चेउंग राष्ट्रपति के सहायक और संचार निदेशक के रूप में व्हाइट हाउस में वापस लौटेंगे

न्यूयॉर्क अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने मीडिया सलाहकार और मुख्य प्रवक्ता रहे स्टीवन चेउंग को व्हाइट हाउस का संचार प्रमुख नियुक्त किया है। ट्रंप ने घोषणा की कि चेउंग "राष्ट्रपति के सहायक और संचार निदेशक के रूप में व्हाइट हाउस में वापस लौटेंगे"। उन्होंने ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान राष्ट्रपति के विशेष सहायक और स्ट्रैटेजिक रिस्पॉन्स इन चार्ज के रूप में कार्य किया था। उनका उस समय कार्य आने वाली चुनौतियों से निपटना और आगामी मुद्दों पर प्रतिक्रिया की योजना बनाना था। ट्रंप के चुनाव अभियान में चेउंग ने महत्वपूर्ण निभाई थी। उनके तीखे बयान काफी चर्चा में रहे थे। उस समय उन्होंने ट्रंप की जगह मीडिया को सीधे संबोधित किया था। यह मैनहट्टन अदालत में चुप रहने के लिए धन देने के मामले में उनके मुकदमे के दौरान किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वह ट्रंप अभियान के प्रबंधकों में शामिल थे। इनमें सुजैन विल्स (अब ट्रंप के चीफ ऑफ स्टाफ के रूप में नियुक्त) और क्रिस लैसिविटा शामिल हैं। रिपब्लिकन्स के विभिन्न चुनाव अभियानों के लिए वो काम कर चुके हैं। चेउंग अल्टीमेट फाइटिंग चैम्पियनशिप के संचार निदेशक भी रहे हैं। चेउंग 2016 में रिपब्लिकन नामांकन के लिए ट्रंप के अभियान में रैपिड रिस्पांस निदेशक के रूप में शामिल हुए थे। इसके बाद वह ट्रंप के साथ राष्ट्रपति अभियान से जुड़े रहे फिर व्हाइट हाउस चले गए थे। 2017 तक उसी पद पर रहे। उन्होंने 2018 में व्हाइट हाउस छोड़ दिया और खुद की कंपनी शुरू की। विभिन्न जिम्मेदारी संभालने के बाद कई अन्य कार्यों के बाद, वह 2024 के ट्रंप के अभियान में लौट आए। उन्होंने अपना काफी समय ट्रंप के चुनावी अभियान में बिताया और अपने विरोधियों को "कीड़े-मकोड़े" कहने या अवैध प्रवासियों को "राष्ट्र के खून में जहर घोलने" का आरोप लगाने जैसे अपने आक्रामक बयानों से पैदा हुई आग को बुझाने का प्रयास किया। recent visitors 67

जनजातीय समुदाय के शहीदों की चिन्हित स्थलों पर लगेंगी प्रतिमाएं – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर बैगा, गुनिया, सिरहा को दी सम्मान निधि की सौगात जनजातीय गांवों में धार्मिक व मांगलिक कार्य के लिए अखरा निर्माण विकास की योजना होगी शुरू जनजातीय समुदाय के शहीदों की चिन्हित स्थलों पर लगेंगी प्रतिमाएं जनजातीय विद्रोह के शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन हुए सम्मानित रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने साइंस कॉलेज मैदान में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास बहुत समृद्ध और गौरवशाली है। पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समुदाय के मान, सम्मान और गौरव को बढ़ाने का काम किया है। अटल जी ने जनजातीय समुदाय के कल्याण के लिए पृथक से मंत्रालय बनाया और इस समुदाय के विकास को एक नई दिशा दी। प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 24,000 करोड़ रूपए और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 80,000 करोड़ रूपए का बजट प्रावधान किया है, जिसके चलते जनजातीय इलाकों में तेजी से बुनियादी सुविधाओं का विकास और जनजातियों की बेहतरी के काम हो रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती वर्ष समारोह के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के जनजातीय समुदाय से ताल्लुक रखने वाले बैगा, गुनिया,  सिरहा लोगों के लिए मुख्यमंत्री सम्मान निधि दिए जाने की घोषणा की। इसके तहत उन्हें प्रति वर्ष 5 हजार रूपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जनजातीय गांवों में धार्मिक एवं मांगलिक कार्य के लिए अखरा निर्माण विकास योजना शुरू करने और जनजातीय समुदाय के शहीदों की प्रतिमाएं चिन्हित स्थलों पर स्थापित किए जाने की घोषणा की।   मुख्यमंत्री साय ने समारोह में जनजातीय समुदाय के विभूतियों, राज्य में हुए जनजातीय विद्रोह के शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने जनजातीय चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर वन अधिकार अधिनियम से संबंधित ‘‘एटलस‘‘, कैलेण्डर ‘‘शौर्यांजलि‘‘ तथा ‘‘हल्बा जनजातीय की वाचिक परंपराएं‘‘ विषय पर प्रकाशित पुस्तक का विमोचन किया। इनका प्रकाशन छत्तीसगढ़ आदिम जाति विकास विभाग द्वारा किया गया है। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राज्यसभा सांसद अरूण सिंह ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में सभी वर्गाें के उत्थान और कल्याण के लिए किए जा रहे कार्याें की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की लोकप्रियता और विनम्रता की सराहना पूरे देश में होती है। उन्होंने कहा कि रायपुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस एवं अंतर्राज्यीय नृत्य महोत्सव समारोह में आकर ‘‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘‘ का दर्शन हुआ है। राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के इस विशेष आयोजन के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बधाई दी। उन्होंने इस मौके पर जनजातीय समुदाय के महापुरूषों को नमन करते हुए कहा कि वही देश और समाज जागृत रहता है, जो अपनी संस्कृति और अपने महापुरूषों को याद रखता है। आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए चिंता की है। उन्होंने इस समुदाय के विकास के लिए कई योजनाएं संचालित की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से छत्तीसगढ़ के साढे छह हजार गांवों और ग्रामीणों का समग्र विकास होगा। उन्होंने कहा कि पीएम जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय समुदाय के लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित दो दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम, राज्यसभा सांसद अरूण सिंह, विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्बोधन को न सिर्फ सुना, बल्कि वर्चुअल रूप से उसका हिस्सा भी बना।   उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के अवसर पर देश के दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी सुविधाओं के विकास एवं विस्तार वाली 6600 करोड़ की लागत वाली कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि हमने देश के जनजातीय इलाकों और जनजाति समुदाय के कल्याण के लिए पांच गुना बजट खर्च कर रहे हैं। दस साल पहले इसका बजट मात्र 25,000 करोड़ रूपए हुआ करता था, जो अब बढ़कर 1,25,000 करोड़ रूपए हो गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज बिहार के जमुई में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती वर्ष के शुभारंभ समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। जमुई में आयोजित इस कार्यक्रम का लाईव प्रसारण पूरे देश में हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि हमने इतिहास के एक बहुत बड़े अन्याय को दूर करने का एक ईमानदार प्रयास किया है। इतिहास में आदिवासी समाज के लोगों को वह स्थान नहीं मिला, जिसके वह अधिकारी थे। आदिवासी समाज वो है, जिसने राजकुमार  को मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान राम बना दिया। इस समाज ने देश की संस्कृति और परंपरा का मान बढ़ाया है। आज़ादी की लड़ाई में अंग्रेजों से लोहा लिया है। अपनी अस्मिता, संस्कृति, और स्वाधीनता के लिए जनजातीय समुदाय के हजारों नायकों ने अपने प्राण न्यौछावर किए। देश की आजादी की लड़ाई में हजारों आदिवासी भाइयो-बहनों को मौत के घाट उतार दिया गया था, उनके योगदानों को हम नहीं भुला सकते। हमने जनजातीय समुदाय के गौरव को बढ़ाने का काम किया है। पीएम जनमन के तहत जितने कार्य शुरू हुए हैं, उसका श्रेय राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जी को जाता है। जब वह झारखण्ड में थी, तब मुझसे अति पिछड़ी जनजातियों की चर्चा करती थी। हमने 24 हजार करोड़ रूपए से पीएम जनमन योजना की शुरुआत की, जिससे अति पिछड़ी जनजातियों के बस्तियों और गांवों का विकास हो रहा है। जनजातीय बाहुल्य जिलों को आकांक्षी जिला घोषित कर वहां का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया, आज वहां बदलाव दिख रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत में देशवासियों को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष समारोह की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली और गुरुनानक जी का प्रकाश पर्व भी है। आज भगवान … Read more

संविधान का सम्मान करना सीखें राहुल गांधी, राजस्थान-बीकानेर में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का हमला

बीकानेर. केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने संविधान को सही तरीके से नहीं पढ़ा है। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी को संविधान के चैप्टर और आर्टिकल तक का पता नहीं है। उन्होंने सिर्फ संविधान लहराने का काम किया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में संविधान दिवस को गरिमा के साथ मनाया। मेघवाल ने राहुल गांधी पर संविधान का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा, "मोदी जी संविधान का सम्मान करते हैं, लेकिन राहुल गांधी इसे केवल एक औपचारिकता के रूप में देखते हैं। देश का अपमान करना छोड़ें और यदि हमारी आलोचना करनी है, तो तथ्यों के साथ करें।" ये बातें मेघवाल ने बीकानेर में भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर इन लाइब्रेरी आडिटोरियम के नवीन भवन का शिलान्यास के दौरान कही। देवली थप्पड़ कांड पर बोले मेघवाल देवली में उप चुनाव के दौरान एसडीएम को नरेश मीणा द्वारा थप्पड़ मारे जाने की घटना पर मेघवाल ने कहा, "यह घटना बेहद दुखद और निंदनीय है। दोषी को सज़ा जरूर मिलेगी। अपराधी को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।" खड़गे के बयान पर टिप्पणी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर केंद्रीय मंत्री ने कहा, "खड़गे के बयानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। जब मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे, तब भी वे सरकार गिराने और अस्थिरता की बातें करेंगे। यह उनकी आदत बन चुकी है।" गहलोत पर भी साधा निशाना अर्जुनराम मेघवाल ने राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को लेकर भी इशारों में कहा, "सब जानते हैं कि गहलोत किस तरफ इशारा कर रहे हैं। उन्हें भी अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए।"केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर तीखे प्रहार करते हुए स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी संविधान और लोकतंत्र के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। recent visitors 108

भारत के खिलाफ मिली एकतरफा हार से निराश हैं प्रोटियाज हेड कोच रॉब वाल्टर

जोहान्सबर्ग टीम इंडिया ने चौथे और आखिरी टी20 मैच में 135 रन से जीत दर्ज की और 4 मैचों की सीरीज को 3-1 से अपने नाम की। इस हार पर दक्षिण अफ्रीका के सीमित ओवरों के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि हार के लिए कोई बहाना बनाने का फायदा नहीं, लेकिन हम रणनीतियों में बदलाव करेंगे और एक मजबूत प्लेइंग-11 तैयार करने की कोशिश करेंगे। वांडरर्स में चौथे टी20 मैच में दक्षिण अफ्रीका की 135 रन से करारी हार के बाद बोलते हुए वाल्टर ने टीम के प्रदर्शन की जिम्मेदारी ली, लेकिन साथ ही युवा खिलाड़ियों को शीर्ष स्तर के क्रिकेट में मौका देने की रणनीति का बचाव भी किया। वाल्टर ने कहा कि वरिष्ठ खिलाड़ियों को आराम देना और नए खिलाड़ियों को शामिल करना आवश्यक है, लेकिन इससे इन परिणाम को उचित नहीं ठहराया जा सकता। वाल्टर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमें अभी भी बेहतर होने की जरूरत है, और इसकी शुरुआत टीम के मुख्य कोच के रूप में मुझसे होती है। बेंच स्ट्रैंथ बढ़ाने के लिए हमें युवा खिलाड़ियों को खिलाना पड़ता है, यहां तक कि अच्छी टीमों के खिलाफ बड़ी सीरीज में भी हमें उन्हें मौका देना होगाा। आखिरकार, यहीं से वे सबसे ज्यादा सीखेंगे, लेकिन यह एक संतुलन बनाने का काम है। इसका कोई सही या गलत तरीका नहीं है। हम इसे सही करने की कोशिश कर रहे हैं।” दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजी आक्रमण को आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसने चार में से तीन मैचों में 200 से अधिक रन दिए। प्रमुख तेज गेंदबाजों कागिसो रबाडा (ब्रेक पर हैं), लुंगी एनगिडी (चोटिल), एनरिक नॉर्टजे और तबरेज शम्सी (दोनों अनुबंधित नहीं हैं लेकिन उपलब्ध हैं) के बिना, आक्रमण अनुभवहीन और कम तैयार दिखाई दिया। मार्को जेनसन और गेराल्ड कोएत्जी चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद लौटे, एंडिले सिमेलाने ने डेब्यू किया, नकाबा पीटर ने अपना पहला घरेलू अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और लूथो सिपामला तीन साल बाद टीम में लौटे। सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी केशव महाराज को अनुभवहीन टीम को एकजुट करने में संघर्ष करना पड़ा।   recent visitors 72

केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा, ओडिशा में रिन्यूएबल एनर्जी की अपार संभावनाएं हैं

भुवनेश्वर केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि केंद्र ओडिशा को अक्षय ऊर्जा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने और राज्य में हरित हाइड्रोजन उत्पादन की संभावनाओं की जानकारी पाने की योजना बना रहा है। केंद्रीय मंत्री ने उड़ीसा के भुवनेश्वर में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) द्वारा आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर के समापन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा, "ओडिशा में रिन्यूएबल एनर्जी की अपार संभावनाएं हैं, यहां 140 गीगावाट की सौर क्षमता है और इसकी लंबी तटरेखा तथा बंदरगाह के कारण हरित हाइड्रोजन में काफी अवसर है। केंद्र का लक्ष्य ओडिशा को अक्षय ऊर्जा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना और राज्य में हरित हाइड्रोजन उत्पादन की संभावनाओं का पता लगाना है। ओडिशा में फ्लोटिंग सोलर पैनल की संभावनाओं का भी पता लगाया जाएगा।" केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि एक एजेंसी ने राज्य के ढेंकनाल जिले में लगभग 9,000 करोड़ रुपये के निवेश के साथ सौर मॉड्यूल, सौर सेल और इंगोट-वेफर के उत्पादन के लिए 6,000 मेगावाट की मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी स्थापित करने का काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि एक अन्य एजेंसी भुवनेश्वर में इन्फोवैली-II में लगभग 730 करोड़ रुपये के निवेश के साथ सौर मॉड्यूल और सेल के उत्पादन के लिए 1,000 मेगावाट की मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी स्थापित कर रही है। अपने संबोधन के दौरान, जोशी ने घोषणा की कि 2030 तक 500 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एमएनआरई द्वारा विद्युत मंत्रालय के सहयोग से सभी हितधारकों के साथ एक टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने अगले छह वर्षों में 288 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसके लिए ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर सहित 42 लाख करोड़ रुपये के निवेश की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी हितधारकों को रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की विभिन्न चुनौतियों का समाधान करने के लिए मिलकर काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि दो दिवसीय कार्यक्रम में 117 उद्योग जगत के लीडर और विभिन्न राज्यों -सार्वजनिक उपक्रमों के 67 प्रतिनिधि शामिल हुए, जिसमें 12 प्रमुख रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादक राज्यों की भागीदारी रही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित ‘पंचामृत’ लक्ष्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दोहराई, जिसमें 2030 तक 500 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी कैपेसिटी के लक्ष्य पर जोर दिया गया। केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि एमएनआरई रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में स्टार्टअप के लिए हैकाथॉन का आयोजन करेगा। रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में इनोवेशन और तकनीकी प्रगति को बढ़ावा देने के लिए विद्युत मंत्रालय के सहयोग से रिसर्च और विकास के लिए एक नया जॉइंट सेंटर ऑफ एक्सिलेंस भी स्थापित किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने रिन्यूएबल एनर्जी परियोजनाओं की सफलता सुनिश्चित करने के लिए बिजली खरीद समझौतों (पीपीए) को शीघ्र अंतिम रूप देने और नवीकरणीय खरीद दायित्वों (आरपीओ) को सख्ती से लागू करने का आह्वान किया। recent visitors 55

संजू सैमसन ने कई टी20 अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल करते हुए अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया

जोहान्सबर्ग संजू सैमसन ने वांडरर्स स्टेडियम में शानदार बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के चौथे मैच में अपना तीसरा टी20 शतक जड़ा। सैमसन ने महज 56 गेंदों पर नाबाद 109 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें नौ गगनचुंबी छक्के और छह चौके शामिल थे, उन्होंने कई टी20 अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल करते हुए अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया। इस पारी के साथ, सैमसन एक कैलेंडर वर्ष में तीन शतक बनाने वाले टी20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए और इंग्लैंड के फिल साल्ट के बाद द्विपक्षीय टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में दो शतक बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए। सैमसन ने डरबन में सीरीज के पहले मैच में 107 रन बनाने के बाद नाबाद शतक जड़ा, जिससे भारत के सबसे गतिशील टी20 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों में से एक के रूप में उनकी प्रतिष्ठा और मजबूत हुई। पुरुषों के टी20 क्रिकेट इतिहास में यह पहला मौका था जब पूर्ण आईसीसी सदस्यों के बीच मैच में दो खिलाड़ियों ने एक ही पारी में शतक बनाए। सैमसन अब केएल राहुल के दो शतकों को पीछे छोड़ते हुए किसी भारतीय द्वारा टी20 शतक (तीन) बनाने का गौरव प्राप्त कर चुके हैं। केवल रोहित शर्मा (चार) और सूर्यकुमार यादव (तीन) ही इस प्रारूप में समान ऊंचाइयों तक पहुंच पाए हैं। उनका प्रदर्शन शानदार दौर में आया है, जिसमें उनके तीनों शतक उनकी पिछली पांच टी20 पारियों में आए हैं। उन्होंने श्रृंखला के दूसरे और तीसरे टी20 में लगातार दो शून्य भी बनाए। सैमसन के कारनामों को तिलक वर्मा के शानदार शतक ने और भी बढ़ाया, जिन्होंने श्रृंखला में अपना लगातार दूसरा टी20 शतक बनाया। वर्मा ने केवल 50 गेंदों पर 102 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें दस छक्के और नौ चौके शामिल थे। सैमसन और वर्मा ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 210 रनों की शानदार साझेदारी की, जो आईसीसी के पूर्ण सदस्यों के बीच किसी टी20 मैच में सबसे बड़ी साझेदारी है। वर्मा भी सैमसन की सूची में शामिल हो गए, वे लगातार टी20 में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बन गए। उनकी साझेदारी की बदौलत भारत ने सीरीज के अंतिम मैच में दक्षिण अफ्रीका के सामने 284 रनों का लक्ष्य रखा और जीत हासिल की।   recent visitors 177

तिलक वर्मा ने मैच में 120 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज और मैन ऑफ द मैच दोनों पुरस्कार जीते, नहीं की थी इसकी कल्पना

जोहान्सबर्ग दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ लगातार दूसरे टी-20 मैच में शतक लगाने के बाद तिलक वर्मा ने कहा कि उन्होंने कभी इसकी कल्पना भी नहीं की थी। तिलक ने मैच में 120 रन बनाए और उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज और मैन ऑफ द मैच दोनों पुरस्कार जीते। तिलक ने मैच के बाद कहा, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं दक्षिण अफ्रीका में ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में दो शतक बना पाऊंगा, यह अविश्वसनीय है और मैंने कभी इसकी कल्पना भी नहीं की थी।” तिलक ने कप्तान सूर्यकुमार यादव के समर्थन के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा, “इसके लिए हमारे कप्तान सूर्या का धन्यवाद।” अपनी हालिया चोट से जूझने के बारे में उन्होंने बताया कि कैसे भगवान और उनकी प्रक्रिया में उनके विश्वास ने उन्हें ठीक होने और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में मदद की। उन्होंने कहा, “जैसा कि मैंने पिछले मैच में कहा था, मैं पिछले कुछ मैचों में चोटिल हो गया था। मैं भगवान और अपनी प्रक्रिया में विश्वास करता हूं, इसलिए मैंने भगवान के सामने इस तरह जश्न मनाया।” अपनी पारी के बारे में बताते हुए उन्होंने मजाकिया अंदाज में दक्षिण अफ्रीका में अपने पिछले अनुभव को याद किया और कहा, “पिछले साल, जब मैं यहां खेला था, तो पहली गेंद पर आउट हो गया था। यह पारी टीम और सीरीज के लिए बहुत महत्वपूर्ण थी।” तिलक ने शांत रहने और अपनी बुनियादी बातों पर टिके रहने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “मैं बस अपनी फॉर्म बनाए रखना चाहता था और अपने बुनियादी बातों का पालन करना चाहता था, जैसा कि मैंने पिछले गेम में किया था। मैं पूरे समय शांत रहा।” उनके प्रदर्शन से न केवल भारत को श्रृंखला जीतने में मदद मिली, बल्कि उन्हें श्रृंखला के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक के रूप में भी पहचान मिली। मैच की बात करें तो इस मुकाबले में टॉस जीतकर भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए ओपनिंग करते हुए 73 रनों की ठोस साझेदारी की। अभिषेक ने 2 चौके और 4 छक्के लगाते हुए 18 गेंदों मे 36 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन छठे ओवर में लुथो सिपामला ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। इसके बाद तिलक वर्मा और सैमसन ने आतिशी पारी खेली। 18वें ओवर में संजू सैमसन ने सिर्फ 51 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, इसके बाद अगले ही ओवर में तिलक वर्मा ने अपना दूसरा टी20 शतक बनाया। सैमसन और तिलक के बीच रिकॉर्ड तोड़ 210 रनों की साझेदारी से भारत ने 20 ओवरों में 1 विकेट पर 283 रनों का विशाल स्कोर बनाया। सैमसन ने 51 गेंदों पर 109 रनों की तूफानी पारी खेली, जबकि तिलक ने सिर्फ 47 गेंदों पर नाबाद 120 रनों की पारी खेली। दवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 19 ओवर में 148 रनों पर सिमट गई। मेजबान टीम के लिए , ट्रिस्टन स्टब्स (29 गेंदों पर 43 रन, 3 चौके और 2 छक्के) और डेविड मिलर (27 गेंदों पर 36 रन, 2 चौके और 3 छक्के) शीर्ष स्कोरर रहे।   recent visitors 153