय गैंगवार में घुस रहा था। उसके कॉलेज फ्रेंड अकाली नेता विक्की मिड्‌डूखेड़ा के कत्ल में भी मूसेवाला का हाथ था, इसलिए उसे मरवाया। SIT रिपोर्ट के मुताबिक ये वही इंटरव्यू है, जो उसने CIA की कस्टडी से दिया। दूसरे इंटरव्यू में बैरक से कॉल करने का दिया सबूत लॉरेंस ने अपने दूसरे इंटरव्यू में जेल के अंदर से इंटरव्यू देने का सबूत भी दिया था। उसने अपनी बैरक भी दिखाई और बताया कि उसे बाहर नहीं जाने दिया जाता, लेकिन मोबाइल भी उसके पास आ जाता है और सिग्नल भी। लॉरेंस ने अपने इंटरव्यू में कहा कि रात के समय जेल के गार्ड बहुत कम आते-जाते हैं, इसीलिए वह रात को कॉल कर लेता है। लॉरेंस ने मोबाइल के अंदर आने के बारे में भी जानकारी दी थी। लॉरेंस के अनुसार मोबाइल बाहर से जेल के अंदर फेंके जाते हैं। कई बार जेल स्टाफ उन्हें पकड़ भी लेता है, लेकिन अधिकतर बार मोबाइल उस तक पहुंच जाता है। recent visitors 63

मुख्यमंत्री सैनी का सख्त निर्देश, 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान के एक-एक दाने की MSP पर हो खरीद

चंडीगढ़ धान खरीद के दौरान कट लगाने की किसानों की शिकायतों पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मंडियों में खरीद एजेंसियां 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान के एक-एक दाने की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद करें। उन्होंने शुक्रवार को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशभर के कुछ किसानों के साथ फोन पर बात की और उनसे वस्तुस्थिति की जानकारी ली। किसानों ने मुख्यमंत्री को धान खरीद के दौरान कट लगाने की जानकारी दी। इस पर सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य सरकार के लिए किसान हित सर्वोपरि है और अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसानों को कट लगने की समस्या का सामना न करना पड़े। गेहूं कटौती की राशि तुरंत प्रभाव से जारी करने के दिए निर्देश मुख्यमंत्री ने आढ़तियों को आ रही समस्या का समाधान करते हुए अधिकारियों को पिछले वर्ष की गेहूं कटौती की राशि तुरंत प्रभाव से जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मंडियों में किसानों की उपज खरीद के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान कर रही है, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। गेहूं की कटौती राशि देने का निर्देश मुख्यमंत्री सैनी ने आढ़तियों को आ रही समस्या का समाधान करते हुए अधिकारियों को पिछले वर्ष की गेहूं कटौती की राशि तुरंत प्रभाव से जारी करने के निर्देश दिए. साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा मंडियों में किसानों की उपज खरीद के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान कर रही है, ताकि खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके. किसान का कल्याण केंद्रबिंदु है उन्होंने आगे कहा कि किसान हमारा अन्नदाता है, इसलिए कृषि और किसान का कल्याण हमारी नीतियों के केंद्रबिंदु हैं. राज्य सरकार किसान को फसल की बुवाई से लेकर उसे बाजार में बेचने तक हर कदम पर मदद दे रही है. उन्होंने कहा कि फसल खरीद का पैसा भी किसानों को सीधे उनके खातों में भुगतान किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है, किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी. recent visitors 56

स्वास्थ्य सचिव ने सभी जिलों के सीएमएचओ को जारी किए निर्देश, एक पैथोलॉजिस्ट सिर्फ दो केंद्रों में दे सकेगा सेवाएं

भोपाल प्रदेश में लगभग 20 वर्ष बाद एक बार फिर पैथोलॉजी केंद्रों पर कसावट होने जा रही है। अब बिना पैथोलॉजिस्ट के कोई भी जांच केंद्र प्रदेश में संचालित नहीं होगा। एक पैथोलॉजिस्ट मात्र दो जांच केंद्रों में अपनी सेवाएं दे सकता है। इसमें एक तो उसका खुद का पैथोलॉजी केंद्र और दूसरा किसी और का हो सकता है। यदि खुद का केंद्र नहीं है तो अन्य दो केंद्रों में वह सेवाएं दे सकता है। पैथोलॉजिस्टों को 15 दिन के भीतर अपने जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को बताना होगा कि वह किन केंद्रों में सेवाएं दे रहे हैं या देना चाहते हैं। लैब टेक्नीशियन के भरोसे चल रहे केंद्र लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव संदीप यादव ने शुक्रवार को इस संबंध में सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। अभी प्रदेश में बड़ी संख्या में पैथोलॉजी केंद्र लैब टेक्नीशियन ही चला रहे हैं। वह किसी पैथोलॉजिस्ट का डिजिटल सिग्नेचर जांच में प्रिंट कर देते हैं। जांच की गुणवत्ता भरोसे की नहीं होने के कारण नुकसान रोगी को होता है। कई बार दो अलग-अलग जांच केंद्रों की रिपोर्ट अलग-अलग होने की शिकायतें भी आती हैं। कुछ लैब टेक्नीशियन बिना डिजिटल सिग्नेचर के ही रिपोर्ट दे रहे हैं। कई अस्पतालों में भी पैथोलॉजिस्ट नहीं हैं। अब ऐसे केंद्र बंद हो जाएंगे। 21 साल पहले कोर्ट ने दी थी व्यवस्था बता दें कि वर्ष 2003 में एक याचिका पर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने यह व्यवस्था दी थी कि बिना पैथोलॉजिस्ट कोई भी जांच केंद्र संचालित नहीं होना चाहिए। इसके बाद तत्कालीन स्वास्थ्य आयुक्त रश्मि अरुण शमी ने आदेश जारी किया था कि एक पैथोलॉजिस्ट मात्र दो जांच केंद्रों में अपनी सेवाएं दे सकेगा। धीरे-धीरे इस व्यवस्था में शिथिलता आ गई। प्रदेश में ढाई हजार पैथोलॉजी केंद्र संचालित हो रहे हैं, जबकि इनमें पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री के निजी और सरकारी मिलाकर लगभग छह सौ डॉक्टर ही होंगे। प्रमुख सचिव ने सैंपल कलेक्शन सेंटर के लिए भी पैथोलॉजिस्ट अनिवार्य किया है। recent visitors 65

पैन पैसिफिक ओपन के सेमीफाइनल में हारीं केटी बौल्टर

टोक्यो,  ब्रिटेन की नंबर-1 खिलाड़ी केटी बौल्टर शनिवार को अमेरिकी वाइल्डकार्ड सोफिया केनिन से सेमीफाइनल में सीधे सेटों में हारकर पैन पैसिफिक ओपन से बाहर हो गईं। वर्ष का तीसरा खिताब जीतने की कोशिश कर रहीं बौल्टर को पूर्व विश्व नंबर-4 खिलाड़ी के हाथों एक घंटे 30 मिनट में 6-4, 6-4 से हार का सामना करना पड़ा। पहले सेट में बौल्टर की सर्विस दो बार टूटी और केनिन ने पहली बार सेट के लिए सर्व करने पर उनमें से एक ब्रेक को रिकवर करने के बावजूद इसे कायम नहीं रख सकी। ऑस्ट्रेलियन ओपन 2020 चैंपियन ने आखिरकार अपने दूसरे मौके पर सेट अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में केनिन को छठे गेम में चार ब्रेक पॉइंट का सामना करना पड़ा, लेकिन वह 3-3 से बराबरी पर रहीं। फिर, अगले गेम में उन्होंने बौल्टर की सर्विस तोड़ी। इसके बाद, वहां से अपनी बढ़त बनाए रखी और फाइनल में पहुंच गईं। केनिन का सामना अब फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त और ओलंपिक चैंपियन चीन की झेंग किनवेन या छठी सीड रूसी डायना श्नाइडर से होगा।   recent visitors 64

हरियाणा : फरीदाबाद में आज सुबह कर्मचारियों की चलती बस में लगी आग

फरीदाबाद हरियाणा के फरीदाबाद में शनिवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे इंजीनियरिंग कंपनी की चलती बस में आग लग गई। यह बस कर्मचारियों को फैक्ट्री लेकर जा रही थी। जिस वक्त आग लगी, बस में 8 कर्मचारी बैठे हुए थे। बस में आग की लपटें निकलने लगी और धुआं भरने लगा तो ड्राइवर ने तुरंत बस को रोका। जिसके बाद कर्मचारियों ने बसों की खिड़कियों से छलांग लगाकर जान बचाई। इसके बाद फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया। जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। पलवल की फैक्ट्री में जा रही थी बस बस में सवार युवक सुदीप ने बताया कि वह पलवल के दुधौला स्थित विशाल इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड में काम करते हैं। बस कंपनी की है, जो रोजाना की तरह कर्मचारियों को लेने के लिए बस कल्याण पुरी चौक पर आई थी। वहां से 7-8 कर्मचारियों को बिठाकर बस चल पड़ी। इसी दौरान फरीदाबाद के 3 नंबर इलाके में स्थित कल्याणपुरी चौक पर बस में आग लग गई। इंजन से धुआं निकला, पानी डाला तो आग भड़की बस के इंजन से अचानक तेज धुआं निकलने लगा, जो बस के भीतर भी भरने लगा। यह देख ड्राइवर ने तुरंत बस को रोका। उसने बस के इंजन में पानी डाला तो आग और भड़क गई। इससे बस के भीतर धुआं भरने लगा। इसके बाद ड्राइवर ने तुरंत बस को खाली कराया। सभी कर्मचारी निकल भागे। लोगों ने भी मदद की, ड्राइवर के अलर्ट रहने से बची जान आसपास के लोग भी यह देखकर मदद के लिए दौड़े। हालांकि आग बढ़ती गई और वह उस पर काबू नहीं पा सके। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को कॉल की गई। सुदीप के मुताबिक यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो हादसा बड़ा हो सकता था। ड्राइवर की सूझबूझ और आसपास के लोगों की मदद के साथ समय पर फायर ब्रिगेड आने के चलते बड़ा हादसा टल गया।   recent visitors 56