Monday, July 6, 2026 2:45 am

दिल्ली के सात विधानसभा इलाकों से भाजपा ने साजिश करके 22,000 से ज्यादा वोट कटवाने की एप्लीकेशन दी: आम आदमी पार्टी

नई दिल्ली आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की अलग-अलग विधानसभा में भाजपा द्वारा साजिश करके 'आप' के वोट काटने के आरोप लगाए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि दिल्ली के सात विधानसभा इलाकों से भाजपा ने साजिश करके 22,000 से ज्यादा वोट कटवाने की एप्लीकेशन दी है। राघव चड्ढा ने कहा कि दिल्ली में सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाई जा रही है। चुनाव आयोग द्वारा समरी-रिवीजन का समय समाप्त होने के बाद वोट कटवाने की एप्लीकेशन क्यों दी जा रही है? राघव चड्ढा ने कहा कि चुनाव आयोग भी अन्य सभी राजनीतिक दलों को अंधेरे में रखकर वोट काटने की कार्रवाई कर रहा है। राघव चड्ढा ने तुगलकाबाद विधानसभा के आंकड़े को सामने रखते हुए कहा कि तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र के लालकुआं इलाके के बूथ नंबर 117 पर 1,337 वोट हैं। इस बूथ पर 556 लोगों के वोट काटने की एप्लीकेशन दी गई है। इसमें भी 554 लोगों के वोट कटवाने की एप्लीकेशन भाजपा के दो लोगों ने दी है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि बीजेपी के इस गैरकानूनी काम में चुनाव आयोग का साथ देना बेहद खतरनाक है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर समेत लाखों शहीदों ने अपनी जान देकर हमें अंग्रेजों से आजादी दिलाई और जनता को वोट डालने का अधिकार दिलाया। अब बीजेपी लोगों से वोट डालने का अधिकार छीनकर संविधान और बाबा साहेब के विजन की हत्या कर रही है। मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया है कि रोहिंग्या को दिल्ली में बीजेपी ने ही बसाया है। खुद केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने उन्हें सरकारी आवास देने की बात कही है। अब चुनाव के समय भाजपा वाले रोंहिग्या के नाम पर ड्रामा कर रहे हैं। recent visitors 48

देशद्रोह के आरोप गिरफ्तार पुजारी चिन्मय कृष्ण दास की जमानत याचिका अदालत ने की खारिज

ढाका बांग्लादेश की एक अदालत ने बुधवार को पुजारी चिन्मय कृष्ण दास की जमानत याचिका खारिज कर दी। बांग्लादेश सम्मिलित सनातन जागरण जोत के प्रवक्ता दास को देशद्रोह के आरोप गिरफ्तार किया गया था। स्थानीय मीडिया ने बताया कि चटगांव मेट्रोपोलिटन सेशन जज मोहम्मद सैफुल इस्लाम ने बुधवार को यह आदेश पारित किया। उन्होंने कहा कि याचिका इसलिए खारिज कर दी गई क्योंकि दास के पास अपनी ओर से किसी वकील का लेटर ऑफ अटॉर्नी नहीं था। इसमें यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके वकील सुभाशीष शर्मा सुरक्षा कारणों से 3 दिसंबर को सुनवाई में शामिल नहीं हो सके। देश के प्रमुख बंगाली दैनिक प्रथम आलो की रिपोर्ट के अनुसार, "चटगांव मेट्रोपॉलिटन सेशन जज कोर्ट के लोक अभियोजक पीपी मोफिजुल हक भुइयां ने बताया कि राज्य पक्ष ने अदालत को सूचित किया कि वकील रवींद्र घोष, ने दास की ओर से केस लड़ने के लिए कोई पावर ऑफ अटॉर्नी नहीं दी थी।" घोष ने चिन्मय की अग्रिम जमानत की सुनवाई के लिए आवेदन दिया था। रिपोर्ट के मुताबिक चिन्मय के वकील सुभाशीष शर्मा भी मौजूद नहीं थे। सुभाशीष ने केस लड़ने के लिए रवींद्र घोष को लिखित में कुछ भी नहीं दिया। बाद में, अदालत ने वकील रवींद्र घोष द्वारा किए गए आवेदन को खारिज कर दिया। यह पता चला कि मामले में दो अन्य आरोपियों की जमानत पर सुनवाई भी बुधवार को होनी थी, लेकिन वकील की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई नहीं हो सकी। भारत ने उम्मीद जताई है कि सुनवाई 'निष्पक्ष और पारदर्शी' होगी, क्योंकि गिरफ्तार किए गए हिंदुओं के पास कानूनी अधिकार हैं, जिनका सम्मान किया जाना चाहिए। नई दिल्ली ने ढाका में अंतरिम सरकार के अधिकारियों से हिंदुओं और सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बार-बार अपील की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पिछले महीने कहा था, "अंतरिम सरकार को सभी अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। हम चरमपंथी बयानबाजी, हिंसा और उकसावे की बढ़ती घटनाओं से चिंतित हैं। इन घटनाक्रमों को केवल मीडिया की अतिशयोक्ति के रूप में खारिज नहीं किया जा सकता। हम एक बार फिर बांग्लादेश से अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए सभी कदम उठाने का आह्वान करते हैं।" सोमवार को ढाका की अपनी यात्रा के दौरान विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस और विदेश मामलों के सलाहकार तौहीद हुसैन के साथ अपनी बैठकों के दौरान अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और कल्याण से जुड़ी चिंताओं से ढाका को अवगत कराया था। recent visitors 43

राज्यसभा में व्यवधान की सबसे बड़ी वजह खुद सभापति ही हैं, वह सरकार के प्रवक्ता के रूप में काम कर रहे हैं: मल्लिकार्जुन खरगे

नई दिल्ली राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ लाए जा रहे अविश्वास प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सभापति को निष्पक्ष होना चाहिए. सभापति राजनीति से परे होते हैं. उन्होंने पक्षपातपूर्ण व्यवहार किया है. खरगे ने आगे कहा कि आज सदन में चर्चा कम और राजनीति ज्यादा हो रही है. उनके आचरण से देश की गरिमा को नुकसान पहुंचा है. कांग्रेस प्रमुख ने आज बुधवार को कहा कि साल 1952 के बाद से अब तक अनुच्छेद 67 के तहत कोई प्रस्ताव नहीं लाया गया क्योंकि उपराष्ट्रपति कभी राजनीति में शामिल होते नहीं दिखते थे. उन्होंने कहा कि राज्यसभा में नियमों पर राजनीति को प्राथमिकता दी गई. सभापति ने हमारे साथ पक्षपातपूर्ण व्यवहार किया है. उपराष्ट्रपति धनखड़ पर बड़ा हमला करते हुए कांग्रेस प्रमुख खरगे ने कहा कि राज्यसभा में व्यवधान की सबसे बड़ी वजह खुद सभापति ही हैं, वह सरकार के प्रवक्ता के रूप में काम कर रहे हैं. राज्यसभा में सदन के उपनेता खरगे ने कहा कि राज्यसभा के सभापति का आचरण पद की गरिमा के उलट ही रहा है. वह विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हैं और सरकार की प्रशंसा करते नजर आते हैं. उन्होंने कहा कि राज्यसभा के सभापति स्कूल के हेडमास्टर की तरह काम करते हैं. वह अनुभवी विपक्षी नेताओं को उपदेश देते हैं, यही नहीं उन्हें बोलने से रोकते भी हैं. recent visitors 52

अंबेडकर स्मारक में तोड़फोड़ के बाद परभणी में हिंसा, किया बंद का ऐलान, पुलिस ने लाठीचार्ज किया, आरोपी गिरफ्तार

परभणी महाराष्ट्र के परभणी में अंबेडकर स्मारक में तोड़फोड़ की घटना के बाद हिंसा भड़क उठी। यह हिंसा उस समय शुरू हुई जब अंबेडकर स्मारक में संविधान की प्रतिकृति को तोड़ने की कोशिश करने के आरोप में एक व्यक्ति, सोपन दत्ताराव पवार (45), को गिरफ्तार किया गया। इस घटना के विरोध में बुधवार को परभणी में बंद का आह्वान किया गया, जिसके परिणामस्वरूप कई दुकानों और गाड़ियों में तोड़फोड़ और आगजनी की गई। हिंसा को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और कुछ इलाकों में लाठीचार्ज भी किया। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए परभणी जिले में धारा 144 लागू कर दी है। परभणी के अलावा, हिंगोली में भी हिंसक घटनाएं देखने को मिलीं। इस मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, और फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। recent visitors 139

रोंग साइट से आई एक कार सीएम भजनलाल के काफिले में घुसी और पुलिस की गाड़ी से भिड़ गई, 3 पुलिसकर्मी घायल

जयपुर एनआरआई सर्किल के पास बुधवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के काफिले में एक गंभीर हादसा हुआ। रोंग साइट से आई एक कार काफिले में घुसी और पुलिस की गाड़ी से भिड़ गई। इस हादसे में तीन पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल ने स्वयं गाड़ी से उतरकर उनका इलाज करवाने की पहल की। हादसे के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल ने घायल पुलिसकर्मियों को अपनी गाड़ी में बैठाकर महात्मा गांधी हॉस्पिटल भेजा, जहां से उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जीवन रेखा अस्पताल रेफर किया गया। इलाज की प्रक्रिया अभी भी जारी है। सीएम भजनलाल शर्मा इस घटना के बाद अपनी यात्रा रद्द कर दी और अब वह लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित सोहन सिंह स्मृति कौशल विकास केंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम में नहीं जा पाएंगे। घायलों में से एक पुलिसकर्मी की पहचान एएसआई सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जबकि बाकी दो पुलिसकर्मियों के नाम फिलहाल सामने नहीं आए हैं। उनकी हालत की गंभीरता को देखते हुए उपचार जारी है, और अधिकारियों की ओर से हादसे की पूरी जांच की जा रही है। recent visitors 53

अधोसंरचना विकास के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश के हर क्षेत्र में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधोसंरचना के विस्तार और अत्याधुनिक उपकरणों की खरीदी के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं। यह सुनिश्चित किया जाये कि सेवाएं समय पर आम नागरिकों तक पहुँचे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मंत्रालय में प्रदेश के विभिन्न जिला चिकित्सालयों और कैंसर अस्पतालों में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए की जा रही खरीदी प्रक्रिया की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिये कि अधोसंरचना विकास के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रक्रिया की सतत मॉनीटरिंग कर समयसीमा के भीतर उपकरण खरीदी का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने सीटी स्कैन, एमआरआई, कैथ लैब, पेट-स्कैन, लाईनैक, और ब्रेकी-थेरेपी जैसे उन्नत उपकरणों की खरीदी प्रक्रिया की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने प्रदेश के चिकित्सकीय संस्थानों में औषधि एवं कंज्यूमेबल की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उक्त सामग्री आवश्यकतानुसार संस्थानों में उपलब्ध हों, यह सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने ट्रांसफर पोर्टल की तैयारी की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल सुविधाजनक और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। उन्होंने विभागीय स्तर पर पोर्टल को और अधिक दुरुस्त करने के निर्देश दिये ताकि ट्रांसफर प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रमुख सचिव स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री संदीप यादव, आयुक्त स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री तरुण राठी, एमडी एमपीपीएचएससीएल श्री मयंक अग्रवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।   recent visitors 49

मंत्री टेटवाल ने कहा कि श्रीमद् भगवद गीता मानव जीवन के लिए एक अद्वितीय आध्यात्मिक मार्गदर्शी ग्रंथ

भोपाल कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने अमरकंटक में आयोजित गीता महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सांस्कृतिक पुर्नरुद्धार के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मकर संक्रांति, विजयादशमी, रक्षाबंधन जैसे त्योहारों को पूरे उत्साह के साथ मनाने की परंपरा मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दूरदर्शिता का परिणाम है। गीता जयंती का आयोजन इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह आयोजन भारतीय संस्कृति के गौरव को पुनर्स्थापित करने का एक अनुकरणीय प्रयास है। मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि श्रीमद् भगवद गीता मानव जीवन के लिए एक अद्वितीय आध्यात्मिक मार्गदर्शी ग्रंथ है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य वचनों के माध्यम से जीवन की हर समस्या का समाधान छिपा हुआ है। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भगवद गीता की महिमा को शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। गीता के उपदेश न केवल आध्यात्मिक मार्ग को प्रशस्त करते हैं, बल्कि जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने का साहस भी प्रदान करते हैं। मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे श्रीमद्भगवद गीता का नियमित पठन करें। उन्होंने कहा कि गीता का पाठ मानसिक विकारों को दूर करता है और जीवन में सकारात्मकता लाता है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन और गीता के उपदेश केवल धार्मिक दृष्टिकोण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि धर्मग्रंथ गीता सदैव हमारी संस्कृति और परंपराओं का प्रमुख आधार रहा है। मंत्री श्री जायसवाल ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सांस्कृतिक और आध्यात्मिक नवजागरण के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि गीता के 700 श्लोक जीवन को नई दिशा प्रदान करते हैं और इसे समझना हर व्यक्ति के लिए अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में धारकुंडी आश्रम के स्वामी लवलीन महाराज ने कहा कि गीता जयंती सद्कर्म, स्वधर्म और कर्तव्य पथ पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि 5 हजार वर्ष पूर्व दिये गये गीता के उपदेश आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। गीता का अध्ययन मनुष्य को धर्म और सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है। सांस्कृतिक प्रस्तुति गीता महोत्सव का शुभारंभ साधु-संतों और जनप्रतिनिधियों द्वारा मां नर्मदा के छाया चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और कन्या-पूजन से हुआ। महंत और संत महात्माओं को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। मृत्युंजय आश्रम के बटुकों ने श्रीमद्भगवद गीता का सस्वर वाचन किया। सरस्वती शिशु मंदिर, कल्याणीका केंद्रीय शिक्षा निकेतन, पीएम श्री शासकीय विद्यालय, और जवाहर नवोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और योग प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। इस भव्य आयोजन में संत-समाज, नागरिक, जनप्रतिनिधि और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गीता महोत्सव का आयोजन भारतीय संस्कृति के गौरव को पुनर्स्थापित करने और गीता के उपदेशों को समाज में प्रचारित-प्रसारित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। recent visitors 52