महाराष्ट्र: भाजपा सीएम के साथ आधे से ज्यादा विभाग अपने पास रख सकती है, आज हो सकती तस्वीर साफ

मुंबई महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री को लेकर तस्वीर गुरुवार को साफ हो सकती है। इसी बीच खबरें हैं कि शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे को 3 बड़े मंत्रालय दिए जा सकते हैं। हालांकि, अब तक आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ, लेकिन अटकलें हैं कि भारतीय जनता पार्टी सीएम के साथ आधे से ज्यादा विभाग अपने पास रख सकती है। महाराष्ट्र सरकार में अधिकतम 43 मंत्रालय हो सकते हैं। किसे क्या मिलेगा मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि भाजपा शिवसेना को 3 बड़े समेत 12 कैबिनेट बर्थ दे सकती है। वहीं, अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के खाते में कैबिनेट की 9 सीटें आ सकती हैं। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि भाजपा करीब आधी कैबिनेट बर्थ अपने विधायकों में बांट सकती है। अभी आधिकारिक ऐलान बाकी है। एकनाथ शिंदे को क्या मिलेगा रिपोर्ट के मुताबिक, शिवसेना को शहरी विकास, लोक निर्माण विभाग और जल संसाधन मिल सकता है। अटकलें ये भी हैं कि राज्य में पहले की तरह एक मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला चल सकता है। इनमें एक-एक पद शिवसेना और एनसीपी को मिल सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, सूत्रों का कहना है कि अजित पवार ने अपने नेताओं से कहा है कि शपथ ग्रहण इस वीकेंड हो सकता है। भाजपा से हो सकता है सीएम भाजपा या महायुति के अन्य दो दलों की तरफ से अभी तक आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि राज्य का मुख्यमंत्री भाजपा से आ सकता है। इस दौड़ में पहले भी राज्य का शीर्ष पद संभाल चुके देवेंद्र फडणवीस का नाम आगे है। महायुति ने 288 में से 230 सीटें हासिल की है, जिनमें भाजपा 132 सीटों पर विजयी रही। क्या बोले एकनाथ शिंदे एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिंदे ने कहा, 'मोदी और शाह जो भी निर्णय लेंगे, शिवसेना उसका पालन करेगी। उन्होंने दोहराया कि मैंने मोदी और शाह से कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री उम्मीदवार पर फैसला लेना चाहिए और यह हमारे लिए अंतिम होगा।' उन्होंने कहा, 'हम बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे के विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं। हमें शाह और मोदी दोनों ने कहा था कि हम आपके पीछे पहाड़ की तरह खड़े हैं। recent visitors 63

शौचालयों में फ़ैली गंदगी और गुटखा पाउच, छत्तीसगढ़-खैरागढ़ नपा में सफाई में 10.93 लाख रुपये का खेल

खैरागढ़. सरकारी पैसों की बंदरबांट का अड्डा बन चुकी खैरागढ़ नगर पालिका एक बार फिर विवादों के केंद्र में है. इस बार स्वच्छता श्रृंगार योजना में खेल का बड़ा खुलासा हुआ है. इस योजना के तहत सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई और देखरेख के लिए 10.93 लाख रुपये की राशि आवंटित की गई थी, लेकिन शौचालयों की स्थिति यह दिखा रही है कि सफाई के नाम पर केवल कागजों पर ही काम हुआ है. भिलाई की शोभा वेलफेयर एजेंसी को खैरागढ़ के 19 शौचालयों की सफाई और देखभाल का जिम्मा सौंपा गया था, जिसमें ईतवारी बाजार और पुराने थाने के पास स्थित शौचालयों में 24 घंटे केयरटेकर रखने की शर्त भी जोड़ी गई थी. लेकिन हकीकत यह है कि पिछले चार साल से इन शौचालयों में कोई सफाई कर्मचारी नहीं दिखा है, और शौचालयों की हालत बदतर हो चुकी है. टूटे टाइल्स, गंदगी से भरे कोने और दुर्गंध ने इन शौचालयों को उपयोग लायक नहीं छोड़ा. इसके बावजूद हर महीने 1.8 लाख रुपये एजेंसी को भुगतान किया जा रहा है. जिम सामग्री और कुर्सी खरीदी में पहले भी खेला यह पहला मामला नहीं है जब नगर पालिका खैरागढ़ पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा हो. इससे पहले भी जिम सामग्री खरीदी में 37 लाख रुपये का घोटाला और आरसीसी कुर्सी घोटाले में लाखों रुपये का फर्जीवाड़ा सामने आया था. बिना जिम का सामान खरीदे लाखो रुपये का भुकतान कर सरकार को चूना लगाने वाले सीएमओ को निलंबित भी किया गया था वही आरसीसी कुर्सी के नाम पर भी लाखो रुपए का घोटाला पालिका में हुआ था आरसीसी कुर्सी पर जितनी रकम नगर पालिका ने खर्च की है उतने में शहर में दो हज़ार कुर्सियाँ लग जाती लेकिन शहर में केवल सौ से दो सौ ही कुर्सियाँ दिखाई देती हैं. पालिका में चल रहे इस खेल पर सांसद प्रतिनिधि भागवत शरण सिंह ने बताया कि, “कांग्रेस शासनकाल में अध्यक्ष और अधिकारियों ने मिलकर ऐसी योजनाएं बनाई ताकि सरकारी पैसों की बंदरबांट की जा सके. भाजपा सरकार आने के बाद सीएमओ पर कार्रवाई हुई है, आगे और भी भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई होगी.” इधर, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा, “तत्कालीन सीएमओ कुलदीप झा और अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा दोनों के संयुक्त हस्ताक्षर से भुगतान हुआ था. शिकायत के बाद सीएमओ को निलंबित किया गया, लेकिन अध्यक्ष ने भाजपा में शामिल होकर जांच को रुकवा दिया. स्वच्छता श्रृंगार के नाम पर लाखों रुपये का घोटाला हुआ है, भाजपा नगर पालिका को भ्रष्टाचार का केंद्र बनाने और सभी जांचों को दबाने का काम कर रही है. कांग्रेस इस मुद्दे पर रायपुर में शिकायत और खैरागढ़ में विरोध प्रदर्शन करेगी. विधायक यशोदा वर्मा के नेतृत्व में इस मामले को लेकर कांग्रेस सख्त कदम उठाएगी.” पूरे मामले पर खैरागढ़ के सीएमओ प्रमोद शुक्ला ने कहा, “मीडिया से मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ठेकेदार को नोटिस जारी किया है और अन्य आरोपों की भी जांच चल रही है.” खैरागढ़ जिला मुख्यालय ने अपनी बदहाल स्थिति लिए अब तक तीन कलेक्टर देख लिए हैं, लेकिन कलेक्टोरेट से लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक की एक सड़क छोड़कर बाकी शहर आज भी एक ग्राम पंचायत से भी बदतर हालत में है. जिले के तमाम बड़े अधिकारी इसी मुख्यालय में रहते हैं, लेकिन फिर भी नगर पालिका में चल रही बंदरबांट और शहर की बदहाल व्यवस्था उन्हें दिखाई नहीं देती. शायद ये अधिकारी जिला मुख्यालय की इस एक सड़क के अलावा और कहीं नहीं जाते होंगे!! खैरागढ़ नगर पालिका का यह मामला प्रशासन और उसकी पारदर्शिता पर कई बड़े सवाल खड़े करता है. recent visitors 49

पंजाब किंग्स के कोच पोंटिंग ने कहा, ‘नीलामी इससे बेहतर नहीं हो सकती थी’

चंडीगढ़ पंजाब किंग्स के थिंक टैंक ने आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी के अंत में सफलता के लिए तैयार की गई टीम को इकट्ठा किया, मुख्य कोच रिकी पोंटिंग नीलामी की मेज पर टीम के प्रदर्शन से खुश थे और उन्होंने विश्लेषकों और स्काउट्स को उनके प्रयासों का श्रेय देते हुए कहा, “यह इससे बेहतर नहीं हो सकता था”। पंजाब किंग्स ने नीलामी में केवल दो खिलाड़ियों को बनाए रखा और 110.5 करोड़ रुपये की अधिकतम राशि के साथ, नए मुख्य कोच पोंटिंग के साथ शुरुआत से ही टीम को आगे बढ़ाने का लक्ष्य रखा। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद की 18 करोड़ रुपये की अंतिम बोली के खिलाफ अपने राइट-टू-मैच (आरटीएम) कार्ड का इस्तेमाल करने का फैसला करने के बाद अर्शदीप सिंह को खरीदा।किंग्स ने आईपीएल जीतने वाले पूर्व कप्तान श्रेयस अय्यर को 26.75 करोड़ रुपये में खरीदा, जो नीलामी में  ऋषभ पंत के बाद दूसरा सबसे महंगा सौदा है, जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स ने 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। पोंटिंग ने कहा, “नीलामी शानदार रही। ईमानदारी से कहूं तो यह इससे बेहतर नहीं हो सकती थी। इसमें बहुत मेहनत और टीम का बहुत प्रयास रहा। विश्लेषकों ने शानदार काम किया है, उन्होंने मुझे स्थानीय खिलाड़ियों के बारे में बहुत जानकारी दी है। जाहिर है, मैं विदेशी खिलाड़ियों के बारे में बहुत कुछ जानता हूं।” पीबीकेएस की तीसरी सबसे बड़ी खरीद आईपीएल इतिहास में 200 विकेट लेने वाले एकमात्र खिलाड़ी युजवेंद्र चहल को 18 करोड़ रुपये में खरीदा। फिर, उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जोड़ी मार्कस स्टोइनिस (11 करोड़ रुपये) और गेलन मैक्सवेल (4.20 करोड़ रुपये) को खरीदा। सफल नीलामी पर विचार करते हुए, टीम के सह-मालिक नेस वाडिया ने पोंटिंग द्वारा किए गए योगदान को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, “रिकी के बगल में बैठना और विश्लेषकों, सौरभ और आशीष के साथ इतना कुछ सीखना खुशी की बात है। यह एक शानदार टीम प्रयास था। उन्होंने पिछले डेढ़ महीने में कम से कम 200-300 घंटे लगाए। इसलिए, सारी मेहनत रंग लाई और अब हम महत्वपूर्ण भाग पर आते हैं: खेलना।” सह-मालिक प्रीति जिंटा ने नीलामी के दो दिनों में टीम के प्रदर्शन से प्रसन्नता व्यक्त की और कहा, “नीलामी हमेशा बहुत गतिशील होती है, लेकिन अगर आपको अपने मनचाहे खिलाड़ियों में से नब्बे प्रतिशत से अधिक खिलाड़ी मिल जाते हैं, तो यह एक शानदार नीलामी है। हमें अपने मनचाहे खिलाड़ियों में से नब्बे प्रतिशत से अधिक खिलाड़ी मिल गए। यह कड़वाहट भरा अनुभव था क्योंकि हमें कुछ खिलाड़ियों को छोड़ना पड़ा। यही हमारी गणना थी: अगर हम कम से कम रिटेंशन और सबसे अधिक पर्स के साथ एक साफ स्लेट के साथ आगे बढ़ते हैं, तो हमें कुछ पूरी तरह से अलग करने की सुविधा मिलती है। उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए नए दृष्टिकोण को दोहराया और टीम में शामिल किए गए खिलाड़ियों से प्रसन्न थीं। “इस सीज़न में, हमारे पास एक नया दृष्टिकोण, एक नया कोच, एक नया स्टेडियम और नई उम्मीद है। कुछ पूर्व खिलाड़ी वापस आ गए हैं। हमारे पास स्टोइनिस हैं, हमारे पास मैक्सी हैं, हमारे पास अर्श हैं। अर्श, ज़ाहिर है, पंजाबी भी हैं। हमारे पास नेहल भी हैं, जो पंजाब से हैं। हमारे पास हरनूर भी हैं। हमारे लिए अपने कैचमेंट से युवा प्रतिभाओं को लाना बहुत महत्वपूर्ण था।” पंजाब किंग्स की पूरी टीम: श्रेयस अय्यर, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, मार्कस स्टोइनिस, ग्लेन मैक्सवेल, शशांक सिंह, प्रभसिमरन सिंह, हरप्रीत बरार, विजयकुमार वैशाख, यश ठाकुर, मार्को जेनसन, जोश इंगलिस, लॉकी फर्ग्यूसन, अजमतुल्लाह उमरजई, हरनूर पन्नू, कुलदीप सेन, प्रियांश आर्य, आरोन हार्डी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, जेवियर बार्टलेट, पायला अविनाश, प्रवीण दुबे, नेहल वढेरा।   recent visitors 56

प्रियंका गांधी ने सांसद की शपथ के साथ दिया बड़ा संदेश, संविधान वाले दांव को भी शपथ के साथ ही चलने की कोशिश

नई दिल्ली वायनाड लोकसभा सीट से चुनी गईं प्रियंका गांधी ने आज सांसद के तौर पर शपथ ली। कांग्रेस की नेता शपथ के दौरान हाथ में संविधान की कॉपी लिए रहीं। इस तरह उन्होंने संविधान वाले दांव को भी शपथ के साथ ही चलने की कोशिश की, जिस पर कांग्रेस समेत विपक्ष ने लोकसभा चुनाव के दौरान नैरेटिव तैयार किया था। लोकसभा इलेक्शन में कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों ने आरोप लगाया था कि सरकार इसलिए 400 सीट चाहती है ताकि संविधान बदला जा सके और गरीबों का आरक्षण छीन लिया जाए। इसके बाद जब लोकसभा का सत्र शुरू हुआ तो कांग्रेस के सांसदों ने संविधान लेकर ही शपथ ली थी। अखिलेश यादव और अवधेश प्रसाद जैसे नेता भी संविधान की कॉपी लिए दिखे। उसी को अब प्रियंका गांधी ने भी आगे बढ़ाया है। प्रियंका गांधी की शपथ के मौके पर उनके पति रॉबर्ट वाड्रा, बेटे रिहान वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा भी लोकसभा पहुंचे। इसके अलावा उनकी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी पहले से ही सदन में मौजूद थे। राहुल गांधी खुद रायबरेली लोकसभा सीट से सांसद हैं, जबकि सोनिया गांधी राज्यसभा की मेंबर हैं। प्रियंका गांधी ने वायनाड लोकसभा सीट का उपचुनाव 4 लाख 10 हजार से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की है। उन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के प्रत्याशी सत्यन मोकेरी को मात देकर लोकसभा में एंट्री की है। यहां से भाजपा ने नव्या हरिदास को चुनाव में उतारा था। बुधवार को ही अपने निर्वाचन का सर्टिफिकेट प्रियंका गांधी ने लिया था और कहा था कि यह हमारी मेहनत, प्यार और जनता के भरोसे की जीत है। प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा था, 'मेरे साथ वायनाड से मेरी जीत का सर्टिफिकेट लेकर आए। मेरे लिए यह सिर्फ एक दस्तावेज नहीं है बल्कि प्यार, भरोसे और प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुझे चुनने के लिए वायनाड का धन्यवाद।' इसी साल जून में आए लोकसभा के नतीजों में राहुल गांधी यहां से जीते थे। इसके अलावा रायबरेली से भी वह जीते थे, ऐसे में उन्होंने वायनाड की सीट छोड़ी दी और अब यहां उपचुनाव हुआ तो प्रियंका गांधी को जीत मिली है। recent visitors 69

हाईकोर्ट में याचिका पर आज होगी सुनवाई, छत्तीसगढ़-नान घोटाले में पूर्व महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा को मिलेगी अग्रिम जमानत!

रायपुर। पूर्व महाधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा की अग्रिम जमानत याचिका पर आज छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में जस्टिस रविंद्र अग्रवाल के सिंगल बेंच में सुनवाई होगी. वर्मा के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने बहुचर्चित नान घोटाला पर मामला दर्ज किया है. मामले में वर्मा ने पहले रायपुर एडीजे न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी, जिसके खारिज होने के बाद उन्होंने उच्च न्यायालय की शरण ली है. जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने डॉ. आलोक शुक्ला, अनिल टुटेजा, सतीश चंद्र वर्मा और अन्य पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धाराओं 7, 7क, 8, और 13(2) और भारतीय दंड संहिता की धाराएं 182, 211, 193, 195-ए, 166-ए, और 120बी के तहत अपराध दर्ज किया है. ईओडब्ल्यू की ओर से दर्ज एफआईआर के अनुसार, पूर्व आईएएस डॉ. आलोक शुक्ला और अनिल टुटेजा ने तत्कालीन महाधिवक्ता सतीशचंद्र वर्मा से पद का दुरूपयोग करते हुए लाभ लिया. दोनों अफसरों ने तत्कालीन महाअधिवक्ता वर्मा को लोक कर्तव्य को गलत तरीके से करने के लिए प्रेरित किया था. ईओडब्ल्यू का आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मिलकर एजेंसी (ईओडब्ल्यू) में काम करने वाले उच्चाधिकारियों से प्रक्रियात्मक दस्तावेज और विभागीय जानकारी में बदलाव करवाया, ताकि नागरिक आपूर्ति निगम के खिलाफ 2015 में दर्ज एक मामले में अपने पक्ष में जवाब तैयार कर हाईकोर्ट में अपना पक्ष मजबूती से रख सकें और उन्हें अग्रिम जमानत मिल सके. recent visitors 58

IMD ने बताया आज के मौसम का हाल, कहीं आंधी-बारिश तो कहीं कोहरे की मार, कैसा रहेगा यूपी-बिहार

नई दिल्ली बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना गहन दबाव क्षेत्र त्रिंकोमाली से लगभग 100 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व में अब भी बरकरार है और अगले 12 घंटों में इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने का अनुमान है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) चेन्नई ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। वहीं, मौसम विभाग ने कहा है कि दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में आज कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। कई शहरों में उड़ानों पर भी इसका असर देखने को मिला। आरएमसी ने अपने हालिया बुलेटिन में कहा कि यह श्रीलंका तट से होते हुए लगभग उत्तर-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ेगा तथा अगले 12 घंटों के दौरान एक चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा। आरएमसी ने कहा, ‘‘30 नवंबर की सुबह के आसपास यह गहन दबाव क्षेत्र के रूप में कराईकल और महाबलीपुरम के बीच उत्तरी तमिलनाडु-पुडुचेरी के तटों को पार करेगा। इस दौरान 50-60 से लेकर 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है।’’ तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश का अनुमान है। इसके अलावा चक्रवात ‘फेंगल’ के चेन्नई के निकट तटों से गुजरने की संभावना है। यूपी का मौसम उत्तर प्रदेश की बात करें तो आज राज्य में मौसम सामान्य रूप से साफ रहने की संभावना है। दिन के समय हल्की धूप रहेगी और अधिकतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रात के समय ठंडक बढ़ेगी और न्यूनतम तापमान लगभग 14-16 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह हल्का कोहरा देखा जा सकता है, विशेष रूप से पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में। हवाएं सामान्य गति से चलेंगी​ बिहार का हाल बिहार में भी आज मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 27-28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। राज्य में ठंड धीरे-धीरे बढ़ रही है। पछुआ हवाएं तापमान में गिरावट का कारण बन रही हैं। सुबह और रात में हल्की ठंडक महसूस की जाएगी। पटना और इसके आसपास के इलाकों में हल्का कोहरा संभव है​। recent visitors 100

सीएम साय ने ट्वीट कर दी जानकारी, छत्तीसगढ़ में विभागों के 8900 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विभिन्न विभागों में 8900 से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया के जरिए दी. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किए अपने पोस्ट में बताया कि आज नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, विद्युत निरीक्षक कार्यालय एवं न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में कुल 151 पदों पर भर्ती को स्वीकृति दी है. इन नई भर्तियों से न केवल विभागों की दक्षता और कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को नई दिशा और गति भी मिलेगी. उन्होंने बताया कि अब तक उनकी सरकार ने 19 विभागों में कुल 8971 पदों पर भर्ती को स्वीकृति दी है, जो प्रदेश के मेधावी छात्रों को, शासकीय सेवा के उनके सपने को साकार करने का सुनहरा अवसर प्रदान कर रही है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री साय ने संदेश दिया कि प्रदेश के होनहार युवा, अपने लक्ष्य को पाने के लिए पूरी मेहनत और लगन से तैयारी करें. हमारी सरकार आपके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. ''आज नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण, विद्युत निरीक्षक कार्यालय एवं न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) में कुल 151 पदों पर भर्ती को स्वीकृति दी है। इन नई भर्तियों से न केवल विभागों की दक्षता और कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को नई दिशा और गति भी…'' — Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) November 27, 2024 recent visitors 52