मुख्यमंत्री ने एक करोड़ से अधिक मध्यान्ह भोजन प्रदाय के अवसर पर भोजन वितरण वाहन को झंडी दिखाकर किया रवाना

बेहतर स्वास्थ्य और शुद्ध मानसिकता का आधार है आहार – मुख्यमंत्री डॉ. यादव अक्षय पात्र फाउंडेशन स्कूली बच्चों को पौष्टिक भोजन से परोस रही है नवजीवन – मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री ने एक करोड़ से अधिक मध्यान्ह भोजन प्रदाय के अवसर पर भोजन वितरण वाहन को झंडी दिखाकर किया रवाना मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को किया संबोधित भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों का स्त्रोत आहार ही है। आहार की शुद्धता इसकी महत्ता को कई गुना बढ़ा देती है। आहार की शुद्धता का महत्व बताते हुए भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद् गीता में कहा है कि शुद्ध आहार से ही विचार की शुद्धता संभव है। अक्षय पात्र फाउंडेशन इस दृष्टि से स्कूली बच्चों को मध्यान्ह भोजन के माध्यम से नवजीवन परोस रही है। पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा शिक्षा के लिए भरपूर भोजन के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की प्रशंसा की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत भोपाल नगरीय क्षेत्र में एक करोड़ से अधिक मध्यान्ह भोजन प्रदाय अवसर पर रोहित नगर स्थित परिसर में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री भोजन बनाने और वितरित करने की प्रक्रिया में हुए सहभागी मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अक्षय पात्र परिसर में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झंडी दिखाकर भोजन वितरण वाहनों को रवाना किया तथा 10 स्कूली बच्चों को प्रतीक स्वरूप मध्यान्ह भोजन वितरित भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का अंगवस्त्रम तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिवादन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अक्षय पात्र फाउंडेशन के केंद्रीकृत किचन में पहुंचकर भोजन बनाने की स्वचालित प्रक्रिया का अवलोकन किया। वे दाल-रोटी बनाने की प्रक्रिया में सहभागी भी हुए। प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत भोपाल नगरीय क्षेत्र की शासकीय शालाओं को इस बेस किचन से ही मध्यान्ह मध्यान भोजन सप्लाई होता है। कार्यक्रम में पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल, परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह, पंचायत और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह उपस्थित थीं। इस अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन की गतिविधियों पर लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। भोपाल के 645 स्कूलों को उपलब्ध कराया जा रहा है शुद्ध, पौष्टिक और गुणवत्तायुक्त मिड-डे मील मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा 76 कर्मचारियों की टीम और 38 वाहनों के माध्यम से भोपाल के 645 स्कूलों को शुद्ध, पौष्टिक और गुणवत्तायुक्त मिड-डे मील उपलब्ध कराया जा रहा है। एक साथ 40 हजार रोटियां तैयार करना, दाल और सब्जी बनाने में भी मशीनीकृत प्रक्रियाएं अपनाना अभिभूत करने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संतवृंद के माध्यम से भोजन बनाने की इस प्रक्रिया से पवित्र भाव का संचार भी होता है। अक्षय पात्र फाउंडेशन का यह संकल्प आने वाले समय में बेहतर स्वास्थ्य और शुद्ध मानसिकता वाले समाज के निर्माण में सहायक होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने एचइजी लिमिटेड के चेयरमेन और मैनेजिंग डायरेक्टर रवि झुनझुनवाला, अक्षय पात्र फाउंडेशन के संस्थापक और चेयरमेन पद्ममधु पंडित दासा और भोपाल कलस्टर के अध्यक्ष आचार्य रतन दासा सहित फाउंडेशन के सभी सहयोगियों और कर्मचारियों का इस पुनीत सेवा के लिए अभिवादन किया। पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री ने किया संबोधित पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा शालाओं में विद्यार्थियों को पौष्टिक और स्वादिष्ट आहार उपलब्ध करा रहा है। फाउंडेशन द्वारा बच्चों की रूचि अनुसार भोजन से बच्चों को शालाओं से जोड़े रखने में भी मदद मिल रही है।   recent visitors 25

चिकित्सा मंत्री ने की विभागीय समीक्षा, राजस्थान-मेडिकल एजुकेशन और स्वास्थ्य सेवाओं में बनायेंगे मॉडल स्टेट

जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि राजस्थान को मेडिकल एजुकेशन व स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं गुणवत्ता की दृष्टि से मॉडल स्टेट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस दिशा में चिकित्सा शिक्षा विभाग विभिन्न मेडिकल कॉलेज, मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी सहित अन्य परियोजनाओं के कार्यों को टाइमलाइन में पूरा करे। चिकित्सा मंत्री बुधवार को स्वास्थ्य भवन में चिकित्सा शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न विषयों पर समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की पहल पर प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज का संकल्प पूरा करने की दिशा में प्रतिबद्धता के साथ काम किया जा रहा है ताकि रोगियों को सुपर स्पेशलिटी चिकित्सा सेवाएं अपने निकटतम स्थान पर उपलब्ध हो सकें। साथ ही, चिकित्सा शिक्षा के लिए प्रदेश में युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी के काम में लाएं तेजी— श्री खींवसर ने कहा कि राजकीय क्षेत्र में निर्माणाधीन प्रदेश की दूसरी मारवाड़ मेडिकल यूनिवर्सिटी के कार्य को गति दी जाए। इससे मेडिकल कॉलेज के संचालन एवं प्रबंधकीय व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जा सकेगा। उन्होंने नए मेडिकल कॉलेजों के भवन निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि इनका निर्माण समय पर पूर्ण करने के साथ साथ क्वालिटी का भी विशेष ध्यान रखा जाए। रिक्त पदों पर भर्ती मिशन मोड में हो— चिकित्सा मंत्री ने मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सक शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी लेते हुए इन पदों को यथा शीघ्र भरने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्तियों को समयबद्ध रूप से पूरा करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री स्वयं भर्तियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। उनके निर्देशानुसार  रिक्त पदों को भरने का कार्य मिशन मोड में हो। आरयूएचएस में उपलब्ध सुविधओं का हो पूरा उपयोग— चिकित्सा मंत्री ने कहा कि सवाई मानसिंह अस्पताल में निर्माणाधीन आयुष्मान टावर एवं इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोवस्कुलर साइंसेज (कार्डियक टॉवर) के निर्माण कार्यों को भी जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाए। इनका सुगमतापूर्वक संचालन करने के लिए प्रभावी कार्य योजना बनाई जाए। उन्होंने आरयूएचएस को रिम्स के रूप में विकसित करने के प्रयासों को और गति देने के निर्देश दिए और अब तक किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल का पूर्ण उपयोग होने से एसएमएस अस्पताल पर मरीज भार कम हो सकेगा। रोगियों को कतारों से मुक्ति दिलाएं— श्री खींवसर ने कहा कि सभी बड़े अस्पतालों में  रोगियों को कतारों से मुक्ति दिलाने के लिए तकनीकी नवाचारों को जल्द लागू किया जाए। रोगी एवं परिजनों के लिए शुद्ध खाद्य सामग्री एवं जलपान के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सुरक्षा के भी माकूल इंतजाम हो। परियोजनाओं एवं अस्पतालों का होगा निरीक्षण, दूर होगी बाधाएं— चिकित्सा मंत्री ने कहा कि चिकित्सा ​शिक्षा से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं, अस्पतालों एवं अन्य सुविधाओं का फील्ड में दौरे कर निरीक्षण किया जाएगा। साथ ही, वहां बैठक कर परियोजनाओं को पूरा करने में आ रही बाधाओं को भी दूर किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए निरीक्षण में सामने आने वाली समस्याओं के निस्तारण के लिए भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। बैठक में चिकित्सा शिक्षा सचिव श्री अम्बरीष कुमार, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त श्री इकबाल खान, संयुक्त सचिव श्री गौरव बजाड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। recent visitors 56

एजेंटों को मिलती है 20 हजार रूपए सैलरी, छत्तीसगढ़-बिलासपुर पुलिस ने सट्टा किंग पर कसा शिकंजा

बिलासपुर. बिलासपुर पुलिस ने शहर के सट्टा कारोबारी पर शिकंजा कसा है. पुलिस ने सट्टा किंग दिनेश टेकवानी और एक एजेंट को गिरफ्तार किया है. टेकवानी अपने अवैध कारोबार को चलने के लिए बाकायदा सैलरी पर एजेंट रखकर काम कर रहा था. मुखबिर से मिली सूचना के बाद एजेंट को धरदबोचा है. वहीं उसके पास से लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, लाखों रुपए की सट्टा पट्टी जब्त की है. एसपी रजनेश सिंह के निर्देश के बाद लगातार सट्टेबाजी के सरगना को पकड़ने के लिए कार्रवाई की जा रही थी. तोरवा थाना पुलिस ने अनिल गंगवानी से पूछताछ में पता चला कि वह दिनेश टेकवानी के लिए सट्टा लिखता है. इसके लिए दिनेश उसे प्रति 20 हजार रुपए सैलरी देता है. जिसके बाद पुलिस ने स्वर्ण जयंती नगर स्थित पत्रकार कॉलोनी निवासी दिनेश टेकवानी (59) पिता लक्ष्मणदास टेकवानी को भी पकड़ लिया. दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 112 और 6 क ,6 ख , 7(1), 7(2) छ.ग. जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकर्रण दर्ज किया गया है. recent visitors 62

निचले स्तर तक के कार्मिकों से हाइब्रिड एन्युटी मॉडल पर करें संवाद, राजस्थान-ऊर्जा मंत्री ने डिस्कॉम के अभियंताओं से की चर्चा

जयपुर। ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री हीरालाल नागर ने कहा कि सर्किल अधीक्षण अभियंता जिलों में डिस्कॉम्स के प्रतिनिधि हैं। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिए  कि वे विकेन्द्रित सौर ऊर्जा तथा फीडर सेग्रीगेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में बिजली वितरण कंपनियों द्वारा नवाचार के रूप में अपनाए जा रहे हाइब्रिड एन्युटी मॉडल को लेकर निचले स्तर तक डिस्कॉम कर्मचारियों के साथ संवाद करें और उनमें अनावश्यक भ्रम की स्थिति दूर करने में सहयोग करें। नागर बुधवार को विद्युत भवन में  डिस्कॉम्स चेयरमैन आरती डोगरा की उपस्थिति में जयपुर डिस्कॉम के अभियंताओं के साथ चर्चा कर रहे थे। उन्होंने फिर स्पष्ट रूप से  कहा कि राज्य सरकार की बिजली कंपनियों के निजीकरण की कोई योजना नहीं है। कार्मिकों के सहयोग से राज्य सरकार प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण की दिशा में आगे बढ़ रही है। ऊर्जा मंत्री ने इस दौरान आगामी वर्ष के रबी सीजन से प्रदेश के सभी फीडरों में समस्त कृषि उपभोक्ताओं को दिन में दो ब्लॉक में 6 घंटे सप्लाई सुनिश्चित करने की कार्ययोजना तैयार करने, पीएम सूर्य घर योजना को जन-जन तक पहुंचाने, विद्युत छीजत रोकने आदि के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने, वर्ष 2027 तक किसानों को खेती के लिए दिन में बिजली सुलभ कराने, प्रदेश की बिजली कंपनियों की आर्थिक स्थिति को बेहतर करने की मंशा के साथ काम कर रही है। इसके लिए केन्द्रीय उपक्रमों के साथ एमओयू करने, कुसुम एवं आरडीएसएस योजना को गति देने जैसे काम किए जा रहे हैं। उन्होंने इस दिशा में डिस्कॉम्स प्रबंधन द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी सराहा। डिस्कॉम्स चेयरमैन सुश्री आरती डोगरा ने ऊर्जा मंत्री को कुसुम योजना तथा बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। इस अवसर पर जयपुर डिस्कॉम के तकनीकी निदेशक, मुख्य लेखा नियंत्रक, जोनल मुख्य अभियंता, सर्किल के अधीक्षण अभियंता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। recent visitors 51

एक 1 की मौत और 4 घायल, छत्तीसगढ़-सूरजपुर में गर्भवती महिला को अस्पताल ले जा रही बोलेरो पलटी

सूरजपुर. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने के दौरान बोलेरो वाहन पलट गई. इस घटना में 1 अधेड़ महिला की मौत हो गई और गर्भवती महिला समेत 4 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है. जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन गर्भवती महिला को भैयाथान से अस्पताल ले जा रहा था. इसी दौरान बसदेई चौकी क्षेत्र के सिरसी गांव के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे पलट गई. इस हादसे में अधेड़ महिला समेत 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और 2 को मामूली चोटें आई हैं. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सूरजपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान ही अधेड़ महिला ने दम तोड़ दिया. वहीं घायलों में से 2 को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है. जबकि गर्भवती महिला और अन्य घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है. अस्पताल में अधेड़ महिला की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. फिलहाल पुलिस इस घटना की जांच में जुटी हुई है. recent visitors 55

लोगों का मिला समर्थन, छत्तीसगढ़-बलरामपुर रामानुजगंज में जर्जर राजमार्ग को लेकर जारी है अनशन

बलरामपुर रामानुजगंज। बलरामपुर रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग 343 के स्थिति को सुधारने की मांग को लेकर नगर की युवा राहुल जीत सिंह का  अनशन आज दूसरे दिन भी जारी रहा आज भी बड़ी संख्या में समाज के बुद्धिजीवी वर्ग, शासकीय कर्मचारी सहित ग्रामीण क्षेत्र एवं बलरामपुर से भी लोग समर्थन करने पहुंचे। धरना के पहले दिन प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार पहुंचे थे, जिन्होंने राष्ट्रीय राज्य मार्ग के एसडीओ से बात करा कर एक सप्ताह में कार्य प्रारंभ होने की बात कही। राहुल जीत सिंह के द्वारा लिखित में आश्वासन चाहा जो नहीं मिला जिसके बाद राहुलजीत ने अनशन कार्य प्रारंभ नहीं होने तक अनशन जारी रखने की बात कही। नगर की युवा राहुल जीत सिंह के अनशन को धीरे-धीरे लोगों का जन समर्थन बढ़ते जा रहा है पहले दिन जहां सैकड़ो की संख्या में लोगों ने आकर अनशन का समर्थन किया वहीं आज बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने भी आकर अनशन का समर्थन किया। सभी ने कहा कि जिस प्रकार से पूरे क्षेत्रवासी सड़क की समस्या से हलकान हो रहे हैं एवं राहुल जीत के द्वारा शासन प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करने के लिए अनशन का सहारा लिया है। प्रशासन को संवेदनशीलता दिखलाते हुए गंभीरता पूर्वक सड़क के मरम्मत का कार्य प्रारंभ करवाकर अनशन समाप्त करवाए जाने की आवश्यकता है। अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष का समर्थन अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विपिन बिहारी सिंह बस मालिक संघ के बिहारी गुप्ता,सत्यानंद पांडे, बबलू सिंह बलरामपुर से मानव मानव सेवा एवं वेलफेयर समिति के अध्यक्ष अमानत अली अपने दर्जनों साथियों के साथ अनशन का समर्थन करने पहुंचे वहीं के वरिष्ठ पार्षद अशोक जायसवाल,सनोज दास, नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी अरविंद दुबे, राजू गुप्ता, माली मालाकार कल्याण समिति के छत्तीसगढ़ प्रभारी प्रकाश मालाकार , किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष विकास दुबे, पार्षद कौशल जैसवाल, नरेश रवि सहित नैतिक विकास संघ के 50 से अधिक युवाओं ने आकर अनशन का समर्थन किया। महिलाएं भी हुईं सम्मिलित राहुल जीत सिंह के द्वारा सड़क को ले कर किए जा रहे अनशन में सम्मिलित होने आरागाही, जामवंतपुर ,,बुलगाव,तातापानी, पुरानीकृष्ण नगर केरवासिला सहित अन्य गांव से बड़ी संख्या में लोग धरना स्थल पहुंचकर धरना का समर्थन कर रहे हैं। वहीं राष्ट्रीय राज्य मार्ग के किनारे रहने वाली महिलाएं भी जाकर अनशन का समर्थन किया। पड रही कड़ाके के ठंड के बीच पूरी रात राहुल जीत सिंह अनशन पर रहे राहुल जीत सिंह ने कहा कि सड़क की स्थिति बहुत ही चिंताजनक है तत्काल सड़क का मरम्मत कराया जाना अति आवश्यक है प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही है दुर्घटना में लोग मर भी रहे है। लोगों का मिल रहा है अपार समर्थन के ऊर्जा के कारण में अनशन में बैठ पा रहा हूं। recent visitors 59

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से पद्मश्री अनुराधा पौडवाल ने सौजन्य मुलाकात की

रायपुर मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय से आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित उनके कक्ष में पद्मश्री अनुराधा पौडवाल ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री  साय ने छत्तीसगढ़ आगमन पर शॉल और बेल मेटल की नन्दी भेंट कर उनका स्वागत और अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री  साय और पद्मश्री अनुराधा पौडवाल के मध्य छत्तीसगढ़ की लोककला, गीत-संगीत और संस्कृति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर विधायक और पद्म अनुज शर्मा उपस्थित थे। recent visitors 47