उपग्रहों का प्रक्षेपण गौरवपूर्ण उपलब्धि : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि इसरो की नई उपलब्धि भारतीयों का गर्व बढ़ा रही है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ईएसए के साथ मिलकर पीएसएलवी-सी 59 के माध्यम से पीआरओबीए-3 उपग्रहों का सफल प्रक्षेपण किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए इसरो की पूरी टीम और समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आनंद की बात है कि यह मिशन सूर्य के बाहरी वातावरण का अध्ययन करने के लिए लॉन्च किया गया है, जिसकी सफलता से सूर्य के कई रहस्यों पर से पर्दा उठेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अंतरिक्ष के क्षेत्र में नित नये इतिहास रच रहा है। प्रधानमंत्री के सक्षम नेतृत्व और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उनके दृष्टिकोण का देशवासी अभिनंदन करते हैं।   recent visitors 79

मुख्यमंत्री डॉ. यादव महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरूवार को मुम्बई में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री देवेंद्र फडणवीस के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री फडणवीस द्वारा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लिए जाने के बाद उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर श्री एकनाथ शिंदे तथा श्री अजीत पवार को भी आत्मीय बधाई और शुभकामनाएं दीं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह में विशेष रूप से उपस्थित प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से भेंट की और उनका अभिवादन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन और महाराष्ट्र में श्री फडणवीस के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करने से राज्य में समग्र विकास एवं लोक-कल्याण के नए प्रतिमान स्थापित होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार का स्वरूप विकसित भारत – विकसित महाराष्ट्र के संकल्प को साकार करने में भी सहायक होगा। recent visitors 73

कश्मीर में पड़ रही कड़ाके की ठंड, -2.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सबसे ठंडी रात दर्ज

गांदरबल कश्मीर में भीषण शीत लहर ने अपना कहर बरपाया हुआ है, पूरे क्षेत्र में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है। गांदरबल जिले में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, यहां तापमान -2.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। भीषण ठंड के कारण बुजुर्ग निवासियों और बच्चों को दोपहर तक घर के अंदर ही रहना पड़ रहा है। अभी हालात ये देखे जा रहे हैं कि जब तापमान में थोड़ी वृद्धि होती है, सड़कों के किनारे स्थानीय लोग जलाऊ लकड़ी के चारों ओर इकट्ठा होकर घाटी में फैली ठंड से बचने की कोशिश करते हैं। गांदरबल के डिग्री कॉलेजों के छात्रों ने प्रशासन से सर्दियों की छुट्टियां घोषित करने की अपील की है। दिलचस्प बात यह है कि गांदरबल के एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल सोनमर्ग में तुलनात्मक रूप से हल्का तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कठोर मौसम के बावजूद, दुनिया भर से पर्यटक कश्मीर की यात्रा करना जारी रखते हैं, और इस क्षेत्र की प्रसिद्ध सर्दियों की सुंदरता का आनंद लेने के लिए बर्फबारी का बेसब्री से इंतजार करते हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि 7 दिसंबर तक मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 15 दिसंबर तक कोई महत्वपूर्ण मौसम गतिविधि की उम्मीद नहीं है। recent visitors 92

राज्यपाल ने मध्यप्रदेश रत्न अवॉर्ड समारोह में शामिल हुए

भोपाल राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि सम्मानित प्रतिभाएं उत्कृष्ट कार्यों की ध्वज वाहक होती है। उनके उत्कृष्ट कार्य समाज को चुनौतियों का सामना करने का विश्वास और विज़न प्रदान करते है। भावी पीढ़ियां उनके पथ का अनुसरण कर समाज को गतिशील और जीवंत बनाती है। उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करना वास्तव में समाज को गौरवान्वित करने, स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य है। भावी प्रतिभाओं के पथ प्रदर्शन की नैतिक और सामाजिक दोनों दृष्टियों से समाज की जिम्मेदारी है। राज्यपाल पटेल, प्रेस क्लब भोपाल द्वारा आयोजित मध्यप्रदेश रत्न अवॉर्ड समारोह को रवीन्द्र भवन में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद जी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारम्भ में अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। अतिथियों का तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। राज्यपाल पटेल का प्रेस क्लब मध्यप्रदेश के अध्यक्ष नवीन आनंद जोशी ने श्रीफल, स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। राज्यपाल पटेल ने कहा कि हम सब देख समझ रहें है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी लोकतांत्रिक संस्था, आर्थिक शक्ति, वैज्ञानिक कौशल, संस्कृति और विविधता का दुनिया ने लोहा माना है, लेकिन मजबूत राष्ट्र निर्माण के प्रयासों में आज भी हमारे समक्ष आतंकवाद, विघटनकारी शक्तियों की चुनौतियां है। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और उच्च मानकों के साथ समाज के वंचित वर्गों के लिए न्याय के प्रयासों और विकास के अवसरों को और अधिक विस्तारित करना भी जरूरी है। उन्होंने अपेक्षा की है कि समावेशी विकास के लिए तुलनात्मक रूप से वंचित और पिछड़े क्षेत्रों के समुदायों का हाथ पकड़ कर समाज के मुख्य धारा में शामिल कराने के प्रयासों का दिशा दर्शन सम्मानित विशिष्ट प्रतिभाएं करें। समारोह समाज में सकारात्मकता को बढ़ाने और उत्कृष्ट कार्यों के लिए समाज विशेषकर युवाओं को प्रेरित प्रोत्साहित करने में सफल होने की मंगल कामना की है। राज्यपाल पटेल ने कहा कि सामाजिक सरोकारों में मीडिया की सहभागिता से वह बहुत अधिक प्रसन्न है, जिन प्रतिभाओं के कार्यों से वे अभिभूत है। उन्हें ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करने का अवसर मिला है। वह स्वयं को सौभाग्यशाली मान रहे है। उन्होंने सामाजिक सरोकारों में मीडिया की सहभागिता की प्रशंसा की। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा यूरोप की यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रदेश में बड़ी मात्रा में विदेशी निवेश आने की जानकारी के संदर्भ में कार्यक्रम के दौरान देश भर के विद्वान और विचारकों की मध्यप्रदेश के विकास के संबंध में बौद्धिक और वैचारिक विचारों को साझा किए जाने को प्रदेश की प्रगति और समृद्धि के प्रयासों की गति को और अधिक बढ़ाने में सहयोगी होने की पहल बताया। राज्यपाल पटेल ने कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त वाइस एडमिरल विमल वर्मा, पद्मनृत्य गुरु डॉ. पुरू दाधीच, प्रसिद्ध टीवी एंकर सुमित अवस्थी, वस्त्र उद्योग उद्यमी गौतम कोठारी, फिल्म और नाटक के अभिनेता शरद सक्सेना, शिक्षाविद् डॉ. एस.पी. गौतम, एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही श्रीमती ज्योति रात्रे, रंगमंच कलाकार वरिष्ठ अभिनेता राजीव वर्मा और प्रसिद्ध साहित्यकार लेखक डॉ. रमेश निर्मल को मध्यप्रदेश रत्न अवॉर्ड प्रदान किए। राज्यपाल ने मध्यप्रदेश प्रतिभा अवॉर्ड से भारतीय सेना के मेजर अनिकेत चतुर्वेदी, महर्षि विश्वविद्यालय के प्रमुख ब्रह्मचारी गिरीश वर्मा, ब्यूरो चीफ ए.एन.आई. न्यूज एजेंसी संदीप कुमार सिंह, समाज सेवी शिक्षाविद् जय नारायण चौकसे, कार्यकारी वाइस चेयरमैन आईसेक्ट समूह सिद्धार्थ चतुर्वेदी, उद्योगपति रोहित गोविंद सोमानी, समाज सेवी शिक्षाविद् डॉ. डेविश जैन, सीनियर कॉरेस्पोंडेंट दैनिक समाचार पत्र, पत्रिका दीपेश अवस्थी, युवा प्रतिभावान लेखक दिव्यांश व्यास और सुमेघा दीक्षित को सम्मानित किया। आभार प्रदर्शन प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने किया।   recent visitors 71

भारत में स्थिरता के माहौल को बढ़ावा देने की कोशिशों को सराहा, जिसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लागू किया गया: पुतिन

रूस रूसी राष्ट्रपति श्री व्लादिमीर पुतिन ने आज मास्को में आयोजित 15वें वीटीबी रूस कॉलिंग इन्वेस्टमेंट फोरम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की "इंडिया फर्स्ट" नीति और "मेक इन इंडिया" पहल की सराहना की। राष्ट्रपति पुतिन ने इन पहलों को भारत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली नीतियां बताया और यह बताया कि कैसे इन नीतियों ने भारत की विकास यात्रा को बढ़ावा दिया है। उन्होंने भारत में स्थिरता के माहौल को बढ़ावा देने की कोशिशों को सराहा, जिसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में लागू किया गया है। राष्ट्रपति पुतिन ने "मेक इन इंडिया" पहल का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल भारत को एक प्रमुख विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इसके जरिए भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी स्थिति को मजबूत किया है। उन्होंने इस पहल को विदेशी निवेश आकर्षित करने के संदर्भ में भी अहम बताया। पुतिन ने यह भी कहा कि रूस की इच्छा है कि वह "मेक इन इंडिया" के अंतर्गत भारत में विनिर्माण संयंत्र स्थापित करे, और यह निवेश रूस और भारत दोनों के लिए लाभकारी होगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि रूस की तेल कंपनी रोसनेफ्ट ने हाल ही में भारत में 20 बिलियन डॉलर का निवेश किया है। राष्ट्रपति पुतिन ने ब्रिक्स देशों के संदर्भ में भी चर्चा की और कहा कि ब्रिक्स निवेश मंच वैश्विक दक्षिण और पूर्वी देशों को वित्तीय संसाधन प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण होगा। पुतिन ने इस मंच के बारे में कहा कि यह सभी भागीदार देशों को लाभ पहुंचाने की क्षमता रखता है और यह वैश्विक अर्थव्यवस्था को समर्थन देने में मदद करेगा। उन्होंने एसएमई (छोटे और मंझले उद्योग) के विकास के लिए ब्रिक्स देशों के बीच और अधिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया। पुतिन ने विशेष रूप से ब्रिक्स देशों के बीच त्वरित विवाद समाधान प्रणाली स्थापित करने की बात की, ताकि व्यापारिक लेनदेन में कोई अड़चन न आए। राष्ट्रपति पुतिन ने यह भी कहा कि रूस के आयात घटाने के कार्यक्रम के तहत नए रूसी ब्रांड्स का उभार हुआ है, जो पश्चिमी कंपनियों के बाजार से बाहर जाने के बाद रूस के घरेलू उद्योग में जगह बना रहे हैं। उन्होंने उपभोक्ता वस्त्र, आईटी, उच्च तकनीकी उद्योगों और कृषि में स्थानीय निर्माताओं की सफलता की सराहना की और इसे रूस के आयात घटाने के कार्यक्रम का अहम हिस्सा बताया।  पुतिन ने ब्रिक्स देशों के नेताओं से अपील की कि वे अगले वर्ष ब्राजील में होने वाली शिखर सम्मेलन के दौरान सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों की पहचान करें। उन्होंने कहा कि यह मंच और इसका सहयोग न केवल ब्रिक्स देशों के लिए, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी विकास की नई दिशा प्रदान करेगा। recent visitors 72

सुक्खू ने ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाड और कॉमनवेल्थ खेलों में विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि से नवाजा गया

शिमला मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने युवा सेवाएं और खेल विभाग द्वारा आयोजित नकद पुरस्कार वितरण समारोह में 21 अंतर्राष्ट्रीय पदक विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर ओलंपिक, पैरालंपिक, एशियाड और कॉमनवेल्थ खेलों में विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि से नवाजा गया, जिसमें ऊना के पैरालंपिक एथलीट निषाद कुमार को सबसे बड़ी पुरस्कार राशि 7.80 करोड़ रुपए से नवाजा गया। अपने संबोधन में सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार ने खिलाड़ियों के लिए पुरस्कार राशि 8 गुना बढ़ा दी है, क्योंकि जब खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन करते हैं, तो प्रदेश का भी नाम होता है। उन्होंने बताया कि इस साल के बजट में स्कूल और कॉलेज खेलों के लिए डाइट मनी बढ़ाई गई है, ताकि खिलाड़ियों को और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सीएम ने यह भी घोषणा की कि हर विधानसभा क्षेत्र में स्टेडियम बनाए जाएंगे और हिमाचल प्रदेश में अंतर्राष्ट्रीय मानकों के शूटिंग रेंज, स्वीमिंग पूल, बॉक्सिंग, कुश्ती, लॉन टेनिस कोर्ट जैसे अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का निर्माण कार्य अगले साल से शुरू होगा। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय मानकों के इंडोर स्टेडियम बनाने की दिशा में भी कदम बढ़ाए जा रहे हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनी थी तो खजाने में धन की कमी थी, लेकिन हमने फिर भी हार नहीं मानी। हम ऐसे निर्णय ले रहे हैं, जिनका फायदा आम लोगों को मिल रहा है। सरकार  प्रदेश को समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठा रही है। recent visitors 74

झूला झूल रही बच्ची सैकड़ों फीट की ऊंचाई से गिरी, मौजूद लोगों ने तत्परता से बच्ची को बचाया और टला हादसा

लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में चल रहे ऐतिहासिक झोलहू बाबा मेले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मेले में झूला झूल रही एक बच्ची अचानक हवाई झूले से सैंकड़ों फीट की ऊंचाई से गिर गई लेकिन गिरते वक्त उसने झूले के एंगल को पकड़कर अपनी जान बचा ली। यह घटना मेले में झूला झूलने आए लोगों के लिए खतरनाक साबित हो सकती थी लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता से बच्ची को बचाया और हादसा टल गया। घटना का विवरण यह घटना लखीमपुर खीरी जिले के रकेहटी क्षेत्र में चल रहे ऐतिहासिक झोलहू बाबा मेले में हुई। वीडियो में दिखाया गया कि बच्ची झूले का आनंद ले रही थी तभी अचानक वह झूले से गिरने लगी। गिरते समय बच्ची ने झूले के एंगल को मजबूती से पकड़ लिया जिससे वह कुछ समय तक लटकी रही। इस दौरान लोग घबराए हुए थे लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उसे किसी तरह नीचे उतार लिया और उसकी जान बचा ली। सुरक्षा इंतजामों की कमी चर्चा की जा रही है कि इस मेले में पुलिस और तहसील प्रशासन की मिलीभगत से झूले का संचालन किया जा रहा था लेकिन सुरक्षा के कोई भी ठोस इंतजाम नहीं किए गए थे। झूले में बच्चों और वयस्कों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त उपाय नहीं किए गए थे जिससे यह दुर्घटना हुई। यदि समय रहते बच्ची को नहीं बचाया जाता तो यह एक बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों का गुस्सा घटना के बाद स्थानीय लोग और मेला घूमने आए लोग सुरक्षा इंतजामों की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस तरह के मेलों में सुरक्षा पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हो सकें। वहीं इस घटना ने एक बार फिर मेलों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। recent visitors 165