Saturday, July 4, 2026 1:43 am

400 के.व्ही. वोल्टेज या उससे अधिक वोल्टेज की ट्रांसमिशन लाइनों के मेंटेनेन्स में होता है बेयर हेंड टेक्निक के हॉट सूट का इस्तेमाल

भोपाल महाकौशल विज्ञान मेले में एम.पी. ट्रांसको के स्टाल में प्रदर्शित एक्सट्रा हाईटेंशन लाइनों के मेंटेनेन्स में उपयोग में आने वाली बेयर हेंड टेक्निक के हॉट सूट पर कुछ भ्रांतियां हैं। इस संबंध में एम.पी. पावर ट्रांसमिशन कंपनी यह स्पष्ट करती है कि बेयर हेंड टेक्निक के हॉट सूट का इस्तेमाल 400 के.व्ही. एवं उससे अधिक वोल्टेज लेवल की ट्रांसमिशन लाइनों के मेंटेनेन्स के लिये ही किया जाता है। एम.पी. पावर ट्रांसमिशन कंपनी 400 के.व्ही. लाइनों के लाइव मेंटेनेन्स में एरियल इंसूलेटेड वर्क प्लेटफार्म के साथ इस हॉट सूट का उपयोग कर ट्रांसमिशन लाइनों का मेंटेनेन्स करती है। सामान्यतः 220 एवं 132 के.व्ही. की ट्रांसमिशन लाइनों के मेंटेनेन्स में भी इस सूट का इस्तेमाल नही होता है। 220 के.व्ही. तथा 132 के.व्ही. की लाइव ट्रांसमिशन लाइनों का सुधार हॉट स्टिक तकनीक के माध्यम से किया जाता है, जिसका प्रशिक्षण केन्द्र सरकार के हॉट लाइन प्रशिक्षण संस्थान बैंगलुरू में दिया जाता है। इस हॉट लाइन स्टिक तकनीक से प्रशिक्षित कर्मियों को ही 400 के.व्ही. एवं अधिक वोल्टेज पर कार्य करने के लिए बेयर हेंड टेक्निक के माध्यम से हॉट सूट पहनकर सुधार कार्य हेतु प्रशिक्षण दिया जाता है।   recent visitors 56

प्रदेश के अगले सीएम राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष अजित पवार होंगे, बारामती में लगे पोस्टर्स

मुंबई महाराष्ट्र में महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों ने बहुमत का दावा किया है। इस बीच बारामती में कुछ पोस्टर्स लगे हैं जिसमें लिखा है प्रदेश के अगले सीएम राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष अजित पवार होंगे। पोस्टर ऐसे समय में लगाया गया है, जब राज्य में राजनीतिक हलचल तेज है और अजित पवार की मुख्यमंत्री पद की संभावनाओं को लेकर चर्चा हो रही है। इन पोस्टरों के जरिए यह संकेत दिया जा रहा है कि अजित पवार को पार्टी और समर्थकों की ओर से मुख्यमंत्री पद के लिए प्रबल दावेदार माना जा रहा है। अलग-अलग जगह लगे इन पोस्टर में लिखा गया है कि अजित पवार का लगातार आठवीं बार विधायक चुनकर आने के लिए अभिनंदन। बारामती एनसीपी का गढ़ रहा है। यहीं से अजित पवार जीत कर विधानसभा पहुंचे हैं। इसे नतीजों से पहले गठबंधन पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पार्वती विधानसभा क्षेत्र और बारामती क्षेत्र में ये बैनर लगाए गए हैं। अजित पवार महाराष्ट्र में चार बार के उपमुख्यमंत्री हैं। मुख्यमंत्री बनने की इच्छा वो कई बार मंच से कर चुके हैं। चाचा शरद पवार से अलग होने के बाद बीजेपी पवार और उनके कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि प्रदेश की कमान उन्हें सौंपी जाए। इससे पहले देवेंद्र फडणवीस के कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावी मुख्यमंत्री बताते हुए बैनर लगाए थे। विधानसभा चुनावी नतीजों को लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। ऐसे में राज्य में भावी मुख्यमंत्री के बैनर दिखने से राजनीतिक माहौल गरमाने की आशंका जताई जा रही है। इसी बीच वंचित बहुजन अघाड़ी के मुखिया प्रकाश आंबेडकर ने अपना रुख साफ करते हुए बड़ा ऐलान किया है। प्रकाश आंबेडकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अगर वंचित बहुजन अघाड़ी को कल महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी या गठबंधन को समर्थन देने के लिए संख्या मिलती है, तो हम उसके साथ रहने का फैसला करेंगे जो सरकार बना सकता है।”   recent visitors 93

संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क में FADA वर्कशॉप, ऑटोमोटिव प्रोफेशनल्स नवीन तकनीक की लेंगे जानकारी

भोपाल संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क और फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (FADA) द्वारा "कन्वर्सेशन टू एक्सीलरेशन" थीम पर वर्कशॉप का आयोजन 23 नवंबर, शनिवार को किया जा रहा है। यह वर्कशॉप ऑटोमोटिव सेक्टर के प्रोफेशनल्स को उन्नत कौशल, नवीन विचारों और व्यावसायिक विकास रणनीतियों से सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है। वर्कशॉप में उद्योग विशेषज्ञ, डीलर्स, और ऑटोमोटिव सेक्टर से जुड़े अन्य विशेषज्ञ भाग लेंगे, जो कौशल विकास और नवाचारो की जानकारी देंगे। वर्कशॉप "कन्वर्सेशन टू एक्सीलरेशन" संवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ऑटोमोटिव सेक्टर के डीलर्स और प्रोफेशनल्स को विकास के पथ पर तेज़ी से आगे बढ़ाने का प्रयास है। वर्कशॉप में नवीनतम उद्योग ट्रेंड्स, व्यापार विस्तार के अवसर और तकनीकी कौशल पर चर्चा होगी।   recent visitors 47

संजय राउत ने कहा- एग्जिट पोल साबित होंगे गलत, महाविकास अघाड़ी दर्ज करेगी बड़ी जीत

मुंबई एग्जिट पोल के रुझानों को शिवसेना-यूबीटी सांसद संजय राउत ने कहा कि जिस ने भी सर्वे किया है वो अपने पास रखे। यह सब फेक एग्जिट पोल है। इसे पैसे देकर करवाया जाता है। महाविकास अघाड़ी बड़ी जीत दर्ज करने जा रही है। उन्होंने कहा कि सारे एग्जिट पोल गलत दिखा रहे है, एमवीए जीत रहा है और हम सरकार बनाने जा रहे है। नतीजे कल सुबह तक आ जाएंगे। हमें विश्वास है कि हम बहुमत हासिल करेंगे। 160-165 सीटें जीतने के लक्ष्य के साथ हमने चुनाव लड़ा है। जयंत पाटिल, बालासाहेब थोराट हम सभी कल बैठे और आकलन किया तो 160 सीटें हम जीत रहे है। सरकार गठन के लिए निर्दलीयों को साथ लाने को लेकर भी चर्चा हुई। सीएम पद को लेकर उन्होंने कहा कि अभी कोई फार्मूला नहीं बना है। हम सब मिलकर मुख्यमंत्री का चेहरा चुनेगे। अभी कोई फार्मूला तय नहीं हुआ है। एमवीए बैठ कर निर्णय करेगी कि सरकार का नेतृत्व कौन करेगा। शरद पवार, कांग्रेस पार्टी और उद्धव ठाकरे आगे की योजना पर विचार करेंगे। महाराष्ट्र में और हमें सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। हमारे 160 लोग चुनकर आ रहे हैं। हमारे 160 विधायक चुनकर आने के बाद विधायक दल की बैठक में इस मुद्दे पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि महिलाओं ने अगर ज्यादा वोटिंग किया है तो उनका स्वागत करना चाहिए। अगर युवा और महिला वोटिंग के लिए आगे आते है तो उनका स्वागत किया जाना चाहिए। महाराष्ट्र सीएम योगी का राज्य नहीं है कि पुलिस वाले रिवाल्वर उठाकर महिलाओं को वोट देने से रोकते हैं। यह महाराष्ट्र है और यहां महिलाओं को वोट करने का पूरा अधिकार है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के धर्मयुद्ध वाले बयान पर राउत ने कहा कि जब भाजपा को हार का सामना करना पड़ता है तब वे धर्मयुद्ध की बातें करते हैं। महाराष्ट्र में केवल एक धर्म है और वह है छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत। नरेंद्र मोदी, अमित शाह, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र को लूटने का जो बीड़ा उठाया है, उसके खिलाफ धर्मयुद्ध करेंगे।   recent visitors 67

हाथियों के प्रबंधन का अध्ययन दल पहुँचा अन्नामलाई टाइगर रिजर्व

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर क्षेत्र संचालक संजय टाइगर रिज़र्व के नेतृत्व में अधिकारियों की 18 सदस्यीय टीम तमिलनाडु में मानव हाथी संघर्ष प्रबंधन अध्ययन दौरे पर तीसरे दिन टीम ने अन्नामलाई टाइगर रिजर्व का भ्रमण किया, अन्नामलाई के डीएफओ ने वालपराई क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष के प्रबंधन और इसे कम करने के तरीकों पर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया। अन्नामलाई के डीएफओ ने बताया कि पहाड़ी इलाकों और चाय बागानों की बहुलता वाले क्षेत्र में अनूठी चुनौतियां है, जिसमें संघर्ष की प्रकृति अन्य क्षेत्रों से भिन्न है। संघर्ष प्रबंधन रणनीतियों को विकसित करने में इलाके की जानकारी और हाथी का व्यवहार महत्वपूर्ण कारक है। वालपराई में इसके लिये जीएसएम-आधारित उन्नत अलर्ट सिस्टम, एनाइडर तकनीक और सौर फेन्स की एक संयोजित तकनीक उपयोग की जाती है। अन्नामलाई टाइगर रिजर्व ने हाँका न लगाने की नीति को अपनाया है और इन उपायों के माध्यम से पिछले 2 वर्षो में हाथियों से संबंधित मृत्यु को शून्य कर दिया गया है। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्य जीव) ने बताया कि अध्ययन दल ने अन्नामलाई टाइगर रिजर्व के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय राघवन के साथ बातचीत की। श्री राघवन ने बचाव उपकरणों और वाहनों का प्रदर्शन किया। उन्होंने मानव-हाथी संघर्ष से निपटने के लिये इस्तेमाल की जाने वाली विधियों और हाथी नियंत्रण कक्ष के संचालन के बारे में जानकारी साझा की।   recent visitors 76

‘वसुधैव कुटुंबकम’ के आदर्श वाक्य के महत्व पर जोर देते हुए भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया: सीएम योगी

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के आदर्श वाक्य के महत्व पर जोर देते हुए इसे भारत की वैश्विक मानवता की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया है। उन्होंने इसे भारत का शाश्वत संदेश बताते हुए कहा कि हमने हमेशा से शांति, सौहार्द और सह-अस्तित्व को प्राथमिकता दी है। सीएम योगी ने यह बात शुक्रवार को एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड स्थित सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) के वर्ल्ड यूनिटी कन्वेंशन सेंटर में विश्व के मुख्य न्यायाधीशों के 25वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करने के दौरान अपने संबोधन में कही। कार्यक्रम में 56 देशों के 178 मुख्य न्यायाधीश और डेलिगेट्स ने भाग लिया। अपने संबोधन में उन्होंने भारत के संविधान के अनुच्छेद 51 की भावनाओं को विश्व शांति और सुरक्षा के लिए प्रेरक बताते हुए कहा कि यह अनुच्छेद सम्मानजनक अंतरराष्ट्रीय संबंधों को विकसित करने और संघर्षों को शांतिपूर्ण ढंग से हल करने के लिए नैतिक मार्ग का अनुसरण करने के लिए हम सभी को प्रेरित करता है। उन्होंने समारोह को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि 26 नवंबर 2024 को संविधान अंगीकरण के 75 वर्ष पूरे होंगे। यह संविधान के अंगीकृत होने के अमृत महोत्सव वर्ष की शुरुआत के दौरान आयोजित हो रहा है। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र के ‘समिट ऑफ दि फ्यूचर’ में दिए गए संबोधन की चर्चा करते हुए कहा कि युद्ध समस्याओं का समाधान नहीं है। युद्ध ने दुनिया के ढाई अरब बच्चों के भविष्य को खतरे में डाला है। उन्होंने दुनिया के नेताओं से आग्रह किया कि वे एकजुट होकर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और भयमुक्त समाज का निर्माण करें। सीएम योगी ने सम्मेलन को वैश्विक संवाद और सहयोग का मंच बताते हुए विश्वास व्यक्त किया कि अनुच्छेद 51 की भावना के अनुरूप यह आयोजन विश्व कल्याण के मार्ग को प्रशस्त करेगा। उन्होंने दुनिया भर के न्यायाधीशों से इस दिशा में सक्रिय योगदान देने का भी आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने संविधान के अनुच्छेद 51 की चर्चा करते हुए कहा कि यह वैश्विक शांति और सौहार्द की दिशा में भारत की सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह अनुच्छेद संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान और सभी देशों के बीच सम्मानजनक संबंधों को बढ़ावा देने का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने भारत की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की सक्रिय भागीदारी से यह स्पष्ट होता है कि भारत विश्व शांति और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है। सीएमएस के संस्थापक डॉ. जगदीश गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उनकी दूरदृष्टि और प्रयासों से यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण मंच बना है। उन्होंने डॉ. भारती गांधी और गीता गांधी को इस कार्यक्रम को अनवरत जारी रखने के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर हंगरी की पूर्व राष्ट्रपति, हैती रिपब्लिक के पूर्व प्रधानमंत्री सहित दुनिया के 56 देशों से आए हुए न्यायमूर्तिगण, सीएमएस की संस्थापक निदेशक डॉ भारती गांधी, प्रबंधक गीता गांधी किंगडन समेत स्कूली बच्चे और अभिभावकगण मौजूद रहे।   recent visitors 114

शस्त्र लायसेंस निरस्ती के चलते उपभोक्ता ने जमा कराई 2 लाख 48 हजार रूपए से अधिक की बकाया राशि

भोपाल दतिया जिला मजिस्ट्रेट द्वारा शस्त्र लाइसेंस निरस्ती की कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम आये हैं। इंदरगढ जिला दतिया निवासी बिजली उपभोक्ता श्री बहादुर सिंह ने दतिया न्यायाधीश की कार्रवाई के कारण 2 लाख 48 हजार से अधिक की बकाया राशि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के खाते में जमा कर दी है। यह राशि लंबे समय से उपभोक्ता द्वारा अदा नहीं की जा रही थी। महाप्रबंधक दतिया ने बताया कि उपभोक्ता श्री बहादुर सिंह के नाम विद्युत बिल की राशि 2 लाख 48 हजार 690 रुपए काफी समय से लंबित थी। बकायादार के पुत्र श्री स्‍पर्श यादव के नाम शस्त्र लाइसेंस था। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण का नोटिस दिए जाने के पश्चात उपभोक्ता श्री बहादुर सिंह ने बिजली कंपनी के खाते में पूरी बकाया राशि जमा कर दी। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी कार्यक्षेत्र के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्‍वालियर एवं चंबल संभाग अंतर्गत आने वाले 16 जिलों में जिला मजिस्ट्रेट द्वारा आर्म्‍स डीलर लाईसेंस एवं शस्‍त्र लाईसेंस की स्‍वीकृति एवं नवीनीकरण के लिए बिजली कंपनी से नोड्यूज प्राप्‍त किया जाना अनिवार्य किया गया है। कंपनी द्वारा गृह विभाग, म.प्र.शासन के आदेश के अनुसार कंपनी कार्य क्षेत्र के ऐसे शस्‍त्रधारी बिजली उपभोक्‍ता जिनके द्वारा बकाया विद्युत बिलों का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, सा‍थ ही ऐसे शस्‍त्रधारी बिजली उपभोक्‍ता जो अनधिकृत बिजली का उपयोग अथवा बिजली चोरी करते पाए जाएंगे उनके आर्म्‍स डीलर लाईसेंस और शस्‍त्र लाईसेंस को जिला कलेक्‍टर के माध्‍यम से निरस्‍त कराने की कार्यवाही की जा रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने कहा है कि जो भी शस्‍त्र लाईसेंसधारी उपभोक्‍ता अपनी बकाया बिल राशि जमा नहीं करते हैं तो उनके शस्‍त्र लाईसेंस तत्‍काल प्रभाव से निरस्‍त करवाने की कार्रवाई की जाएगी।   recent visitors 77