करंट से हुई थी जंगली हाथी की मौत, छत्तीसगढ़-बलरामपुर में आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर रामनुजगंज. बलरामपुर रामनुजगंज में बलरामपुर वनमंडल वन परिक्षेत्र के मुरका गाँव में कक्ष क्रमांक पी 3492 में जंगली हाथियों का दल विचरण कर रहा था, जिसकी निगरानी लगातार वन विभाग की टीम कर रही थी। अचानक रात में करीब 1 बजे हाथी दल से 1 हाथी के बिछड़ने की जानकारी मिली। वन मंडल अधिकारी  अशोक तिवारी के निर्देश पर वन विभाग की टीम तत्काल हाथी के पतासाजी में जुट गई। सुबह करीब 7 बजे हाथी मृत अवस्था मे जंगल के किनारे स्थित धान के खेत मे मिला। प्रारंभिक विवेचना में पाया गया कि फसल के किनारे हाई वोल्टेज बिजली तार में कलच वायर से जोड़कर करंट लगाया गया था जिसके चपेट में आने से नर हाथी की मृत्यु हो गई। आरोपी की पतासाजी कर रामबक्स पिता बाबूलाल गोड़ निवासी मुरका को गिरफ्तार कर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के प्रावधान के तहत वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पशु चिकित्सक की टीम द्वारा जँगली हाथी का पोस्टमार्टम कर शव का अंतिम संस्कार किया गया। recent visitors 75

पं. जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के मामले में पांच छात्रों को किया निलंबित

रायपुर रैगिंग के मामले में पंडित जवाहर लाल नेहरू मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के सेकंड ईयर के पांच छात्रों को निलंबित कर दिया गया है. 2023 बैच के पांच छात्रों एक महीने तक कक्षाओं और क्लीनिक पोस्टिंग में शामिल नहीं होंगे. यह कार्रवाई एंटी रैगिंग कमेटी में सुनवाई के बाद हुई है. पं. जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में अध्ययनरत जिन सेकंड ईयर के छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें अंशु जोशी, अक्षत जायसवाल, विकास टंडन, गौरव चंद्र महाली और आयुष गुप्ता शामिल हैं. इस संबंध में चिकित्सा महाविद्यालय के कार्यालय अधिष्ठाता की ओर से पत्र जारी किया गया है. बता दें कि रैगिंग की यह घटना बीते महीने प्रथम वर्ष के जूनियर छात्रों के साथ हुई थी. इसके बाद परिजनों ने नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) में शिकायत करने के साथ इंटरनेट में भी इस तरह की शिकायतें पोस्ट कर एनएमसी को टैग किया था. परिजनों की शिकायत के बाद कॉलेज में खलबली मच गई थी. विवाद गहराने के बाद आनन-फानन में एंटी-रैगिंग कमेटी को जांच की जिम्मेदारी सौंप दी गई. एंटी-रैगिंग कमेटी ने शिकायतों की जांच में जूनियर छात्रों के आरोपों को सही पाया, जिसके आधार पर अब निलंबन की कार्रवाई की गई है. कॉलेज डीन डॉक्टर विवेक चौधरी ने बताया कि वार्षिकोत्सव आयोजन में कार्यक्रम को लेकर विवाद की शुरुआत हुई थी, जो धीरे-धीरे बढ़ गई. मामला संज्ञान में आते ही तत्काल दोनों पक्षों को समझाया गया था. पुलिस कार्रवाई और कॉलेज से निकाल देना इसके लिए कोई स्थायी समाधान नहीं है, क्योंकि छात्रों के भविष्य के सवाल हैं. इसके साथ ही उन्होंने कार्रवाई की बात कही थी. 50 छात्रों का करा दिया था मुंडन सूत्रों की मानें तो सीनियर छात्रों ने जूनियरों के साथ बेहद अमानवीय बर्ताव किया था. ऐसी चर्चा है कि करीबन 50 छात्रों के सिर भी मुंडवा दिए गए थे. इतना ही नहीं प्रथम वर्ष के छात्रों का वॉट्सएप ग्रुप बनाकर जूनियर लड़कियों की फोटो मांगी जा रही थी. इसके अलावा सभी छात्रों को बाल एकदम बारीक यानी मुंडवाकर रखने, कॉलेज परिसर में फिट कपड़े न पहनने, सामान्य बैग टांगने, ज्यादा स्टाइलिश जूते न पहनने जैसे तुगलकी फरमान भी थोप दिए गए थे. recent visitors 67

राष्ट्रीय अध्यक्ष कालवी ने मांगे वोट, राजस्थान-दौसा उपचुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी देवी सिंह को राजपूत करणी सेना का समर्थन

दौसा. दौसा विधानसभा उपचुनाव में अब एक और नया ट्विस्ट आ गया है, जिसके चलते राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह कालवी निर्दलीय प्रत्याशी देवी सिंह दौसा के समर्थन में पहुंचे। जहां उन्होंने सामान्य सीट पर देवी सिंह दौसा को मतदान करने की अपील करते हुए समर्थन दिया है। बता दें कि दौसा विधानसभा उपचुनाव का रण पूरी तरह सज कर तैयार है। प्रचार-प्रसार का दौर बीते कल शाम पांच बजे खत्म हो गया। जहां भाजपा से जगमोहन मीणा तो कांग्रेस से दीनदयाल उर्फ डीसी बैरवा मैदान में हैं। निर्दलीय उम्मीदवार की बात करें तो विप्र गोयल और देवी सिंह दौसा यहां चार उम्मीदवार इन दोनों चर्चाओं में हैं। उसका बड़ा कारण यह है कि दौसा विधानसभा सामान्य सीट होने के बाद भाजपा और कांग्रेस ने एसटी के और एससी के उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा है, जिसके चलते वैसे तो कई उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। लेकिन दो निर्दलीय प्रत्याशी भी इस सामान्य सीट पर उम्मीदवारी जताए हुए इस चुनावी समर में ताल ठोकर बैठे हैं। राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रताप सिंह कालवी के समर्थन देने के बाद सामान्य सीट दौसा पर चुनाव लड़ रहे देवी सिंह दौसा का कहना है कि मैं सामान्य वर्ग की प्रतिष्ठा के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। क्योंकि सामान्य वर्ग की दौसा विधानसभा सीट होने के बावजूद भी भाजपा और कांग्रेस ने यहां सामान्य वर्ग की अनदेखी करते हुए सामान्य वर्ग के उम्मीदवार को टिकट नहीं देकर इस सामान्य सीट को दरकिनार किया है। अब देवी सिंह दौसा के समर्थन में राष्ट्रीय अध्यक्ष का समर्थन देने वाले बयान के बाद निश्चित रूप से सियासी हल्के में हलचल मचना जरूर तय है। इससे पूर्व भी देवी सिंह दौसा को एक ब्राह्मण संगठन तथा हम सब भारतीय संगठन का समर्थन प्राप्त हो चुका है। अब आने वाले कल विधानसभा उपचुनाव होने हैं, इसके बाद मतदान का परिणाम आ पाएगा। उस दिन यह स्पष्ट होगा कि दौसा की जनता ने अपना जनसेवक किसे बनाया है और किसको दरकिनार किया है। recent visitors 203

मतदाता अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदान का सवैतनिक अवकाश, छत्तीसगढ़-रायपुर में मतदान कल

रायपुर. रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए 13 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए विधानसभा क्षेत्र के मतदाता अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश मिलेगा। रायपुर के कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गौरव कुमार सिंह ने इस संबंध में निर्देशित करते हुए जिले के सभी विभागों के कार्यालय प्रमुखों को परिपत्र जारी किया है। उन्होंने परिपत्र के माध्यम से रायपुर जिले के सभी शासकीय/अर्द्धशासकीय/अशासकीय कार्यालयों में कार्यरत ऐसे अधिकारी-कर्मचारी जो रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं। मतदान के दिन मतदान करने के लिए सवैतनिक अवकाश देने के निर्देश दिए हैं। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से मतदान तिथि 13 नवंबर को निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत स्थित कार्यालयों में मतदान के लिए सार्वजनिक और सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। रायपुर शहर में अधिकांश कार्यालय रायपुर नगर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के परिसीमन क्षेत्र के बाहर अन्य स्थानों पर स्थित हैं। जहां क्षेत्र के मतदाता भी कार्य करते हैं। इसे दृष्टिगत रखते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दिवस के दिन  रायपुर नगर (दक्षिण) विधानसभा क्षेत्र के मतदाता अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उपचुनाव 13 नवंबर को होना है। इसके लिए 253 मुख्य मतदान केंद्र और 13 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी मतदान केन्द्रों में उप-निर्वाचन के लिए सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। विधानसभा क्षेत्र में 2.71 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान करने की अपील की है। 13 नवंबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक वोट डाले जाएंगे। इसके लिए निर्वाचन क्षेत्र में 253 मुख्य मतदान केंद्र और 13 सहायक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उप-निर्वाचन में क्षेत्र के कुल दो लाख 71 हजार 169 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें एक लाख 33 हजार 800 पुरूष मतदाता, एक लाख 37 हजार 317 महिला मतदाता और 52 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। recent visitors 72

मनोज मित्रा का निधन, बंगाली एक्टर को सांस लेने में हो रही थी परेशानी

फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दूखी करने वाली खबर आ रही है. इंडस्ट्री के फेमस एक्टर मनोज मित्रा का निधन हो गया है. वह काफी लंबे समय से बीमार चल रहे थे. मनोज मित्रा को सांस लेने में परेशानी हो रही थी. उनका सोडियम और पोटेशियम भी ठीक नहीं था. जिसके कारण उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था. हॉस्पिटल में डॉक्टर्स ने भी उनकी हालत काफी नाजुक बताई थी. जिसके बाद अब मनोज मित्रा ने 85 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है. मनोज मित्रा ने बंगाली सिनेमा को शानदार फिल्में दिया है. लोग उनकी एक्टिंग के दिवाने थे. तपन सिन्हा की ‘बंछारामर बागान’ घरे बाइरे और गणशत्रु जैसी कई नामी फिल्मों में उन्होंने काम किया है. मनोज मित्रा एक्टर के साथ करते थे थिएटर बता दें कि मनोज मित्रा एक सुपरहिट बंगाली एक्टर और एक फेमस थिएटर आर्टिस्ट भी थे. उनके जाने से उनके फैंस सोशल मीडिया पर दुख जता रहे हैं. एक यूजर ने मनोज मित्रा के लिए लिखा, “सर आपका जाना इंडस्ट्री के लिए क्षति है.” दूसरे ने लिखा, “आपकी एक्टिंग और आपकी फिल्में सदाबहार रहेंगी.” एक अन्य यूजर ने लिखा, भावपूर्ण श्रद्धांजलि.” recent visitors 105

स्कूल में जय श्रीराम कहने पर शिक्षक ने की बच्चों की पिटाई, आक्रोशित पालक पहुंचे स्कूल

कोरबा छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी स्कूल में जय श्रीराम कहने या टीका लगाने पर बच्चों को शिक्षक द्वारा प्रताड़ित किया जाता है. शिक्षक ने दो छात्रों की जमकर पिटाई भी कर दी. शिक्षक के इस व्यवहार से ग्रामीणों में आक्रोश है. इस मामले को लेकर अब ग्रामीण प्रदर्शन की तैयारी में है. यह घटना पाली पड़निया गांव की है. शिक्षक राजकुमार ओगरे की हरकतों से परेशान विद्यार्थियों ने पूरे मामले की जानकारी पालकों को दी. इसके बाद आक्रोशित पालक स्कूल पहुंचे और संबंधित शिक्षक को जमकर खरी खोटी सुनाई. इस दौरान शिक्षक पालकों से क्षमा मांगते दिखाई दिए, लेकिन ग्रामीण उन्हें क्षमा करने के मूड में नहीं है. पालकों ने थाने और शिक्षा विभाग में की शिकायत पालकों ने घटना की जानकारी सर्वमंगला चौकी पुलिस और शिक्षा विभाग को दी है. बताया जा रहा है कि संबंधित स्कूलों में तीन गांव के बच्चे पढ़ाई करने आते हैं. अब इन तीनों गांव के लोग एकत्रित होकर सनातन विरोधी शिक्षक की हरकतों का विरोध करने की तैयारी में हैं. मामले की जांच की जा रही : चौकी प्रभारी इस मामले में सर्वमंगला चौकी प्रभारी वैभव तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना क्रम की जानकारी ली. वहीं संबंधित शिक्षा विभाग को पत्राचार किया गया है. आगे मामले की जांच की जारी है. वहीं स्कूल के शिक्षक हिंदी व्याख्याता राजकुमार ओगरे ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए ग्रामीणों से माफी मांगा कि आज के बाद ऐसा कभी नहीं करूंगा. recent visitors 61

सहकारिता आयुक्त ने अधिकारियों की ली वर्चुअल बैठक, छत्तीसगढ़ में ट्रायल रन पूराकर धान खरीदी 14 नवंबर से

रायपुर. चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश के परिपालन में सभी जिलों में कलेक्टरों के मार्गदर्शन में सहकारिता, मार्कफेड और खाद्य विभाग द्वारा सभी तैयारियां तेजी पूरी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिए बारदानों की व्यवस्था, फड़, चबूतरा, पीने का पानी, किसानों के बैठने की छायादार व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्था का औचक निरीक्षण करने को भी कहा है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए जा रहे हैं। इसी सिलसिले में सहकारिता आयुक्त कुलदीप शर्मा ने सहकारिता विभाग के राज्य स्तर से लेकर जिला स्तर के अधिकारियों की संयुक्त वर्चुअल बैठक ली। उन्होंने जिला पंजीयक और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को धान खरीदी की अग्रिम तैयारियों के संबंध में कडे निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी तथा बैंक धान खरीदी के संबंध में अपनी जिम्मेदारी को समयानुसार पूरा करें। धान उपार्जन केन्द्रों से बारदानों की व्यवस्था, फड़, चबूतरा, पीने का पानी, किसानों के बैठने की छायादार स्थान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। धान की सुरक्षा के लिए पर्याप्त डनेज और तारपोलिन आदि की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। धान बेचने के लिए केन्द्र में आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। सहकारिता आयुक्त शर्मा ने सभी समितियों में सीसीटीव्ही कैमरे लगाने के लिए उचित जगह का चयन करने को कहा ताकि संपूर्ण परिसर कवर हो सके। उन्होंने ट्रायल रन के साथ-साथ सभी अग्रिम तैयारी 12 नवंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को धान खरीदी नीति अनुसार स्टेक लगाने, सभी समितियों को उचित संख्या में ही टोकन जारी करने के निर्देश दिए। मौसम खराब होने अथवा बारिश होने की स्थिति में किसी तरह की  अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसको ध्यान में रखते हुए अग्रिम तैयारी सुनिश्चित की जाए।सहकारिता आयुक्त ने बैंक अधिकारियों को बैंकों में उपलब्ध माइक्रो एटीएम समितियों को उपलब्ध कराने को कहा ताकि किसानों को इससे राशि आहरण की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को सभी समितियों में भ्रमण कर वहां की व्यवस्था का मुआयना करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर से लेकर 31 जनवरी 2025 तक समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन किया जाएगा। इस अवधि में व्यवस्था से जुड़े अधिकारी न तो अनावश्यक रूप से अवकाश पर जाएंगे न ही मुख्यालय से बाहर रहेंगे। recent visitors 85