Sunday, July 5, 2026 5:37 am

कश्मीर में सर्दी का सितम, अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर शीतलहर जारी रहने के आसार

श्रीनगर कश्मीर में रात के तापमान में गिरावट आने से शीतलहर जारी है और सभी स्थानों का तापमान हिमांक बिंदु से काफी नीचे दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) के अनुसार, अगले तीन दिनों तक कई स्थानों पर शीतलहर जारी रहने के आसार हैं। श्रीनगर में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस समय के सामान्य तापमान से शून्य से 3.4 डिग्री सेल्सियस कम है। मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले में पर्यटन स्थल सोनमर्ग में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में तापमान गिरकर शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। दक्षिण कश्मीर में स्थित पर्यटन स्थल पहलगाम में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 8.4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि कुपवाड़ा के सीमावर्ती क्षेत्र में शून्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया, जबकि दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड और कोकरनाग में क्रमशः शून्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम और शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। जम्मू संभाग में गर्मी रही, लेकिन रात के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। जम्मू शहर में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस कम है, जबकि बनिहाल में 4.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।   recent visitors 54

रायसेन, बाड़ी नगरपरिषद सीएमओ, कंप्यूटर आपरेटर और टाइम कीपर को लोकायुक्त ने दबोचा

भोपाल लोकायुक्त टीम भोपाल ने बड़ी कार्यवाही करते हुए रायसेन, बाड़ी नगरपरिषद सीएमओ बद्री प्रसाद शर्मा, कंप्यूटर आपरेटर शुभम जैन और टाईम कीपर जय कुमार को ठेकेदार से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथो दबोचा है। टीम ने जाल बिछाते हुए आरोपियो को भोपाल के जोन-1 बापू की कुटिया के पास से पकड़ा है। लोकायुक्त अधिकारियो से मिली जानकारी के अनुसार वसुंधरा सुरेंद्र प्लेस होशंगाबाद रोड भोपाल पर रहने वाले फरियादी राजेश मिश्रा ने लिखित शिकायत करते हुए बताया कि वह ठेकेदारी का काम करते है। साल 2021 में उन्होनें नगर पालिका परिषद बाड़ी जिला रायसेन अंतर्गत श्मशान घाट का निर्माण कराया था। इस काम का भुगतान साल 2023 में हो गया था, लेकिन इस निर्माण कार्य के लिये टेंडर के समय अमानत के तौर पर उनके द्वारा 3 लाख 40 हजार की एफडी जमा कराई गई थी। जब वह इस एफडी को रिलीज करने के लिये पहुंचे तो आरोपी बाड़ी नगरपरिषद सीएमओ बद्री प्रसाद शर्मा द्वारा इसके ऐवज में 1 लाख की रिश्वत की मांगी जा रही है। शिकायत की जॉच करने पर सामने आया कि बद्री प्रसाद शर्मा के साथ ही अन्य आरोपी शुभम जैन और जयकुमार द्वारा फरियादी भी ठेकेदार को रिश्वत में 1 लाख की रकम देने की मांग किये जाने में शामिल है। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाते हुए शुक्रवार को आरोपी शुभम जैन को फरियादी से रिश्वत के रुप में लिये जा रहे 40 और 60 हजार के चेक लेते हुए बापू की कुटिया के सामने एमपी नगर जोन-1 भोपाल से रंगे हाथ ट्रैप कर लिया गया। उसके साथ ही आरोपी जयकुमार को भी पकड़ा गया है।   recent visitors 56

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 320.17 करोड़ रुपये की लागत के 40 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया

शहडोल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शहडोल जिले के दौरे पर पहुंचे हैं। यहां उन्होंने ब्यौहारी में सरसी आइलैंड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके बाद वे आमसभा में पहुंचेंगे। 31.68 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ब्यौहारी के सरसी आईसलैंड रिसोर्ट का लोकार्पण करने के बाद वे जन कल्याण पर्व पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान 31.68 करोड़ रुपये की लागत से 22 विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही 320.17 करोड़ रुपये की लागत के 40 विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। शहडोल का सरसी आइलैंड अंडमान निकोबार से कम नहीं सीएम ने कहा कि शहडोल का ये सरसी आइलैंड अंडमान निकोबार से कम नहीं है। इसके शुरू होने से यहां अब पर्यटन और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे। मैंने यहां 352 करोड़ के विकास कार्य जनता को सौंपे हैं।उन्होंने कहा कि मैने गीता जयंती मनाई लोगों को इसमें बुरा लगा। इसमें गलत क्या है। छाती पर चढ़कर तुमको राम कृष्ण सुनाएंगे लोगों को पहले राम पसंद नहीं थे कोर्ट गए, सुप्रीम कोर्ट गए। जब भगवान कृष्ण का नाम लेता हूं तो लोग विरोध करते हैं। कहते हैं ये राम और कृष्ण सुनाता है। तो सुनो तुम्हारी छाती में चढ़कर तुमको राम कृष्ण सुनाएंगे।मुख्यमंत्री ने कहा कि पता नहीं कांग्रेस वालों को क्या हो गया है। जब हिंदुओं पर बात आती है तो ये अपना मुंह छिपाए घूमते हैं। सीएम ने स्थानीय प्रशासन से कहा कि यहां जितने भी निर्माण कार्य होने वाले हैं सभी गुणवत्तापूर्वक होने चाहिए। इसमें कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आयोजन में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला व्यवहारी विधायक शरद कॉल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नगरीकरण मौजूद रहे। इसी प्रकार जिन कार्यों का भूमिपूजन किया गया, उनमें ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग के 2.79 करोड़ रुपये के 11 विकास कार्य, जिला खनिज प्रतिष्ठान के 1.96 करोड़ रुपये के 17 विकास कार्य, मध्यप्रदेश सड़क विकास प्राधिकरण के 13.83 करोड़ रुपये की लागत से 10 विकास कार्य, लोक निर्माण विभाग 81.00 करोड़ रुपये की लागत से एक विकास कार्य एवं मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के 220.59 करोड़ रुपये की लागत से एक विकास कार्य शामिल है। यह है सरसी आइलैंड की खासियत यह आइलैंड बाणसागर डैम के बैकवाटर में बना हुआ है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व और मैहर के करीब है ये आइलैंड। पानी के बीच यह प्राकृति सुंदरता से भरा हुआ है। सरसी आइलैंड पर 10 इको हट बनाए गए हैं। एक हट का किराया साढ़े दस हजार रुपये के करीब है। यहां पर्यटकों के लिए एक रेस्टोरेंट भी बनाया गया है। इसके साथ ही बड़े कार्यक्रमों के लिए प्रेस कांन्फ्रेंस रूम भी है।   recent visitors 81

लोकतंत्र केवल प्रणालियों पर ही नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति और संवाद के संतुलन पर केंद्रित मूल्यों पर भी पनपता है : धनखड़

नई दिल्ली उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने शनिवार को कहा कि लोकतंत्र केवल प्रणालियों पर ही नहीं, बल्कि अभिव्यक्ति और संवाद के संतुलन पर केंद्रित मूल मूल्यों पर भी पनपता है।श्री धनखड़ ने यहां भारतीय डाक एवं दूर संचार लेखा और वित्त सेवा के 50वें स्थापना संबोधित करते हुए कहा कि आज की संस्थागत चुनौतियाँ भीतर और बाहर से अक्सर सार्थक संवाद और प्रामाणिक अभिव्यक्ति के क्षरण से उत्पन्न होती हैं। विचार की अभिव्यक्ति और सार्थक संवाद दोनों ही लोकतंत्र के अनमोल रत्न हैं। अभिव्यक्ति और संचार एक दूसरे के पूरक हैं। दोनों के बीच सामंजस्य ही सफलता की कुंजी है। इस अवसर पर संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, डिजिटल संचार आयोग के वित्त सदस्य मनीष सिन्हा और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। श्री धनखड़ ने कहा कि लोकतंत्र केवल व्यवस्थाओं पर नहीं, बल्कि मूल मूल्यों पर पनपता है। इसे अभिव्यक्ति और संवाद के नाजुक संतुलन पर केंद्रित होना चाहिए। अभिव्यक्ति और संवाद, ये जुड़वां ताकतें लोकतांत्रिक जीवन शक्ति को आकार देती हैं। उनकी प्रगति को व्यक्तिगत पदों से नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक लाभ से मापा जाता है। उन्होंने कहा किभारत की लोकतांत्रिक यात्रा इस बात का उदाहरण है कि विविधता और विशाल जनसांख्यिकीय क्षमता राष्ट्रीय प्रगति को बढ़ावा दे सकती है। लोकतांत्रिक स्वास्थ्य और आर्थिक उत्पादकता राष्ट्रीय विकास में बराबर भागीदार हैं। स्व-लेखा परीक्षा की आवश्यकता पर बल देते हुए श्री धनखड़ ने कहा, "सेल्फ ऑडिट बहुत ज़रूरी है। किसी व्यक्ति या संस्था को गिराने का सबसे पक्का तरीका है, उसे या सज्जन या सज्जन महिला को जांच से दूर रखना। आप जांच से परे, आपका पतन निश्चित है। और इसलिए, आत्म-लेखा परीक्षा, स्वयं से परे एक लेखा परीक्षा, आवश्यक है"।विभिन्न विभागों के बीच समन्वय और तालमेल पर जोर देते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा, "एक दूसरे से जुड़ी दुनिया में विभागों के बीच सहयोग बहुत महत्वपूर्ण हो जाता है। हमें एक दूसरे के साथ तालमेल में रहना चाहिए, हमें एक दूसरे के साथ तालमेल बिठाना चाहिए। मैंने अक्सर सभी को यह समझाया है कि शक्तियों के पृथक्करण का सिद्धांत कुछ और नहीं बल्कि तीन संस्थाओं, न्यायपालिका, कार्यपालिका और विधायिका, को एक साथ मिलकर काम करना चाहिए। उन्हें सामंजस्य के साथ काम करना चाहिए।"   recent visitors 44

इजरायल ने बंगलादेश में हिंदुओं के साथ एकजुटता व्यक्त की, होने वाले उत्पीड़न और हिंसा की कड़ी निंदा की

मुंबई इजरायल ने बंगलादेश में रहने वाले हिन्दू समुदाय के लोगों के साथ गहरी एकजुटता व्यक्त की है तथा उनके साथ होने वाले उत्पीड़न और हिंसा की कड़ी निंदा की है। मुंबई स्थित इजरायल के महावाणिज्यदूत कोब्बी शोशनी ने शनिवार को सुबह विश्व हिंदू आर्थिक मंच (डब्ल्यूएचईएफ) 2024 के पूर्ण सत्र के दौरान अपने संबोधन में बंगलादेश में हिंदू समुदाय के साथ गहरी एकजुटता व्यक्त की और उनके साथ होने वाली हिंसा और उत्पीड़न की निंदा की। इज़रायली राजनयिक की टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब बंगलादेशी हिंदुओं की दुर्दशा ने अंतरराष्ट्रीय ध्यान और चिंता आकर्षित की है। श्री शोशनी ने कहा, "वहां जो हो रहा है वह अस्वीकार्य है।" उन्होंने इस अल्पसंख्यक समुदाय के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करने की तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने यहूदियों के ऐतिहासिक अनुभवों का हवाला देते हुए पीड़ा की साझा समझ को व्यक्त किया, जो बिना किसी डर या उत्पीड़न के भारत में रहते आए हैं। उन्होंने कहा, "हम समझते हैं कि बेटियों और बच्चों की हत्या और अपराधियों द्वारा उनका कत्ल किया जाना कैसा होता है।" उन्होंने हाल ही में दोनों समुदायों को प्रभावित करने वाली त्रासदियों का संदर्भ दिया। श्री शोशनी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार को इजरायल और बंगलादेशी हिंदुओं के प्रति उनके समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने आतंकवाद से निपटने में एकजुटता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, "07 अक्टूबर, 2023 को हमारे साथ जो हुआ, उसे हम कभी नहीं भूलेंगे।" इज़रायली महावाणिज्यदूत ने कहा कि सुरक्षा और उग्रवाद से जुड़ी चुनौतियों में इज़रायल और भारत दोनों की ही समानताएं हैं। उन्होंने दूरसंचार और चिकित्सा प्रौद्योगिकी में प्रगति का हवाला देते हुए यह भी बताया कि संकटों से नवाचार को बढ़ावा मिल सकता है। श्री शोशनी ने दोनों देशों के लिए मजबूत सैन्य और आर्थिक नींव के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा, "कमजोर सेना के साथ मजबूत अर्थव्यवस्था नहीं हो सकती।" उन्होंने जोर देकर कहा कि आर्थिक स्थिरता के लिए सैन्य ताकत जरूरी है। उन्होंने भारत को एशिया में इजरायल का सबसे बड़ा दोस्त बताया और दोनों देशों के बीच निरंतर सहयोग की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने भारत की जीवंत संस्कृति और वैश्विक समाज में इसके महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "हम भारत को इसलिए प्यार करते हैं क्योंकि हमारे पारिवारिक मूल्य, परंपराएं, रीति-रिवाज, सामाजिक संरचना और आतंकवाद के खिलाफ हमारी साझा लड़ाई है।" श्री शोशानी को 26/11 के आतंकी हमलों के तुरंत बाद इज़रायल के विदेश मंत्रालय ने मुंबई भेजा था। उन्होंने अपने संबोधन का यह कहते हुए समापन किया कि जब भी वह इज़रायल लौटेंगे, "मेरे दिल का कुछ हिस्सा हमेशा पीछे रह जाएगा।" श्री शोशनी के संबोधन से पहले, भारतीय-यहूदी समुदाय के सदस्य एडवोकेट आरोन सोलोमन ने डब्ल्यूएचईएफ 2024 के दूसरे दिन भारत-इज़रायल सहयोग के अवसरों पर सत्र की शुरुआत की और भारत और इज़राइल के बीच अनूठे संबंधों पर विचार किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश आपसी सम्मान और ज़रूरत के कारण एक-दूसरे के और करीब आए हैं। सोलोमन ने कहा, "भारत ने हमें शरण दी है। यह एकमात्र ऐसी जगह है जहाँ हम यहूदियों को कभी भी यहूदी-विरोधी भावना का सामना नहीं करना पड़ा।" उन्होंने भारत में यहूदियों की ऐतिहासिक उपस्थिति पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि उनके पूर्वज लगभग 2000 साल पहले कोंकण तट पर आए थे। श्री सोलोमन ने उल्लेख किया कि जब वह किशोर थे, तब 50,000 से अधिक भारतीय यहूदी थे, लेकिन आज केवल 4,000 ही बचे हैं, जिन्होंने मूल भारतीय संस्कृति के साथ अनुकूलन और आत्मसात किया है। कई भारतीय यहूदी इज़रायल में बस गए हैं, लेकिन भारत की विकास यात्रा में योगदान देना जारी रखे हैं और मधुर यादें संजोये हुए हैं।   recent visitors 45

किसानों के हितों के लिए सरकार प्रतिबद्ध: पाली जिला प्रभारी मंत्री, राजस्थान-अजमेर में किसान सम्मेलन में पहुंचे मंत्री झाबर सिंह खर्रा

अजमेर/जयपुर। राज्य सरकार के एक साल पूर्ण होने पर शुक्रवार को पाली जिले में किसान सम्मेलन का आयोजन हुआ। इस अवसर पर जिला प्रभारी मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार ने इसके लिए कई कदम उठाए है। मुख्य कार्यक्रम अजमेर के कायड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम को सम्बोधित किया। कार्यक्रम में उन्होंने उधान विभाग, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग व अन्य की भागीदारी रही। इस अवसर पर सोजत विधायक शोभा चौहान भी मौजूद रही और संवाद में भाग लिया। इस अवसर पर कृषकों को विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित किया गया । आज के कार्यक्रम में उद्यान ,कृषि , सहकारिता आदि विभागों की भागीदारी रही । इस अवसर पर उद्यान विभाग के उप निदेशक मनोज अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम  में 6030 अनुदान राशि सांकेतिक रूप से व ड्रिप व मिनी फव्वारा संयंत्र के  पाली के 239 किसानों को  कुल 30 लाख से ऊपर व 206 प्रशासनिक स्वीकृति  दी व  लाभांश डी बी टी के माध्यम से हस्तांतरण  लाभान्वित  किया गया । इस अवसर पर उधान विभाग से नवाचार के रूप में पाली जिले के बूसी गांव के किसान विजय को अंगूर की खेती के लिये, देवली पाबूजी के किसान नारायण चौधरी को सीताफल खेती के लिये ,सुमेरपुर के किसान मानवेंद्र सिंह को 100 बीघा में सब्जियों की खेती के लिये प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी प्रकार  कृषि विभाग से भी लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से लाभांश दिया गया। संयुक्त निदेशक कृषि प्रदीप कुमार छाजेड़ ने बताया कि  फार्म पौण्ड ,तारबंदी , कृषि संयंत्र, छात्राओं को प्रोत्साहन राशि, सिंचाई पाईप लाईन राशि की टॉप अप राशि, वर्मी कम्पोस्ट स्थाई संरचना के, गोरधन जैविक उर्वरक योजना के कुल 582 किसानों को 173 लाख 36 की राशि हस्तान्तरण की गयी। 640 को ब्याज मुक्त ऋण दिया— इसी प्रकार सहकारिता विभाग में  ग्राम सेवा सहकारी  समिति गोदाम निर्माण के लिए चेक वितरण, अन्न भंडारण योजना अंतर्गत बजट घोषणा 24 25 के तहत 500 एमटी गोदाम की प्रथम किश्त का चेक वितरण किया गया। इस अवसर पर प्रबंधक निदेशक सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक पूनाराम चोयल ने बताया कि घाणेराव ग्राम सेवा सहकारी समिति लि घाणेराव को  आठ लाख व लापोद ग्राम सेवा सहकारी समिति को 8 लाख का हस्तांतरण किया गया। साथ ही नवीन गोदाम बजट घोषणा 100 एमटी की प्रथम किश्त तख्तगढ ग्राम सेवा सहकारी समिति को 4 लाख रुपये की राशि की गयी। इसी प्रकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना में कुल लक्ष्य 529 के लक्ष्य से अधिक 640 को लोन वितरण किया गया जो ब्याज मुक्त ऋण है। इस दौरान सोजत विधायक शोभा चौहान, पाली जिला कलेक्टर एलएन मंत्री,एसपी चुनाराम जाट, किसान व गणमान्य नागरिक आदि मौजूद रहे। recent visitors 78

300 सांसदों में से 204 ने राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग के पक्ष में वोट दिया, राष्ट्रपति की छिन जाएगी कुर्सी?

दक्षिण कोरिया दक्षिण कोरिया के सांसदों ने शनिवार को राष्ट्रपति यूं सुक योल के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। यह महाभियोग प्रस्ताव राष्ट्रपति द्वारा पिछले सप्ताह मार्शल लॉ लागू करने के प्रयास में विफलता के बाद लाया गया था। 300 सांसदों में से 204 ने राष्ट्रपति के खिलाफ महाभियोग के पक्ष में वोट दिया, जबकि 85 ने इसका विरोध किया। तीन सांसदों ने मतदान से परहेज किया। इस दौरान आठ वोट अमान्य घोषित कर दिए गए। महाभियोग के आरोपों में राष्ट्रपति पर विद्रोह और संवैधानिक कर्तव्यों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। इस घटनाक्रम ने दक्षिण कोरिया की राजनीति में हलचल मचा दी है। यह महाभियोग प्रस्ताव राष्ट्रपति के खिलाफ पहली बड़ी कानूनी कार्रवाई के रूप में उभरा है। राष्ट्रपति यूं सुक योल के खिलाफ यह महाभियोग प्रस्ताव उनके प्रशासन की कथित शक्ति का दुरुपयोग और नागरिक स्वतंत्रता के उल्लंघन को लेकर उठाए गए सवालों के कारण आया है। मार्शल लॉ लगाने का प्रयास को लेकर विपक्षी दलों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा था। उनका कहना था कि इससे देश में तानाशाही की स्थिति उत्पन्न हो सकती थी। अब यह मामला अदालत में जाएगा, जहां पर महाभियोग के फैसले के लिए अंतिम निर्णय लिया जाएगा। दक्षिण कोरिया की राजनीति में यह एक बड़ा मोड़ हो सकता है। recent visitors 54