कंपनी ने ब्लैक लिस्ट किये गए 48 आउटसोर्स कार्मिक किसी भी बिजली कार्यालय में कार्य नहीं कर सकेंगे

भोपाल मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कार्य में लापरवाही और अनियमितता बरतने पर कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, ग्वालियर, गुना एवं शिवपुरी में बाह्य स्त्रोत (आउटसोर्स) एजेंसी के माध्यम से कार्यरत 48 आउटसोर्स कार्मिकों को सेवाओं से पृथक करते हुए ब्लैक लिस्ट किया है। कंपनी द्वारा ब्लैक लिस्ट किये गए 48 आउटसोर्स कार्मिक कंपनी कार्य क्षेत्र के किसी भी बिजली कार्यालय में कार्य नहीं कर सकेंगे। गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल वृत्त में कार्यरत 18 आउटसोर्स कार्मिकों के साथ ही हरदा में 03, शिवपुरी वृत्त के 07 एवं ग्वालियर वृत्त में 06, दतिया वृत्त में 02, तथा गुना वृत्त में कार्यरत 12 आउटसोर्स कार्मिकों को लापरवाही और अनियमितता बरतने के कारण सेवा से पृथक कर ब्लैक लिस्ट किया है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक क्षितिज सिंघल ने सचेत किया है कि कार्य में पारदर्शिता, लगन, निष्ठा और उपभोक्ता सेवाओं को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कंपनी में जीरो टॉलरेंस की नीति लागू है और सभी मैदानी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे उपभोक्ता सेवाओं और कंपनी की उत्तरोत्तर तरक्की के लिए निरन्तर प्रयास करते रहें।   recent visitors 55

पिता-पुत्र को 10 साल का सश्रम कारावास, छत्तीसगढ़-रायगढ़ में करंट से बच्चे की मौत

रायगढ़. खरसिया विधानसभा में बकरी चराने जा रहे आठ साल के मासूम बच्चे की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। मामले में विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम के विद्वान न्यायाधीश ने फैसला सुनाते हुए पिता-पुत्र को 10 साल सश्रम कारावास एवं जुर्माने से दंडित किया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, 17 अगस्त की सुबह नौ बजे खरसिया क्षेत्र की रहने वाली ननकी खडिया अपने बड़े बेटे श्रवण कुमार व नाती शिव खडिया के साथ बकरी चराने गांव के नाला तरफ जा रहे थे। इस दौरान एक बकरी परदेशी सिदार के घर की तरफ चला गया था, जिसे लेने के लिये श्रवण खडिया और शिव खडिया गए थे। इस दौरान परदेशी खडिया के घर में लोहे के सेंट्रिंग में जेआई तार से अपने घर की तरफ करंट लगाकर रखा गया था। जिसकी चपेट में आकर शिव खडिया की मौत हो गई। करंट की चपेट में आकर आठ साल के मासूम की मौत हो जाने के बाद ननकी नोनी खडिया ने खरसिया थाने में मामले की शिकायत की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मर्ग पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये अस्पताल भेजते हुए मौके से लोहे का सेंट्रिंग स्पान दो, बिजली वायर 10 मीटर जब्त किया गया। खरसिया पुलिस ने परदेशी सिंह सिदार 75 साल एवं उसके पुत्र उपेन्द्र सिदार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद पिता पुत्र के खिलाफ 135 विद्युत अधिनियम 2003 एवं धारा 304 सहपठित धारा 34 भारतीय दण्ड संहिता के अपराध में दोषसिद्ध पाये जाने के बाद विशेष न्यायाधीश विद्युत अधिनियम के विद्वान न्यायाधीश जगदीश राम ने दोनों पिता पुत्र को सजा सुनाते हुए धारा 135 विद्युत अधिनियम 2003 की धारा के तहत तीन माह का सश्रम कारावास के अलावा पांच सौ रूपये का अर्थदण्ड, धारा 304, 34 की धारा में दस वर्ष का सश्रम कारावास एवं पांच सौ रूपये के जुर्माने से दंडित किया है। जुर्माने की राशि नही पटाये जाने पर अतिरिक्त कारावास भुगताने की बात कही गई है। इस मामले में अपर लोक अभियोजक योगेश कुमार प्रधान ने पैरवी की। recent visitors 62

भारत स्काउट्स एंड गाइड्स का उद्देश्य सराहनीय है, यह प्रयास सतत् सफल हो, यही शुभेच्छा है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि बौद्धिक एवं शारीरिक सामर्थ्य को अभिवर्धित कर विद्यार्थियों में अनुशासन, सेवाभाव, सहनशीलता, समर्पण और त्याग की भावना जागृत कराने वाला भारत स्काउट्स गाइड्स संगठन, राष्ट्रीय व मानवीय मूल्यों को संचारित कर विद्यार्थियों को श्रेष्ठ नागरिक बनाने के लक्ष्य को समर्पित है। संगठन का उद्देश्य सराहनीय है, यह प्रयास सतत् सफल हो, यही शुभेच्छा है।   recent visitors 60

ए एम गजनफर छह विकेट के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने बंगलादेश को 92 रनों से हराया

शारजाह मोहम्मद नबी (84), कप्तान हशमतउल्लाह शहीदी (52) की अर्धशतकीय पारियों के बाद ए एम गजनफर (छह विकेट) के शानदार प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने पहले एकदिवसीय मुकाबले में बंगलादेश को 92 रनों से हरा दिया है। मैच में छह विकेट लेने वाले ए एम गजनफर को प्लेयर ऑफ द मैच से नवाजा गया। अफगानिस्तान के 235 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी बंगलादेश की शुरुआत खराब रही उसने चौथे ही ओवर में तंजिद हसन (तीन) का विकेट गवां दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कप्तान नजमुल शान्तो ने सौम्य सरकार के साथ पारी को संभाला। 12वें ओवर मेें अजमतउल्लाह ओमरजई ने सौम्य सरकार (33) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 26वें ओवर में मोहम्मद नबी ने नजमुल शान्तो (47) को आउट कर बंगलादेश को बड़ा झटका दिया। मेहदी हसन मिराज (28) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। इसके बाद बंगलादेश का कोई भी बल्लेबाज गजनफर और राशिद खान के आगे नहीं टिक सका और पूरी टीम 34.3 ओवर में 143 के स्कोर पर पर सिमट गई। इसके साथ बंगलादेश को अफगानिस्तान के हाथों 92 रनों से हार झेलनी पड़ी। अफगानिस्तान के लिए ए एम गजनफर ने 6.3 ओवर में 26 रन देकर छह विकेट लिये। राशिद खान को दो विकेट मिले। मोहम्मद नबी और ए ओमरजई ने एक-एक बल्लेबाज के आउट किया। इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान ने मोहम्मद नबी (84), हशमतउल्लाह शहीदी (52) की शानदार अर्धशतकीय पारियों के दम पर 49.4 ओवर में 235 रन का स्कोर खड़ा किया था। सेदिकुल्लाह अटल (22), गुलबदीन नईब (22), राशिद खान (10) रन बनाकर आउट हुये। नांगेलिया खरोटे ने (नाबाद 27) रनों की पारी खेली। अफगानिस्तान के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। बंगलादेश की ओर से तसकीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान ने चार-चार विकेट लिये। शोरिफुल इस्लाम ने एक बल्लेबाज को आउट किया।     recent visitors 75

छठी मैया की कृपा सभी पर अनवरत बरसती रहे, सबके जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का वास हो, यही कामना है- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान सूर्य की उपासना एवं लोक आस्था के महापर्व "छठ पूजा" की समस्त प्रदेश व देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगल कामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि छठ पूजा का भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व है। छठी मैया की कृपा सभी पर अनवरत बरसती रहे, सबके जीवन में सुख-शांति और समृद्धि का वास हो, यही कामना है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया को जारी संदेश में कहा कि बहनें छठ पर्व पर अपने सुहाग की दीर्घ आयु, परिवार में सुख-समृद्धि और आनंद की कामना के साथ भगवान सूर्य नारायण को अर्घ्य अर्पण कर अल्पाहार ग्रहण करती हैं। बहनें अपने जीवन को कष्ट में डालकर अपने पति की दीर्घायु के लिए कठिन साधना करती हैं, यह सनातन संस्कृति का वैशिष्ट्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में जिन तालाब, नदी, पोखर आदि के किनारे छठ मैया की पूजा होती है, वहां उपयुक्त साफ-सफाई और सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं।   recent visitors 139

जवानों ने किया डिफ्यूज, छत्तीसगढ़-बीजापुर के नम्बी कैंप के पास मिले दो आईईडी

बीजापुर. नक्सलियों ने सुरक्षाबल के जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से आईईडी प्लांट किये थे। प्लांट किये गए दो आईईडी जवानों ने बरामद कर उसे वहीं डिफ्यूज कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उसूर ब्लॉक के सुरक्षा कैंप नम्बी से कोबरा 205, सीआरपीएफ 196 बटालियन व बस्तरिया बटालियन की संयुक्त टीम डिमाइनिंग तथा एरिया डॉमिनेशन पर उसूर थाना क्षेत्र के भुसापुर की ओर निकली थी। डिमाइनिंग के दौरान कोबरा 205 की बीडीएस टीम ने घने जंगली इलाके नम्बी कैम्प से करीब ढाई किलोमीटर दूर से अलग-अलग जगहों एक 3 किलो व एक 1.5 किलो के दो आईईडी बरामद किया गया। कोबरा बीडीएस की टीम द्वारा सुरक्षित तरीके से उसे वही निष्क्रिय कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि नक्सलियों ने प्रेशर आईईडी को स्विच सिस्टम से लगा रखा था। नक्सलियों ने यह आईईडी सुरक्षाबलो के जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगाया था। recent visitors 54

बागी होने पर लिया एक्शन, राजस्थान-जयपुर की देवली-उनियारा के निर्दलीय उम्मीदवार नरेश मीणा कांग्रेस से निलंबित

जयपुर. कांग्रेस ने गुरुवार को बड़ा एक्शन लेते हुए नरेश मीणा को पार्टी से निलंबित कर दिया है। नरेश मीणा देवली-उनियारा से कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। हाल में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा था कि यदि देवली-उनियारा से नरेश के खिलाफ प्रस्ताव आता है तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। निलंबन के आदेश में नरेश पर पार्टी विरोधी कार्यशैली के आरोप लगाए गए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने निलंबन का आदेश जारी किया है। हरीश मीणा के सांसद बनने के बाद खाली हुई देवली सीट से कांग्रेस ने कस्तूर मीणा को मैदान में उतारा है। नरेश मीणा यहीं से टिकट मांग रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया। अब नरेश मीणा यहां से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। recent visitors 72