डोनाल्ड ट्रंप के आने से घबराया है व्यापार जगत? जयशंकर बोले- लेन-देन होता रहेगा

नई दिल्ली डोनाल्ड ट्रंप अगले महीने अमेरिकी राष्ट्रपति का पदभार संभालने वाले हैं। उससे पहले भारत-अमेरिका व्यापार संबंधों पर संभावित ट्रंप प्रशासन के प्रभाव को लेकर चिंताएं उठ रही हैं। अब इन चिंताओं को दूर करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बीच हमेशा कुछ न कुछ लेन-देन होता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक मेलजोल में हाल के वर्षों में गहराई आई है। इससे आपसी सहयोग को और बढ़ाने के लिए अनुकूल माहौल बना है। विदेश मंत्री ने सीआईआई पार्टनरशिप समिट में बोलते हुए कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे प्रशासन का आगमन व्यापारिक क्षेत्रों के लिए एक बड़ा बदलाव है। उन्होंने कहा, "एकमात्र सुरक्षित भविष्यवाणी यह है कि इसमें अनिश्चितता का कुछ स्तर रहेगा। विभिन्न देशों ने पहली ट्रंप सरकार से अनुभव लिए हैं और संभवतः इससे सीखकर दूसरे कार्यकाल के लिए अपनी रणनीतियां बनाएंगे।" जयशंकर ने कहा, "जहां तक भारत का संबंध है, मैं यकीन से कह सकता हूं कि अमेरिका के साथ रणनीतिक मेलजोल समय के साथ केवल गहरा हुआ है। इससे सहयोग के लिए अधिक संभावनाएं बनी हैं। निश्चित रूप से, दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच हमेशा कुछ लेन-देन होते रहेंगे। लेकिन आर्थिक और तकनीकी क्षेत्रों में भरोसेमंद साझेदारी का मामला हाल के वर्षों में और मजबूत हुआ है।" जयशंकर ने अमेरिक के राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल और भारत के लिए इससे जुड़े निहितार्थों पर कहा कि अमेरिका के साथ भारत का रणनीतिक तालमेल समय के साथ और गहरा हुआ है जो कई सहयोगी अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा, ‘‘दूसरे ट्रंप प्रशासन का आगमन भी स्पष्ट रूप से व्यापारिक हलकों में एक प्रमुख विचारणीय विषय है। जाहिर है, एकमात्र सुरक्षित भविष्यवाणी एक हद तक अप्रत्याशित ही है।’’ सुरक्षा और निवेश को लेकर सतर्कता जरूरी उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच ऐसे साझेदारी के ढांचे तैयार करने होंगे जो परस्पर लाभकारी माने जाएं। बिना चीन का नाम लिए जयशंकर ने कहा कि आर्थिक निर्णयों और निवेश को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है। विदेश मंत्री एस.जयशंकर ने चीन द्वारा अपनाई जा रही आक्रामक व्यापार प्रथाओं को लेकर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच सोमवार को कहा कि निवेश समेत आर्थिक निर्णयों के दौरान “राष्ट्रीय सुरक्षा की शर्त” को भी ध्यान में रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “यह पसंद हो या नहीं, हम तेजी से शस्त्रीकरण के युग में नहीं बल्कि (सुविज्ञ निर्णयों का) लाभ उठाने के युग में हैं। इसलिए, नीति निर्माताओं को निवेश सहित आर्थिक निर्णयों के मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखना होगा।’’ वैश्विक दक्षिण पर आर्थिक दबाव और भारत की भूमिका जयशंकर ने अमेरिका-चीन विवाद और यूक्रेन संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि ग्लोबल साउथ महंगाई, कर्ज, मुद्रा की कमी और व्यापार में अस्थिरता का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, "दुनिया कठिन दौर से गुजर रही है और ऐसे समय में अधिक मित्र और साझेदारों की जरूरत होती है।" पड़ोस में हाल में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए विदेश मंत्री ने कहा कि आज के समय में अर्थव्यवस्थाएं और समाज पहले से कहीं अधिक जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा, "कोविड, यूक्रेन संघर्ष या वित्तीय संकट के दौरान हमने साथ मिलकर काम किया और इसका सामूहिक लाभ उठाया। हालांकि, आतंकवाद जैसी चुनौतियों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सहयोग से हटने की लागत चुकानी पड़ती है।" जयशंकर ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि चुनौतियों के बावजूद भारत और अमेरिका के बीच मजबूत रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी के लिए अभी भी व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। recent visitors 52

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जाते-जाते यूक्रेन को दी सहायता, दिया ऐसा घातक हथियार भड़क उठे मानवाधिकार संगठन

वॉशिंगटन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने अगले महीने खत्म हो रहे अपने कार्यकाल के अंतिम दिनों में यूक्रेन को 725 मिलियन डॉलर यानी करीब 6139 करोड़ रुपए की बड़ी सैन्य मदद देने जा रहे हैं। इसका उद्देश्य युद्ध के मैदान में न केवल रूस का मुकाबला करना है बल्कि कीव को रणक्षेत्र में आगे बढ़ाना है। इस सहायता पैकेज के साथ अमेरिका यूक्रेन को कई किस्म के हथियार भी उपलब्ध करा रहा है, जिसमें कई ड्रोन रोधी सिस्टम, हाई मोबिलिटी आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम (HIMARS) और एंटी पर्सनल लैंड माइंस भी शामिल है। राष्ट्रपति बाइडेन द्वारा HIMARS जैसे घातक हथियार सौंपने के बाद चर्चा का बाजार गर्म है और आर्मी टैक्टिकल मिसाइल सिस्टम (ATACMS) को लेकर कई किस्म की अटकलें लगाई जा रही है, जिसकी लंबी दूरी की मारक क्षमता है। यूक्रेन लंबे समय से इसका इस्तेमाल रूस के खिलाफ 186 मील अंदर तक करना चाह रहा है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यूक्रेन को भेजे जा रहे इस सैन्य खेप में ATACMS को शामिल किया जा रहा है या नहीं। बड़ी बात ये है कि अमेरिका इस नए खेप में यूक्रेन को एंटीपर्सनल लैंड माइंस देने जा रहा है, जिसका कई मानवाधिकार संगठनों ने आलोचना की है। एमनेस्टी इंटरनेशनल ने बाइडेन प्रशासन के इस कदम को विनाशकारी करार दिया है और कहा है कि इसके इस्तेमाल से नागरिक आबादी को लंबे समय तक खतरा हो सकता है। बता दें कि एंटी-पर्सनल माइन या एंटी-पर्सनल लैंडमाइन (APL) एक प्रकार की बारूदी सुरंग है, जिसे मनुष्यों के खिलाफ उपयोग के लिए डिजायन किया गया है, जबकि एंटी-टैंक माइन्स का टारगेट वाहन होते हैं। उधर, अमेरिकी सरकार ने इसे यूक्रेन के लिए तत्काल जरूरी बताया है और कहा है कि यह स्थाई नहीं है। अमेरिका का तर्क है कि इससे नागरिकों को अप्रत्याशित नुकसान से बचाने के उपाय किए गए हैं। अमेरिका का कहना है कि इसका डिजायन ऐसा है कि ये लैंड माइन्स एक निश्चित समयावधि के बाद निष्क्रिय हो जाते हैं। पिछले करीब तीन साल से यूक्रेन और रूस 620 मील लंबी सीमा रेखा पर युद्ध लड़ रहे हैं, इसलिए यूक्रेन को भौगोलिक इलाकों में रूसी सैनिकों की बढ़त को रोकने के लिए इस एंटी पर्सनल लैंड माइन्स को तुरूप का पत्ता समझा जा रहा है। recent visitors 67

खत्म हुआ अनुज कपाड़िया का सफर, गौरव खन्ना ने छोड़ा ‘अनुपमा’

मुंबई अक्टूबर में 'अनुपमा' में 15 साल के टाइम लीप में कई किरदार बाहर हो गए लेकिन गौरव खन्ना का रोल अनुज कपाड़िया कई दिनों से सीक्रेट बना हुआ था। दो महीने तक सेट से दूर रहने के बाद एक्टर ने आखिरकार शो में अपने किरदार के बारे में बता दिया है। गौरव खन्ना ने हाल ही में खुलासा किया है कि वो अब शो का हिस्सा नहीं हैं और उन्होंने 'अनुपमा' को छोड़ दिया है। गौरव ने कहा, 'लोग मुझसे अनुपमा में मेरी वापसी के बारे में लगातार पूछ रहे हैं। राजन सर (निर्माता राजन शाही) ने कैरेक्टर के लिए मुझसे बात की और हमने इसके लिए दो महीने तक इंतजार किया। हालांकि, कहानी को आगे बढ़ना था और इंतज़ार करने का अब कोई मतलब नहीं रह गया था। उन्होंने भी महसूस किया कि अब मेरे लिए कुछ बड़ा तलाशने का समय आ गया है। तो, अभी के लिए अनुज का चैप्टर बंद हो गया है लेकिन मैं इसे अल्पविराम के रूप में देखता हूं, पूर्ण विराम के रूप में नहीं। यदि कहानी की मांग है तो मुझे वापस लौटने में खुशी होगी।' खत्म हुआ अनुज कपाड़िया का रोल उन्होंने आगे कहा कि उनके रोल की शुरुआत एक गेस्ट के तौर पर होनी थी। उन्होंने कहा, 'अनुज के रोल की प्लानिंग तीन महीने के कैमियो के तौर पर बनाई गई थी, लेकिन यह तीन साल तक चलने वाले मेरे करियर का एक बड़ा हिस्सा बन गया। इस तरह का प्यार दुर्लभ है और मैं इसके लिए अपने फैंस को धन्यवाद कहता हूं।' रूपाली गांगुली से अनबन पर कहा ये लीड रोल करने वाली रूपाली गांगुली के साथ अनबन की अफवाहों के बारे में पूछे जाने पर गौरव खन्ना ने कहा, 'मैं ऐसे इंटरव्यूज में शामिल नहीं होता या अफवाहों पर रिएक्शन नहीं देता। जो काम हमने मिलकर बनाया है वह मायने रखता है। मैंने हमेशा अपने स्किल पर ध्यान दिया है और 'एक्शन' और 'कट' से परे क्या होता है यह मायने नहीं रखता है।' गौरव खन्ना के शोज गौरव को फेमस शो 'अनुपमा' में अनुज कपाड़िया के रोल के लिए बहुत सराहना मिली, जिसमें रूपाली गांगुली और सुधांशु पांडे भी लीड रोल में थे। अनुज और अनुपमा के रोल में गौरव और रूपाली की ऑन-स्क्रीन जोड़ी को फैंस ने खूब पसंद किया। 'अनुपमा' के अलावा एक्टर 'सीआईडी', 'कुमकुम- एक प्यारा सा बंधन', 'मेरी डोली तेरे अंगना', 'जीवन साथी', 'ससुराल सिमर का', 'तेरे बिन' और 'गंगा' जैसे शो में भी दिखाई दिए हैं। recent visitors 209

नशीले इंजेक्शन से फैला संक्रमण!, छत्तीसगढ़-गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में 252 HIV संक्रमित

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले में एड्स (HIV) संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 252 तक पहुँच गई है, जो स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बन गई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बीते नवंबर माह में ही 8 नए HIV पॉजिटिव मरीज मिले हैं, यह संख्या जो एक छोटे जिले के काफी चौंकाने वाली है। इनमें जनरल मरीजों के अलावा ऐसे कम उम्र के युवा भी शामिल हैं, जो इंजेक्शन के माध्यम से नशा करते हैं। बता दें कि HIV दुनिया की सबसे खतरनाक बीमारियों में से एक बिमारी है। बीते दिन अंतरराष्ट्रीय विश्व एड्स दिवस भी मनाया गया था, जिसमें एड्स से बचने के उपायों पर चर्चा की गई। जैसे असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित खून का इस्तेमाल आदि के विषय में जानकारी जिला अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा कार्यक्रम के जरिए लोगों को उपलब्ध कराई गई थी। हम लोगों की कर रहे काउंसलिंग – CMHO रामेश्वर शर्मा CMHO रामेश्वर शर्मा ने बताया कि जिले में HIV पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 250 के पार पहुँच गया है, जो काफी चिंता का विषय है। हम लगातार इस संक्रमण को फैलाने से रोकने के उद्देश्य से काम कर रहे हैं। बीते 1 दिसंबर को विश्व एड्स दिवस पर हमने इसके लिए जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया था, ताकि लोग इससे डरे नहीं बल्कि खुद भी जागरूक हो और दूसरे लोगों की मदद के लिए आगे आए। अगर कोई एड्स से संक्रमित है तो उसे भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि HIV का ट्रीटमेंट उपलब्ध है और हमारे पास भी इसकी व्यवस्था है। हम लोगों की काउंसलर के माध्यम से काउंसलिंग कर रहे हैं। लोगों को यह जानना जरूरी है कि किसी बीमारी को छिपाने से उसका इलाज संभव नहीं है, उन्हें निश्चिन्त होकर जांच कराना चाहिए। नशीले इंजेक्शन का सेवन बन रहा HIV फैलने का कारण – ICTC काउंसलर अजरा खान ICTC (Integrated Counselling and Testing Centre) काउंसलर अजरा खान ने बताया कि जब से जिला हॉस्पिटल बना है, तब से जांच में बढ़ोतरी हुई है, जिससे HIV के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मौजूदा समय में जिले में 250 से ज्यादा एक्टिव केस हैं, जिनमें से 8 बीते नवंबर महीने में सामने आए हैं। HIV मामलों में वृद्धि के लिए नशीली दवाओं के दुरुपयोग को जिम्मेदार ठहराते हुए अजरा खान ने बताया कि इन 8 मरीजों में से 4 मरीज सामान्य हैं और अन्य 4 को इंजेक्शन की वजह से HIV हुआ है। उन्होंने बताया कि इंजेक्शन से HIV फैलने के मुख्य तौर पर दो कारण होते हैं, इनमें से पहला कारण संक्रमित व्यक्ति की सुई किसी दूसरे पर इस्तेमाल करने पर और दूसरा इंजेक्शन से नशीली दवाओं का सेवन है। आजकल युवाओं में नशीली इंजेक्शन लेने का चलन बढ़ रहा है, जिन्हें IDU (Injecting drug user) कहा जाता है। ऐसे मरीज जिले के कई इलाकों से सामने आए हैं। हैरानी की बात यह है कि सबकी उम्र 30 साल से भी कम है। इंजेक्शन से ऐसे फैलता है HIV का संक्रमण ICTC काउंसलर अजरा खान ने बताया कि जो युवा नशे के लिए इंजेक्शन वाली दवाएं लेते हैं, वह एक ही इंजेक्शन को आपस में साझा कर बार-बार इस्तेमाल करते हैं। ऐसे ग्रुप में दो, चार या उससे ज्यादा युवक शामिल हो सकते हैं। कोई युवक अगर एक संक्रमित के साथ नशा कर दूसरे ग्रुप में जाता है और वहां उनके साथ उसी सिरिंज या सुई का इस्तेमाल नशा करता है तो ऐसे में संक्रमण तेजी से फैलता है। ऐसे में अगर कोई शादीशुदा है तो फिर वह अपनी पत्नी को संक्रमित कर देता है और अगर वह गर्भवती है तो फिर यह संक्रमण उसके बच्चे तक भी पहुँच जाता है। recent visitors 77

डिप्टी सीएम और कलेक्टर-एसपी सपरिवार शामिल, छत्तीसगढ़-मुंगेली के ‘व्यापार मेला’ का खूबसूरत यादों के साथ समापन

मुंगेली। क्या आम और क्या खास, हर वर्ग ने मुंगेली के व्यापार मेला में पहुंचकर आनंद लिया, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और विधायक से लेकर डिप्टी सीएम और केंद्रीय राज्य मंत्री जैसे दिग्गज जनप्रतिनिधियों ने भी मुंगेली का त्यौहार बन चुके व्यापार मेले में शिरकत कर न सिर्फ आयोजन समिति स्टार्स ऑफ टुमारो वेलफेयर सोयायटी बल्कि मुंगेली की जनता का विश्वास बढ़ाते हुए मेले में चार चांद लगाया. वहीं प्रशासनिक अधिकारियों का भी लगभग रोजाना उपस्थिति देखने को मिल रही थी, एसपी के निर्देश पर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी दल बल के साथ रोजाना कार्यक्रम समाप्त होते तक उपस्थित रहते थे और लोगों को ये एहसास दिलाते थे कि पुलिस आपके साथ है, मेले का आप लोग आराम से आनंद ले सकें. वहीं आयोजन समिति के द्वारा शांतिपूर्ण तरीके से मेला सम्पन्न हो सके इसलिए सीसीटीवी कैमरा से मेला परिसर को लैस किया गया था. आखिरी दिन सपत्नीक पहुंचे कलेक्टर – सीईओ व्यापार मेला यूं ही नही मुंगेली का त्यौहार कहलाता है, हर वर्ग इस मेले के रंग में रंग जाता है, यही वजह है कि मेले के आखिरी दिन कलेक्टर राहुल देव व जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडेय सपत्नीक इस मेले में पहुँचकर आम नागरिक की भांति मेले में शामिल होकर, न सिर्फ खरीद दारी की, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रम का लुत्फ भी उठाया. इसके अलावा कलेक्टर-सीईओ ने सपत्नीक बच्चों के साथ झूले का भी आनंद उठाया. जिससे यह प्रतीत हो रहा था कि इसीलिए मुंगेली का व्यापार मेला, मुंगेली का त्यौहार बना हुआ है. एसपी ने मां के साथ झूला झूलकर लिया आनंद इधर मेले के आखिरी दिन पुलिस कप्तान भोजराम पटेल देर रात तक मेले में उमड़ रही भारी भीड़ को देखते हुए मेला परिसर में देर रात तक मौजूद रहे. इस दौरान उन्होंने आम नागरिक की तरह अपनी मां और पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के साथ परिवार की भांति व्यापार मेला में ड्रैगन झूला झूलकर आनंद लेते हुए बचपन की यादों को ताजा किया. तो वहीं हवाई झूला झूलने के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत को हवाई झूला झूलने में सर दर्द व चक्कर आने जैसी शिकायत रहती है, जिसके कारण वे हवाई झूला झूलने में हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे, लेकिन पुलिस कप्तान ने हिम्मत बांधते हुए उन्हें झूला में बैठाकर अपने साथ झुला भी झुलाया. 6वें दिन रहा ये आयोजन मुंगेली व्यापार मेला 2024 का समापन शानदार भव्यता के साथ संपन्न हुआ. कोलकाता ब्लीज डांस टूप कोलकाता मुंबई की बैंड की टीम द्वारा शानदार प्रस्तुति हुई. बैंड द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे गीत और डांस पर श्रोता देर रात तक झूमते रहे. बैंड का लोगों ने खूब आनंद उठाया. इसके पूर्व मुंगेली व्यापार मेला के समापन दिवस के आखिरी दिन के अतिथि के रूप में मुंगेली व्यापार मेला के संरक्षक गण रहे. मां सरस्वती, विघ्नहर्ता गणेश और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र में दीप प्रज्वलन के साथ अंतिम दिवस का मंचीय कार्यक्रम आरंभ हुआ. आयोजन समिति ने जताया मुंगेलीवासियों का आभार स्टार्स ऑफ टुमारो के अध्यक्ष महावीर सिंह ने अपने स्वागत भाषण में कहा मुंगेली व्यापार मेला केवल हमारा नहीं अपितु शहर और मुंगेली जिले का आयोजन है और आप सबकी सहभागिता से ही यह सफलता की ओर आगे बढ़ रहा है. मैं आप सबका हृदय से अभिनंदन करता हूं. मुंगेली व्यापार मेला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए टीम के संयोजक रामपाल सिंह ने कहा मुंगेली व्यापार मेला, व्यापार के साथ-साथ बड़े शहरों के आयोजन को अपने नगर में उपलब्ध कराने का रहा है. साथ ही नई प्रतिभाओं को मंच देकर आगे बढ़ाने का उद्देश्य है और आप सबके सहयोग से हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. इस अवसर स्टार्स ऑफ टुमारो टीम के सचिव विनोद यादव ने मुंगेली नगर के लोगो साथ-साथ शासन, प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में सहयोग की अपेक्षा की बात रखी. व्यंजन सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन छठवें और आखिरी दिन दोपहर के कार्यक्रम में व्यंजन सजाओ प्रतियोगिता संपन्न हुआ. व्यंजन प्रतियोगिता में अजीत कौर प्रथम, पूर्वी एवं भावना पोपटानी द्वितीय, कशिश एंड पूर्वी राजेश तृतीय रहीं. व्यंजन प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में एकता करतानी, विनया सिंह एवं कृति जैन रही. सायं 7:00 बजे से मुंगेली श्री (बॉडी बिल्डिंग) कार्यक्रम आरंभ हुआ. जिसमें 28 प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता निभाई. मुंगेली श्री प्रतियोगिता में विजेंद्र नागरे, राजेंद्र पटेल एवं कमल साहू ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया. मुंगेली श्री प्रतियोगिता के निर्णायक तेजा सिंह साहू, प्रफुल्ल साहू , जितेंद्र सिंह राजपूत एवं आशीष तिवारी रहे. recent visitors 84

आज ओम बिरला का लोकसभा में दिखा चुटीला अंदाज, टीआर बालू से पूछ लिया ऐसा सवाल

नई दिल्ली लोकसभा में मंगलवार को अध्यक्ष ओम बिरला का चुटीला अंदाज देखने को मिला। इस दौरान उन्होंने कुछ नेताओं ने मजाकिया सवाल पूछे, जिससे सदन का माहौल हल्का-फुल्का नजर आया। ओम बिरला ने प्रश्नकाल के दौरान द्रमुक नेता टी आर बालू से चुटीले अंदाज में सवाल किया कि क्या वह उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और गुजरात में अपनी पार्टी का विस्तार करना चाहते हैं? उन्होंने यह टिप्पणी उस वक्त की जब बालू ने मनरेगा से जुड़ा पूरक प्रश्न पूछा। असल में टीआर बालू ने इस मुद्दे को उठाते हुए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और गुजरात में मनरेगा का मानदेय कम होने का दावा किया। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि क्या बालू जी, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, गुजरात में पार्टी का विस्तार करना चाह रहे हो? गौरतलब है कि टीआर बालू द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) पार्टी से सांसद हैं। बीते लोकसभा चुनाव में डीएमके ने तमिलनाडु में 39 में 22 सीटों पर जीत हासिल की है। उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। मनरेगा से जुड़े पूरक प्रश्न पूछे जाने के दौरान बिरला ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी पर भी व्यंग्यात्मक अंदाज में टिप्पणी की। प्रश्नकाल में पूरक प्रश्न पूछने के लिए आसन से नाम पुकारे जाने पर जब बनर्जी खड़े नहीं हुए जो बिरला ने कहाकि थोड़ा कानों को ठीक रखो कल्याण बाबू। इससे पहले मंगलवार को भी सदन की कार्यवाही बाधित रही। विपक्षी गठबंधन के कई घटक दलों के सांसदों ने अदाणी समूह से जुड़े मुद्दे को लेकर मंगलवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन की मांग दोहराई। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), शिवसेना (उबाठा), द्रमुक और वाम दलों सहित अन्य सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए और जवाबदेही की मांग की। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, आप के संजय सिंह, राजद की मीसा भारती और शिवसेना (यूबीटी) के अरविंद सावंत ने संसद भवन के ‘मकर द्वार’ पर आयोजित प्रदर्शन में भाग लिया। recent visitors 59

अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजन और संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार से किया सम्मानित

रायपुर समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा विकसित राष्ट्र बनाने में दिव्यांगजन अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पुनर्वास एवं उनके हित के संरक्षण के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं। वे आज राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज में मैदान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस समारोह को सम्बोधित कर रही थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने की। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले दिव्यांगजन और संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समाज कल्याण मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने आगे कहा कि राज्य में दिव्यांग जनों के कल्याणार्थ एवं पुनर्वास हेतु विभिन्न योजनाएं तथा कार्यक्रम संचालित हैं। जिसमें से सामाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत पेंशन योजनाएं कृत्रिम अंग सहायक उपकरण प्रदाय, मोटराइज्ड ट्राईसाईकिल वितरण, छात्रवृत्ति सहित अन्य योजना का लाभ सभी दिव्यांगजनों को मिल रहा है। प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण तथा हित में बेहतर कार्य कर रही है हम आगे भी आपके हितों के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांग जनों को समाज के लोगों का भरपुर प्यार और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन आज देश और प्रदेश में विभिन्न कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोतीलाल साहू, सचिव समाज कल्याण विभाग श्री भुवनेश्वर यादव सहित बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित थे। समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए 4 विभिन्न श्रेणियों में दिव्यांगजनों एवं संस्थाओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार दिए गए। जांजगीर-चांपा जिले के ही देव सेवा समिति संस्थान को तथा निःशक्तजन कल्याण संघ को दिव्यांगजन राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह में 130 दिव्यांगजनों को अत्याधुनिक बैटरी चलित ट्राइसाइकिल तथा अन्य उपकरण प्रदान किए गए। कार्यक्रम में सर्वाेत्तम दिव्यांग कर्मचारी के श्रवण बाधित श्रेणी में कोरबा जिले के श्री प्रकाश खाकसे को अस्थि बाधित श्रेणी में जांजगीर-चांपा जिले के संतोष बंजारे को पुरस्कृत किया गया। दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना अंतर्गत 05 दंपत्तियों को एक-एक लाख तथा 05 दंपत्तियों को 50-50 हजार का चेक तथा 10वीं और 12वीं में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि का चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुति दी। recent visitors 54