Saturday, July 4, 2026 1:15 pm

सोना-चांदी के भावों में आई ‎गिरावट, जानें क्या हैं सोने चांदी के भाव

नई दिल्ली. दिसंबर महीने के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सोने-चांदी खरीदने वालों को राहत मिली है। सोमवार को सोने-चांदी के वायदा भाव में गिरावट देखी जा रही है। एमसीएक्स पर सोना 0.97 फीसदी गिरकर 76,382 रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास और चांदी 1.16 फीसदी गिरावट के साथ 90,147 रुपए के आसपास कारोबार कर रही है। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 700 रुपए की तेजी के साथ 79,400 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। गुरुवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 78,700 रुपए प्रति 10 ग्राम रही थी। चांदी की कीमत भी 1,300 रुपए उछलकर 92,200 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। जबकि गुरुवार को चांदी 4,900 रुपए टूटकर 90,900 रुपए प्रति किलोग्राम रही थी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 700 रुपए बढ़कर 79,000 रुपए के स्तर पर पहुंच गया जो गुरुवार को 78,300 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बाजार सूत्रों ने कहा कि विदेशों में सकारात्मक रुख और घरेलू मांग में वृद्धि के कारण बाजार धारणा मजबूत हुई, जिससे मुख्यत: सोने की कीमतों में तेजी आई। recent visitors 90

प्रधानमंत्री मोदी ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को भेजा न्योता, अगले साल की शुरुआत में आएंगे भारत

मास्को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करेंगे। हालांकि अभी तक पुतिन के दौरे की तारीख तय नहीं है। रूसी राष्ट्रपति, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योते पर भारत आ रहे हैं। रूसी दूतावास ने यह जानकारी दी है। क्रेमलिन के प्रवक्ता यूरी उशाकोव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'हमारे नेता की साल में एक बार बैठक करने का समझौता है। इस बार हमारी बारी है। हमें प्रधानमंत्री मोदी का न्योता मिला है और हम इस पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। अगले साल की शुरुआत में कोई तारीख तय हो सकती है।' रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद पुतिन का पहला भारत दौरा रूस और यूक्रेन में जंग शुरू होने के बाद यह व्लादिमीर पुतिन का पहला भारत दौरा है। इस वजह से पुतिन का यह दौरा बेहद अहम है, खासकर तब, जब भारत ने रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने की अपील की है। रूस और भारत के बीच इसके शीर्ष नेताओं द्वारा हर साल एक दूसरे देश के देश का दौरा करने पर सहमति बनी हुई है। इसी सहमति के तहत पुतिन का भारत दौरा हो रहा है। इस साल प्रधानमंत्री मोदी ने रूस का दौरा किया था। उल्लेखनीय है कि अगले साल क्वाड सम्मेलन में भाग लेने के लिए अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी भारत का दौरा करेंगे।    प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल दो बार किया रूस का दौरा दो सप्ताह पहले भी क्रेमलिन के प्रेस सचिव दिमत्री पेसकोव ने भी पुतिन के भारत दौरे पर जाने की जानकारी दी थी। पेसकोव ने कहा कि इस साल हमने दो बार प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी की और जल्द ही हम राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे की तारीख तय कर लेंगे। इससे पहले जुलाई में पीएम मोदी ने रूस का दौरा किया था और 22वें रूस-भारत सम्मेलन में शिरकत की थी। इसके बाद पीएम मोदी कजान में आयोजित हुए ब्रिक्स सम्मेलन में भी शामिल हुए थे।  recent visitors 78

रुपया दो पैसे बढ़कर 84.58 डॉलर पर

मुंबई. घरेलू शेयर बाजारों में नकारात्मक रुख के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में स्थिर खुला और अपने सर्वकालिक निम्न स्तर से केवल दो पैसे चढ़कर 84.58 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि अमेरिकी मुद्रा के मजबूत होने और विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी ने निवेशकों की भावनाओं को और प्रभावित किया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 84.59 प्रति डॉलर पर खुला और सीमित दायरे में कारोबार करता हुआ 84.58 प्रति डॉलर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले केवल दो पैसे की बढ़त दर्शाता है। शुरुआती कारोबार में यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले अपने सर्वकालिक निम्न स्तर 84.60 पर भी पहुंच गया। रुपया शुक्रवार को अपने सर्वकालिक निचले स्तर 84.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। recent visitors 65

बीजेपी के संकल्प पत्र के धोखे के खिलाफ विपक्ष का भोपाल में बड़ा आंदोलन, विधानसभा का घेराव 16 दिसंबर को करेगी कांग्रेस

भोपाल. बीजेपी को संकल्प पत्र के वादे याद दिलाने के लिए कांग्रेस 16 दिसंबर को भोपाल में एक बड़ा आंदोलन करने जा रही है। इसके तहत मार्च निकाला जाएगा और किसानों के साथ विपक्ष विधानसभा का घेराव करेगा। जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जो वादे किए थे, वो आज तक पूरे नहीं हुए हैं। प्रदेश में किसानों, बहनों, छात्रों, एससी-एसटी वर्ग और पत्रकारों सहित सभी के साथ धोखा हुआ है और इसके खिलाफ वो आवाज़ उठाने जा रहे हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि ‘अगर धोखा देने की कोई प्रतियोगिता होती, तो भाजपा उसमें गोल्ड मेडल लाती’। इसी के साथ उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने विधायकों की एक समिति भी बनाएगी जो भ्रष्टाचार के मुद्दों को उजागर करेगी। आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में जीतू पटवारी जी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार जी, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने संयुक्त पत्रकारों को संबोधित किया। इस अवसर पर मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी राजीव सिंह, सेवादल अध्यक्ष योगेश यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मितेंद्र सिंह और एनएसयीआईI अध्यक्ष आशुतोष चौकसे भी उपस्थित थे। बीजेपी पर जनता से वादाखिलाफी का आरोप जीतू पटवारी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार, धोखा देने और जनता के साथ वादाखिलाफी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ‘मोहन यादव जी को लगभग एक साल हो गया है शपथ लिए हुए। इस एक साल में जनता ने क्या देखा है। इस एक साल में मध्य प्रदेश ने कर्ज, क्राइम और करप्शन का नया रिकॉर्ड बनते देखा है। कर्ज लेने के कौशल को शिवराज सिंह चौहान जी से मोहन यादव जी को आगे बढ़ते देखा है। करप्शन की लूट मची है। इस सरकार में लूट की छूट है। सरकारी जमीनें बेची जा रही हैं। एक हज़ार करोड़ की ज़मीन तीन सौ करोड़ में बेची जा रही है। सात सौ करोड़ कैसे गया..कहां गया, इन सब मामलों को लेकर कांग्रेस पार्टी विधायकों की समिति भी बनाएगी। सरकारी संपत्तियों को बेचना और उनकी बोली लगाना कैसे हो रहा है, उस करप्शन को समिति उजागर करेगी। इनके संकल्प पत्र का धोखा..बीजेपी ने किसानों को धोखा दिया, उन्होंने बहनों को धोखा दिया, छात्रों को धोखा दिया, मिडिल क्लास को धोखा दिया, कर्मचारियों को धोखा दिया, एससी-एसटी वर्ग को धोखा दिया, किसी वर्ग को नहीं छोड़ा और इन्होंने पत्रकारों को भी धोखा दिया। अगर धोखा देने की कोई प्रतियोगिता होती तो भाजपा उसमें गोल्ड मेडल लाती।’ कांग्रेस का विशाल आंदोलन, विधानसभा का घेराव करेगी कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ‘संकल्प पत्र के धोखे को जनता ने एक साल में भोगा है। बीजेपी ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि साठ साल से अधिक उम्र के पत्रकारों को बीस हज़ार रुपया मानदेय देगी, जिसपर आज तक अमल नहीं हुआ है। बीजेपी सरकार द्वारा हर वर्ग से धोखा किया जा रहा है। मीडिया और पत्रकारों के साथ भी धोखा किया जा रहा है। पत्रकारों को भी इसके लिए जागना होगा। अपने हितों की लड़ाई के लिए जनता, विपक्ष सहित सबको एक होना होगा। इसीलिए 16 दिसंबर को कांग्रेस आंदोलन करेगी। इसके तहत राजधानी में एक बड़ा मार्च निकाला जाएगा और किसानों के साथ मिलकर हम विधानसभा का घेराव करेंगे। कांग्रेस इस आंदोलन के लिए ब्लॉक और जिला स्तर पर बैठकें करेगी और हर ब्लॉक से किसानों को यहां लाया जाएगा। सब मिलकर बीजेपी के संकल्प पत्र के धोखे के ख़िलाफ आंदोलन करेंगे।’ उन्होंने कहा कि सीएम मोहन यादव तो अपना दायित्व निभा नहीं पा रहे हैं इसलिए कांग्रेस अपना दायित्व निभाएगी और सरकार को उनके वादे याद दिलाएगी। recent visitors 86

ओगिवारा, ब्रूक्स ने जीता एफआईएस स्नोबोर्ड बिग एयर विश्व कप का खिताब

बीजिंग. जापान के किशोर स्कीयर हिरोतो ओगिवारा और ब्रिटेन की मिया ब्रूक्स ने रविवार को बीजिंग में एफआईएस विश्व कप में क्रमशः पुरुष और महिला स्नोबोर्ड बिग एयर खिताब जीते। 19 वर्षीय ओगिवारा ने 169.50 अंकों के साथ जीत हासिल की, जो इटली के उपविजेता इयान मैटेओली से चार अंक आगे थे, जबकि चीन के यांग वेनलोंग तीसरे स्थान पर रहे और विश्व कप में पहली बार पोडियम पर पहुंचे। मैटेओली ने पहली दौड़ में पूरे 2160 चक्कर पूरे करके दर्शकों को चकित कर दिया और प्रभावशाली 97.75 अंक हासिल किए। हालांकि, इतालवी खिलाड़ी अंतिम दो रनों में गति बनाए रखने में विफल रहे और अंत में दूसरे स्थान पर रहे। 25 वर्षीय यांग, जिन्होंने शनिवार को पुरुषों की क्वालीफिकेशन हीट 1 में पहला स्थान हासिल किया, घर पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके प्रसन्न थे। उन्होंने सिन्हुआ से कहा, मैंने हर रन में स्थिर रहने की कोशिश की और प्रत्येक चाल पर ध्यान केंद्रित किया। मुझे अभी भी कड़ी मेहनत करने और अगले साल एशियाई शीतकालीन खेलों और 2026 शीतकालीन ओलंपिक के लिए तैयारी करने की आवश्यकता है। बीजिंग शीतकालीन ओलंपिक चैंपियन चीन के सु यिमिंग फाइनल में अंतिम स्थान पर रहे। महिलाओं की स्नोबोर्ड बिग एयर में 17 वर्षीय ब्रूक्स 179.75 अंकों के साथ शीर्ष पर रहीं, उसके बाद जापान की मारी फुकदा और ऑस्ट्रियाई अनुभवी अन्ना गैसर दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। इससे पहले रविवार को नॉर्वे के टॉरमोड फ्रॉस्टैड और फ्रांसीसी स्कीयर टेस लेड्यूक्स को बीजिंग के शूगांग में पुरुषों और महिलाओं की फ्रीस्की बिग एयर में ताज पहनाया गया था। recent visitors 55

न्यूयॉर्क काउबॉयज बना यूएसपीएल सीजन 3 का विजेता

फ्लोरिडा. न्यूयॉर्क काउबॉयज ने मैरीलैंड मेवरिक्स को सात विकेट से हराकर यूनाइटेड स्टेट्स प्रीमियर लीग (यूएसपीएल) सीजन 3 का खिताब जीत लिया है। फ्लोरिडा के ब्रोवार्ड काउंटी स्टेडियम में रविवार रात (स्थानीय समयानुसार) खेले गए खिताबी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मैरीलैंड मेवरिक्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उन्होंने दूसरे ओवर में ही ताबड़तोड़ बल्लेबाज ड्वेन स्मिथ का विकेट गंवा दिया। हालांकि रयान स्कॉट (25 गेंदों पर 39 रन) और कप्तान शुभम रंजने (36 गेंदों पर 52 रन) ने पारी को संभालने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनके प्रयासों के बावजूद, मेवरिक्स की टीम कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी और टीम 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 144 रन ही बना सकी। इस लक्ष्य को न्यूयॉर्क काउबॉयज ने मात्र 3 विकेट खोकर 14 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया। काउबॉयज के लिए सलामी बल्लेबाज दिलप्रीत बाजवा ने 45 गेंदों में 66 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। हालांकि काउबॉयज ने भी मुख्तार अहमद के रूप में अपना पहला विकेट तीसरे ओवर में ही खो दिया, लेकिन उसके बाद दिलप्रीत बाजवा और जोशुआ ट्रॉम्प ने दूसरे विकेट के लिए महत्वपूर्ण 76 रन जोड़े। मेवरिक्स ने जवाबी हमला करते हुए बाजवा (66) और ट्रॉम्प (27) को एक के बाद एक करके पवेलियन तो भेज दिया, लेकिन तजिंदर सिंह (17 गेंदों में 33) और नौशाद शेख (10 गेंदों में 14) ने काउबॉयज की जीत पर मोहर लगा दी। यूनाइटेड स्टेट्स प्रीमियर लीग (यूएसपीएल) का तीसरा सीजन जिस तरह का गुजरा वह प्रशंसकों के दिलों में एक अलग ही पहचान बना गया। लगातार 10 दिनों तक 6 धुरंधर टीमों के बीच चले इस घमासान में कोई ट्रॉफी जीता तो किसी का प्रदर्शन लोगों का मन मोह ले गया। recent visitors 56

देहरादून: दोस्त के खाते में 38 लाख देख डोला ईमान और कर दिया मर्डर

देहरादून. प्रापर्टी डीलर मंजेश की हत्या के एक आरोपित को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपित फरार है, जिसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। आरोपितों ने 38 लाख रुपये के लालच में मंजेश कुमार की हत्या की है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध पूर्व में हत्या के मुकदमे दर्ज हैं और वह जेल जा चुके हैं। आरोपित कुछ समय पहले ही मंजेश कुमार के साथ प्रापर्टी के काम से जुड़े थे। किराये के मकान में एक शव बरामद बीते शनिवार सुबह यमुनोत्री विहार फेस-2 चंद्रबनी में एक किराये के मकान में एक शव बरामद हुआ था। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पता चला कि व्यक्ति की हत्या गला घोंटकर की गई है। मृतक की पहचान मंजेश कुमार उम्र 42 वर्ष, निवासी गांजा माजरा खेड़ी, जिला हरिद्वार के रूप में हुई। मकान मालिक प्रदीप कुमार बौडीयाल से जब पुलिस ने पूछताछ की गई तो पता चला कि दो माह पहले उन्होंने मकान के ऊपर एक कमरा सचिन निवासी भगवानपुर, हरिद्वार को किराये पर दिया था। कमरे में उसका एक साथी अर्जुन का भी आना-जाना था। शुक्रवार रात को कमरे में सचिन व अर्जुन के साथ मंजेश भी रुका था। घटना के बाद से ही सचिन और अर्जुन फरार हो गए। प्रापर्टी का काम करता था मंजेश पुलिस ने मृतक के स्वजन से संपर्क कर उनको मौके पर बुलाया। पूछताछ में पता चला कि मंजेश प्रापर्टी का काम करता था तथा अर्जुन उसके साथ काफी समय से काम कर रहा था। इस मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मृतक मंजेश के भाई सचिन कुमार की तहरीर पर अर्जुन व सचिन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पटेलनगर कोतवाली व एसओजी की टीम ने आरोपितों के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि मंजेश की हत्या के बाद दोनों आरोपित मकान के पीछे छत से नीचे कूद गए थे, जिसमें सचिन के पैर में चोट आई थी। इसके बाद आरोपित भगवानपुर में एक अस्पताल में भर्ती हो गया। पुलिस से बचने के लिए आरोपित भगवानपुर से सहारनपुर चला गया। सूचना पर तत्काल पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुंठी की देखरेख में एक टीम सहारनपुर रवाना किया गया। लेकिन इससे पहले आरोपित सरेंडर करने के लिए देहरादून पहुंच गया। पुलिस ने कोर्ट पहुंचने से पहले ही उसे आशारोड़ी के निकट गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित सचिन ने बताया कि उसने अपने साथी अर्जुन के साथ मिलकर मंजेश की गला घोंटकर हत्या की थी। भगवानपुर व डोईवाला में हत्या के केस में गए जेल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के अनुसार पूछताछ में आरोपित सचिन ने बताया कि पूर्व में भगवानपुर थाने से वह हत्या के मुकदमे में जेल गया था, जिसमें कुछ महीने पहले ही वह जमानत पर रिहा हुआ है। जेल में उसकी जान-पहचान अर्जुन से हुई। अर्जुन भी वर्ष 2019 में डोईवाला में मलकीत सिंह की हत्या के केस में जेल गया था और एक साल पहले जमानत पर बाहर आया था। अर्जुन ने सचिन को प्रापर्टी डीलर मंजेश के साथ काम करने की बात बताई। आरोपित सचिन देहरादून में रेपिडो का काम कर रहा था और उसने यमुनोत्री विहार फेज-2 में एक कमरा किराये पर लिया था, जहां अक्सर अर्जुन उसके साथ खाने-पीने के लिए बैठता था। मंजेश के खाते में 38 लाख रुपये होने की थी भनक घटना से पांच दिन पहले अर्जुन ने सचिन को बताया कि मंजेश ने प्रापर्टी में काफी रुपये कमाए हैं। मंजेश के खाते में 38 लाख रुपये हैं, जिसकी सारी डिटेल उसके पास है। मंजेश को मारकर उसके सारे रुपये निकाल सकते हैं, जिसे दोनों आधा आधा बाट लेंगे। लालच में आकर दोनों ने हत्या की साजिश रची। योजना के मुताबिक शुक्रवार रात दोनों ने मंजेश को सचिन के कमरे में बुलाया, जहां पहले तीनों ने बैठकर शराब पी। रात करीब 11 बजे जैसे ही मंजेश अपने घर के लिए कमरे से निकलने लगा तो दोनों ने मिलकर उसके हाथ-पैर पकड़ लिए और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। recent visitors 48