दीनदयाल शोध संस्थान का यह प्रकल्प शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव प्रयोग है, विज्ञान के मॉडल व प्रयोग रहे विशेष आकर्षण के केन्द्र

चित्रकूट उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि श्रद्धेय नाना जी देशमुख के द्वारा रोपित सुरेन्द्रपाल ग्रामोदय विद्यालय चित्रकूट आज विशालकाय वट वृक्ष बनकर अपनी छाया कई छात्रों को प्रदान कर रहा है। दीनदयाल शोध संस्थान का यह प्रकल्प शिक्षा के क्षेत्र में एक अभिनव प्रयोग है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने ग्रामोदय विद्यालय चित्रकूट में बाल दिवस के अवसर पर दीप प्रज्जवलन कर बाल मेले का उद्घाटन किया। चित्रकूट मंडल के कमिश्नर बालकृष्ण तिवारी, गायत्री शक्तिपीठ के प्रबंधक रामनारायण त्रिपाठी, महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय चित्रकूट के कुलगुरु प्रोफेसर भरत मिश्रा, चित्रकूट जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। बालक-बालिकाओं की अन्तर्निहित शक्तियों के समुचित विकास के लिए दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा संचालित सुरेन्द्रपाल ग्रामोदय विद्यालय में बाल मेला का आयोजन किया गया। जिसमें प्रेरक व आकर्षक झाँकियाँ, विज्ञान प्रयोग व मॉडल, बौद्धिक गेमशो, रुचिकर खाद्य स्टालों सहित अनेक मनोरंजक, ज्ञानवर्धक व शैक्षिक कार्यक्रमों का समावेश छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि सुरेंद्रपाल ग्रामोदय विद्यालय नौनिहालों के सर्वांगीण विकास के ध्येय से विगत 25 वर्षों से अधिक समय से चित्रकूट में अपनी सेवाएं दे रहा है। बाल दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में बाल विज्ञान मेला आयोजित किया गया जिसमें विज्ञान के अनेकानेक प्रयोग, मॉडल, प्रोजेक्ट, झांकियां, ज्ञानवर्धक गेम शो, मनोरंजन मैजिक शो का भव्य प्रदर्शन किया गया। मेले का सर्वाधिक आकर्षण वहां पर लगाए गए विज्ञान के अभिनव मॉडल और प्रोजेक्ट रहे। दीनदयाल शोध संस्थान के अन्य प्रकल्प रामनाथ आश्रम शाला तथा कृष्णादेवी बनवासी बालिका विद्यालय मझगवां के छात्र भी प्रयोग और मॉडल प्रदर्शित किये। साथ ही छात्र-छात्राओं ने खाद्य स्टॉल भी मेले में लगाये। recent visitors 66

भारतीय मुक्केबाज नीरज गोयत ने सुपर-मिडिलवेट मुकाबले में व्हिंडरसन नून्स को हराया

नई दिल्ली नीरज गोयत ने टेक्सास के अर्लिंग्टन स्थित एटी एंड टी स्टेडियम में जेक पॉल बनाम माइक टायसन नेटफ्लिक्स इवेंट के अंडरकार्ड सुपर-मिडिलवेट मुकाबले में व्हिंडरसन नून्स को हराया। डब्ल्यूबीसी रैंकिंग में जगह बनाने वाले पहले भारतीय मुक्केबाज ने छह राउंड की गैर-टाइटल लड़ाई में 60-54 के व्यापक अंतर से सर्वसम्मत निर्णय से अपना मुकाबला जीता। यह भारतीय मुक्केबाज का एकतरफा मुकाबला था, जिसने पूरे मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा। भारत के 33 वर्षीय मुक्केबाज ने अपने पिछले पांच मैचों में से चार जीते हैं, जिसमें उनकी आखिरी जीत पिछले साल दूसरे दौर में फाकोर्न ऐम्योद पर तकनीकी नॉकआउट (टीकेओ) से जीत के रूप में आई थी। उनके प्रतिद्वंद्वी, नून्स ने हाल ही में मिसफिट्स बॉक्सिंग प्राइम कार्ड में नाथन बार्टलिंग से हारकर अपना पेशेवर पदार्पण किया। ब्राजीलियाई मुक्केबाज केवल प्रदर्शनी मैचों में ही दिखाई दिए हैं। उनका मुकाबला टायसन और पॉल के बीच बड़े मुकाबले से पहले पांच अंडरकार्ड मुकाबलों में से अंतिम था।   recent visitors 133

हर साल पूरी भव्यता से आयोजित होगा मेला, राजस्थान-अजमेर के पुष्कर मेले में पहुंचीं उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी

जयपुर। उप मुख्यमंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि तीर्थराज पुष्कर को अयोध्या और काशी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। अन्तर्राष्ट्रीय श्री पुष्कर पशु मेला प्रतिवर्ष पूरी भव्यता के साथ आयोजित होगा। केन्द्र व राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से राजस्थान अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर अग्रणी होगा। उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अन्तर्राष्ट्रीय श्री पुष्कर मेला.2024 के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि तीर्थराज पुष्कर का पूरे विश्व में विशिष्ट महत्व है। जगतपित ब्रह्मा की नगरी पुष्कर करोड़ों लोगों की आस्था का केन्द्र है। राज्य सरकार पुष्कर के विकास के लिए पूरी गंभीरता के साथ काम कर रही है। पुष्कर का विकास अयोध्या एवं काशी की तर्ज पर सुनियोजित तरीके से किया जाएगा। पुष्कर विकास की बड़ी रूपरेखा तैयार कर कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस साल 6 लाख से अधिक देशी.विदेशी पर्यटक व श्रद्धालुओं ने मेले में भाग लिया है। वर्ष 2019 के बाद पहली बार इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेले में आए हैं। पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से हर साल मेले को पूर्ण भव्यता के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। इस साल 20 हजार से ज्यादा विदेशी पर्यटक भी मेले में आए हैं। देश के प्रत्येक व्यक्ति की भावना पुष्कर से जुड़ी हुई है। मेले और पुष्कर विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुष्कर मेले का इतना प्रचार.प्रसार किया जाएगा कि भारत आने वाला व्यक्ति पुष्कर आने की इच्छा रखे। यहां संसाधन भी उसी अनुरूप विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार देश और राजस्थान में पर्यटन विकास के लिए पूरी गंभीरता से काम कर रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं राज्य सरकार राजस्थान को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए मिल कर काम कर रहे हैं। राजस्थान में पर्यटन विकास के लिए बजट में 5 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। राजस्थान को पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी बनाएंगे। जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक श्री सुरेश रावत ने कहा कि पुष्कर मेले को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति है। इस बार मेला पूरी तरह सफल रहा है।  जगतपिता ब्रह्मा की नगरी तीर्थराज पुष्कर का भव्य विकास किया जाएगा। उन्होंने मेले के सफल आयोजन पर सभी को बधाई दी। श्री रावत ने कहा कि पुष्कर का सुनियोजित विकास किया जा रहा है। सभी को साथ लेकर समन्वित रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। इससे पूर्व मेले में रस्साकस्सी, मटका दौड़, चम्मच रेस और लोक नृत्यों की शानदान प्रस्तुतियां दी गई। अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर मसूदा विधायक श्री वीरेन्द्र सिंह कानावत, नगर परिषद सभापति श्री कमल पाठक, जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु, पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा, अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री गजेन्द्र सिंह राठौड़ एवं ज्योति ककवानी एवं प्रशासनिक अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। —————— recent visitors 87

आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, छत्तीसगढ़-कांकेर में महिला का अर्धनग्न भागते वीडियो वायरल

कांकेर. कांकेर जिले के पखांजुर क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आयी हैं। जहां एक वीडियो वायरल हो रहा हैं जिसमें रात के अँधेरे में गाँव की एक महिला जो अर्धनग्न अवस्था में अपने कपड़ो को हाथों में लेकर दौड़ रही हैं और उस महिला का गाँव के युवक द्वारा पीछा करते हुए अश्लील वीडियो बनायी जा रही है। महिला युवक से वीडियो न बनाने की गुहार लगाती रही पर युवक द्वारा न केवल महिला का अश्लील वीडियो बनाया गया बल्कि उस वीडियो को वायरल भी किया गया।  जिसके बाद महिला पखांजूर थाने पहुंची और युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला युवक से वीडियो नहीं बनाने की अपील करती रही लेकिन युवक को अपनी हरकत से बाज नहीं आया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। वहीं महिला की शिकायत आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। वहीं एडिशनल एसपी प्रशांत शुक्ला ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। recent visitors 95

सिरदर्द को हल्के में न लें, इन गंभीर बीमारियों का हो सकता है संकेत

इंग्लैंड के गेट्सहेड में 21 साल की जेसिका केन को अचानक सिरदर्द हुआ है, वह पेनकिलर खाकर सोई और उसकी मौत हो गई। दरअसल, जेसिका को मेनिंगोकॉकल मेनिनजाइटिस और सेप्टिकैमिया नाम की बीमारी हो गई थी जिसने उसकी जान ले ली। दरअसल, ये एक ऐसा इंफेक्शन है जिसमें बैक्टीरिया खून में प्रवेश करता है और बड़ी तेजी से फैलने लगता है। यह बैक्टीरिया खून में टॉक्सिन्स रिलीज करने लगता है जो जानलेवा साबित हो सकता है। स्वास्थ्य समस्याओं को हल्के में न लें हम में से बहुत से लोग ऐसे हैं जो अपने सिरदर्द, बहती नाक, छींक आना, हल्का बुखार जैसी दिक्कतों को हल्के में लेते हैं और उसके इलाज के बारे में भी नहीं सोचते। लेकिन ये लक्षण किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या की ओर भी इशारा करते हैं जिस पर अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो यह आपके लिए बेहद हानिकारक और जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे में हम आपको बता रहे हैं आखिर क्यों आपको सिरदर्द को भी हल्के में नहीं लेना चाहिए। सिरदर्द भी कुछ गंभीर बीमारियों के संकेत हो सकता है। ब्लड क्लॉट कई बार ब्रेन में अगर किसी तरह का ब्लड क्लॉट बन जाए तो उस वजह से भी हेडएक यानी सिरदर्द होने लगता है। अगर आपको कभी-कभार बहुत गंभीर सिरदर्द होने लगता है और दर्द बर्दाश्त के बाहर हो जाए तो आपको अपने डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। अगर समय रहते इलाज न हो तो ये ब्लड क्लॉट स्ट्रोक में परिवर्तित हो सकते हैं जो जानलेवा भी साबित हो सकता है। ऑप्टिक न्यूराइटिस अगर आंखों के पीछे वाले सिर के हिस्से में दर्द हो रहा तो यह ऑप्टिक न्यूराइटिस का लक्षण हो सकता है। इसमें ब्रेन से आंखों तक जानकारी पहुंचाने वाली नसों को नुकसान पहुंचता है जिस वजह से देखने में दिक्कत होती है और कई बार विजिन लॉस भी हो सकता है। माइग्रेन या ट्यूमर लंबे समय तक सिरदर्द की समस्या है तो विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें। यह माइग्रेन, ट्यूमर या नर्वस सिस्टम से जुड़ी दूसरी बीमारी भी हो सकती है। कभी-कभी ज्यादा दिनों तक सिरदर्द से संवेदी अंगों पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है, जिससे इनकी कार्यक्षमता भी प्रभावित हो जाती है। सिरदर्द को लेकर भ्रम की स्थिति में कतई न रहें।   recent visitors 66

बिना क्लीनर ऐप के खाली करें स्मार्टफोन का स्टोरेज, जानें तरीका

स्मार्टफोन यूजर्स को अक्सर फोन के स्टोरेज फुल होने की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में वे फोन में मौजूद फालतू फोटोज और विडियोज को डिलीट कर स्पेस बनाने की कोशिश करते हैं, लेकिन कुछ ही दिनों में यह समस्या फिर से सामने आ जाती है। वहीं, कुछ यूजर ऐसे भी हैं जो थर्ड पार्टी स्टोरेज क्लीनर ऐप्स का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, कुछ दिन पहले तक इन ऐप्स का इस्तेमाल करने में कोई बुराई नहीं थी, लेकिन हाल में आई एक रिपोर्ट में इन्हें खतरनाक बता दिया गया है। रिपोर्ट में कहा गया है कि गूगल प्ले स्टोर पर कई ऐसे क्लीनर ऐप हैं जो यूजर डेटा की चोरी करने के साथ ही डिवाइस को भी नुकसान पहुंचाते हैं। इसीलिए आज हम आपको कुछ ऐसी ट्रिक्स के बारे में बता रहे हैं जिनसे आप बिना क्लीनर ऐप्स की मदद लिए अपने फोन के स्टोरेज को खाली कर सकते हैं। कैश क्लियर करें ज्यादातर ऐंड्रॉयड ऐप्स यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए कैश डेटा का इस्तेमाल करते हैं। कैश डेटा समय की बचत तो करता है, लेकिन यह फोन के इंटरनल स्टोरेज में काफी जगह ले लेता है। अगर इसे समय-समय पर क्लियर न किया जाए तो यह स्टोरेज कम करने के साथ ही फोन की स्पीड को भी धीमा कर देता है। बता दें कि किसी ऐप के सही ढंग से काम करने के लिए कैश डेटा की जरूरत नहीं पड़ती। यह केवल यूजर की सहूलियत के लिए होता है। ऐसे में बेहतर होगा कि जब भी आपको अपने फोन के स्टोरेज को खाली करने का ख्याल आए तो सबसे पहले आप कैश डेटा को डिलीट करें। यह तुरंत आपके फोन में स्टोरेज को बढ़ा देगा। हर ऐप यूजर को बेस्ट एक्सपीरियंस देने के लिए अपना कैश बनाता है। आप अपने स्मार्टफोन की सेटिंग में दिए गए स्टोरेज ऑप्शन में जाकर हर ऐप के कैश डेटा को क्लियर कर सकते हैं। बैकअप हुए गूगल फोटोज को करें डिलीट फोन में क्लिक की गई सभी फोटोज का गूगल फोटो ऑटोमैटिकली बैकअप ले लेता है। यह अच्छा भी है क्योंकि इससे यह पक्का हो जाता है कि आपके फोटो हमेशा सेफ रहेंगे और फोन खोने या बदलने की स्थिती में भी आप उन्हें ऐक्सेस कर सकेंगे। हालांकि, कई यूजर यह गलती करते हैं कि वे फोटो के बैकअप होने के बाद भी उसे डिवाइस पर सेव रखते हैं। ऐसा करने से फोन के स्टोरेज में कमी आती है। बेहतर होगा कि आप गूगल पर स्टोर हुए फोटोज को सिस्टम मेमरी से डिलीट कर दें। अगर आपको किसी कॉन्टेंट को तुरंत ऐक्सेस नहीं करना है तो आप गूगल फोटोज में दिए गए 'Free up space' ऑप्शन का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसा करने से सारे फोटो फोन से तो डिलीट हो जाएंगे लेकिन क्लाउड पर सेव रहेंगे। फालतू ऐप्स को करें डिलीट हम में कई ऐसे यूजर हैं जिन्हें फोन में ढेरों ऐप रखने की आदत होती है। इन ऐप्स की संख्या 100 तक भी हो सकती है। मजेदार बात यह है कि इनमें से आधे ऐप ऐसे होते हैं जिनकी जरूरत केवल इंस्टॉल किए जाने के वक्त होती है। वहीं, कुछ ऐप्स ऐसे भी होते हैं जिन्हें हम महीनों से इस्तेमाल नहीं कर रहे। फोन के स्टोरेज के लिए अच्छा रहेगा कि इन फालतू ऐप्स की पहचान कर उसे डिलीट कर दिया जाए। डाउनलोड फाइल्स को करें डिलीट सभी स्मार्टफोन एक डाउनलोड फोल्डर के साथ आते हैं। इस फोल्डर को आमतौर पर 'My Files' में जाकर देखा जा सकता है। समय बीतने के साथ ही इसमें कई सारी डाउनलोड की हुई फाइलें सेव हो जाती है। इनमें से कुछ ही ऐसी होती होंगी जिनकी जरूरत डाउनलोड किए जाने के कुछ दिन बाद होती होगी। फोन के स्टोरेज का खाली करने के लिए बेहतर होगा कि उन फाइल्स को डिलीट कर दिया जाए जिसकी जरूरत न हो। जंक फाइल्स को हटाएं अगर ऊपर बताए गए तरीकों के बाद भी आपके फोन का स्टोरेज पूरा तरह फ्री नहीं हो रहा तो बेहतर होगा कि आप डिवाइस के जंक फाइल्स को डिलीट करें। जंक फाइल्स को डिलीट करने के लिए आप गूगल फाइल्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। जंक फाइल्स वे फाइलें होती हैं जो न तो कैश में दिखती हैं और ना हीं डाउनलोड्स में। नजर न आने के बावजूद भी ये स्मार्टफोन के स्टोरेज को कम करने का काम करती हैं। गूगल फाइल्स फोन में मौजूद ड्यूप्लिकेट फाइल्स को डिटेक्ट कर लेता है और यूजर को बताता है कि कौन से ऐप ज्यादा स्टोरेज ले रहे हैं। एसडी कार्ड का करें इस्तेमाल अगर आपके स्मार्टफोन का इंटरनल स्टोरेज आपकी जरूरत के हिसाब से कम है, तो बेहतर होगा कि आप एक एसडी कार्ड का इस्तेमाल करें। आजकल लगभग सभी फोन माइक्रो एसडी कार्ड स्लॉट के साथ आते हैं।   recent visitors 89

युवा-किसा-मजदूर कल्याण में हैं प्रतिबद्ध, राजस्थान-मुख्यमंत्री ने की सरकार की पहली वर्षगांठ के कार्यक्रमों की समीक्षा

जयपुर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं व मजदूरों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में राज्य सरकार अपनी पहली वर्षगांठ के अवसर पर प्रदेश में विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण के साथ ही युवाओं, किसानों, महिलाओं व श्रमिकों को विशेष सौगातें देने जा रही है। राज्य स्तर से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों एवं राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग तैयारियों में तेजी लाएं एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। शर्मा मुख्यमंत्री निवास पर विभिन्न विभागों के उच्च स्तरीय अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग तय समय पर अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों की बिन्दुवार समीक्षा करें एवं नियमित रूप से उनकी मॉनिटरिंग करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दें। सचिव अपने प्रभार वाले जिलों के एमओयू की करें मॉनिटरिंग बैठक में मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत विभिन्न विभागों एवं जिला स्तर पर आयोजित की जा रही प्री-समिट में होने वाले एमओयू को धरातल पर लागू किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रभारी सचिव अपने विभाग एवं अपने प्रभार वाले जिलों में किए गए एमओयू की मॉनिटरिंग करें। रोजगार उत्सव की तैयारियों को दें अंतिम रूप श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार वर्षगांठ के अवसर पर प्रदेश के युवाओं को रोजगार उत्सव के तहत करीब 30 हजार युवाओं को नियुक्तियां देने और 70 हजार से अधिक नई भर्तियों की सौगात देने जा रही है। उन्होंने संबंधित विभागों को विज्ञप्ति जारी करने संबंधी कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने इस दौरान दी जाने वाली नियुक्तियों की स्थिति को लेकर भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर पर बिजनेस इनोवेशन प्रोग्राम, अटल एंटरप्रिन्योरशिप प्रोग्राम, आई-स्टार्ट के अंतर्गत लीप (लर्न एण्ड प्रोग्रेस) प्रोग्राम, टीओपी (टारगेट ओलंपिक पोडियम) योजना एवं स्पोर्ट्स लाइफ इंश्योरेंस स्कीम का भी शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों से इस संबंध में प्रगति की जानकारी ली। श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक जिले में एक उपज, एक वानस्पतिक प्रजाति, एक उत्पाद, एक पर्यटन स्थल एवं एक खेल पर विशेष रूप से फोकस करते हुए पंच-गौरव कार्यक्रम प्रारम्भ किया जा रहा है। प्रभारी सचिव अपने प्रभार वाले जिलों के लिए इन श्रेणियों में चिन्हित तत्वों के संबंध में भी कार्यवाही करें। महिलाओं और श्रमिकों को मिलेगा आर्थिक सम्बल मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के तहत 1 लाख महिलाओं को लखपति दीदी बनाने, 10 हजार स्वयं सहायता समूहों को रिवॉल्विंग फंड और कम्यूनिटी इन्वेस्टमेंट फंड से आर्थिक सहायता देने, 45 लाख स्वयं सहायता समूह सदस्यों को आर्थिक सम्बल देने के क्रम में राजसखी पोर्टल की शुरूआत करने, मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना का शुभारंभ करने, लाड़ो प्रोत्साहन योजना अंतर्गत प्रथम किश्त का हस्तांतरण सहित विभिन्न योजनाओं की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। साथ ही, उन्होंने श्रमिक कल्याण की दिशा में भवन एवं अन्य संनिर्माण से जुड़े 1.5 लाख श्रमिकों को 150 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरण, स्कूटी वितरण, निःशक्तजनों को सहायक सामग्री व सहायता उपकरण उपलब्ध कराने संबंधी कार्यक्रमों की भी जानकारी ली। 25 हजार करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास बैठक में श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस सरकार के 1 साल पूरा होने के उपलक्ष पर किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की दूसरी किस्त के साथ ही राजस्थान एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत 5 हजार 500 फार्मपौण्ड के लिए डीबीटी हस्तांतरण सहित अन्य अनुदान सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने इस संबंध में प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। उन्होंने इस दौरान पशुपालकों के लिए गोपाल क्रेडिट कार्ड वितरण, नए डेयरी बूथों का आवंटन, 200 नए बल्क मिल्क कूलर्स की स्थापना और एक हजार नए दूध संकलन केन्द्रों का उद्घाटन की तैयारी के संबंध में भी समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 25 हजार करोड़ से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन श्री अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त श्री अखिल अरोरा, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण श्रीमती अपर्णा अरोरा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) श्री शिखर अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव ग्रामीण विकास श्रीमती श्रेया गुहा, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह श्री आनंद कुमार, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री) श्री आलोक गुप्ता एवं पुलिस महानिदेशक श्री उत्कल रंजन साहू सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव एवं अन्य उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। recent visitors 76