Saturday, July 4, 2026 7:46 am

सेंसेक्स 445 अंक और निफ्टी 145 अंक चढ़कर हुआ बंद

नई दिल्ली अमेरिकी और एशियाई बाजारों में मजबूत रुख के बीच घरेलू बाजार में सोमवार को रिलायंस, इन्फोसिस और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गज शेयरों में खरीदारी होने से सेंसेक्स 445 अंक और निफ्टी 145 अंक चढ़कर बंद हुए। हालांकि, शुरुआती कारोबार के दौरान दोनों सूचकांक में गिरावट दिखी थी। बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 445.29 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,248.08 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 80,337.82 के ऊपरी और 79,308.95 के निचले स्तर तक भी गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी 144.95 अंक यानी 0.60 प्रतिशत बढ़कर 24,276.05 पर पहुंच गया। बीएसई सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से अल्ट्राटेक सीमेंट, जेएसडब्ल्यू स्टील, अदाणी पोर्ट्स, टेक महिंद्रा, टाइटन, मारुति, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील और रिलायंस इंडस्ट्रीज सबसे ज्यादा लाभ में रहीं। दूसरी तरफ एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इस तरह घरेलू बाजार जीडीपी की वृद्धि दर में आई सुस्ती से बेअसर रहे। शुक्रवार को कारोबारी अवधि खत्म होने के बाद घोषित सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई-सितंबर तिमाही में आर्थिक वृद्धि दर करीब दो साल के निचले स्तर 5.4 प्रतिशत पर रही। विनिर्माण, खनन और खपत गतिविधियों में सुस्ती से वृद्धि दर में कमी आई। निफ्टी के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर ये रहे एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में गिरावट रही, जबकि जापान के निक्की, चीन के शंघाई कंपोजिट और हांगकांग के हैंगसेंग में तेजी रही। हालांकि यूरोप के ज्यादातर बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक दायरे में बंद हुए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,383.55 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 5,723.34 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.85 प्रतिशत बढ़कर 72.45 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इससे पहले, शुक्रवार को सेंसेक्स 759.05 अंक बढ़कर 79,802.79 और निफ्टी 216.95 अंक चढ़कर 24,131.10 पर बंद हुआ था।   recent visitors 53

भाजपा के विजय पर्व पर सियासत: PCC बैज ने कहा – हर मामले में सरकार विफल

रायपुर साय सरकार के एक साल पूरे होने पर सरकार विजय पर्व मनाने जा रही है. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा, एक साल ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा. मोदी की गारंटी की दिशा में कदम उठाए गए. असंभव सा काम भी विष्णु के सुशासन में हुए हैं. गांव और शहर के अवरुद्ध हुए विकास को फिर गति मिली है. हमने बनाया था और हम ही संवारने का काम कर रहे हैं. 13 दिसंबर को एक साल पूरा होने जा रहा है. इधर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए विजय पर्व को शर्मनाक बताया है. 35 हजार करोड़ का कर्ज लेकर राज्य को डुबा दिया : दीपक बैज पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा, छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिले जल रहे हैं. एक साल में छत्तीसगढ़ लूट, डकैती, बलात्कार, हत्या का गढ़ बन चुका है. 32 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेकर सरकार ने राज्य को डुबा दिया है. जनता पुलिस प्रशासनिक अधिकारी, हर कोई एक दूसरे को मार रहे. हर मामले में सरकार विफल हुई है. पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है और ये विजय पर्व माना रहे. इससे बड़ी शर्मनाक बात क्या हो सकती है. recent visitors 67

14 दिसंबर को हैदराबाद में शुरू होगा संतोष ट्रॉफी का फाइनल राउंड

नई दिल्ली. संतोष ट्रॉफी के लिए 78वीं सीनियर नेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप का फाइनल राउंड 14 दिसंबर को हैदराबाद में शुरू होगा। बारह टीमें – ग्रुप चरण के नौ विजेता, पिछले सीजन के दो फाइनलिस्ट (सर्विसेज और गोवा) और मेजबान तेलंगाना को छह-छह के दो समूहों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक समूह से शीर्ष चार टीमें 26 और 27 दिसंबर को खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। क्वार्टर फाइनल तक सभी मैच डेक्कन एरिना में होंगे। 29 दिसंबर को सेमीफाइनल और 31 दिसंबर को फाइनल जीएमसी बालयोगी एथलेटिक स्टेडियम में होगा। पश्चिम बंगाल रिकॉर्ड 32 बार का चैंपियन है और 2016-17 के बाद से अपना पहला खिताब जीतने की कोशिश करेगा। गत चैंपियन सर्विसेज के नाम सात खिताब हैं, जिनमें से छह पिछले 11 सीजन में आए हैं। आठ बार की चैंपियन पंजाब लगातार दूसरे सीजन में फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई करने से चूक गई। उन्हें ग्रुप स्टेज में जम्मू और कश्मीर से हार का सामना करना पड़ा, जिन्होंने 2015-16 के बाद पहली बार फाइनल राउंड के लिए क्वालीफाई किया। 78वें एनएफसी फॉर संतोष ट्रॉफी फाइनल राउंड के लिए ग्रुप: ग्रुप ए: सर्विसेज (2023-24 चैंपियन),पश्चिम बंगाल (ग्रुप सी विजेता), मणिपुर (ग्रुप डी विजेता), तेलंगाना (मेजबान),जम्मू और कश्मीर (ग्रुप ए विजेता),राजस्थान (ग्रुप आई विजेता) ग्रुप बी: गोवा (2023-24 उपविजेता), दिल्ली (ग्रुप बी विजेता), केरल (ग्रुप एच विजेता), तमिलनाडु (ग्रुप जी विजेता), ओडिशा (ग्रुप एफ विजेता), मेघालय (ग्रुप ई विजेता) recent visitors 52

पेंड्रा-गौरेला-मरवाही 10 सीटों पर और बिलासपुर 17 सीटों पर होगा जिला पंचायत चुनाव

बिलासपुर आगामी पंचायत चुनाव के लिए तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। इस बार पेंड्रा-गौरेला-मरवाही (जीपीएम) और बिलासपुर में जिला पंचायत के चुनाव अलग-अलग होंगे। जीपीएम जिले में सीटों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई है, जबकि बिलासपुर में 17 सीटों पर मतदान होगा। इसके लिए जिला पंचायत को दिशा निर्देश मिल चुके हैं। आरक्षण को लेकर अधिकारी सूची का इंतजार कर रहे हैं। आरक्षण सूची आने के बाद चुनाव कराने की तैयारी शुरू होने प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। आगामी जिला पंचायत चुनाव को लेकर अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी। बिलासपुर में नई ग्राम पंचायतें बढ़ने के बाद अब जिला पंचायत सदस्यों की संख्या भी बढ़ने की दिशा में जिला पंचायत की सीटे बढ़ाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। आने वाले दिनों में बिलासपुर जिला में सदस्यों की संख्या 25 होने की संभावना है। वर्तमान में बिलासपुर जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 22 हैं, गौरेला पेंड्रा मरवाही नया जिला बनने के बाद बिलासपुर में केवल 17 सीटें ही रह गई हैं व पांच सीटे जीपीएम जिले में चली गई है। जिला पंचायत की सामान्य सभा चलाने के लिए कम से कम 10 सदस्यों की संख्या चाहिए, यही कारण है कि जिला बनने के बाद भी गौरेला पेंड्रा मरवाही का पूरा काम भी बिलासपुर जिला पंचायत से पूर्व की ही भांति चल रहा था। जीपीएम में सदस्यों की संख्या बढ़ाई गई जीपीएम जिले में पहले जिला पंचायत के पांच सदस्य थे, लेकिन सामान्य सभा की न्यूनतम आवश्यकता को देखते हुए सीटों की संख्या बढ़ाकर 10 कर दी गई है। सामान्य सभा चलाने के लिए कम से कम 10 सदस्यों की आवश्यकता होती है। एक साथ हो सकते हैं चुनाव अधिकारियों की माने तो अब तक मिल रहे संकेतों के आधार पर यह कहा जा सकता है कि इस बार नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ कराए जाने की संभावना है। इस दिशा में तैयारी शुरू कर दी है। अनुमान है कि आचार संहिता दिसंबर के अंतिम सप्ताह में लागू हो सकता है। जीपीएम जिला व बिलासपुर जिले में इस बार अलग-अलग चुनाव कराए जाएंगे। जीपीएम की पांच सीटों को बढ़ाकर 10 सीट कर दिया गया है। बिलासपुर में जिला पंचायत की 17 सीटों पर चुनाव कराए जाएंगे। संदीप अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ बिलासपुर recent visitors 117

जुआन मार्टिन डेल पोत्रो को नोवाक जोकोविच ने दी भावुक विदाई

ब्यूनस आयर्स. नोवाक जोकोविच ने अर्जेंटीना के महान टेनिस खिलाड़ी जुआन मार्टिन डेल पोत्रो को उनके विदाई प्रदर्शनी मैच के बाद भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी, उन्हें “एक विशेष खिलाड़ी और एक विशेष व्यक्ति” कहा, जिनकी सबसे बड़ी विरासत कोर्ट पर उनकी उपलब्धियों से कहीं आगे जाती है। प्रदर्शनी मैच, जिसे डेल पोत्रो ने 6-4, 7-5 से जीता, एक भावपूर्ण क्षण में समाप्त हुआ। मैच प्वाइंट पर, जोकोविच ने जानबूझकर डेल पोत्रो को विजेता बनाने के लिए अपना ट्रेडमार्क फोरहैंड लगाने दिया, जो परम सम्मान का एक इशारा था। “मैं किसी ऐसे व्यक्ति को नहीं जानता जो जुआन मार्टिन से प्यार न करता हो। जीवन में उनकी सबसे बड़ी जीत यह है कि वह एक अद्भुत व्यक्ति हैं।” रोजर फेडरर ने एक भावपूर्ण संदेश में कहा: “आप एक विशेष खिलाड़ी और एक विशेष व्यक्ति हैं। मुझे उम्मीद है कि यह पल ऐसा है जिसका आप जश्न मना रहे हैं। आपको दुखी नहीं होना चाहिए। हम सभी को जीवन में आगे बढ़ने की जरूरत है। आपके लिए अभी भी सबसे अच्छा आना बाकी है।” अपनी उल्लेखनीय उपलब्धि में, डेल पोत्रो 2005 ऑस्ट्रेलियन ओपन और 2012 यूएस ओपन के बीच ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले बिग थ्री के बाहर एकमात्र खिलाड़ी बन गए। उनका सबसे बड़ा पल 2009 यूएस ओपन में आया, जहां उन्होंने सेमीफाइनल में नडाल और फाइनल में फेडरर को हराया। यह जीत टेनिस इतिहास में सबसे चर्चित उलटफेरों में से एक है। अपनी अविश्वसनीय प्रतिभा के बावजूद, डेल पोत्रो का करियर लगातार चोटों, खासकर उनकी कलाई और घुटनों की वजह से बाधित रहा। इन असफलताओं ने उनके नाम पर और अधिक ग्रैंड स्लैम खिताब जोड़ने की उनकी क्षमता को सीमित कर दिया, लेकिन उन्होंने कभी भी उनके उत्साह या प्रशंसकों और साथी खिलाड़ियों से मिलने वाले प्यार को कम नहीं किया। चोटों के साथ उनकी लड़ाई 2018 में तब शुरू हुई जब शंघाई मास्टर्स के दौरान उनके दाहिने घुटने में फ्रैक्चर हो गया। एक साल बाद, क्वींस क्लब चैंपियनशिप के दौरान उनके घुटने में फिर से चोट लग गई। इन चोटों के कारण उन्हें आठ सर्जरी करानी पड़ी और कई सालों तक शारीरिक और भावनात्मक दर्द सहना पड़ा। सोशल मीडिया पोस्ट में पिछले हफ़्ते डेल पोत्रो ने इन चोटों के कारण अपने जीवन पर पड़ने वाले असर के बारे में खुलकर बात की। “मेरा दैनिक जीवन वैसा नहीं है जैसा मैं चाहता हूँ। मैं फुटबॉल नहीं खेल सकता, मैं पैडल (टेनिस) नहीं खेल सकता। यह भयानक है। उन्होंने मुझसे वह मौका छीन लिया जो मुझे सबसे ज़्यादा पसंद था, यानी टेनिस खेलना। हर बार जब वे मुझे एनेस्थेटिक देते थे, तो मुझे उम्मीद होती थी कि समस्या हल हो जाएगी… दो या तीन महीने बाद, मैं हमेशा डॉक्टरों को यह बताने के लिए कॉल करता था कि सर्जरी काम नहीं कर रही है।” 36 साल की उम्र में, डेल पोत्रो को अभी भी दर्द और सीमाओं के साथ रोज़ाना संघर्ष करना पड़ता है। डॉक्टरों ने सुझाव दिया है कि उन्हें अंततः कृत्रिम घुटने की आवश्यकता हो सकती है, लेकिन उन्होंने उन्हें बड़े होने तक इंतज़ार करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, “जब मैं 31 साल का था, तब से मैं दौड़ नहीं सकता, सीढ़ियां नहीं चढ़ सकता, गेंद नहीं मार सकता, फिर कभी टेनिस नहीं खेला। क्या मुझे इसके लिए 15 साल और इंतजार करना होगा? यह भयानक है। मुझे उम्मीद है कि यह किसी दिन खत्म हो जाएगा क्योंकि मैं बिना दर्द के अपना जीवन जीना चाहता हूं।” recent visitors 51

फिल्म ‘फतेह’ के लिए महाकाल की शरण में सोनू सूद

उज्जैन अभिनेता सोनू सूद अपनी आगामी फिल्म फतेह के प्रमोशन लिए सोमवार को उज्जैन पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले बाबा महाकाल के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया। एक्टर ने पूजन अर्चन कर नंदी हाल में बैठकर ध्यान लगाया। बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद अभिनेता सोनू सूद ने मीडिया से कहा कि 10 जनवरी को मेरी आने वाली फिल्म फतेह रिलीज होने वाली है। इसकी सफलता के लिए ही मैं आज बाबा महाकाल से कामना करने आया हूं। एक्टर ने कहा कि “जब मैंने अपनी फिल्म फ़तेह बनाई थी, तो इसकी शुरुआत मैंने बाबा महाकाल के दर्शन से की थी और आज जब 10 जनवरी को फिल्म रिलीज होने जा रही है, तो सबसे पहले मैं बाबा महाकाल का आशीर्वाद लेने आया हूं। हमारी फिल्म का प्रमोशन यहीं से शुरू होगा। अभिनेता सोनू सूद ने कहा कि बाबा महाकाल से यही दुआ होगी कि ऐसी हमारा मार्गदर्शन करते रहे, और फतेह की फतेह जरूर होगी। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल ही हैं, जो हमेशा प्रेरणा देते आएं हैं, जिसके कारण हम लोगों तक पहुंच पाते है। उन्होंने कहा कि ऐसे ही मदद का सिलसिला जारी रहेगा, बस बाबा महाकाल का आशीर्वाद हमारे ऊपर बना रहे। recent visitors 84

‘जहां मुस्लिम नमाज अदा करें, वही वक्फ संपत्ति’: तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी

नई दिल्ली. वक्फ संशोधन बिल पर बनी संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के सदस्य और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी के एक बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। उनके बयान पर JPC के चीफ और भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने भी नाराजगी जाहिर की है और उन्हें नसीहत दी है कि वह समिति के बाहर कोई बयान देने से बाज आएं और जो कुछ कहना है वह समिति के अंदर कहें। पाल ने समाचार एजेंसी ANI से कहा, "कल्याण बनर्जी जेपीसी के सदस्य हैं। इसलिए वक्फ पर उन्हें कोई भी विचार समिति के समक्ष रखना चाहिए। उन्हें बाहर बयान नहीं देना चाहिए।" जगदंबिका पाल कल्याण बनर्जी के एक वायरल वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे थे। वायरल वीडियो में कल्याण बनर्जी को बांग्ला में कथित तौर पर यह कहते हुए सुना जा सकता है कि कोई भी स्थान, जहां मुसलमान नमाज अदा करते हैं, उसे स्वत: मौलिक रूप से वक्फ संपत्ति माना जाएगा। उनके इस बयान पर भाजपा के आईटी सेल के चीफ अमित मालवीय ने तीखी टिप्पणी की है। मालवीय ने एक्स पर कल्याण बनर्जी का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है,"बनर्जी की टिप्पणी का मतलब है कि सार्वजनिक स्थान, जैसे कि सड़कें, रेलवे ट्रैक, हवाई अड्डे, पार्क और अन्य क्षेत्र, जिनका उपयोग नमाज के लिए किया जाता है, किसी न किसी बहाने से वक्फ की भूमि के रूप में दावा किया जा सकता है। इस व्याख्या के तहत, कोलकाता के महत्वपूर्ण क्षेत्रों सहित भूमि के बड़े हिस्से मुस्लिम समुदाय को हस्तांतरित कर दिए जाएंगे।" उन्होंने आगे लिखा, "अगर चुनावी लाभ के लिए इस तरह के विचारों को बढ़ावा दिया जा रहा है, तो बंगाली हिंदू समुदाय को महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है, यहां तक ​​कि संभावित रूप से उनके गृह राज्य पश्चिम बंगाल में विस्थापन का जोखिम भी हो सकता है।" इस बीच जगदंबिका पाल ने पश्चिम बंगाल की ममता सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा वक्फ विधेयक के खिलाफ राज्य विधानसभा में प्रस्ताव लाने की योजना संसदीय लोकतंत्र और “संविधान के सिद्धांतों” दोनों पर हमला है। पाल ने कहा, “पिछले तीन महीनों में हमने 29 बैठकें कीं और 147 से ज़्यादा प्रतिनिधिमंडलों की बात सुनी। हमने अपने जनादेश के अनुसार सभी संगठनों को अवसर दिए हैं। अगर विपक्षी सांसदों को लगता है कि ज़्यादा लोगों की बात सुनी जानी चाहिए, तो बैठक का बहिष्कार करना सही तरीका नहीं है। मैंने संजय सिंह, कल्याण बनर्जी और असदुद्दीन ओवैसी समेत सभी विपक्षी सदस्यों की बात सुनी है।” बता दें कि संयुक्त संसदीय समिति में शामिल विपक्षी नेताओं ने 27 नवंबर की बैठक से वॉकआउट कर दिया था और चिंता जताई थी कि कई राज्य बोर्डों की बात अभी तक नहीं सुनी गई है। उन्होंने समिति के कार्यकाल को बढ़ाने की भी मांग की थी, जो 29 नवंबर को समाप्त होने वाला था। अब इस समिति का कार्यकाल अगले साल बजट सत्र के अंतिम दिन तक बढ़ा दिया गया है। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा जो मार्च तक चलेगा। recent visitors 81