भोपाल स्टेशन पर ठहरकर गंतव्य तक जाएगी तिरुपति-मदार-तिरुपति स्पेशल ट्रेन

भोपाल रेल प्रशासन द्वारा "अजमेर उर्स" के दौरान अतिरिक्त यातायत क्लियर करने एवं श्रद्धालुओं/यात्रियों को सुगम, सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 07119/07120 तिरुपति-मदार-तिरुपति स्पेशल ट्रेन 01-01 ट्रिप चलाई जा रही है, जो भोपाल स्टेशन पर ठहरकर गंतव्य तक जाएगी। गाड़ी संख्या 07119 तिरुपति-मदार स्पेशल ट्रेन दिनांक 02 जनवरी 2025 को तिरुपति स्टेशन से सुबह 07.00 बजे प्रस्थान कर, अगले दिन 15.50 बजे भोपाल और मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए तीसरे दिन 05.15 बजे मदार स्टेशन पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 07120 मदार-तिरुपति स्पेशल ट्रेन दिनांक 09 जनवरी 2025 को मदार स्टेशन से सुबह 04.00 बजे प्रस्थान कर, उसी दिन 18.40 बजे भोपाल और मार्ग के अन्य स्टेशनों से होते हुए अगले दिन रात 23.00 बजे तिरुपति पहुंचेगी। गाड़ी के हाल्ट: रास्ते में यह गाड़ी दोनों दिशाओं में रेनीगुंटा, कडप्पा, यर्रगुंटला, तडीपत्र, गूटी, धोने, कुर्नूल टाउन, गडवाल, महबूबनगर, शादनगर, काचिगुडा, चेरलापल्ली, काजीपेट, पेद्दापल्ली, मंचेरियल, बेल्लमपल्ली, सिरपुरकागजनगर, बल्हारशाह, चंद्रपुर, सेवाग्राम, नागपुर, अमला, भोपाल, उज्जैन, रतलाम , मंदसौर, नीमच, चित्तौड़गढ़ , भीलवाड़ा, बिजयनगर, नसीराबाद, अजमेर, मदर जंक्शन स्टेशनों पर रुकेगी। कोच संरचना: इस विशेष ट्रेन में 9 शयनयान श्रेणी, 8 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, एवं 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी सहित कुल 22 डिब्बे रहेंगे। यात्रा प्रारंभ करने से पहले रेलवे द्वारा अधिकृत पूछताछ सेवा एनटीईएस/139 रेल मदद से गाड़ी की सही स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके। recent visitors 180

इंदौर-भोपाल रोड पर तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार चचेरे भाइयों की मौत

सीहोर इंदौर-भोपाल रोड पर अंधी रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों की चपेट में आने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। शनिवार को भी जब कोठरी के चचेरे भाई बाइक से जा रहे थे, तो ट्राले की चपेट में आने से दोनो की मौके पर मौत हो गई। घटना इतनी दर्दनाक थी कि सड़क पर चारों तरफ खून ही खून नजर आ रहा था। मौके पर पहुंची अमलाहा चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा है। ट्राले को डोडी चौकी पर खड़ा कराया है। दोनों की मौके पर ही हो गई मौत जानकारी के अनुसार अमलाहा चौकी के तहत आने वाले ग्राम कोठरी में सुबह 11.30 बजे भोपाल से इंदौर की तरफ जा रही ट्राले ने आगे चल रहे बाइक सवार चचेरे भाई अजय वर्मा पिता घासीराम 22 वर्ष व विनय वर्मा पिता ज्ञानचंद 24 वर्ष निवासी कोठरी को रौंद दिया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। युवकों के ऊपर से निकले ट्राले के कारण सड़क पर चारों तरफ खून फैल गया। घटना स्थल पर बड़ी संख्या पर लोगों की भीड़ लग गई, वहीं सूचना मिलने पर अमलाहा चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोठरी में डिवाइडर के पास हुआ हादसा मालूम हो कि आए दिन इंदौर-भोपाल हाईवे स्थित कोठरी के ब्रिज पर तकनीकि गड़बड़ी के कारण हादसे होते रहते हैं। यह हादसा ब्रिज के पास हुआ। जब दोनों युवक डिवाइडर के पास से बाइक पर सवार होकर अपने घर जा रहे थे, तभी पीछे से आए ट्राले ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों युवकों के ऊपर से निकले ट्राले के कारण सड़क पर खून ही खून नजर आ रहा था, जिसे फायर ब्रिगेड की मदद से हटाया गया। recent visitors 72

आयुष विभाग ने 7000 से अधिक लोगों का प्रकृति परीक्षण किया

मनेद्रगढ़/एमसीबी आयुष मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा देश भर में चलाए जा रहे देशव्यापी आयुर्वेदिक प्रकृति परीक्षण अभियान के अंतर्गत अंचल के आयुर्वेदिक चिकित्सकों ने उत्कृष्ट कार्य किया है। इस अभियान के तहत प्रकृति परीक्षण नाम से मोबाइल एप्लीकेशन के द्वारा देश के प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ,राज्यपाल एवं अन्य मंत्रियों सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों और समान नागरिकों छात्र-छात्राओं का प्रकृति परीक्षण किया गया। सभी व्यक्ति जिनकी उम्र 18 वर्ष से 70 वर्ष के मध्य है उन सभी नागरिकों का आयुर्वेद सिद्धांत के अनुसार प्रकृति,वात, पित्त ,कफ का विश्लेषण किया गया। इस अभियान के तहत कोरिया जिला एवं एमसीबी जिले के आयुर्वेदिक चिकित्सकों के संयुक्त प्रयास से लगभग 7000 से अधिक लोगों का प्रकृति परीक्षण किया गया जिले में सर्वाधिक 644 प्रकृति परीक्षण डॉ प्रभाकर तिवारी ने किया ,वहीं द्वितीय स्थान पर डॉ अरविंद पटेल रहे। इसी प्रकार अन्य आयुर्वेद चिकित्सकों के संयुक्त प्रयास से यह अभियान एमसीबी जिले में काफी सफल रहा ।देश में आयुर्वेद की महत्व एवं वृद्धि हेतु आई आयुष मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा प्रकृति परीक्षण किया जा रहा है । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा धनवंतरी दिवस पर देश का प्रकृति प्रशिक्षण अभियान का राष्ट्रव्यापी शुभारंभ किया गया था जो कि संविधान दिवस 26 नवंबर से शुरू होकर 25 दिसंबर तक संचालित किया गया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई  की स्वर्ण जयंती दिवस 25 दिसंबर तक इस अभियान में प्रत्येक आयुर्वेदिक चिकित्सक अधिक तन्मयता से लगे रहे । जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि आयुष विभाग द्वारा नागरिकों को अपने मोबाइल पर संबंधित ऐप डाउनलोड कर अपनी व्यक्तिगत जानकारी भरकर प्रकृति परीक्षण हेतु प्रोत्साहित किया गया और शरीर को सुदृढ़ रखने एवं चिकित्सक से संपर्क कर औषधि चयन कर उपचार किए जाने हेतु निरंतर प्रयास किया गया। “आयुर्वेदिक औषधि का संकल्प, उत्तम का स्वस्थ्य आधार -“आयुर्वेद की इस थीम पर इस राष्ट्रव्यापी आयुर्वेदिक अभियान जन साधारण को काफी लाभ हुआ है। recent visitors 86

राष्ट्रीय राजमार्ग, में हुआ नेत्र परीक्षण,भारी वाहन चालकों का परीक्षण

मनेंद्रगढ़/एमसीबी संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार महाराजपुर टोल प्लाजा में 23 से 28 दिसंबर के बीच भारी वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण किया जा रहा है! जिसमें दूर व पास की दृष्टि की जांच किया गया व कलर ब्लाइंडनेस की जांच की गई। जिला सहायक नोडल अधिकारी आरo डीo दीवान के नेतृत्व में नेत्र सहायक अधिकारी दशरथ राम, रामकरण साहू, रजनीश कुमार द्वारा परीक्षण किया गया।। नेत्र परीक्षण में नागपुर चौकी के पुलिस अधिकारी कर्मचारीयों ने सहयोग प्रदान किया! बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इस प्रकार के जांच समय समय पर किया जाता हैं जिससे दृष्टिदोष पीड़ित वाहन चालकों को नेत्र की बीमारी का पता चल सके व समय से उपचार कराया जा सके। अब तक 104 वाहन चालकों का परीक्षण में 15 पास के नज़र की कमजोरी। (प्रेसबायोपिया)से पीड़ित पाए गए। जिसका तत्काल परीक्षण किया गया।। वाहन चालकों को नेत्र सुरक्षा, आंखों की सफाई के संबंध में जानकारी के साथ साथ साल में एक बार नेत्र परीक्षण कराने की सलाह दी गई। recent visitors 56

डी गुकेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की है, पीएम ने डी गुकेश की स्वर्णिम उपलब्धियों की सराहना की

नई दिल्ली भारत के डी गुकेश ने शतरंज की दुनिया में इतिहास रच दिया था. वो चेस के नए और सबसे युवा वर्ल्ड चैम्पियन बन गए थे. डी गुकेश ने फाइनल में चीन के चेस मास्टर डिंग लिरेन (Ding Liren) को पराजित किया था. खिताबी मुकाबले में डी गुकेश ने 14वीं बाजी में डिंग लिरेन को करारी शिकस्त दी और खिताब पर कब्जा जमाया था. पीएम मोदी ने गुकेश की जमकर तारीफ की अब 18 वर्षीय डी गुकेश ने 28 दिसंबर (शनिवार) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. गुकेश के माता-पिता भी इस दौरान साथ में आए हुए थे. पीएम मोदी ने डी गुकेश की स्वर्णिम उपलब्धियों की सराहना की. गुकेश ने इस दौरान पीएम को चेस बोर्ड भी गिफ्ट किया, जिसपर वर्ल्ड चेस चैम्पियनशिप का फाइनल खेला गया था और गुकेश ने जीत हासिल की थी. पीएम मोदी ने लिखा, 'शतरंज चैम्पियन और भारत के गौरव गुकेश के साथ शानदार बातचीत हुई. मैं पिछले कुछ सालों से उनसे बातचीत कर रहा हू. उनके बारे में जो बात मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित करती है, वह है उनका दृढ़ संकल्प और समर्पण. उनका आत्मविश्वास वाकई प्रेरणादायक है. मुझे कुछ साल पहले का उनका एक वीडियो याद है जिसमें उन्होंने कहा था कि वो सबसे कम उम्र के वर्ल्ड चैम्पियन बनेंगे. एक भविष्यवाणी जो अब उनके अपने प्रयासों की बदौलत सच साबित हुई है.' पीएम मोदी कहते हैं, 'आत्मविश्वास के साथ-साथ गुकेश में शांति और विनम्रता भी है. जीत के बाद वह शांत थे, अपनी इस उपलब्धि में डूबे हुए थे और पूरी तरह से समझ रहे थे कि इस कठिन जीत को कैसे प्रोसेस किया जाए. आज हमारी बातचीत योग और ध्यान की परिवर्तनकारी क्षमता के इर्द-गिर्द घूमती रही.' पीएम मोदी ने आगे कहा, 'हर एथलीट की सफलता में उनके माता-पिता की अहम भूमिका होती है. मैंने गुकेश के माता-पिता की सराहना की कि उन्होंने हर मुश्किल परिस्थिति में उनका साथ दिया. उनका समर्पण उन युवाओं के माता-पिता को प्रेरित करेगा, जो खेल को करियर के रूप में अपनाने का सपना देखते हैं.' पीएम मोदी ने आखिर में कहा, 'मुझे गुकेश से उस मुकाबले का चेस बोर्ड पाकर भी बहुत खुशी हुई, जिसमें उन्होंने जीत हासिल की थी. इस चेस बोर्ड पर उनके और डिंग लिरेन दोनों के हस्ताक्षर हैं. यह एक अनमोल स्मृति है.'   डी गुकेश ने तोड़ा था इस दिग्गज का रिकॉर्ड डी गुकेश शतरंज की दुनिया के सबसे कम उम्र के वर्ल्ड चैम्पियन हैं. गुकेश से पहले रूस के दिग्गज गैरी कास्पारोव सबसे कम उम्र के वर्ल्ड चेस चैम्पियन थे, जिन्होंने 1985 में अनातोली कार्पोव को हराकर 22 साल की उम्र में खिताब जीता था. साथ ही वो एक रिकॉर्ड के मामले में विश्वनाथन आनंद के क्लब में भी शामिल हो गए. दरअसल, गुकेश वर्ल्ड चेस चैम्पियन बनने वाले भारत के दूसरे प्लेयर बन गए. जबकि विश्वनाथन पहले भारतीय हैं. 5 बार के वर्ल्ड चैम्पियन विश्वनाथन आनंद ने अपना आखिरी खिताब 2013 में जीता था. recent visitors 86

नौकरानी ने ब्लैकमेल कर ज्योतिषी से ऐंठे करोड़ों रुपये, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर इसका पर्दाफाश कर आरोपी को पकड़ा

उज्जैन  मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग ज्योतिषी के घर काम करने वाली नौकरानी ने ब्लैकमेल कर उनसे करोड़ों रुपये ऐंठ ल‍िए। जांच कर रही पुलिस ने 24 घंटे के अंदर इसका पर्दाफाश कर आरोपी को पकड़ लिया। मामला धर्म नगरी उज्जैन का है। यहां पर 65 वर्षीय बुजुर्ग ज्योतिषी को घर की ही नौकरानी मां, बहन, पति व प्रेमी के साथ मिलकर पिछले दो साल से ब्लैकमेल कर रही थी। उसने ज्योतिषी से करीब चार करोड़ रुपये ऐंठ ल‍िए। आरोपी बुजुर्ग ज्योतिषी को अश्लील वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल कर रही थी। पीड़ित के बहू-बेटी ने पिता को परेशान देखकर पुलिस को इसकी शिकायत की। तब मामले का पर्दाफाश हुआ। एसपी प्रदीप शर्मा ने प्रेस वार्ता करके इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया, आरोपी नौकरानी ने बुजुर्ग ज्योतिषी को उनके अश्लील वीडियो के आधार पर और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रही थी। मामले की जांच कर रही टीम ने 24 घंटे के अंदर इसका खुलासा किया। उन्होंने बताया, “नौकरानी की आय 7,000 हजार रुपये महीना थी, लेकिन जब घर पर दबिश दी गई तो ब्रांडेड कपड़े, फर्नीचर, प्रॉपर्टी के दस्तावेज और अन्य सामान बरामद हुए। आरोपी के घर से करीब 45 लाख रुपये नकद और 50 लाख रुपये के आभूषण बरामद हुए हैं। इसके बाद पुलिस का शक गहराया। आरोपियों को गिरफ्तार किया कर लिया है। कितने रुपये ऐंठे गए हैं, अबकी इसकी पूरी जांच की जा रही है। परिवार वालों के मुताबिक 2 से 3 करोड़ रुपये की ठगी हुई है। पुलिस टीम को 20,000 रुपये का इनाम दिया गया है।” एसपी ने बताया कि दो दिन पहले ही नौकरानी ने बुजुर्ग से 10 लाख रुपये की और डिमांड की थी। बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ी तो उन्होंने अपने बच्चो को बताया और शिकायत पुलिस तक पहुंची। पीड़ित बुजुर्ग के बहु-बेटे ने पिता को परेशान देख नीलगंगा थाने में शिकायत की।   recent visitors 66

मध्य प्रदेश: बारिश से कटनी और उमरिया में खरीदी केंद्रों पर भीग गई धान, किसान परेशान

जबलपुर, कटनी, उमरिया मध्य प्रदेश के महाकोशल और विंध्य क्षेत्र के कई इलाकों में आज बारिश की संभावना जताई गई हैं। इधर कुछ इलाकों में हो रही बारिश से किसान परेशान हैं। कटनी और उमरिया में खरीदी केंद्रों पर बारिश के पानी से धान भीग गई है। यहां इसकी सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। बारिश से धान भीगने के बाद किसान परेशान हैं। कटनी में सुबह से जारी है बारिश का दौर, धान हो गई गीली कटनी जिले में शुक्रवार से मौसम बिगड़ा हुआ था। बादलों ने डेरा डाल रखा था और रात से हवाओं के बीच बूंदाबांदी हुई। सुबह से ही जिले में बारिश का दौर जारी है। दो घंटे से जारी बारिश में समर्थन मूल्य खरीदी केंद्रों में किसानों की परेशानी बढ़ गई है। सुरक्षा के इंतजाम न होने से केंद्रों में धान गीली हो रही है। जिन किसानों की धान केंद्रों में खुले में रखी है, वे सुबह से ही अपना अनाज बचाने की जुगत में लगे हैं। वहीं धान का उठाव न होने से कई केंद्रों में ढेर लगा है और सरकारी धान को बचाने भी पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था केंद्रों में नही है। बहोरीबंद क्षेत्र के कूड़न खरीदी केंद्र में पानी भर गया। किसान परेशान यहां पर तिरपाल से धान के एक दो ढेर ही बचा पाए। यही स्थिति जिले के अन्य केंद्रों की भी है। वहीं बादलों के कारण तीन दिन से तापमान बढ़ गया था, बारिश होते ही ठंड भी बढ़ गई है।   नान एफएक्यू धान को अच्छी बताने भिगोनी की तैयारी इधर जबलपुर जिले के डेढ़ सौ से ज्यादा वेयरहाउस और उपार्जन केंद्रों में इस समय बड़ी मात्रा में धान के ढेर और बोरे खुले में रखे हैं। इधर वर्षा की संभावना से इसके नुकसान की भी आशंका बढ़ गई है। इस बीच कई ऐसी सोसायटी और वेयरहाउस के प्रभारी हैं, जो खुले में पड़ी धान को बारिश में गीला करना चाह रहे हैं, ताकि गुणवत्ताहीन धान को गुणवत्ता वाली धान की श्रेणी में ला सकें। इसे देखते हुए कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कहा है कि ऐसे करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बारिश को देखते हुए जारी किए निर्देश मौसम विभाग ने जबलपुर जिले में शनिवार को वर्षा का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए किसानों से कहा गया है कि वे इन दो दिनों के दौरान उपार्जन केंद्र में धान न लाएं। जिन किसानों का धान उपार्जन केंद्र पर रिजेक्शन होने, अपग्रेड करने या फिर तुलाई नहीं होने से पड़ा है, उसकी सुरक्षा करने के उपाए करें। सभी उपार्जन केंद्र प्रभारियों से कहा है कि वे खुले में रखे हुए धान को गोदाम के अंदर शिफ़्ट करने अथवा बारिश से सुरक्षा करें। इसके साथ ही कलेक्टर ने स्पष्ट कहा है कि लापरवाही के कारण धान भीगने अथवा ख़राब होने की घटना होती है तो यह माना जाएगा कि जानबूझकर कर नान एफएक्यू धान को खपाने के लिए यह लापरवाही की गई है। ऐसे में व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। 20 हजार किसान से खरीदी एक लाख 80 हजार टन धान दो दिसंबर से शुरू हुई खरीदी 20 जनवरी तक चलेगी। अब खरीदी के लिए महज 22 से 23 दिन ही शेष रह गए हैं, लेकिन अभी भी पंजीयन कराने वाले किसानों में से आधे की भी धान नहीं खरीदी गई है। जिले में करीब 56 हजार किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया, जिसमें से सिर्फ 20 हजार किसान ने ही शासन को धान बेचा है। करीब एक लाख 79 हजार 535 टन धान खरीदी है। अधिकांश धान अभी भी खुले में पड़ा है, जिससे किसान और प्रशासन, दोनों की चिंता बढ़ गई है। मिलर्स द्वारा अभी भी रफ्तार से खरीदी केंद्रों से धान नहीं उठाई जा रही है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। recent visitors 60