Sunday, July 5, 2026 12:43 am

भगवान राम के दर्शन के लिए आस्था का जन सैलाब उमड़ा, दीपोत्सव के बाद 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं पहुंचे

अयोध्या  भगवान राम की पावन नगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं का आगमन दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है। भगवान राम के दर्शन के लिए आस्था का जन सैलाब उमड़ रहा है। अयोध्या में ऐतिहासिक दीपोत्सव के बाद से प्रतिदिन एक लाख से ज्याजा श्रद्धालु अयोध्या आ रहे हैं और भगवान राम के सामने शीश नवाते हैं। मंदिर की गणना के अनुसार दिवाली के एक दिन बाद अन्नकूट से 5 नवंबर तक लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं ने भगवान राम के दर्शन पूजन किए। अयोध्या के भव्य मंदिर में प्रभु राम के विराजमान होने के बाद पहली दिवाली धूमधाम के साथ मनाई गई। इस दौरान काफी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन करने अयोध्या पहुंचे। दिवाली के तीन दिन बाद भी भीड़ कम नहीं हुई। दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की वजह से पुलिसकर्मियों को भी कड़ा परिश्रम करना पड़ा और जन्मभूमि पथ पर थोड़ी-थोड़ी देर में उन्हें रोकना पड़ा रहा है। राम मंदिर ट्रस्ट ने कहा- श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ेगी आंकड़ों के मुताबिक पिछले सप्ताह भर में लगभग 5 लाख से ज्यादा रामभक्तों ने प्रभु राम के दरबार में हाजिरी लगाई है। इसके अलावा 4 हजार से अधिक विशिष्ट जन भी राम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य गोपाल ने बताया कि अयोध्या में दीपोत्सव के बाद से लगातार श्रद्धालुओं में इजाफा हो रहा है। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। recent visitors 56

दक्षिण भारतीय प्रतिद्वंद्वी केरला ब्लास्टर्स और हैदराबाद एफसी रोमांचक भिड़ंत के लिए तैयार

कोच्चि दक्षिण भारतीय प्रतिद्वंद्वी केरला ब्लास्टर्स और हैदराबाद एफसी आज शाम इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2024-25 में रोमांचक भिड़ंत के लिए तैयार हैं। केरला ब्लास्टर्स और हैदराबाद एफसी अपने पिछले मुकाबले क्रमशः मुम्बई सिटी एफसी और मोहन बागान सुपर जायंट से हारे हैं तथा अंक तालिका में 10वें और 11वें स्थान पर हैं। लिहाजा, यह मैच दोनों टीमों के लिए खामियां दुरुस्त करने और अपने-अपने अभियान को वापस पटरी पर लाने का मौका होगा। ब्लास्टर्स ने अपने पिछले 14 आईएसएल मैचों में प्रत्येक में गोल किया है। उनमें से आठ मुकाबलों में उन्होंने कम से कम दो बार गोल किया है। ब्लास्टर्स ने अपने पिछले 18 आईएसएल मैचों में कोई क्लीन शीट नहीं रखी है। यह लीग में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे लंबा सिलसिला है। अपने पिछले अवे मैच में मोहम्मडन स्पोर्टिंग पर 4-0 से जीत से हैदराबाद एफसी को अनजान परिस्थितियों में मजबूत प्रदर्शन का हौसला मिलेगा, जो कि ब्लास्टर्स के खिलाफ काम आएगा। हैदराबाद एफसी ने घर से बाहर अपने पिछले नौ मैचों में से सात में कम से कम एक गोल खाया है और उन सभी मैचों में हारे हैं। लिहाजा, उसे तीन अंक हासिल करने के लिए रक्षात्मक अनुशासन बनाए रखना होगा। केरला ब्लास्टर्स एफसी के स्वीडिश हेड कोच मिकेल स्टेहरे के अनुसार, उनकी टीम को अधिक जागरूक होने और अंतिम सीटी बजने तक अपनी योजनाओं पर बने रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “हमें मुम्बई सिटी एफसी के खिलाफ मैच में बने रहना चाहिए था। हमें निर्णायक पलों से सीखना होगा। जाहिर है कि हमें खुद को फाउल, येलो और रेड कार्ड से बचना है।” हैदराबाद एफसी के हेड कोच थांगबोई सिंग्टो का मानना है कि इस समय अंक तालिका में कड़ी प्रतिस्पर्धा चल रही है और इसलिए टीम को कुछ माकूल परिणामों के साथ तालिका में ऊपर आने को लेकर आशावादी रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य हर मैच में अपनी बेस्ट फुटबॉल खेलना है। अंक तालिका में ऊपर जाने के लिए, अगर आप जीत नहीं सकते, तो कम से कम आपको ड्रा करना होगा।” आईएसएल में ये दोनों टीमें 11 बार भिड़ चुकी हैं, जिसमें केरला ब्लास्टर्स एफसी और हैदराबाद एफसी ने क्रमशः छह और चार मैच जीते हैं। एक मैच ड्रा रहा है।   recent visitors 75

हमेशा के लिए थमी जेट एयरवेज की उड़ान! सुप्रीम कोर्ट ने दिया लिक्विडेशन का ऑर्डर

नई दिल्ली सुप्रीम कोर्ट ने बंद पड़ी एयरलाइन जेट एयरवेज के लिक्विडेशन का आदेश दे दिया है। कोर्ट का कहना है कि इस मामले में एनसीएलएटी का फैसला शीर्ष अदालत के जनवरी 2023 के फैसले की घोर अवहेलना है। कोर्ट के मुताबिक एनसीएलएटी ने जेट एयरवेज के रेजॉल्यूशन एप्लिकेंट जालान-कालरॉक कंसोर्टियम की 150 करोड़ रुपये की परफॉरमेंस बैंक गारंटी के समायोजन की अनुमति देकर न्यायालय के जनवरी 2023 के आदेश की अवहेलना की है। समाधान प्रस्ताव के मुताबिक एयरलाइन में 350 करोड़ रुपये के निवेश की जरूरत थी। एनसीएलएटी ने परफॉरमेंस बैंक गारंटी को इसके अगेंस्ट एडजस्ट करने की अनुमति दी थी। नरेश गोयल के नेतृत्व वाली एयरलाइन कभी भारत की प्रमुख एयरलाइन थी लेकिन 2019 से ही इसका परिचालन बंद है। एनसीएलएटी ने जेट का मालिकाना हक यूके की कंपनी कालरॉक कैपिटल और संयुक्त अरब अमीरात के कारोबारी मुरारी लाल जालान के कंसोर्टियम को ट्रांसफर करने को मंजूरी दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने आज कहा कि लिक्विडेशन इसके ऋणदाताओं और कर्मचारियों के सर्वोत्तम हित में होगा क्योंकि जालान-कालरॉक कंसोर्टियम मंजूरी के पांच साल बाद भी समाधान योजना को लागू करने में विफल रहा है। कोर्ट ने क्या कहा मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़, न्यायमूर्ति जे बी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने एनसीएलटी, मुंबई को लिक्विडेटर की नियुक्ति के लिए कदम उठाने का निर्देश दिया। कोर्ट ने इस मामले में दाखिल कई अपीलों पर यह आदेश दिया। इनमें एक अपील बैंकों की भी थी जिन्होंने जेट एयरवेज को जालान-कालरॉक कंसोर्टियम को बेचने के एनसीएलटी के आदेश को चुनौती दी गई थी। एसबीआई की अगुवाई में बैंकों ने तर्क दिया है कि यह कंसोर्टियम एयरलाइन के अधिग्रहण के लिए शर्तों को पूरा करने में विफल रहा है और अब एयरलाइन को रिवाइव करने की स्थिति में नहीं है। न्यायमूर्ति पारदीवाला ने कहा कि एयरलाइन से जुड़ा मुकदमा आंखें खोलने वाला है। इसमें भारत के इनसॉल्वेंसी एंड बैंकरप्सी कोड के लिए कई सबक हैं। सुप्रीम कोर्ट ने एनसीएलएटी के फैसले को गलत करार दिया और कहा कि इसमें मटीरियल साक्ष्यों को गलत तरीके से पढ़ा गया है और कानूनी सिद्धांतों की अवहेलना की गई है। बैंक गारंटी का उद्देश्य दिवालियापन प्रक्रिया के समापन तक सक्रिय रहना था। बैंकों की दलील सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कंसोर्टियम ने एयरलाइन में 350 करोड़ रुपये का निवेश करने का वादा किया था लेकिन वह इसमें नाकाम रहा। यह जेट एयरवेज के लिक्विडेशन के लिए पर्याप्त आधार बनाता है। कोर्ट ने बैंकों को 150 करोड़ रुपये की गारंटी को भुनाने की भी अनुमति दे दी। शीर्ष अदालत को यह तय करना था कि जेट एयरवेज के अधिग्रहण को बरकरार रखा जाए या एयरलाइन को समाप्त कर दिया जाए। बैंकों ने इसे लिक्विडेट करने की अपील की थी। recent visitors 52

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान सहस्त्रबाहु जयंती की बधाई दी

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान सहस्त्रबाहु जयंती की प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि भगवान सहस्त्रबाहु का जीवन पराक्रम और पुरूषार्थ भरा रहा है। सनातन संस्कृति में लोक आस्था और परम्पराओं का विशेष महत्व है। भगवान सहस्त्रबाहु की कृपा प्रदेशवासियों पर बनी रहे यही कामना है।   recent visitors 44

विधिवत पूजा-अर्चना कर सिंचाई का छोड़ा पानी, राजस्थान-केकड़ी के बिसुन्दनी व नाहर सागर बांध की नहरें खोलीं

केकड़ी. केकड़ी क्षेत्र में इस बार औसत से अधिक बारिश से तकरीबन सभी बांध व तालाब लबालब भरे हुए हैं, जिससे खेत में बोई गई फसल व आने वाली अगली फसलों की सिंचाई के लिए किसानों में निश्चिंतता व्याप्त है। अब अच्छी बारिश के प्रतिफल के रूप में बांधों में जमा पानी का उपयोग खेतों में खड़ी फसलों को उन्नत बनाने में शुरू किया गया है। इन दिनों फसलों की सिंचाई का समय चल रहा है, जिसके मद्देनजर बांधों से नहरों में पानी छोड़ने का सिलसिला शुरू किया गया है। गत 30 अक्तूबर को लसाड़िया बांध की नहरों में पानी छोड़ा गया था। अब बुधवार को बिसुन्दनी व नाहर सागर बांध से नहरों में सिंचाई के लिए पानी छोड़ा गया है। बिसुन्दनी बांध पर सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता महेंद्र कुमार खाती और बांध की जल वितरण कमेटी के सदस्यों द्वारा बुधवार को सुबह सवा नौ बजे विशेष पूजा अर्चना के बाद बांध के हेड रेगुलेटर को खोलकर बांध की दांई मुख्य नहर व बांई नहर में पानी का प्रवाह शुरू किया गया। पानी छोड़ने के बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा नहरी क्षेत्र का निरीक्षण कर अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। प्रथम पाणत में नहर 30 दिन तक खुली रहेगी। इसके बाद द्वितीय एवं तृतीय पाणत में पानी छोड़ने का निर्णय जल वितरण कमेटी एवं ग्राम वासियों के अनुसार लिया जाएगा। बिसुन्दनी बांध की नहर खोलने पर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम का आभार व्यक्त किया तथा इस अवसर पर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस दौरान कनिष्ठ अभियता महेंद्र कुमार खाती व महीशिखा, बिसुन्दनी बांध के दाई मुख्य नहर के अध्यक्ष लक्ष्मण मीणा, बिसुन्दनी बांध के बाई नहर के अध्यक्ष गोपाल बलाई, जल वितरण कमेटी के सदस्य शंकर लाल मीणा, कालूराम खारोल, भोजाराम मीणा, भेरू लाल लोधा, उदाराम मीणा, बजरंग कुमावत, ग्राम पंचायत कुशायता के सरपंच रसाल देवी खारोल, ग्राम पंचायत गोरधा के सरपंच पपिता देवी मीणा, वार्ड पंच सुरेश बलाई, आशा देवी वैष्णव, संजू देवी सेन, उपसरपंच लादूराम मीणा, रवि वैष्णव, ओम प्रकाश मीणा, हंसराज खारोल, सोहन मीणा, गोपाल मीणा, सुरेंद्र मीणा, महावीर मीणा, शंकर लाल मीणा, गोपाल मीणा, मानसिह मीणा, रामसिंह मीणा, गणपत मीणा, मनोज मीणा, ठेकेदार हैदर अली, नसीरुद्दीन, लतीफ, चंद्रशेखर सिंह आदि मौजूद थे। कनिष्ठ अभियंता खाती ने बताया कि नहरों में पानी छोड़े जाने के बाद अवैध तरीके से पानी का दुरुपयोग करने व नहर को किसी भी प्रकार से क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ सिंचाई अधिनियम के अनुसार कड़ी कारवाई करने की चेतावनी दी गई है। बताया गया कि दोनों नहरें 24 घन्टे खुली रहेगी और देखरेख की जिम्मेदारी नहर समिति के अध्यक्ष की रहेगी। उल्लेखनीय है कि बिसुन्दनी बांध का कुल भराव गेज 3.27 मीटर अर्थात 10.8 फीट है तथा भराव क्षमता 295 मीटर घन फिट है। इसी प्रकार केकड़ी क्षेत्र के पिपलाज ग्राम पंचायत मुख्यालय के नाहर सागर बांध की नहर भी बुधवार को दोपहर खोल दी गई। बताया गया कि कनिष्ठ अभियंता महिशिखा व जल वितरण कमेटी के सदस्यों सहित ग्रामीणों द्वारा बांध पर दोपहर सवा दो बजे पूजा अर्चना कर नहर मे पानी छोड़ा गया। नाहर सागर बांध में कुल भराव गेज 3.10 मीटर अर्थात 10.2 फिट है तथा भराव क्षमता 160 मीटर घन फिट है। नहरों में पानी छोड़ने की शुरुआत होने से किसानों में खुशी का माहौल है, क्योंकि पर्याप्त वर्षा के बाद बांध से छोड़े गए पानी से न केवल किसान लाभान्वित होंगे, बल्कि क्षेत्र की फसलें भी समृद्ध होंगी, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। recent visitors 71

एक आरोपी गिरफ्तार और दूसरा फरार, छत्तीसगढ़-जशपुर में लूट और हत्या की गुत्थी सुलझी

जशपुर. जशपुर जिले के बटईकेला गांव में हुई लूट और हत्या की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब पुलिस ने मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महज 16 घंटों के भीतर घटना को सुलझा लिया और दो आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी रवि उरांव अभी भी फरार है। यह घटना पांच नवंबर को हुई जब संचू कुमार गुप्ता अपने कियोस्क बैंक में लेन-देन कर रहे थे। उसी दौरान रवि उरांव उर्फ रवि कुजूर और रातु राम, बिना नंबर की एक बजाज बाइक पर वहां पहुंचे। किराना दुकान से चॉकलेट और पानी खरीदने का बहाना बनाकर दोनों कियोस्क बैंक में घुस गए। अचानक, रवि ने देशी कट्टा निकालकर संचू को पैसे देने की धमकी दी। संचू के विरोध करने पर उसने कट्टे के बट से संचू के सिर पर हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। इस बीच संचू की दादी उर्मिला बाई बीच-बचाव करने आईं, तो रवि ने उन पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी जंगल की ओर भाग गए। अंजू यादव नामक महिला ने उन्हें रोकने की कोशिश की, परंतु वे अपनी बाइक छोड़कर भागने में सफल रहे। एसपी शशिमोहन सिंह ने अमर उजाला को बताया कि पुलिस की कार्यवाही में तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रातु राम को उसके घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपना अपराध कबूल कर लिया और बताया कि रवि उरांव के साथ मिलकर जेल में ही लूट की योजना बनाई थी। दीपावली के पहले उन्होंने इलाके की रेकी भी की थी। मुख्य आरोपी रवि उरांव अभी फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। इस केस को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस कर्मियों के लिए आईजी सरगुजा रेंज अंकित गर्ग ने नगद इनाम की घोषणा की है। recent visitors 50

ऐतिहासिक-सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहरें देखीं, राजस्थान-केकड़ी से 24 विद्यार्थी शैक्षिक व सांस्कृतिक यात्रा कर लौटे

केकड़ी. 'राजस्थान दर्शन शैक्षिक एवं सांस्कृतिक यात्रा' योजना के तहत शिक्षा विभाग ने जिले के 24 होनहार विद्यार्थियों का चयन किया। विद्यार्थियों का यह दल रविवार को अजमेर से रवाना होकर राजस्थान के विभिन्न ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक धरोहरों का भ्रमण कर गुरुवार को वापस लौटा। इस पांच दिवसीय अन्तर जिला शैक्षिक भ्रमण के दौरान इन विद्यार्थियों ने अपने व्यावहारिक ज्ञान में अभिवृद्धि करते हुए कई नई व रोचक जानकारियां हासिल की। यात्रा के सह प्रभारी दिनेश कुमार वैष्णव ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण के दौरान सभी विद्यार्थियों ने चित्तौड़गढ़ में कुम्भ श्याम मन्दिर, मीरा बाई मन्दिर, सन्त रविदास छतरी, विजय स्तम्भ, जौहर स्थान, गौमुख कुण्ड, समिद्धेश्वर महादेव मन्दिर, पद्मिनी महल, कालिका माता मन्दिर और कीर्ति स्तंभ के साथ ही व्यू पॉइन्ट से चित्तौड़गढ़ शहर का नजारा देखा। इसके पश्चात उन्होनें मण्डफिया स्थित प्रसिद्ध सांवलिया सेठ मन्दिर में दर्शन कर झीलों की नगरी उदयपुर में गुलाब बाग, जगदीश मन्दिर, सिटी पैलेस, पिछोला झील, सज्जनगढ़ बायोलॉजिकल पार्क, फतहसागर झील, सहेलियों की बाड़ी, सुखाड़िया सर्किल एवं प्रताप गौरव केन्द्र देखा। इनके अलावा गोगुन्दा में महाराणा प्रताप का राजतिलक स्थल एवं शस्त्रागार, मायरा की प्राकृतिक गुफाओं और कुम्भलगढ़ दुर्ग सहित कई स्थानों का भ्रमण किया गया। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान सज्जनगढ़ वन्य जीव उद्यान में वन्य जीवों को खुले में देखना विद्यार्थियों के लिए अनूठा अनुभव था। भ्रमण के अंत में नाथद्वारा में विश्व की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा 'विश्वास स्वरूपम' और श्रीनाथ मन्दिर के दर्शन कर यह दल पुनः लौटा। इस दौरान प्रभारी भगवान सिंह गौड़, सह प्रभारी जोरावर सिंह, दिनेश कुमार वैष्णव, सुनिता चौधरी और तरुण पांचाल ने इन सभी ऐतिहासिक स्थानों के बारे में बच्चों को विस्तार से जानकारी दी। यात्रा के दौरान क्विज, भ्रमण आलेख एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गई, जिसमें राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सांकरिया के किशनलाल जांगिड़ को प्रथम स्थान, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय लोहाखान की वर्षा रावत को द्वितीय स्थान एवं महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय फतेहपुरिया दोयम के हर्ष वर्मा को तृतीय स्थान प्राप्त करने पर पुरस्कृत किया गया। इस दल में केकड़ी जिले के एक छोटे से गांव मंडा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में अध्ययरत चार विद्यार्थी खुशी वैष्णव, अंकित सैनी, कोमल जाट एवं खुशी माली भी शामिल थे। आयोजन प्रभारी भगवान सिंह गौड़ ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण से छात्र खुले वातावरण में शिक्षा को अपने व्यक्तिगत अनुभवों से परिभाषित करते है। शैक्षिक भ्रमण के माध्यम से बच्चों में एक रोमांचक अनुभूति जागृत होती है, जिससे उन्हें इतिहास, विज्ञान, शिष्टाचार और प्रकृति आदि विषयों पर विविध प्रकार के ज्ञान को अर्जित करने का व्यक्तिगत रूप से अवसर मिलता है। इसके अतिरिक्त ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में समूह में रहने की प्रवृत्ति, नायक बनने की क्षमता तथा आत्मविश्वास एवं भाईचारे की भावना भी प्रबल होती है। recent visitors 65