अब असम के श्रीभूमि जिले में एक मंदिर का निर्माण कार्य बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के हस्तक्षेप के बाद अस्थायी रूप से रोक दिया

ढाका हिंदुओं के खिलाफ हिंसा पर उतारू बांग्लादेश की हिमाकत दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। अब असम के श्रीभूमि जिले में एक मंदिर का निर्माण कार्य बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बांग्लादेशी सैनिक) के हस्तक्षेप के बाद अस्थायी रूप से रोक दिया गया। हालांकि, श्रीभूमि जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि यह केवल भ्रम की स्थिति थी, और चर्चा के बाद इसे सुलझा लिया गया। श्रीभूमि के जिला आयुक्त प्रदीप कुमार द्विवेदी ने एचटी को बताया कि भ्रम की वजह अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मंदिर के पुनर्निर्माण स्थल के पास एक काले रंग का प्लास्टिक कवर था। उन्होंने कहा, "सीमा के पास मनसा मंदिर का पुनर्निर्माण हो रहा था और श्रमिकों ने वहां एक छोटा सा तम्बू बनाया, जिससे बीजीबी के जवान वहां आए। बीजीबी के हस्तक्षेप के कारण, निर्माण कुछ समय के लिए रोक दिया गया और शाम को फ्लैग-मीटिंग के बाद भ्रम दूर हो गया।" श्रीभूमि जिला (पूर्व में करीमगंज) बांग्लादेश के साथ लगभग 95 किलोमीटर की सीमा साझा करता है और इसमें से लगभग 40 किलोमीटर नदी की सीमा है, जिसमें श्रीभूमि शहर के पास का एक बड़ा क्षेत्र शामिल है। गुरुवार दोपहर को, बांग्लादेश के सिलहट डिवीजन से बीजीबी की एक टीम कथित तौर पर नदी की सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में आ गई, जहां निर्माण कार्य हो रहा था। उन्होंने बीएसएफ को एक पत्र भी लिखा और श्रमिकों से अपनी गतिविधियां बंद करने को कहा। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह कोई असामान्य प्रयास नहीं था और दोनों देशों के सीमा सुरक्षा बल एक-दूसरे से बात करते रहते हैं। उन्होंने कहा, "नदी यहां की सीमा है, इसलिए इसका आधा हिस्सा बीजीबी और आधा हिस्सा हमारे द्वारा कवर किया गया है। जब भी हमें कुछ असामान्य दिखाई देता है, हम एक-दूसरे के पक्ष के बारे में पूछताछ करते रहते हैं। वे भारतीय क्षेत्र में निर्माण के बारे में बात करना चाहते थे और हमने चर्चा करके भ्रम को दूर कर दिया।" अधिकारी ने कहा कि वे फ्लैग मीटिंग के संकेत दिखाने के बाद कुशियारा नदी के बीच में गए और बीजीबी ने इसका जवाब दिया, वहीं इस मामले पर चर्चा हुई। श्रीभूमि जिला प्रशासन में असम पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि मंदिर कुशियारा नदी के किनारे स्थित है और इसके पुनर्निर्माण के लिए सरकार ने 3 लाख रुपये की राशि मंजूर की है। श्रीभूमि जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पार्थ प्रतिम दास ने कहा कि मामले के बारे में कुछ अधूरी जानकारी साझा की गई थी। उन्होंने कहा, "ये चर्चाएं बहुत आम हैं। इस बारे में कुछ अधूरी जानकारी साझा की गई थी, लेकिन अब सब ठीक है।" इस सप्ताह की शुरुआत में, असम की बराक घाटी के हजारों स्थानीय लोग बांग्लादेश में हिंदुओं पर कथित हमलों के विरोध में श्रीभूमि में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एकत्र हुए। विरोध प्रदर्शन के दौरान, एक बिंदु पर पुलिस और बीएसएफ पर हमला किया गया और उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया, जिसके परिणामस्वरूप कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। recent visitors 89

निक्षय-निरामय के प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर उद्योग मंत्री देवांगन ने किया रवाना

रायपुर, वाणिज्य उद्योग और श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने निक्षय निरामय छत्तीसगढ़ अभियान के तहत प्रचार प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।      स्वास्थ्य विभाग के तत्वाधान में कोरबा के ढोढीपारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम विष्णुदेव साय की सरकार में जनता की हित और बेहतर स्वास्थ्य के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इसी कड़ी में घर-घर पहुंच कर लोगों को स्वास्थ्य सुविधा मिले, इसके लिए यह पहल की गई है। टीबी से रोकथाम के लिए जरूरी है कि बीमारी की पहचान समय रहते हो जाय। इसके लिए जरूरी है कि किसी भी तरह से परेशानी होने पर तत्काल स्वास्थ की जांच जरुर कराएं।      मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि 2025 तक देश को बीमारी से मुक्त करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को टी.बी. मुक्त बनाने की दिशा में यह "100 दिवसीय निक्षय अभियान" एक सकारात्मक पहल है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए इसे जन-आंदोलन बनाना जरूरी है। समाज के सभी वर्गों के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाना है। उन्होंने सभी नागरिकों, जन-प्रतिनिधियों, और सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों से अपील की कि वे इस 100 दिवसीय नि-क्षय अभियान का हिस्सा बनकर टी.बी. मरीजों की मदद करें और उन्हें बताए कि "अब टी.बी. लाइलाज बीमारी नहीं है, इसका इलाज संभव है।इस अवसर पर  जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तिवारी, नरेंद्र पाटनवार, कोसाबाड़ी मंडल अध्यक्ष अजय विश्वकर्मा, पार्षद घनसाय साहू, पूर्व पार्षद लक्ष्मण श्रीवास, पुनीराम साहू, राजेश साहू, हारबाई यादव, सीएमएचओ डॉ एस एन केशरी, डीपीएम पद्माकर शिंदे समेत अधिक संख्या में स्वास्थ्य कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित थे। recent visitors 63

एसीएस श्री मंडलोई ने लिया लोड डिस्पैच सेंटर की कार्यप्रणाली का जायज़ा

भोपाल अपर मुख्य सचिव ऊर्जा श्री नीरज मंडलोई ने म.प्र. पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के मुख्यालय जबलपुर में नयागांव स्थित लोड डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया। श्री मंडलोई ने निरीक्षण के दौरान स्टेट लोड डिस्पेच सेंटर की साइबर सिक्योरिटी के संबंध में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि इस संबंध में मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की साइबर सिक्योरिटी संबंधित प्रक्रियाओं को राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण द्वारा, अन्य प्रदेशों के लोड डिस्पैच सेंटरों को अनुपालन करने की सलाह दी गई है। श्री मंडलोई ने स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर जबलपुर में अत्याधुनिक तकनीक के उपकरणों की सहायता से प्रदेश की विद्युत प्रणाली के रियल टाइम मॉनिटरिंग, समूचे प्रदेश एवं ग्रिड के सब-स्टशेनों से आने वाले डेटा, ग्रिड अनुशासन, एक्स्ट्रा हाई टेंशन सब-स्टेशनों के लोड पैटर्न, एनर्जी अकाउंटिंग, ओपन एक्सेस आदि के बारे में भी जानकारी प्राप्त की और आवश्यक निर्देश दिए। डिजास्टर मैनेजमेंट की तैयारी जानी अपर मुख्य सचिव श्री मंडलोई ने प्रदेश में बिजली संकट की स्थिति में स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के डिजास्टर मैनेजमेंट संबंधित तैयारी की जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि लोड डिस्पेच सेंटर में समय-समय पर मॉक ड्रिल और आई लैंडिंग स्कीम से सिस्टम की विश्वसनीयता और विपरीत परिस्थितियों से निपटने के इंतजामों का परीक्षण किया जाता है। श्री मंडलोई ने लोड डिस्पेच सेंटर में मध्यप्रदेश में बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जाने वाली पॉवर शिड्यूलिंग, विद्युत उत्पादन गृहों से समन्वय, मध्यप्रदेश की 400 के.व्ही. की ट्रांसमिशन लाइनों में पॉवर फ्लो, रिन्यूअल इनर्जी का उत्पादन जैसे अनेक अन्य तकनीकी विषयों की जानकारी ली। उन्होंने वन-नेशन-वन ग्रिड की अवधारणा को भी समझा और प्रदेश में सोलर एनर्जी के बढ़ते उत्पादन को ग्रिड के साथ इंटीग्रेट करने की चुनौतियों पर भी चर्चा की। श्री मंडलोई ने देश के सर्वश्रेष्ठ लोड डिस्पेच सेंटर्स में से एक मध्यप्रदेश के लोड़ डिस्पेच सेंटर की विश्व स्तरीय व्यवस्थाओं और उसकी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि इतने कॉम्पलेक्स सिस्टम को 24X7 सटीकता से चलाना एक बड़ा चुनौतीपूर्ण टास्क है। निरीक्षण के समय श्री मंडलोई के साथ मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुनील तिवारी, स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर के मुख्य अभियंता श्री प्रदीप सचान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 96

उमंग कार्यक्रम प्रदेश के 9306 विद्यालयों में संचालित

भोपाल स्कूल शिक्षा विभाग प्रदेश के 9 हजार 306 विद्यालयों में हेल्थ एण्ड वेलनेस कार्यक्रम संचालित कर रहा है। यह कार्यक्रम समग्र शिक्षा अभियान, माध्यमिक शिक्षा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संयुक्त रूप से मिलकर उमंग कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं। उमंग कार्यक्रम का उद्देश्य हाई और हायर सेकेण्डरी स्कूल के छात्र और छात्राओं में बेहतर जीवन कौशल विकसित करना है। उमंग कार्यक्रम के मॉड्यूल में मुख्य रूप से स्वास्थ्य, पोषण, जेण्डर, हिंसा, कम उम्र में विवाह, यौन उत्पीड़न और शोषण, घरेलू हिंसा, साइबर सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों को शामिल किया गया है। उमंग कार्यक्रम से 21 लाख छात्र-छात्राएँ लाभान्वित हो रहे हैं। उमंग कार्यक्रम के जरिये स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों में लड़कियों और महिलाओं के प्रति सम्मान विकसित करने के उद्देश्य से यूएनएफपीए के सहयोग से 10 पोस्टर निर्मित किये गये हैं। यह पोस्टर्स लड़कों में नारी के प्रति सम्मान की भावना पैदा करने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं। उमंग कार्यक्रम की प्रदेश में प्रशंसा भी हुई है और इसे पुरस्कृत भी किया गया है। प्रशिक्षण मार्गदर्शिका उमंग कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के बाद विभाग ने प्रशिक्षण मार्गदर्शिका पुस्तक “उज्जवल’’ तैयार की है। इसके माध्यम से स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों की सोच में सकारात्मक बदलाव के लिये ठोस प्रयास किये जा रहे हैं। छात्रों को पुरुषत्व के सही मायनों के बारे में बताया जा रहा है। इस मार्गदर्शिका का परीक्षण प्रदेश के डिण्डोरी, बैतूल, गुना एवं भोपाल जिलों में कक्षा-9 से 12वीं के विद्यार्थियों के साथ किया गया है। recent visitors 111

युवाओं के नेतृत्व क्षमता का विकास करता है युवा संसद : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े

युवा संसद कार्यक्रम में युवाओं ने समझी संसदीय कार्यप्रणाली रायपुर, महिला एवं बाल विकास और समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े आज सूरजपुर जिले के ग्राम बतरा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने  युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा संसद युवाओं के नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। युवा संसद के माध्यम से छात्रों को सरकार की कार्यप्रणाली को जानने और समझने का अवसर मिलता है। युवा संसद कार्यक्रम के माध्यम से राजनीति सीखकर आज कई नेता अच्छे मुकाम पर पहुंच चुके हैं। युवा संसद का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना और उन्हें लोकतंत्र में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करना है, साथ ही सार्वजनिक मुद्दों पर विचार करने और अपनी राय बनाने के लिए भी प्रोत्साहित करना है। मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने इस अवसर पर विद्यालय के स्काउट गाइड के बच्चों से भी मुलाकात की और युवा संसद कार्यक्रम के सभी विजेताओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए। recent visitors 123

बलौदाबाजार भाटापारा के किसान गेल इंडिया की पाइप लाइन बिछाने से परेशान

बलौदाबाजार गेल इंडिया कंपनी खेतों में पाइपलाइन बिछा रही है, जो किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है. एक तरफ जहां फसल खराब हो रही है, तो वहीं दूसरी ओर कंपनी की ओर से उचित मुआवजा भी नहीं दिया जा रहा है. बलौदा बाजार भाटापारा जिले के किसान गेल इंडिया की पाइप लाइन बिछाने से परेशान हैं. सही जानकारी, उचित मुआवजा राशि और प्रशासन से मदद नहीं मिलने पर किसानों ने नाराजगी जताई है. वहीं कुछ किसान कलेक्टर जनदर्शन में, तो कुछ हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाते हुए जमीन का उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं. इधर गैस पाइपलाइन बिछाने के लिए कंपनी और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा पाइप लाइन बिछाने के लिए किसानों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है. किसानों का आरोप है कि जो मुआवजा दिया जा रहा है, उचित नहीं है. वहीं कुछ किसानों का कहना है कि कंपनी बिना ही किसानों को विश्वास में लिए पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है. बता दें कि ओडिशा से मुंबई तक गेल इंडिया कंपनी द्वारा मुख्य लाइन बिछाई जा रही है. इसमें हर 20- 20 किलोमीटर में एक एचबी स्टेशन बनेंगे, जहां से गांव-गांव में घरेलू गैस सप्लाई के लिए पाइपलाइन बिछाई जाएगी. केंद्र सरकार के इस महती योजना के लिए पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू करने के बाद से लगातार विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है. इधर किसानों का आरोप है कि गेल इंडिया के तरफ से एसडीएम भाटापारा को पत्र लिखकर पाइप लाइन बिछाने के लिए पुलिस बल मुहैया कराने की मांग की गई है. किसानों का कहना है कि कंपनी के द्वारा किसानों से पाइपलाइन बिछाने के बाद पाइपलाइन के दोनों तरफ 20-20 मीटर की जमीन ली जा रही है. इस जमीन पर किसान भविष्य में ना तो कोई निर्माण कर सकता है और नहीं बोरवेल खुदवा सकते हैं. वहीं कंपनी के तरफ से कोई अधिकृत जानकारी भी नहीं दी जा रही है कि किसके लिए यह पाइपलाइन बिछाई जा रही है, पहले गुपचुप तरीके से सर्वे करने के बाद मुआवजा दिए बिना ही सीधे पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है. वहीं कुछ किसानों का कहना है कि जो मुआवजा दिए हैं, वह उचित नहीं है. किसानों का आरोप है कि प्रशासन के तरफ से किसानों की कोई मदद नहीं की जा रही है, उल्टे प्रशासनिक अधिकारी गैस पाइपलाइन बिछा रही गेल इंडिया का ही समर्थन करते हुए किसानों पर जमीन देने के लिए दबाव बना रहे हैं. मामले में एसडीएम भाटापारा नितिन तिवारी ने बताया कि पूरे जिले के साथ ही राज्य में गेल इंडिया कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने का काम हो रहा है, जिसमें नेचुरल गैस की सप्लाई का काम होगा, वर्तमान में भाटापारा के 6 गांव में अभी काम चल रहा है, किसानों में भ्रम की जो स्थिति है वो गैस पाइपलाइन के 20 मीटर में कंस्ट्रक्शन होगा, वह सही नहीं है. सरकार के प्रावधानों के तहत कंपनी द्वारा भू- स्वामियों को उसके बदले उचित मुआवजा दिया जा रहा है. recent visitors 70

सामाजिक बुराईयों को दूर करना हम सब की जिम्मेदारी : अरुण साव

युवक-युवती परिचय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री साहू समाज छात्रावास का किया लोकार्पण, मंच निर्माण एवं पेवर ब्लॉक के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की   रायपुर उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव आज बलौदाबाजार में जिला साहू संघ द्वारा आयोजित युवक-युवती परिचय सम्मेलन और सम्मान समारोह में शामिल हुए। उन्होंने इस दौरान झिरिया साहू समाज के नवनिर्मित छात्रावास का लोकार्पण किया। उन्होंने साहू स्मारिका, तेली दिवस पुस्तक एवं पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री पवन साहू द्वारा तैयार कैलेंडर का विमोचन भी किया। श्री साव ने साहू छात्रावास में मंच निर्माण और पेवर ब्लॉक के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। भाटापारा के विधायक श्री इंद्र साव और कसडोल के विधायक श्री संदीप साहू भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवक-युवती परिचय सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि साहू समाज मेहनतकश समाज है। साहू समाज के लोग ईमानदारी और मेहनत के लिए जाने जाते हैं। इसी की बदौलत आज साहू समाज हर क्षेत्र में अपना विशिष्ट योगदान दे रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में साहू समाज के उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को शॉल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि अपनी संस्कृति को सहेजते हुए आधुनिकता की ओर समाज को लेकर जाना है। इसके लिए सामाजिक बुराईयों और कुप्रथाओं को दूर करते हुए शिक्षा पर जोर देने की ज़रूरत है। शिक्षित समाज से ही एक सशक्त राज्य और राष्ट्र का निर्माण हो सकता है। युवक-युवती परिचय सम्मलेन साहू समाज की प्रशंसनीय पहल है। कार्यक्रम को विधायक इंद्र साव और संदीप साहू ने भी संबोधित किया। प्रदेश साहू समाज के अध्यक्ष श्री टहल सिंह साहू और बलौदाबाजार जिला साहू समाज के अध्यक्ष श्री सुनील साहू सहित अनेक सामाजिक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक और जिला प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे। recent visitors 74