Friday, July 10, 2026 6:51 am

राज्यमंत्री गौर ने हिन्दी भवन में आयोजित दीपावली मिलन समारोह को संबोधित किया

दीपावली पर्व का सांस्कृतिक के साथ आर्थिक महत्व भी है: राज्यमंत्री श्रीमती गौर दीपावली मिलन समारोह में राज्यमंत्री श्रीमती गौर राज्यमंत्री गौर ने हिन्दी भवन में आयोजित दीपावली मिलन समारोह को संबोधित किया भोपाल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि दीपावली पर्व का सांस्कृतिक के साथ आर्थिक महत्व भी है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर शुक्रवार को मध्यप्रदेश राष्ट्र भाषा प्रचार समिति के हिन्दी भवन में आयोजित दीपावली मिलन समारोह को संबोधित कर रही थीं। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि दीपावली पर्व का महत्व सांस्कृतिक के साथ आर्थिक भी है। धनतेरस से शुरू होने वाला 5 दिवसीय दीपावली पर्व सभी वर्गों को लाभान्वित करता है। ऐसा कोई वर्ग नहीं है, जिसे दीपावली पर आय नहीं होती है। मिट्टी के दिये, खिलौने, बताशे, मिठाई, नये वस्त्र आदि का भरपूर व्यवसाय मिलता है, जिससे आय होती है। यह आय बाजार में पहुँचती है और समाज की व्यवस्था को संतुलित करती है। उन्होंने कहा कि मिलन समारोह के अवसर पर समाज में उत्कृष्ट सेवाएँ देने वाले समाज-सेवियों का राष्ट्र भाषा प्रचार समिति ने सम्मान किया है। यह एक अच्छी परम्परा है। आने वाली पीढ़ियाँ उत्कृष्ट कार्य करने वालों से प्रेरणा प्राप्त करेंगी। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की 5वीं बड़ी अर्थ-व्यवस्था बन चुका है और आर्थिक क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे पर्व, त्यौहार और मिलन समारोह परस्पर खुशियाँ बाँटने और विचारों को साझा करने के माध्यम होते हैं। हमारी संस्कृति उत्सव प्रधान संस्कृति है। दीपावली मिलन समारोह के अध्यक्षीय उद्बोधन में पूर्व सांसद रघुनंदन शर्मा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्यौहारों का बहुत महत्व है। हमें अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन तत्परता से करना चाहिये। कार्यक्रम के प्रारंभ में मध्यप्रदेश राष्ट्र भाषा प्रचार समिति के अध्यक्ष कैलाशचंद्र पंत ने स्वागत उद्बोधन दिया। ख्याति प्राप्त चिकित्सक डॉ. केशव सुंदरदास बुधवानी, वरिष्ठ पत्रकार रमेश शर्मा, प्रतिष्ठित अधिवक्ता सुशील तापड़िया, लेखिका और समाज-सेविका श्रीमती श्यामा गुप्ता, व्यवसायी और समाज-सेवी सुनील जैन, गौ-सेवक प्रहलाद दास मंगल, उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएँ देने वाली डॉ. ललिता त्रिपाठी और शिक्षा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का सम्पादन कर रहीं डॉ. मंजुलता शुक्ल और व्यायाम एवं एलोवेरा, गिलोय आदि औषधियों का प्रचार-प्रसार कर रहे राधाकृष्ण गुरु को सम्मानित किया गया। डॉ. रंजना अरगड़े, डॉ. संजय सक्सेना, श्रीमती अनीता सक्सेना, सुनील सक्सेना सहित बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित थे। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गयीं।   recent visitors 75

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को एप से मिलेगी शटडाउन की सूचना

भोपाल गौरतलब है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने अपने सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए Smart MPCZ मोबाइल एप लॉन्च किया है। यह एप कंपनी के पोर्टल पर उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से और गूगल प्ले स्टोर से दिए गए लिंक https://play.google.com/store/apps/details?id=com.mpcz.consumerapp को ओपन करके भी डाउनलोड किया जा सकता है। इस एप की मदद से उपभोक्ता बिजली खपत प्रोफाइल और अकाउंट की जानकारी देखने के साथ ही उपभोग पैटर्न की जानकारी भी देख सकते हैं। उपभोक्ता कंज्यूमर आईडी को रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से जोड़कर एप का उपयोग कर सकते हैं। इस एप से एक ओर जहां उपभोक्ताओं को शटडाउन की सूचनाएँ प्राप्त होती रहेंगी, वहीं दूसरी ओर मीटर की स्थिति की जाँच, उपयोग की गई बिजली की जानकारी के साथ ही उपभोक्ता सेवा केन्द्र 1912 से संपर्क करने की सुविधा भी मिलेगी। उपभोक्ता इस Smart MPCZ एप से अनेक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे तथा अपनी बिजली खपत को बेहतर ढंग से मैनेज भी कर सकेंगे।   recent visitors 71

रीवा कृषि उपज मंडी को आदर्श मंडी के तौर पर विकसित कर ए-ग्रेड मंडी बनाया जायेगा – उप मुख्यमंत्री शुक्ल

कृषि उपज मंडी रीवा को ए-ग्रेड मंडी बनाया जायेगा – उप मुख्यमंत्री शुक्ल उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने 15 करोड़ 64 लाख रुपये के कार्यों का किया भूमिपूजन रीवा कृषि उपज मंडी को आदर्श मंडी के तौर पर विकसित कर ए-ग्रेड मंडी बनाया जायेगा  – उप मुख्यमंत्री शुक्ल भोपाल उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि रीवा कृषि उपज मंडी को आदर्श मंडी के तौर पर विकसित कर ए-ग्रेड मंडी बनाया जायेगा। किसानों की सुविधाओं के लिए सभी अधोसंरचना विकास के कार्य कराकर इसे सुव्यवस्थित व सर्वसुविधायुक्त बनाया जायेगा। उप मुख्यमंत्री ने आदर्श मंडी के रूप में विकसित करने के लिए प्रथम चरण के तहत 15 करोड़ 64 लाख रूपये लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि रीवा जिले में खेती का उत्पादन बढ़ रहा है। जिले में आगामी वर्षों में 9 लाख एकड़ क्षेत्र में सिचाई की सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं जिससे उत्पादन और बढ़ेगा और मंडी में खाद्यान्न की आवक अधिक होने से यह ए-ग्रेड मंडी बनेगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रयासों से रीवा की मंडी को आदर्श मंडी बनाये जाने की घोषणा की गयी थी उसी अनुक्रम में प्रथम चरण में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। यह सभी कार्य एक वर्ष में पूर्ण कर लिये जायेंगे। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि नवीन सब्जी मंडी बन जाने से किसानों को सुविधाएं मिली साथ ही व्यापारियों का समय भी बचने लगा और उनका व्यापार तीन गुना बढ़ गया। उप मुख्यमंत्री ने मंडी में कराये जा रहे विकास कार्यों के अतिरिक्त अन्य आवश्यक कार्य भी प्राथमिकता से कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उल्लेखनीय है कि रीवा कृषि उपज मंडी में प्रथम चरण में हाई राइज शेड, जल निकासी व्यवस्था, वाहन पार्किंग, कंक्रीट सड़क निर्माण, मुख्य गेट का सौन्दर्यीकरण एवं कैटल प्रोटेक्टर का निर्माण, मुख्य मार्ग पर डिवाइडर एवं गार्डन, 2 हजार मे. टन गोदाम निर्माण, हम्माल तुलावटी के लिए रेस्टहाउस, कार्यालय भवन की मरम्मत, ए व बी ब्लाक दुकानों के पीछे शेड निर्माण, मंडी प्रांगण में दो स्थानों पर वाच टावर का निर्माण कराये जाने के साथ ही जनरेटर शेड स्थापित किया जायेगा साथ ही सीसीटीव्ही कैमरे भी लगाये जायेंगे। अध्यक्ष नगर निगम व्यंकटेश पाण्डेय, पूर्व विधायक केपी त्रिपाठी सहित विभागीय अधिकारी, किसान एवं व्यापारी उपस्थित रहे।   recent visitors 61

डोनाल्ड ट्रंप के एक कदम से चीन की इकॉनमी जापान की तरह भंवर में फंस सकती है

नई दिल्ली चीन की इकॉनमी कई मोर्चों पर संघर्ष कर रही है। इसमें जान फूंकने के लिए सरकार ने हाल में कई घोषणाएं की थीं। आने वाले दिनों में भी कई और उपायों की घोषणा की जा सकती है। लेकिन इस बीच अमेरिका में राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप की वापसी हो गई है जो चीनी इकॉनमी की हवा निकालने की फिराक में हैं। ट्रंप ने अपने चुनावी भाषणों में चीनी सामान पर 60 फीसदी तक आयात शुल्क लगाने का वादा किया था। दुनिया के दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं वाले देश अमेरिका और चीन के बीच पहले से ही काफी तनाव चल रहा है। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपने देश को टेक्नोलॉजी का पावरहाउस बनाना चाहते हैं लेकिन ट्रंप की जीत से उनकी योजना को पलीता लग सकता है। चीन में रियल एस्टेट सेक्टर कई साल से संकट में है। सरकार का कर्ज बढ़ रहा है और बेरोजगारी चरम पर है। खपत में सुस्ती ने चीन की ग्रोथ पर ब्रेक लगा रखा है। ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में चीनी सामान पर 25% तक इम्पोर्ट ड्यूटी लगाई थी। जानकारों का कहना है कि उनके दूसरे कार्यकाल में चीन के लिए परेशानी बढ़ सकती है। आईएमएफ ने पहले ही चीन की इकॉनमी के लिए अपने अनुमान को कम कर दिया है। इस साल देश की इकॉनमी के 4.8% की रफ्तार से बढ़ने का अनुमान है जबकि सरकार ने 5% का लक्ष्य तय कर रखा है। अगले साल इसके 4.5% रहने का अनुमान है। चीन की समस्या जानकारों का कहना है कि चीन में भी उसी तरह का ठहराव आ सकता है जिसमें जापान कई दशक से फंसा था। जापान में 1990 के दशक में स्टॉक और प्रॉपर्टी का बुलबुला फूटने के ठहराव आ गया था और वह अब तक इससे उबर नहीं पाया है। जानकारों का कहना है कि इस स्थिति से बचने के लिए चीन को कंज्यूमर डिमांड बढ़ाने पर काम करना चाहिए और एक्सपोर्ट और निवेश आधारित ग्रोथ से हटना चाहिए। इससे चीन में सतत विकास को बढ़ावा मिलेगा और देश बाहरी झटकों से बचने से बच सकेगा। चीन कई साल से दुनिया के फैक्ट्री बना हुआ है। वहां बने सस्ते सामान से दुनियाभर के बाजार भरे पड़े हैं। चीन उसी सफलता को हाई-टेक एक्सपोर्ट में भी दोहराना चाहता है। सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक वीकल्स और लीथियम आयन बैटरी के मामले में चीन वर्ल्ड लीडर है। लेकिन इसके साथ ही पश्चिमी देशों के साथ चीन का तनाव बढ़ता जा रहा है। पिछले महीने यूरोपीय यूनियन ने चीन में बने ईवी पर टैरिफ बढ़ाकर 45 फीसदी कर दिया था। अब वाइट हाउस में ट्रंप की वापसी से चीन की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ सकती हैं। recent visitors 71

उप राष्ट्रपति धनखड़ कालिदास समारोह में होंगे शामिल, उज्जैन आयेंगे

उज्जैन उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ 12 नवम्बर को उज्जैन आयेंगे। उप राष्ट्रपति उज्जैन कालिदास समारोह में शामिल होंगे और भगवान श्रीमहाकाल मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने उप राष्ट्रपति के उज्जैन आगमन को लेकर तैयारियों, कानून-व्यवस्था सहित सुरक्षा की शुक्रवार को समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।   recent visitors 79

राज्य शासन द्वारा वर्ष 2025 के लिए सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में सामान्य एवं ऐच्छिक अवकाशों की घोषणा

रायपुर राज्य शासन द्वारा वर्ष 2025 के लिए सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ में सामान्य एवं ऐच्छिक अवकाश के तिथियों की घोषणा कर दी गई है। ऐच्छिक अवकाशों की सूची में से शासकीय कर्मी को स्वेच्छानुसार केवल 3 ऐच्छिक अवकाश की पात्रता होगी। बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी 01 अप्रैल सोमवार का अवकाश के केवल बैंकों एवं कोषालयों के लिए घोषित किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना अनुसार मॉ शाकंभरी जयंती एवं छेरछेरा 13 जनवरी सोमवार, महाशिवरात्रि 26 फरवरी बुधवार, होली 14 मार्च शुकवार, भक्त माता कर्मा जयंती 25 मार्च मंगलवार, ईद-उल-फितर 31 मार्च सोमवार, महावीर जयंती 10 अप्रैल गुरूवार, डॉ. अंबेडकर जयंती 14 अप्रैल सोमवार, गुड फ्राइडे 18 अप्रैल शुकवार, बुद्ध पूर्णिमा 12 मई सोमवार, ईद-उल-जुहा (बकरीद) 07 जून शनिवार, कबीर जयंती 11 जून बुधवार, हरेली 24 जुलाई गुरूवार, विश्व आदिवासी दिवस 09 अगस्त शनिवार, रक्षाबंधन 09 अगस्त शनिवार, स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त शुकवार, कृष्ण जन्माष्टमी 16 अगस्त शनिवार, हरितालिका (तीज पर्व) 26 अगस्त मंगलवार, ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) 06 सितंबर शनिवार, दशहरा (विजयादशमी) 02 अक्टूबर गुरूवार, महात्मा गांधी का जन्म दिवस 02 अक्टूबर गुरूवार, दीवाली (दीपावली) 20 अक्टूबर सोमवार, छठ पूजा 27 अक्टूबर सोमवार, गुरूनानक जन्म दिवस 05 नवम्बर बुधवार, गुरूघासी दास जयंती 18 दिसंबर गुरूवार, क्रिसमस दिवस 25 दिसंबर गुरूवार को अवकाश घोषित किया गया है। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, रामनवमी 06 अप्रैल और मोहर्रम 06 जुलाई को रविवार होने के कारण अलग से अवकाश घोषित नही किए गए है। इसी तरह वर्ष 2025 के लिए ऐच्छिक अवकाश भी घोषित किए गए है। जिसके अनुसार नववर्ष दिवस 01 जनवरी 2025 बुधवार, माता सावित्री बाई फुले जयंती 03 जनवरी शुकवार, लुई ब्रेल का जन्म दिवस 04 जनवरी शनिवार, गुरू गोविन्द सिंह का जन्म दिवस 06 जनवरी सोमवार, राजिम भक्तिन माता जयंती 07 जनवरी मंगलवार, विश्व हिन्दी दिवस 10 जनवरी शुक्रवार, छेरछेरा एवं माता शाकांभरी जयंती 13 जनवरी सोमवार, मकर संक्रांति/पोंगल 14 जनवरी मंगलवार, हजरत अली का जन्म दिवस 14 जनवरी मंगलवार, शहीद गैंदसिंह का शहादत दिवस 20 जनवरी सोमवार, नेताजी सुभाषचन्द्र बोस जयंती 23 जनवरी गुरूवार, बसंत पंचमी/माँ परमेश्वरी जयंती 03 फरवरी सोमवार, राजिम मेला माघ पूर्णिमा एवं संत रविदास जन्म दिवस 12 फरवरी बुधवार, शब-ए-बारात 14 फरवरी शुकवार, छत्रपति शिवाजी जयंती 19 फरवरी बुधवार, होली (होलिका दहन) 13 मार्च गुरूवार, रंग पंचमी 19 मार्च बुधवार, वीरांगना अवंतिबाई का बलिदान दिवस 20 मार्च गुरुवार, जमात-उल-विदा 28 मार्च शुकवार, गुहा निषादराज जयंती 02 अप्रैल बुधवार, हाटकेश्वर जयंती 11 अप्रैल शुकवार, धरती पूजा (खद्दी पर्व) 12 अप्रैल शनिवार, श्रीमद् वल्लभाचार्य जयंती 24 अप्रैल गुरुवार, सेन जयंती 25 अप्रैल शुक्रवार, परशुराम जयंती 30 अप्रैल बुधवार, शंकराचार्य जयंती 02 मई शुक्रवार, छत्रसाल जयंती/महाराणा प्रताप जयंती 29 मई गुरूवार, महेश नवमीं (ज्येष्ठ शुक्ल) 04 जून बुधवार, वीरांगना दुर्गावती का बलिदान दिवस 24 जून मंगलवार, रथयात्रा 27 जून शुकवार, डॉ. खूबचंद बघेल का जन्म दिवस 19 जुलाई शनिवार, नाग पंचमी 29 जुलाई मंगलवार, हरछठ 14 अगस्त गुरुवार, पारसी नववर्ष 15 अगस्त शुकवार, पोला 23 अगस्त शनिवार, गणेश चतुर्थी 27 अगस्त बुधवार, नवाखाई 30 अगस्त शनिवार, ढोल ग्यारस 03 सितंबर बुधवार, ओणम 05 सितंबर शुकवार, अनंत चतुर्दशी 06 सितंबर शनिवार, विश्वकर्मा जयंती 17 सितंबर बुधवार, प्राणनाथ जयंती 20 सितंबर शनिवार, अग्रसेन जयंती 22 सितंबर सोमवार, दशहरा (महाअष्टमी) 30 सितंबर मंगलवार, दशहरा (महानवमीं)  01 अक्टूबर बुधवार, डॉ. सैयदना साहब का जन्म दिवस 04 अक्टूबर शनिवार, महर्षि वाल्मिकी जयंती/महाराजा अजमोढ़ देव जयंती/टेकचन्द जी महाराज का समाधि उत्सव/कुवॉर पूर्णिमा करम परब (त्यौहार) 07 अक्टूबर मंगलवार, करवाचौथ व्रत 10 अक्टूबर शुक्रवार, दीपावली का दूसरा दिन (गोवर्धन पूजा) 21 अक्टूबर मंगलवार, भाई दूज (दीपावली) 23 अक्टूबर गुरुवार, भगवान सहस्त्रबाहु जयंती 28 अक्टूबर मंगलवार, नामदेव जयंती 01 नवम्बर शनिवार, गुरु तेगबहादुर का शहीदी दिवस 25 नवंबर मंगलवार, दत्तात्रैय जयंती 04 दिसंबर गुरुवार, शहीद वीरनारायण सिंह बलिदान दिवस 10 दिसंबर बुधवार को ऐच्छिक अवकाश घोषित किया गया है। महर्षि दयानंद सरस्वती जयंती 23 फरवरी, भाई-दूज (होली) 16 मार्च, गुडी पड़वा/चौतीचांद 30 मार्च, बैशाखी 13 अप्रैल, सर्व पितृमोक्ष अमावस्या 21 सितंबर, दीपावली (दक्षिण भारतीय) 19 अक्टूबर को रविवार होने के कारण इन्हें पृथक से ऐच्छिक अवकाश की सूची में शामिल नहीं किया गया है। recent visitors 53

एकल नलजल योजनाओं का कार्य 31 दिसम्बर तक पूरा करें – सचिव पीएचई

भोपाल सचिव लोकसेवा यांत्रिकी विभाग पी नरहरि ने रीवा कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित बैठक में नलजल योजनाओं के क्रियान्वयन तथा जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की। नरहरि ने कहा कि जल जीवन मिशन हर घर में नल से शुद्ध पानी पहुंचाने की विश्व की सबसे बड़ी योजना है। एकल नलजल योजनाओं के कार्य 31 दिसम्बर तक हर हाल में पूरा करके लक्ष्य के अनुसार घरों में नल कनेक्शन दें। यह योजना आमजनता की स्वास्थ्य रक्षा, महिलाओं के सशक्तिकरण तथा जल संरक्षण के उद्देश्यों में भी सहायक है। सचिव नरहरि ने कहा कि हर घर में नल से जल पहुंचाने की योजना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता की योजना है। जिन एकल नलजल योजनाओं का कार्य 70 से 90 प्रतिशत तक पूरा हो गया है, उनके छूटे हुए कार्य 15 दिसम्बर तक पूरे कराकर योजना ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करें। जनपद के सीईओ पूर्ण नलजल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कराकर उनका संचालन कराएं। पानी की नियमित आपूर्ति होगी तो जल कर भी अवश्य मिलेगा। जल कर की नियमित प्राप्ति से ही पंप चालक के मानदेय तथा नलजल योजना से जुड़े छोटे-मोटे कार्य किए जाना संभव होगा। योजना संचालन के लिए हर गांव में ग्राम जल स्वच्छता समिति तथा महिला स्वसहायता समूहों को तैयार करें। दिसम्बर अंत तक रीवा और मऊगंज जिलों के 390229 घरों में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा करें। बैठक में जल जीवन मिशन के प्रबंध संचालक केवीएस चौधरी ने जानकारी दी कि रीवा और मऊगंज जिलों में पाँच बड़ी समूह नलजल योजनाओं का कार्य चल रहा है। इनमें से कंदैला योजना से 109 में से 106 गांवों में पानी दिया जा रहा है। शेष चार योजनाओं का कार्य मार्च 2025 तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद हर घर में नल से पानी की आपूर्ति होने लगेगी। बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सपना त्रिपाठी, प्रमुख अभियंता केके सोनगरिया, मुख्य अभियंता एचएस गौड़ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।   recent visitors 47