बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी: पहले मुकाबले में ड्राइविंग सीट पर टीम इंडिया, यशस्वी-कोहली और बुमराह ने काटा गर्दा

नई दिल्ली इंडिया वर्सेस ऑस्ट्रेलिया 5 मैच की बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी का पहला मुकाबला पर्थ में खेला जा रहा है। रविवार को मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया ड्राइविंग सीट पर पहुंच गई। भारत ने 534 रनों का विशाल टारगेट रखा है। ऑस्ट्रेलिया ने आज स्टंप्स तक दूसरी पारी में 4.5 ओवर में 12 रन जोड़कर 3 विकेट गंवा दिए। कार्यवाहक कप्तान जसप्रीत गुमराह ने ऑस्ट्रेलिया को दो और मोहम्मद सिराज ने एक झटका दिया। नाथन मैकस्वीनी (0), पैट कमिंस (सी) और मार्नस लाबुशेन (3) पवेलियन लौट चुके हैं। उस्मान ख्वाजा 3 रन बनाकर नाबाद हैं। इससे पहले, भारत ने विराट कोहली के शतक के बाद भारत ने अपनी दूसरी पारी 487 रन पर घोषित की। कोहली के अलावा भारत के लिए यशस्वी जायसवाल ने शतक जड़ा। उन्होंने 161 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं केएल राहुल ने 77 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया को अगर पर्थ टेस्ट में जीत दर्ज करनी है तो इतिहास रचना होगा। दरअसल, टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में हाइएस्ट टारगेट चेज 418 रन का है। आज तक टेस्ट क्रिकेट में 500 या उससे अधिक रन का टारगेट चेज नहीं हुआ है। भारत ने पहली पारी में 150 रन बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम मात्र 104 रप सिमट गई थी। पहली पारी के बाद भारत के पास 46 रनों की बढ़त थी। तीसरे दिन का खेल खत्म हो गया है। ऑस्ट्रेलिया ने तीसरे दिन स्टंप्स तक 4.2 ओवर में 12 रन जोड़कर 3 विकेट गंवा दिए। recent visitors 81

कोई उपचुनाव नहीं लड़ेगी बसपा, मायावती की करारी हार के बाद बड़ा एलान

लखनऊ. यूपी में नौ विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने अब कोई भी उपचुनाव नहीं लड़ने का एलान किया है। उन्होंने कहा कि जब तक चुनाव आयोग फर्जी मतदान रोकने के लिए कोई सख्त निर्णय नहीं उठाता है तब तक बसपा किसी भी उपचुनाव में भाग नहीं लेगी। उन्होंने कहा कि पहले बैलेट से फर्जी मतदान होते थे अब यह ईवीएम से भी होने लगा है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि सिर्फ उपचुनाव ही नहीं लड़ेंगे। बाकी चुनाव में भाग लेंगे। वहीं, बसपा सुप्रीमो मायावती के इस बयान पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अब यूपी में उपचुनाव होने भी नहीं हैं। हालांकि, अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर कोर्ट का फैसला होने के बाद उपचुनाव हो सकते हैं। recent visitors 71

नई बस सेवा शुरू करने की बजाय बदला रूट, राजस्थान-केकड़ी में ब्यावर-रावतभाटा के लोगों में बढ़ी खींचतान

केकड़ी. लंबे समय से ब्यावर से रावतभाटा वाया भिनाय होकर चलने वाली रोडवेज बस सेवा का शनिवार से रूट बदलकर वाया टांटोती कर दिया गया, इससे जहां टांटोती सहित नए रूट पर आने वाले गांवों के लोग खुश हो गए हैं, वहीं अब तक इस बस सेवा से लाभान्वित भिनाय सहित पुराने रूट पर आने वाले गांवों के लोगों में असंतोष व्याप्त हो गया है। ये दोनों ही इलाके केकड़ी जिले में आते हैं। केकड़ी जिले के टांटोटी क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से ब्यावर- केकड़ी रूट पर वाया टांटोती होकर रोडवेज बस चलाने की मांग की जा रही थी, जिस पर शनिवार को ब्यावर रोडवेज डिपो ने इस रूट पर रोडवेज बस सेवा शुरू कर दी। डिपो द्वारा ब्यावर से रावतभाटा वाया टांटोटी रोडवेज बस सेवा शुरू करने पर ग्रामीणों ने खुशी जताई है। रोडवेज डिपो प्रशासन के अनुसार रोडवेज बस ब्यावर से निर्धारित समय सुबह 8:50 बजे से प्रस्थान कर मसूदा, बांदनवाड़ा होते हुए 11 बजे टांटोटी पहुंचेगी। यहां से गोयला, सरवाड़, केकड़ी, कोटा, रावतभाटा तक जाएगी व इसी रूट से होते हुए वापस आएगी। ग्रामीणों ने बताया कि इस रूट पर रोडवेज बस चलाने की लंबे समय से मांग की जा रही थी। यह रूट अब स्टेट हाईवे के रूप में भी विकसित हो चुका है। इस रूट पर एक रोडवेज बस की सुविधा मिलने से ग्रामीणों को दूरस्थ यात्रा सुगम होगी और ग्राम कीटाप, सूरजपुरा, कुम्हारिया पंचायत व इनसे सटे कई गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। इधर ब्यावर से रावतभाटा वाया भिनाय होते हुए जाने वाली रोडवेज बस को वाया टांटोटी होकर संचालित करने के आदेश पर भिनाय क्षेत्र के लोगों में रोष व्याप्त हो गया है। इस मामले का मूल पहलू यह है कि रोडवेज प्रशासन ने टांटोती होकर नई बस सेवा चालू नहीं की है, बल्कि पहले से वाया भिनाय होकर चल रही बस का रूट बदलकर उसे भिनाय के बजाय टांटोती होकर कर दिया। भिनाय कस्बे के राजेंद्र टेलर ने बताया कि ब्यावर डिपो द्वारा वर्षों से संचालित ब्यावर से रावतभाटा वाया मसूदा, बांदनवाड़ा, भिनाय, नागोला, कनेईकला, जालियां रोडवेज बस को 23 नवंबर से वाया बांदनवाड़ा, टांटोटी, जोताया, गोयला, सरवाड़ होकर संचालित करने के आदेश से लोगों में रोष व्याप्त हो गया है। उन्होंने बताया कि वर्षों पुरानी संचालित रोडवेज बस को मौखिक आदेश से ब्यावर रोडवेज डिपो के प्रबन्धक यातायात द्वारा शुक्रवार को जारी ड्यूटी चार्ट में मार्ग का नाम ब्यावर से रावतभाटा वाया टांटोटी अंकित कर दिया गया। भिनायवासियों का कहना है कि ब्यावर से केकड़ी तक वाया भिनाय 95 किलोमीटर दूरी है, वहीं ब्यावर से केकड़ी वाया बांदनवाड़ा, टांटोटी तक दूरी भी 95 किलोमीटर ही है। उक्त वर्णित दोनों मार्गों पर उक्त बस का किराया भी एक तरफ का 95 रुपये ही है। वर्षों पुरानी संचालित इस रोडवेज बस में बांदनवाड़ा से भिनाय, नागोला, कनेईकलां, जालियां सड़क मार्ग क्षेत्र से ही कोटा व रावतभाटा तक आवागमन करने वाली अधिकांश सवारियां रोजाना उपलब्ध हो रही हैं। ब्यावर डिपो को पर्याप्त यात्री भार से आमदनी भी हो रही है। अब इस बस का शनिवार को अचानक रूट बदल दिया गया, जिससे बांदनवाड़ा से भिनाय होकर नागोला, कनेईकला, जालियां आदि ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों में भारी असंतोष व नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों ने रोडवेज प्रशासन से ब्यावर डिपो द्वारा संचालित वर्षों पुरानी ब्यावर से रावतभाटा रोडवेज बस को पूर्ववत ही वाया-बांदनवाड़ा से भिनाय, नागोला, कनेईकला, जालिया होकर ही संचालित करने की मांग की है। ज्ञातव्य है कि भिनाय से अजमेर चलने वाली रोडवेज बस को भी अजमेर आगार ने बंद कर दिया है। साथ ही ब्यावर से केकड़ी मार्ग पर भी काफी बसें बंद हो चुकी हैं। रात्रि के 8 बजे बाद भिनाय में आवागमन की कोई सुविधा नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में रावतभाटा जाने वाली बस के मार्ग में परिवर्तन से लोगों का रोष बढ़ता जा रहा है। recent visitors 188

अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए दावा किया कि सपा के 2047 तक सत्ता में आने की संभावना नहीं: केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन के शानदार प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए दावा किया कि सपा के 2047 तक सत्ता में आने की संभावना नहीं है। राज्य की नौ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन सात और सपा दो सीट पर विजयी रही। उत्तर प्रदेश में विधानसभा की नौ सीट पर हुए उपचुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) ने सीसामऊ एवं करहल सीट जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गाजियाबाद, खैर, फूलपुर, मझवां, कटेहरी और कुंदरकी में जीत दर्ज की। भाजपा की सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने मीरापुर सीट पर जीत हासिल की। 'सपा का फर्जी पीडीए उपचुनाव में धराशायी' केशव मौर्य ने सपा के नारे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का जिक्र करते हुए ‘एक्स' पर रविवार को लिखा, ‘‘सपा का फर्जी पीडीए (परिवार डबलपमेंट एजेंसी) उपचुनाव में धराशायी। नौ सीट पर जीत का दावा करने वाले अब गिनती नहीं बता पा रहे।'' उन्होंने सपा पर आरोप लगाया कि उसने लोकसभा 2019 में बसपा (बहुजन समाज पार्टी), 2024 में कांग्रेस से गठबंधन कर पिछड़ों और दलितों को गुमराह किया, परंतु जनता ने सपा को सिरे से नकार दिया। मौर्य ने करहल और सीसामऊ में भी भविष्य में जीत हासिल का दावा करते हुए कहा, ‘‘करहल से सीसामऊ तक सपा के गढ़ भी ढहेंगे और भाजपा के सुशासन का कमल खिलेगा।'' 'अखिलेश जी, 2027 तो छोड़िए, 2047 तक इंतजार कीजिए' डिप्टी सीएम ने कहा, ‘‘2027 में हम 2017 दोहराएंगे और एक बार फिर 300 पार के लक्ष्य के साथ नयी इबारत लिखेंगे। एक हैं तो ‘सेफ' हैं! मोदी जी के नेतृत्व में देश भी ‘सेफ' (सुरक्षित), विकास भी ‘सेफ'।'' मौर्य ने कहा, ‘‘अखिलेश जी, 2027 तो छोड़िए, 2047 तक इंतजार कीजिए, फिर भी सपा के सत्ता में आने की उम्मीद नहीं।'' सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने उपचुनाव के लिए प्रचार के दौरान दावा किया था कि सपा सभी नौ सीट जीतेगी और 2027 में उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा। recent visitors 73

पर्थ टेस्ट में भारत ने तीसरे दिन अपना पलड़ा भारी रखा, ऑस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 12 रन

पर्थ युवा यशस्वी जायसवाल और अनुभवी विराट कोहली के ‘बहु प्रतीक्षित’ शतक से ऑस्ट्रेलिया को 534 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य देने के बाद भारत ने मेजबान टीम का स्कोर तीन विकेट पर 12 रन करके रविवार को यहां पहले क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन अपना पलड़ा भारी रखा। जसप्रीत बुमराह (एक रन पर दो विकेट) और मोहम्मद सिराज (सात रन पर एक विकेट) ने 4.2 ओवर में ऑस्ट्रेलिया को तीन झटके देकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई। बुमराह ने पारी के पहले ही ओवर में नाथन मैकस्वीनी (00) को पगबाधा किया जिसके बाद सिराज ने कप्तान पैट कमिंस (02) को स्लिप में कोहली के हाथों कैच कराया। बुमराह ने स्टार बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन (03) को पगबाधा किया जो दिन की आखिरी गेंद साबित हुई। दिन का खेल खत्म होने पर सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा तीन रन बनाकर खेल रहे थे। ऑस्ट्रेलिया को अब जीत के लिए 522 रन जबकि भारत को सिर्फ सात विकेट की दरकार है। जायसवाल ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा की झलक पेश करते हुए ऑस्ट्रेलिया में अपने पहले ही टेस्ट में 161 रन बनाए। दिसंबर में 23 बरस के होने जा रहे जायसवाल ने अपनी पारी के दौरान 297 गेंद का सामना करते हुए 15 चौके और तीन छक्के जड़े। उन्होंने लोकेश राहुल (77) के साथ पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 201 रन की साझेदारी की। जायसवाल के आउट होने के बाद भारतीय टीम जब संकट में घिरी तो मोर्चा 36 साल के कोहली (नाबाद 100, 143 गेंद, आठ चौके, दो छक्के) ने संभाला और जुलाई 2023 के बाद अपना पहला और कुल 30वां टेस्ट शतक जड़ा। उन्होंने वाशिंगटन सुंदर (29) के साथ छठे विकेट के लिए 89 जबकि नितीश कुमार रेड्डी (नाबाद 38) के साथ सातवें विकेट की 77 रन की अटूट साझेदारी की। पिच से असमान उछाल मिल रहा है जिससे भारतीय कप्तान जसप्रीत बुमराह और उनके साथी गेंदबाज खुश होंगे। ऑस्ट्रेलिया को रिकॉर्ड लक्ष्य मिला है। लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है जिसने मई 2003 में सेंट जोंस में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सात विकेट पर 418 रन बनाकर जीत दर्ज की थी। ऑस्ट्रेलिया में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के नाम है जिसने दिसंबर 2008 में पर्थ के ही वाका मैदान पर चार विकेट पर 406 रन बनाकर जीत दर्ज की थी। भारत की दूसरी पारी में तीसरे दिन का दूसरा सत्र ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे सफल रहा जिसमें टीम ने चार विकेट चटकाए। भारत ने सत्र की शुरुआत एक विकेट पर 275 रन से की और 321 रन तक पांच विकेट गंवा दिए। कोहली और सुंदर ने इसके बाद पारी को संभाला। कोहली ने स्टार्क जबकि सुंदर ने ट्रेविस हेड पर छक्का मारा। कोहली ने कमिंस की गेंद पर तीन रन के साथ 94 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। सुंदर लियोन की गेंद को स्लॉग स्वीप करने की कोशिश में बोल्ड हुए। पदार्पण कर रहे रेड्डी ने मार्श पर छक्का जड़ने के बाद उनके ओवर में लगातार तीन चौके भी मारे। कोहली ने लियोन पर छक्का मारा और फिर लाबुशेन पर चौके के साथ 143 गेंद के शतक पूरा किया जिसके बाद कप्तान बुमराह ने पारी घोषित कर दी। एडीलेड में दूसरे टेस्ट से पहले देवदत्त पडिक्कल (25) और ध्रुव जुरेल (01) के पास खुद को साबित करने का मौका था लेकिन ये दोनों इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे। दूसरे टेस्ट में इन दोनों की जगह कप्तान रोहित शर्मा और चोटिल शुभमन गिल की वापसी लगभग तय है। पडिक्कल ने चाय के बाद जोश हेजलवुड (28 रन पर एक विकेट) की पहली ही गेंद पर स्लिप में स्मिथ को कैच थमाया। भारत को सबसे बड़ा झटका जायसवाल के रूप में लगा जो मिशेल मार्श (65 रन पर एक विकेट) की गेंद को प्वाइंट पर सीधे स्मिथ के हाथों में खेल गए। ऋषभ पंत (01) ने एक बार फिर आक्रामक रवैया अपनाने की कोशिश की लेकिन नाथन लियोन (96 रन पर दो विकेट) की गेंद पर स्टंप हो गए।कमिंस ने जुरेल को पगबाधा करके भारत को पांचवां झटका दिया। ठीक 32 साल पहले 17 साल के सचिन तेंदुलकर ने वाका की टूटती पिच पर अंतिम दो दिन बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़कर दुनिया का ध्यान खींचा था। इसके बाद तेंदुलकर ने क्रिकेट के मैदान पर जो किया वह इतिहास के पन्नों में दर्ज है। और अब जायसवाल ने दुनिया को दिखा दिया है कि भारत का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। वह तेंदुलकर के बाद पर्थ में शतक जड़ने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय बल्लेबाज हैं। जायसवाल ने हेजलवुड की बाउंसर को विकेटकीपर के ऊपर से छह रन के लिए भेजकर अपना चौथा टेस्ट शतक पूरा किया जो एसईएनए (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) देशों में उनका पहला शतक है। उन्होंने अपने चारों शतक के दौरान 150 से अधिक रन बनाए हैं। इस छक्के के साथ जायसवाल और राहुल की सलामी जोड़ी ने भारत की ओर से 191 रन की पिछली सर्वश्रेष्ठ साझेदारी को पीछे छोड़ा जो 1986 में सुनील गावस्कर और कृष्णमाचारी श्रीकांत ने बनाई थी। दूसरे दिन रक्षात्मक होकर खेलने वाले राहुल ने 60 ओवर से अधिक पुरानी गेंद के खिलाफ तेज रन बनाने की कोशिश की। उन्होंने मिशेल स्टार्क की गेंदों पर कुछ रन जुटाए लेकिन शतक से चूक गए। ऑस्ट्रेलिया में 200 रन की साझेदारी पूरी करने वाली पहली भारतीय सलामी जोड़ी बनने के बाद राहुल ने स्टार्क की कोण लेती गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी को कैच थमाया। recent visitors 71

आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में श्रेयस अय्यर के ऊपर हुई धनवर्षा, 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा

नई दिल्ली आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन के पहले ही दिन इंडियन प्रीमियर लीग के ऑक्शन के सारे रिकॉर्ड टूट गए। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन के पहले दिन के दूसरे खिलाड़ी श्रेयस अय्यर थे। आईपीएल 2024 के विजेता कप्तान श्रेयस अय्यर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिटेन नहीं किया था। इसके बाद वे ऑक्शन में आए और वे आईपीएल के सबसे महंगे क्रिकेटर बन गए। आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में उनके ऊपर धनवर्षा और वे ऑक्शन में सबसे महंगे खिलाड़ी के तौर पर मिचेल स्टार्क का रिकॉर्ड तोड़ दिया। उनको पंजाब किंग्स टीम ने 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा। केकेआर को 2024 में उन्होंने ट्रॉफी जिताई थी। पिछले साल मिनी ऑक्शन में मिचेल स्टार्क को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा था। श्रेयस अय्यर को अब 26.75 करोड़ रुपये में पंजाब किंग्स ने खरीदा है। आखिर तक दिल्ली कैपिटल्स ने श्रेयस पर बोली लगाई, लेकिन पंजाब के पास पर्स ज्यादा है। ऐसे में उन्होंने श्रेयस अय्यर को चुना, जो कप्तानी भी करेंगे। वे दिल्ली कैपिटल्स की टीम की कप्तानी पहले कर चुके हैं और फाइनल तक का सफर तय करा चुके हैं। केकेआर को तो उन्होंने इसी साल चैंपियन बनाया है। ऐसे में ये अच्छी डील पीबीकेएस के लिए है। recent visitors 150

शहजाद पूनावाला ने कहा- जब भी कांग्रेस चुनाव हारती है, तो वे इसके लिए चुनाव आयोग और ईवीएम को दोषी ठहराते हैं

नई दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने रविवार को विपक्षी कांग्रेस पर नए हमले किए, क्योंकि पार्टी ने कहा है कि महाराष्ट्र चुनाव परिणाम 'अस्वीकार्य' हैं। उन्होंने कहा, "कांग्रेस की एक ही पहचान, लोकतंत्र और जनता का अपमान करो। पार्टी हमेशा जनता की अंतरात्मा पर सवाल उठाती है। जब भी कांग्रेस चुनाव हारती है, तो वे इसके लिए चुनाव आयोग और ईवीएम को दोषी ठहराते हैं।" शहजाद पूनावाला ने कहा, "उनके अनुसार, झारखंड, जम्मू कश्मीर और वायनाड में यह लोकतंत्र की जीत थी। हालांकि, महाराष्ट्र में, चूंकि वे हार गए, इसलिए लोकतंत्र हार गया। कांग्रेस पार्टी भाई-भतीजावाद को लोकतंत्र से ऊपर रखती है। कांग्रेस पार्टी एक बोझ की तरह है। अगर आप इसे देखें, तो कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता खुद ही पार्टी को बोझ समझते हैं।'' इससे पहले शनिवार को कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों पर असंतोष व्यक्त किया था और इसे "अस्वीकार्य" करार दिया था। महाराष्ट्र में चुनाव अस्वीकार्य- कांग्रेस महाराष्ट्र और झारखंड चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद एएनआई से बात करते हुए अल्वी ने कहा कि भारत और लोकतंत्र हार गए हैं। उन्होंने कहा, "जिस तरह से हरियाणा के तुरंत बाद महाराष्ट्र में चुनाव हुए और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लगभग सभी उम्मीदवार जीत गए, ऐसा भारत में कभी नहीं हुआ। भाजपा ने महाराष्ट्र जीत लिया, लेकिन भारत हार गया। लोकतंत्र हार गया। संविधान हार गया।" उन्होंने कहा, ‘‘महाराष्ट्र में चुनाव अस्वीकार्य हैं।’’ महाराष्ट्र में भाजपा ने 132 सीटें जीतीं महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने जीत हासिल की। ​​महायुति का नेतृत्व कर रही भाजपा ने अपने सहयोगी दलों शिवसेना और एनसीपी को साथ लेकर शानदार जीत दर्ज की। महाराष्ट्र में भाजपा ने 132 सीटें जीतीं, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 57 सीटें जीतीं, और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने 41 सीटें जीतीं। राज्य में 288 विधानसभा सीटें हैं। भाजपा का स्ट्राइक रेट रहा शानदार महा विकास अघाड़ी (एमवीए) के घटकों को करारा झटका लगा, जिसमें उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) को 20 सीटें, कांग्रेस को 16 और शरद पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी (एससीपी) को केवल 10 सीटें मिलीं। महाराष्ट्र में भाजपा ने 148 सीटों पर चुनाव लड़कर 133 सीटें जीतीं, जिससे पार्टी का स्ट्राइक रेट शानदार रहा। पार्टी के सहयोगी दलों शिवसेना और एनसीपी का स्ट्राइक रेट भी बहुत अच्छा रहा। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 20 नवंबर को हुए थे। झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने सत्ता बरकरार रखी। झारखंड में विधानसभा चुनाव दो चरणों में हुए। पहला चरण 13 नवंबर को और दूसरा चरण 20 नवंबर को हुआ।   recent visitors 64