दिल्ली की दबंगई, बंगाल वारियर्स को बड़े अंतर से हराकर प्लेआफ के लिए किया क्वालीफाई

पुणे दबंग दिल्ली केसी ने बालेवाड़ी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बैडमिंटन हॉल में सोमवार को खेले गए प्रो कबड्डी लीग के सीजन के 115वें मैच में बंगाल वारियर्स को एकतरफा अंदाज में 47-25 के अंतर से हराकर प्लेआफ के लिए क्वालीफाई कर लिया है। दूसरी ओर, बंगाल का प्लेआफ में जाने की उम्मीदें खत्म हो गई हैं। बंगाल की टीम आशू मलिक (17) के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई और 19 मैचों में 11वीं हार को मजबूर हुईं। दूसरी ओर, बीते 13 मैचों से अजेय दिल्ली ने 20 मैचों में 11वीं जीत दर्ज की। इस मैच में दिल्ली ने रेड में 12 के मुकाबले 22 जबकि डिफेंस में 13 के मुकाबले 19 अंक लिए। बंगाल के लिए विश्वास (8) औऱ नितेश (5) ही प्रभावित कर सके। प्लेआफ का टिकट कटाने के लिए बेताब दिल्ली ने तीन मिनट के भीतर ही 5-2 की लीड बना ली। इसके बाद हालांकि मयूर ने आशीष को लपक बंगाल को बड़ी सफलता दिलाई लेकिन दिल्ली ने जल्द ही 7-4 की लीड ले ली। इस बीच नवीन ने मयूर को बाहर कर हिसाब बराबर किया और फिर आशू ने सिद्धेश का शिकार कर लिया। मनिंदर के बगैर खेल रही बंगाल को विश्वास लगातार मुकाबले में बनाए हुए थे। और अब फजल ने भी हाथ खोल दिए थे। नवीन को लपक फजल ने 10 मिनट की समाप्ति तक स्कोर 7-9 कर दिया। लेकिन ब्रेक के बाद आशू की सुपर डुपर रेड ने मैच का पासा पलट दिया। दिल्ली ने बंगाल को पहली बार आलआउट कर 17-8 की लीड ले ली। आलइन के बाद भी दिल्ली ने लगातार तीन अंक हासिल किए और फासला 12 का कर दिया। इसी बीच आशू ने सुपर-10 पूरा किया। दिल्ली के डिफेंडरों ने विश्वास का शिकार कर स्कोर 23-9 किया और फिर आशीष ने सिद्धेश को आउट कर सुपर टैकल आन किया और फिर हाफटाइम तक 26-9 की लीड ले ली। बंगाल आलआउट की कगार पर थे। हाफटाइम के तुरंत बाद दिल्ली ने दूसरा आलआउट लेकर 29-10 की लीड बना ली। आलइन के बाद दिल्ली की टीम और आक्रामक हो गई। उसने जल्द ही अपनी लीड 35-10 करते हुए बंगाल के लिए फिर से सुपर टैकल आन कर दिया। नितेश ने इस बार हालांकि आशू को सुपर टैकल कर लिया और इसके बाद भी बंगाल ने एक अंक लेकर स्कोर 13-35 कर दिया। इसके बाद हालांकि बंगाल ने अच्छा खेल दिखाया और 30 मिनट की समाप्ति तक स्कोर 18-38 कर दिया और साथ ही दिल्ली को सुपर टैकल सिचुएशन में ला दिया। दिल्ली ने हालांकि इस स्थिति से खुद को निकाला और 42-19 की लीड ले ली। यहां से दिल्ली की जीत लगभग तय नजर आ रही थी। इस बीच योगेश ने हाई-5 पूरा किया। बंगाल के लिए नितेश भी हाई-5 पूरा कर चुके थे। अंतिम मिनट में बंगाल ने दिल्ली को सुपर टैकल सिचिएशन में धकेला लेकिन वे आलआउट नहीं ले सके और एक बड़ी हार के साथ प्लेआफ की दौड़ से बाहर हुए। दूसरी ओर, दिल्ली की टीम 6 सीजन से लगातार प्लेआफ के लिए क्वालीफाई करने में सफल रही।   recent visitors 29

शवों को लाने की तैयारी कर रहा भारतीय दूतावास, जॉर्जिया के रेस्त्रां में काम करने वाले 11 भारतीयों की मौत

त्बिलिसी (जॉर्जिया)। यूरोपीय देश जॉर्जिया में एक भारतीय रेस्त्रां में काम करने वाले 11 भारतीय लोगों की मौत पर जॉर्जिया स्थित भारतीय दूतावास ने दुख जताया है। सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जारी एक प्रेस वक्तव्य में जॉर्जिया स्थित भारतीय दूतावास ने लिखा, "त्बिलिसी स्थित भारतीय दूतावास जॉर्जिया के शहर गुडौरी में 11 भारतीय नागरिकों की दुर्भाग्यपूर्ण मौत के बारे में जानकर दुखी है। हम उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।" प्रेस वक्तव्य में कहा गया, "दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि शवों को शीघ्र भारत भेजा जा सके। हम शोक में डूबे परिवारों के संपर्क में हैं और हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।" गुडौरी स्थित एक भारतीय रेस्त्रां में भारतीय नागरिकों की मौत हुई। इस घटना की जांच जॉर्जिया के आंतरिक मामलों के मंत्रालय द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक रिपोर्टों में कहा गया है कि यह मौत संभवतः कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के कारण हुईं हैं। ज्ञात हो कि 14 दिसंबर को जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "गुडौरी में हुई दुर्घटना के संबंध में आंतरिक मामलों के मंत्रालय के मत्सखेता मटियानेटी पुलिस विभाग के कर्मचारियों ने जॉर्जिया के आपराधिक संहिता के अनुच्छेद 116 के तहत जांच शुरू की है। इसमें लापरवाही के कारण हत्या का आरोप लगाया गया है।" बयान में कहा गया है कि रेस्ट एरिया में उसी रेस्त्रां में काम करने वाले 12 लोगों के शव मिले। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह की चोट या किसी अन्य प्रकार के निशान नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बेडरूम के पास बंद जगह में एक बिजली जनरेटर रखा हुआ था, जिसे कल शायद बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद चालू किया गया था।" बयान में आगे कहा गया कि 12 मृतकों में से 11 व्यक्ति भारतीय हैं और 1 व्यक्ति जॉर्जिया का रहने वाला था। जॉर्जिया के गृह मंत्रालय ने कहा, "इस तथ्य के संबंध में, जांच कार्रवाई सक्रिय रूप से की जा रही है, फोरेंसिक एक्सपर्ट और पुलिस अधिकारी मौके पर जांच कर रहे हैं। मामले से संबंधित व्यक्तियों के पूछताछ की जा रही है। मौत का सही कारण जानने के लिए स्थानीय पुलिस बल सक्रियता के साथ काम कर रही है। recent visitors 35

न्यूजीलैंड ने इंग्लैड को दूसरी पारी में 234 के स्कोर पर समेट कर मुकाबला रिकार्ड 423 रनों से जीत लिया

हैमिल्टन मिचेल सैंटनर (चार विकेट), टिम साउदी और मैट हेनरी (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन मंगलवार को इंग्लैड को दूसरी पारी में 234 के स्कोर पर समेट कर मुकाबला रिकार्ड 423 रनों से जीत लिया। न्यूजीलैंड की इंग्लैंड के खिलाफ यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। वहीं शुरुआती दो मैच जीतने वाली इंग्लैड तीन मैचों की सीरीज विजेता रही। इंग्लैंड ने आज दो विकेट पर 18 के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। जेकब बेथेल और जो रूट ने संभलकर खेलते हुए तीसरे विकेट के लिये 104 रन जोड़े। मिचेल सैंटनर ने जो रूट (54) को पगबाधा आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद हैरी ब्रूक (एक) रन बनाकर पवेलियन लौट गये। टिम साउदी ने जेकब बेथेल (76) को आउटकर इंग्लैंड को बड़ा झटका दिया। गस ऐटकिंसन (43) और ब्राइडन कार्स (11) को मिचेल सैंटनर ने अपना शिकार बनाया। ऑली पोप (17) को मैट हेनरी ने बोल्ड आउट किया। न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे इंग्लैंड की पूरी 47.2 ओवर में 234 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड की ओर मिचेल सैंटनर ने चार विकेट लिये। टिम साउदी और मैट हेनरी को दो-दो विकेट मिले। विलियम ओरूर्क ने एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले केन विलियमसन (156), डैरिल मिचेल (60), मिचेल सैंटनर (49) और टॉम ब्लंडल (नाबाद 44) की साहसिक बल्लेबाजी की बदौलत न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड को टेस्ट मैच के तीसरे दिन 658 रनों का विशाल लक्ष्य था। केन विलियमसन और रचिन रवींद्र की जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी हुई। मैथ्यू पॉट्स ने रचिन रवींद्र (44) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये डैरिल मिचेल ने मोर्चा संभाला। डैरिल मिचेल (60) को जेकब बेथेल ने आउट किया। ग्लेन फिलिप्स (तीन) और मिचेल सैंटनर (49) रन बनाकर आउट हुये। केन विलियमसन ने 204 गेंदों में 20 चौके और एक छक्का लगाते हुए (156) रनों की शानदार पारी खेली। न्यूजीलैंड ने 101.4 ओवर में 453 रन बनाये। और पहली पारी के आधार पर मिली 204 रनों की बढ़त के साथ इंग्लैंड को जीत के लिए 658 रनों का लक्ष्य दिया। इंग्लैंड की ओर से जेकब बेथेल ने तीन, बेन स्टोक्स और शोएब बशीर ने दो-दो विकेट लिये। मैथ्यू पॉट्स, गस ऐटकिंसन और जो रूट ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इंग्लैंड ने पहली पारी में 143 रन बनाये थे।   recent visitors 31

संभल में मिले मंदिर में हनुमान जी का श्रृंगार कराया गया, चढ़ाया चोला, बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

संभल यूपी के संभल के दीपा सराय में 46 साल बाद खोले गए शिव मंदिर में मंगलवार को हनुमान जी को चोला चढ़ाया गया। सुबह 4 बजे मंदिर की साफ सफाई की गई। भगवान शिव और हनुमान जी का श्रृंगार कराया गया। जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। मंदिर के पुजारी शशिकांत शुक्ला ने बताया कि आज मंगलवार का दिन है। हनुमान जी का दिन है। यहां पर भगवान हनुमान को चोला चढ़ाया गया और श्रृंगार किया। भगवान शिव का भी कल सिंगार किया गया था। यहां प्रसाद वितरण चल रहा है और दूर-दूर से श्रद्धालु आ रहे हैं। पीएम मोदी और सीएम योगी के शासन में मंदिर इतने दिनों बाद खुला है। हमारा मन प्रसन्न है लेकिन हमारा दिल रोता है कि सबको उजाला प्रकाश प्रदान करने वाले भगवान इतने साल अंधकार में रहे। उन्होंने आगे कहा कि मेरे ठाकुर जी जगत के पालनहार हैं, ब्रह्मा जी जगत सृष्टि रचयिता है, भगवान शिव संघार करते हैं और उनको इतना अंधेरे में रखा गया। हिंदू समाज पर बहुत अत्याचार हुआ। मैं प्रशासन का ऋणी हूं कि उन्होंने यहां पर मंदिर खुलवाया और हमें पूजा का अवसर दिया। मैं हिंदू समाज की ओर से प्रशासन का आभार जताता हूं। दरअसल, इस मंदिर को प्रशासन ने शनिवार को खुलवाया था। प्रशासन की टीम इलाके में बिजली चोरी पकड़ने गई थी और इसी दौरान ये मंदिर मिला था। मंदिर अब अपने पुराने स्वरूप में दिखाई देने लगा है और यहां पूजा पाठ शुरू किया गया है। मंदिर में पूजा-अर्चना किए जाने का वीडियो भी सामने आया है। इससे पहले रविवार को भी भक्तों को इस मंदिर में पूजा करते हुए देखा गया था। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बीते दिनों जब मंदिर के दरवाजे खोले गए तो देखा कि अंदर धूल जम चुकी है। ऐसे में पुलिसकर्मियों ने खुद ही हाथों से शिवलिंग और अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियां साफ की। मंदिर खोले जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मंदिर के अंदर भगवान शिव, नंदी, हनुमान और कार्तिकेय की पुरानी मूर्तियां मिली हैं। इसके अलावा यहां पर एक कुआं भी मिला है।   recent visitors 33

आकाश दीप ने छक्का लगाकर सबको चकित किया, कोहली को याद आए ‘बेन स्टोक्स’, रिऐक्शन देख नहीं रुकेगी हंसी

ब्रिसबेन भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर पांच मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। मैच के चौथे दिन का खेल खत्म होने से पहले ऐसा कुछ हुआ, जिसका जश्न पूरे भारत ने मनाया। आकाश दीप ने पहले तो पैट कमिंस की गेंद पर चौका लगाकर भारत को फॉलोऑन से बचाया और फिर छक्का लगाकर सबको चकित कर दिया। आकाश दीप ने पैट कमिंस की गेंद पर जो छक्का लगाया, वह लंबे समय तक याद किया जाएगा और इस छक्के पर विराट कोहली के रिऐक्शन को भी भुला पाना मुश्किल होगा। विराट कोहली ड्रेसिंग रूम से मैच का लुत्फ ले रहे थे और आकाश दीप के छक्के पर दौड़कर शीशे के पास खड़े होकर देखने लगे कि गेंद कहां जा रही है। इसके बाद विराट ने अपने चिर परिचित अंदाज में बेन स्टोक्स को याद किया। दरअसल हिंदी का एक अबशब्द है, जिसकी लिप्सिंग देखकर ऐसा लगता है बेन स्टोक्स बोला जा रहा है और विराट कोहली के मुंह से मैदान पर यह शब्द कई बार सुनने को मिलता है। ड्रेसिंग रूम का माहौल आकाश दीप के चौके और छक्के के बाद एकदम से बदल गया। ऑस्ट्रेलिया के 445 रनों के जवाब में टीम इंडिया ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट पर 252 रन बना लिए हैं। पहली पारी के आधार पर भारत अभी भी ऑस्ट्रेलिया से 193 रन पीछे है, लेकिन ब्रिसबेन टेस्ट का अब एक ही दिन का खेल बचा है और पांचवें दिन भी बारिश की आशंका बनी रहेगी, ऐसे में अब यह टेस्ट मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। जसप्रीत बुमराह 10 रन बनाकर और आकाश दीप 27 रन बनाकर नॉटआउट लौटे हैं। रविंद्र जडेजा जब 77 रन बनाकर आउट हुए, तो ऐसा लगा कि टीम इंडिया को फॉलोऑन झेलना होगा, क्योंकि तब भारत फॉलोऑन से 32 रन दूर था। आकाश दीप और बुमराह के बीच 39 रनों की अटूट साझेदारी ने इस मैच में भारत को एक बड़ा जीवनदान दे दिया है। recent visitors 29

श्रीलंका के राष्ट्रपति दिसानायके का वादा, ‘भारत के खिलाफ अपनी जमीन का नहीं होने देंगे इस्तेमाल’

कोलंबो। भारत दौरे पर आए श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने आश्वासन दिया है कि वह अपनी जमीन का किसी भी तरह से भारत की सुरक्षा के खिलाफ उपयोग करने की अनुमति नहीं देंगे। नई दिल्ली में रक्षा सहयोग पर चर्चा के दौरान संयुक्त बयान में श्रीलंका के राष्ट्रपति ने यह बात कही। उनका यह बयान उस वक्त आया है जब चीन भारत के खिलाफ अपने मिशन हिंद महासागर को आक्रामक तरीके से आगे बढ़ा रहा है। दरअसल श्रीलंका में चीन के बढ़ते दखल से भारत की चिंता बढ़ी हुई है। दो साल पहले जब श्रीलंका कर्ज चुकाने में विफल रहा था तो चीन ने उसके हंबनटोटा बंदरगाह पर कब्जा कर लिया था। चीन ने यहां पर अपने नौसैनिक निगरानी और जासूसी जहाज को खड़ा किया। अगस्त 2022 में चीनी नौसेना के जहाज युआन वांग 5 ने दक्षिणी श्रीलंका के हंबनटोटा में डॉक किया। इसके बाद दो चीनी जासूसी जहाजों को नवंबर 2023 तक 14 महीने के भीतर श्रीलंका के बंदरगाहों में डॉक करने की अनुमति दी गई थी। चीनी शोध जहाज 6 अक्टूबर 2023 में श्रीलंका पहुंचा और उसने कोलंबो बंदरगाह पर डॉक किया। इस जहाज के डॉक करने का उद्देश्य समुद्री पर्यावरण पर रिसर्च थी। मगर भारत और अमेरिका ने इसे लेकर चिंता जताई थी। नई दिल्ली ने आशंका जताई थी कि चीनी जहाज जासूसी जहाज हो सकते हैं और कोलंबो से ऐसे जहाजों को अपने बंदरगाहों पर डॉक करने की अनुमति न देने का आग्रह किया था। भारत द्वारा चिंता जताए जाने के बाद श्रीलंका ने जनवरी में अपने बंदरगाह पर विदेशी शोध जहाजों के आने पर प्रतिबंध लगा दिया था। अब श्रीलंका और भारत के बीच हुए रक्षा समझौते के बाद श्रीलंका ने अपना रुख साफ किया है। श्रीलंका की ओर से कहा गया कि वह अपने जल क्षेत्र का किसी भी तरह से भारत की सुरक्षा के लिए हानिकारक तरीके से उपयोग करने की अनुमति नहीं देगा। न ही किसी ऐसे अभियान की मंजूरी देगा जिसका क्षेत्रीय स्थिरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। सोमवार को दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके ने कहा कि हमने करीब दो साल पहले एक अभूतपूर्व आर्थिक संकट का सामना किया था। उस समय भारत ने हमारा भरपूर समर्थन किया। श्रीलंका भारत की विदेश नीति में बहुत अहम स्थान रखता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह हमेशा श्रीलंका की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करेंगे। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मैंने भारत के प्रधानमंत्री को यह भी आश्वासन दिया है कि हम अपनी जमीन का किसी भी तरह से भारत के हितों के लिए हानिकारक उपयोग नहीं होने देंगे। भारत के साथ सहयोग निश्चित रूप से बढ़ेगा और मैं भारत के प्रति अपने निरंतर समर्थन का आश्वासन देना चाहता हूं। recent visitors 25

एक देश- एक चुनाव विधेयक को मंजूरी मिलने के बाद क्या बदलेगा? बिल के पक्ष में 269, विरोध में पड़े 198 वोट

नई दिल्ली 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' विधेयक मंगलवार को लोकसभा में पेश किया गया। विपक्ष ने इस बिल का पुरजोर विरोध किया। इसके मद्देनजर सरकार ने बिल को जॉइंट पार्लियामेंटरी कमिटी यानी संयुक्त संसदीय समिति को भेजने का फैसला किया है। केंद्रीय कैबिनेट ने 12 दिसंबर को इस बिल को मंजूरी थी। घमासान की वजह से वक्फ संशोधन बिल की तरह 'एक देश एक चुनाव' बिल भी जेपीसी के पास जा रहा है। आइए एक नजर डालते हैं कि संसद में किन पार्टियों ने इस बिल के समर्थन और किन्होंने विरोध का ऐलान किया। भाजपा और उसके सहयोगी दल इस विधेयक के समर्थन में हैं। बीजू जनता दल, वाईएसआर कांग्रेस जैसे कुछ गैर-एनडीए दलों का भी इस बिल को समर्थन है। दूसरी तरफ कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके जैसे कई विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं। कुल 32 राजनीतिक दल इस बिल का समर्थन कर रहे हैं, जबकि 15 दल इसका विरोध कर रहे हैं। बिल पेश करने को लेकर लोकसभा में हुआ मत विभाजन बिल को पेश करने को लेकर विपक्ष ने मत विभाजन की मांग की, जिसके बाद वोटिंग हुई। बिल को सदन पटल पर रखे जाने के पक्ष में 269 वोट पड़े जबकि विरोध में 198 वोट पड़े। अब सदन में बिल को जेपीसी में भेजने की औपचारिकता पूरी की जाएगी। कोविंद कमिटी ने दो चरणों में एक साथ चुनाव कराने की सिफारिश की है पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की अध्यक्षता वाली एक उच्च स्तरीय समिति ने एक साथ चुनाव कराने की सिफारिश की थी। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सितंबर में इन सिफारिशों को स्वीकार कर लिया था। समिति ने दो चरणों में एक साथ चुनाव कराने की सिफारिश की थी। पहले चरण में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने की सिफारिश की गई थी। स्थानीय निकाय चुनाव (पंचायत और नगर पालिका) आम चुनाव के 100 दिनों के भीतर कराने की बात कही गई थी। समिति ने सभी चुनावों के लिए एक समान मतदाता सूची बनाने की भी सिफारिश की थी। recent visitors 28