हमें हर हिंदू को अपने बैनर तले एकजुट करना होगा और हर वर्ग को समान रूप से सिखाना होगा कि हम सब एक हैं : धीरेंद्र शास्त्री

छतरपुर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार को अपने एक बयान में चुनावी प्रक्रिया को 'महायज्ञ' करार देते हुए हिंदू समाज को एकजुट होने की अपील की है। उनका कहना है कि लोकतंत्र में चुनाव एक महायज्ञ के समान होता है, जिसमें वोट आहुति के रूप में दिया जाता है और जो उम्मीदवार ज्यादा मत प्राप्त करता है, वह विजयी होता है। बाबा बागेश्वर ने हिंदू समाज के भीतर जातिवाद और अन्य विकृतियों को लेकर चिंता जताई और कहा, "हिंदू समाज में एकता की कमी का मुख्य कारण जातिवाद और दूरी है। हमें हर हिंदू को एक साथ लाकर एक नई दिशा दिखानी होगी। हर हिंदू को अपने बैनर तले एकजुट करना होगा और हर वर्ग को समान रूप से सिखाना होगा कि हम सब एक हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू समाज में अलग-अलग नेता या संगठन अपने-अपने तरीके से काम कर रहे हैं, लेकिन इस सबका एक ही लक्ष्य होना चाहिए- हिंदू एकता और हिंदुत्व का प्रचार-प्रसार। बताया किन्हें करना चाहिए समर्थन आगे बोलते हुए उन्होंने कहा, "हिंदू समाज में जो भी विकृतियां और दूरी हैं, उन सबको खत्म करना होगा। अगर हमें भारत को विश्व गुरु बनाना है तो हम सबको एकजुट होना होगा। 29 तारीख को राम राजा ओरछा में हम सामूहिक संकल्प लेंगे और यह संकल्प केवल भारत को एक करने का नहीं, बल्कि हिंदू समाज को भी एकजुट करने का होगा।" बाबा बागेश्वर ने चुनावों को लेकर कहा, "हमारे लिए जो भी काम हिंदू समाज के भले के लिए हो और जो हिंदुत्व के कार्य करें, हमें उनका समर्थन करना चाहिए। लोकतंत्र में जीत केवल उस व्यक्ति की होती है, जिसे ज्यादा वोट मिलते हैं।" "टी राजा जैसे लोग हिंदू समाज के लिए जरूरी" टी राजा का जिक्र करते हुए बाबा बागेश्वर ने कहा, "टी राजा जैसे लोग हिंदू समाज के लिए जरूरी हैं। वह अकेले धर्म विरोधियों से लड़ते हैं और उनकी जमीनों को वापस दिलवाते हैं। हमें टी राजा जैसे फायरब्रांड नेताओं की जरूरत है, जो हिंदू समाज के लिए खड़े हों और अपनी आवाज बुलंद करें।" उन्होंने अंत में हिंदू समाज को संबल देते हुए यह भी कहा, "जो लोग हिंदू धर्म के खिलाफ उंगली उठाते हैं, उन्हें उस उंगली को काट दिया जाएगा। हिंदू समाज अब जाग चुका है और वह एक नया इतिहास लिखने जा रहा है।" recent visitors 61

सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा- महायुति ने जो काम किया, जनता ने उस पर वोट दिया

मुंबई महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों की घोषणा शनिवार को हो रही है। इसी बीच रुझानों में भाजपा, शिवेसना (शिंदे) और एनसीपी (अजित पवार) वाला महायुति गठबंधन प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है। महायुति 200 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है। इस पर शिवसेना प्रमुख और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का पहला रिएक्शन सामने आया। उन्होंने महाराष्ट्र की जनता और महायुति के कार्यकर्ताओं को इस नतीजों के लिए बधाई दी। सीएम शिंदे ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि हमने यहां ढाई साल में काम करके उन्हें जवाब दिया है। इसलिए, हमें लैंडस्लाइड जीत मिली है। सीएम एकनाथ शिंदे ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए कहा, “आज मैं महाराष्ट्र के तमाम मतदाताओं को धन्यवाद करता हूं क्योंकि ये जीत ऐतिहासिक है। मैंने कहा था कि महायुति को भारी बहुमत मिलेगा। मैं अपनी लाडली बहनों, किसानों और सभी वर्गों का धन्यवाद करता हूं।” उन्होंने आगे कहा, ”महायुति ने जो काम किया है, जनता ने उस पर वोट दिया है। इसलिए महायुति को इतनी बड़ी जीत हासिल हुई है, मैं महाराष्ट्र की जनता और महायुति के सभी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद देता हूं। उन्होंने बहुत ही बढ़िया काम किया है और महायुति को जिताया।” इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री पद को लेकर भी बयान दिया। सीएम शिंदे ने कहा कि अंतिम आंकड़े आने के बाद तीनों पार्टी के प्रमुख मिलकर तय कर लेंगे। जैसे हम यहां पर मिलकर चुनाव लड़े हैं, हम लोग बैठकर मुख्यमंत्री पद पर फैसला कर लेंगे। सीएम एकनाथ शिंदे ने महाविकास अघाड़ी पर निशाना साधते हुए कहा, ”ढाई साल तो उनका आरोप लगाने में गया। अभी कम से कम अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। लोगों को आरोप पसंद है या काम। हमने आरोपों का जबाव काम करके किया। ढाई साल में जनता ने काम देखा है और जनता की आवाज बनकर हमने काम किया है। हमने यहां की जनता के लिए विकास और कल्याणकारी काम किए हैं। आज हमें लैंडस्लाइड जीत मिली है।” महाराष्ट्र की सभी 288 विधानसभा सीटों पर एक फेज में 20 नवंबर को वोट डाले गए थे। प्रदेश में महायुति गठबंधन में भारतीय जनता पार्टी ने 149 सीटों पर चुनाव लड़ा है, वहीं शिवसेना (शिंदे) ने 81 सीटों पर और अजित पवार की एनसीपी 59 सीटों पर प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे। महाविकास अघाड़ी (एमवीए) में कांग्रेस ने 101, शिवसेना (यूबीटी) ने 95 और एनसीपी (एसपी) ने 86 सीटों पर प्रत्याशी उतारे थे।   recent visitors 63

विजयपुर उपचुनाव में मुकेश मल्होत्रा ने भाजपा मंत्री रामनिवास रावत को 7 हजार से अधिक मतों से हराया

श्योपुर श्योपुर की विजयपुर विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा जीते हैं। मुकेश मल्होत्रा इसलिए अधिक चर्चा में है क्योंकि उन्होंने प्रदेश सरकार में वन मंत्री रामनिवास रावत को 7 हजार से अधिक मतों से हराया है। खासबात यह है कि मुकेश मल्होत्रा भाजपा के ही कार्यकर्ता थे। लेकिन लोकसभा चुनाव में जब रामनिवास रावत कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे तो मुकेश मल्होत्रा ने कांग्रेस को ज्वाइनकर लिया था। कांग्रेस ने उनकी जमीनी पकड़ को देखते हुए उप चुनाव में टिकट दिया। मुकेश मल्होत्रा ने भी कांग्रेस के विश्वास को कम नहीं होने दिया।   भाजपा सरकार में शहरिया विकास प्राधिकरण के रहे हैं अध्यक्ष मुकेश मल्होत्रा भाजपा सरकार में शहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रहे हैं। लेकिन जब लोकसभा चुनाव में रामनिवास रावत ने भाजपा का दामन थामा तो मल्होत्रा ने भी भाजपा को छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया। 2023 में मुकेश मल्होत्रा ने भाजपा से टिकट मांगा था। लेकिन टिकट नहीं मिला तो वे निर्दलीय चुनाव लड़े लेकिन चुनाव हार गए। लेकिन वोट अच्छे मिले।   2023 में लड़े थे निर्दलीय चुनाव साल 2023 में मुकेश मल्होत्रा निर्दलीय चुनाव मैदान में थे, उस दौरान आदिवासियों ने इनका जमकर साथ दिया था। इन्हें चुनाव में 45 हजार वोट मिले थे। मुकेश लंबे समय से विधानसभा में एक्टिव रहने वाले नेताओं में से एक हैं। मुकेश सहरिया समुदाय से आते हैं, इस सीट पर इस जनजाति के करीब 70 हजार वोटर हैं। साथ ही साथ जमीन पर इनकी सक्रियता देखी जाती है। जमीन से जुड़े होने से कांग्रेस ने दिया टिकट विजयपुर क्षेत्र में आदिवासी वोटर्स 70 हजार हैं। मल्होत्रा शहरिया जनजाति से आते हैं और उनकी समाज सहित क्षेत्र में अच्छी पकड़ है। निर्दलीय चुनाव लड़ने पर भी 45 हजार वोट मिले थे। इसलिए कांग्रेस ने उन पर दांव लगाया। आखिर में उपचुनाव में जीत मिल ही गई।   यह रही राजनीतिक यात्रा     कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा भाजपा में सहरिया विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त रहे हैं। वर्ष 2023 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर भाजपा छोड़ दी और निर्दलीय चुनाव लड़े। इस चुनाव में मुकेश मल्होत्रा को 44128 वोट मिले। इस तरह बस तीसरे नंबर पर रहे।     वर्तमान में वह ग्राम पंचायत सिलपुरी के सरपंच हैं। आदिवासी युवाओं को सरकारी नौकरी में सीधी भर्ती किए जाने को लेकर उन्होंने श्योपुर से भोपाल तक हजारों युवाओं के साथ पैदल यात्रा निकाली थी जिसके बाद वह सुर्खियों में आए थे।     लोकसभा चुनाव के दौरान मुरैना में प्रियंका गांधी के समक्ष मल्होत्रा कांग्रेस में शामिल हुए थे। मल्होत्रा एलएलबी किये हुए है   recent visitors 49

6,600 करोड़ के क्रिप्टो करेंसी में सीबीआई ने गौरव के घर से दस्तावेज और बैंक से जुड़े अहम कागजात किये जब्त

रायपुर महाराष्ट्र में 6,600 करोड़ के क्रिप्टो करेंसी घोटाले के मामले में रायपुर के गौरव मेहता के पचपेढ़ी नाका आम्रपाली सोसाइटी स्थित घर पर मुंबई ईडी की टीम के बाद अब सीबीआइ की जांच शुरू हो गई है। गुरुवार रात से ही सीबीआइ के अधिकारी घोटाले के मास्टर माइंड बताए जा रहे गौरव उसके भाई अक्षत से पूछताछ कर रहे हैं। पूछताछ का अंतिम दौर चल रहा है और जल्द ही गौरव की गिरफ्तारी के साथ ही उसे विशेष कोर्ट में पेशकर रिमांड पर लेने की तैयारी भी है। ईडी की टीम ने गौरव मेहता के घर बुधवार की सुबह दबिश दी थी। गौरव मेहता पुणे के सारथी एसोशिएट आडिट फर्म के कर्मचारी हैं। इस फर्म के कई ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई चल रही है। ईडी की टीम ने गौरव के घर व दफ्तर से ढेरों दस्तावेज के साथ ही इलेक्ट्रानिक सबूत एकत्र किए है। इसके जरिए गौरव के दिल्ली, महाराष्ट्र के नेटवर्क, निवेशकों से जुड़े लिंक खंगाले जा रहे है। सूत्रों के अनुसार गौरव मेहता एक कंसल्टेंसी के लिए काम करते हैं जो पुणे पुलिस को अमित भारद्वाज के 6600 करोड़ के क्रिप्टो करेंसी घोटाले की जांच में मदद कर रही थी। गौरव मेहता के बारे में जानने वालों के मुताबिक वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और साइबर फील्ड का एक्सपर्ट है। छत्तीसगढ़ में केंद्रीय जांच एजेंसियों की अब तक हुई हर छापामार कार्रवाई में वह आधिकारिक साइबर सेल टीम में हमेशा शामिल रहा है। कई राज्यों में हुए चुनावों में इसकी पर्दे के पीछे खासी भूमिका रही थी। पूर्व आइपीएस रवींद्रनाथ पाटिल वर्ष 2018 में गौरव की गवाही के बाद ही जेल गए थे। पूर्व आईपीएस के आरोप के बाद हुई कार्रवाई दरअसल, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बीच हो रही इस कार्रवाई से पहले पुणे के पूर्व आइपीएस अधिकारी रवींद्र नाथ पाटिल ने आरोप लगाया था कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में बिटकाइन घोटाले का पैसा इस्तेमाल हो रहा है। गौरव मेहता से कांग्रेस नेत्री सुप्रिया सुले और नाना पटोले ने संपर्क किया था। उन्होंने चुनाव में इस्तेमाल के लिए घोटाले से बिटकाइन के बदले नकदी मांगी थी। बताया भी जा रहा है कि ईडी के अधिकारियों को गौरव के घर में कुछ दस्तावेज और लैपटाप समेत कंप्यूटर हार्ड डिस्क मिले है,जिसकी जांच ईडी की तकनीकी टीम कर रही है। इसके साथ ही बैंक से संबंधित कुछ अहम दस्तावेज भी मिले है। स्थानीय बैंकों के कर्मचारियों को बुलाकर इसकी जांच भी कराई गई है। दस घंटे इंतजार के बाद घुसी सीबीआई गौरव मेहता के घर व दफ्तर में लगातार चली ईडी की कार्रवाई में खास बात यह रही कि 10 घंटों से ज्यादा समय तक सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम ने गौरव के घर के बाहर कार में बैठकर इंतजार किया। ईडी की कार्रवाई खत्म होने के बाद ही सीबीआई के अधिकारी गौरव के घर के भीतर घुसे। जांच में क्या-क्या सामने आया है,फिलहाल इसकी कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी गई है। recent visitors 61

बाहर से आयी युवती को मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसे कल भिंड अस्पताल में भर्ती कराया गया

भिंड मध्यप्रदेश के भिंड जिले के अटेर थाना क्षेत्र के काशीपुरा गांव में लगभग 22 साल की एक युवती को ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार लड़की कथित तौर पर दिल्ली की रहने वाली है और विक्षिप्त बताई जा रही है। एक युवक उसे अपने साथ लेकर आया था। विवाद होने पर ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया, तो वह डिडी गांव के एक स्थान पर छोड़कर भाग गया। सूत्रों ने कहा कि काशीपुरा गांव निवासी युवक के दिल्ली से एक विक्षिप्त युवती को अपने साथ लेकर आने की सूचना मिली थी। दोनों बस से भिंड पहुंचे। युवक बस से उतरकर लड़की को गांव ले जाने लगा, तो उसने जाने से मना कर दिया। इस बात पर दोनों में विवाद होने लगा। डिडी गांव के पास ग्रामीणों ने दोनों को रोकने की कोशिश की। आखिरकार युवक उसे डिडी गांव के मंदिर पर छोड़कर चला गया। रात्रि में लड़की मंदिर परिसर में रुकी रही। लड़की की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उसे कल भिंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। भिंड देहात थाना पुलिस ने आज यहां बताया युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराके उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। युवक की पहचान और उसे खोजने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, जो लड़की को कथित तौर पर दिल्ली से लेकर आया था।   recent visitors 123

सर्वश्रेष्ठ अंतर्देशीय मत्स्य पालन 2024 का राष्ट्रीय पुरस्कार तेलंगाना ने जीता

हैदराबाद तेलंगाना को वर्ष 2024 के लिए सर्वश्रेष्ठ अंतर्देशीय मत्स्य पालन के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार मत्स्य पालन क्षेत्र में राज्य की अभिनव पहल और विकासात्मक प्रगति का प्रतीक है। केंद्रीय पशुपालन, मत्स्य पालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह ने विश्व मत्स्य पालन दिवस पर दिल्ली में एक भव्य समारोह में दौरान यह पुरस्कार प्रदान किया। तेलंगाना का प्रतिनिधित्व करते हुए, मत्स्य पालन के विशेष मुख्य सचिव सब्यसाची घोष और मत्स्य पालन निदेशक प्रियंका आला ने पुरस्कार प्राप्त किया। शुक्रवार को इसे औपचारिक रूप से मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को सौंप दिया गया। तेलंगाना के मत्स्य पालन विभाग ने अभूतपूर्व उपलब्धियों और मजबूत सामुदायिक जुड़ाव के साथ खुद को एक राष्ट्रीय नेता के रूप में स्थापित किया है। उल्लेखनीय है कि राज्य में 5,901 मत्स्य पालन सहकारी समितियाँ हैं जिनमें 4,13,120 सदस्य हैं। दिसंबर 2023 से 225 नई समितियों का गठन किया गया है, जिसमें 8,069 अतिरिक्त सदस्यों को नामांकित किया गया है, जिससे सहकारी नेटवर्क में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। राज्य ने इस वर्ष 4.56 लाख टन मछली उत्पादन का लक्ष्य हासिल किया, जिससे 7,059.04 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ और तेलंगाना की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान मिला। एक आधिकारिक बयान के अनुसार ये उपलब्धियाँ अंतर्देशीय मत्स्य पालन विकास में राज्य के नेतृत्व और सतत और समावेशी विकास के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को रेखांकित करती हैं।   recent visitors 126

घना कोहरा छायेगा हरिद्वार और उधमसिंह नगर में

देहरादून. उत्तराखंड का मौसम 23 नवंबर 2024: उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में आज घना कोहरा छा सकता है। उधम सिंह नगर और हरिद्वार जिले के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा परेशानी बढ़ने वाला है। पहाड़ी क्षेत्रों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाने से दुश्वारियां बढ़ रही है। मौसम शुष्क होने के बावजूद पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने की वजह से तापमान में गिरावट आ रही है। देहरादून समेत ज्यादातर क्षेत्रों में दिन भर चटक धूप खिलने से दिन के समय गर्मी हो रही है और तापमान भी सामान्य से कुछ अधिक बना हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आ रही है। जिसकी वजह से सुबह और शाम के समय ठिठुरन बढ़ने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज मैदानी क्षेत्र में घने कोहरे को लेकर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। उधम सिंह नगर और हरिद्वार जिले के कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। कोहरे के कारण दृश्यता कम हो सकती है और वाहन चालकों को वाहन चलाने में दिक्कतें भी हो सकती है। शुक्रवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहा, जबकि मैदानी क्षेत्रों में कुहासा छाया रहा। मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय चटक धूप खिलने से दिन के समय गर्मी का एहसास हो रहा है, सुबह और शाम के समय ठंड में बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ विक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। एक सप्ताह तक बारिश के आसार नहीं है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में आज कहीं कहीं घना कोहरा छा सकता है। घने कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मौसम सामान्य होने के बावजूद बद्रीनाथ धाम में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। जिसके कारण बद्रीनाथ धाम और उसके आसपास बहाने वाले नाले और झरने जमने लगे हैं। धाम के पास ही बहने वाली इंद्रधारा भी जम गई है। जबकि केदारनाथ धाम में भी शाम होते ही तापमान में गिरावट आ रही है। रात के समय यहां का तापमान माइनस 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। जिसकी वजह से पानी और पाला जम रहा है और कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान कम होने के कारण मजदूरों को काम करने में भी दिक्कत आ रही है। recent visitors 101