Thursday, July 9, 2026 9:29 pm

अवैध हथियारों और गोला-बारूद के निर्माण विक्रय परिवहन एवं उपयोग को नियंत्रित करने उच्च स्तरीय समिति गठित

भोपाल राज्य शासन ने अवैध हथियारों और गोला-बारूद के निर्माण, विक्रय, परिवहन एवं उसके उपयोग को नियंत्रित करने के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश अनुसार मुख्य सचिव की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति में अपर मुख्य सचिव गृह को सदस्य सचिव तथा पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक, सचिव विधि एवं विधायी कार्य विभाग और श्री विनय मिश्रा बैलेस्टिक विशेषज्ञ (वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी) को सदस्य के रूप में नामित किया गया है। समिति 10 सप्ताह में कार्ययोजना तैयार कर प्रभारी अधिकारी के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करेगी।   recent visitors 58

बॉलीवुड अभिनेत्री रिमी सेन श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को दर्शन के लिए पहुंचीं, किये दर्शन, नंदी हाल में लगाया ध्यान

उज्जैन बॉलीवुड अभिनेत्री रिमी सेन उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में सोमवार को दर्शन के लिए पहुंचीं। उन्होंने चांदी द्वार से बाबा महाकाल के दर्शन किए। एक्ट्रेस के कई तस्वीरें सामने आई हैं, जिसमें वह महाकाल की भक्ति में डूबी नजर आईं। तस्वीरों में अभिनेत्री – नंदी हॉल में बैठकर शिव साधना में लीन नजर आईं। माथे पर रोली का टीका लगाए वह नजर आईं। इसके साथ ही ‘महाकाल’ के नाम का लाल रंग का पटका भी ओढ़े नजर आईं। महाकाल मंदिर के पुरोहित पीयूष चतुर्वेदी ने अभिनेत्री का पूजन सम्पन्न करवाया। बाबा महाकाल के दर्शन करने के बाद उनका श्री महाकाल से प्रबंध समिति की ओर से स्वागत सम्मान किया गया। रिमी सेन ने इस दौरान मीडिया से कहा कि बाबा महाकाल सबका भला करेंगे। आज के समय में स्ट्रेस कुछ ज्यादा है। कोई भी स्ट्रेस न ले आपकी हर समस्या भगवान की भक्ति से दूर होगी। अभिनेत्री सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं और अक्सर एक से बढ़कर एक पोस्ट प्रशंसकों के साथ शेयर करती रहती हैं।   एक्ट्रेस रिमी सेन ने फिल्म इंडस्ट्री को ‘धूम’, ‘गरम मसाला’, ‘गोलमाल’, ‘बागबान’, ‘दीवाने हुए पागल’, ‘फिर हेरा फेरी’ और ‘जॉनी गद्दार’, ‘दे ताली’,थैंक यू’ और ‘शागिर्द’ जैसी सफल फिल्में दी है। रिमी सेन ने साल 2016 में बायोपिक ‘बुधिया सिंह- बॉर्न टू रन’ को प्रोड्यूस किया। इस फिल्म ने दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीते थे। recent visitors 65

जनकल्याण शिविर में कृषकों को चालू खसरा खतौनी के नकलों का करें वितरण: कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला

सिंगरौली जनकल्याण शिविरों में अनिवार्य रूप से जिला अधिकारी पहुंचना सुनिश्चित करें तथा शिविर के दौरान कृषकों को निःशुल्क चालू खसरा खतौनी की नकल वितरित किए जाएं उक्त आशय के निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर श्री चंद्रशेखर शुक्ला के द्वारा जिला अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनकल्याण शिविर के दौरान निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का शतप्रतिशत पत्र हितग्राहियों को लाभ दिलवाएं। साथ ही शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों का भी निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें । कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को इस आशय के निर्देश दिए कि शिविर के दौरान कृषकों को अनिवार्य रूप से खसरा खतौनी की नकल प्रदाय कराएं।  वहीं बैठक के दौरान सी.एम. हेल्पलाइन में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का समय सीमा के साथ  संतुष्टि पूर्वक निराकरण किया जाना सुनिश्चित करें ।कलेक्टर ने 50 दिवस 100 दिवस के लंबित आवेदनों का निरीकरण करने के निर्देश दिए । धान उपार्जन के साथ साथ परिवहन एवं भुगतान के प्रगति की समीक्षा उपरांत संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय पर भुगतान किया जाए साथ ही धान परिवहन के कार्य में गति लाएं। प्रति दिवस के प्रगति के जानकारी के संबंध में अवगत भी कराया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने ने इस आशय के भी निर्देश दिए की आकस्मिक रूप से मौसम खराब होने के स्थित में उपार्जन केंद्रों में धान भीगे न इसके लिए अनिवार्य रूप से व्यवस्थाएं सभी केंद्रों पर कराया जाना सुनिश्चित करने। बैठक के दौरान जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर अरविंद झा, पी के सेनगुप्ता ,एस.डी.एम राजेश शुक्ला , डिप्टी कलेक्टर सौरभ मिश्रा, नंदन तिवारी, देवेंद्र द्विवेदी, जिला खनिज अधिकारी ए. के. राय , जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुराग मोदी , जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर, महिला बल विकास अधिकारी राजेश राम गुप्ता, जिला शिक्षा अधिकारी एस. बी. सिंह , एस.डी.ओ नरेंद्र तिवारी, आबकारी अधिकारी खेमराज सैयाम सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे । recent visitors 56

चंडीगढ़ में डीसी कार्यालय के पास इमारत गिरी, प्रशासन की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टला, कोई हताहत नहीं

चंडीगढ़ चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के पास पांच दशक पुरानी महफिल होटल की इमारत सोमवार सुबह ढह गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्रशासन की सतर्कता के चलते बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय प्रशासन ने पहले इमारत को असुरक्षित घोषित कर सील कर दिया था। हालांकि, शहर के मध्य में स्थित इस इमारत के ढहने से कोई हताहत नहीं हुआ। चश्मदीदों ने बताया कि इमारत सुबह करीब सात बजे गिर गई। जानकारी के अनुसार, इमारत के पिलरों और दीवारों में दरारों के कारण असुरक्षित घोषित किए जाने से पहले, इमारत में कुछ निर्माण कार्य चल रहा था। पुलिस ने किसी भी दुर्घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाते हुए इलाके में बैरिकेडिंग कर दी थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुबह डायल 100 पर एक कॉल आई थी। जिसमें इमारत के गिरने की जानकारी दी गई। इमारत के गिरने के किसी की जान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मामले में जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले होटल में मरम्मत का काम चल रहा था, तभी तीन पिलरों और दीवारों में दरारें आ गई थी, जिससे तो आस-पास की इमारतें भी हिल गई थीं। इमारतों में भूकंप के जैसे झटके महसूस किए गए थे, जिस वजह से लोगों में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सिविल डिफेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। सुरक्षा के लिहाज से बिल्डिंग के आसपास बैरिकेडिंग कर रास्ते बंद कर दिए गए थे।   recent visitors 66

कलेक्टर की अध्यक्षता में 26 जनवरी की तैयारियों को लेकर बैठक हुए आयोजित

सिंगरौली कलेक्टर श्री चंद्रशेखर शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह के गरिमामय आयोजन हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि समारोह की तैयारियों को समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए । साथ ही अधिकारियों को समारोह तैयारी के लिए पृथक पृथक रूप से ज़िम्मेदारियां भी सौंपी गई। कलेक्टर ने कहा कि समारोह का आयोजन पूर्ण गरिमा के साथ होगा । साथ ही ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । उन्होंने जिला स्तरीय समारोह में आयोजित किए जाने वाले परेड सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारियां किए जाने हेतु पुलिस प्रशासन एवं जिला शिक्षा अधिकारी को कार्य सौंपा । वहीं संपूर्ण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी के रूप में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई। स्टेडियम की साफ सफाई मंच आदि की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर निगम आयुक्त को सौंपी । वही कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित झांकियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा इनके भी तैयारियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए  । बैठक के दौरान जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर अरविंद झा, पी के सेनगुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा , एस.डी.एम राजेश शुक्ला एवं सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे। recent visitors 61

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले ‘सामना’ में केजरीवाल पर कड़ी टिप्पणी की, जनता की अनदेखी कर ‘शीशमहल’ बनवाया

मुंबई शिवसेना (यूबीटी) ने अपने संपादकीय ‘सामान’ में दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा। ‘सामना’ में कहा गया है कि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता के हितों पर कुठाराघात किया है। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री रहते हुए जनता के हितों की अनदेखी करते हुए अपने लिए करोड़ों का शीशमहल बनवा लिया, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता है। ‘सामना’ में कहा गया है कि केजरीवाल सरकार अपने वादों को पूरा करने में विफल साबित हुई। उन्होंने दिल्ली की जनता को जो सुविधाएं देने का दावा और वादा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर काबिज होने से पहले किया था। बड़े अफसोस की बात है कि वो उन दावों और वादों को पूरा करने में विफल साबित हुए और दिल्ली की जनता यह सबकुछ देख रही है। इतना ही नहीं, ‘सामना’ के संपादकीय में दिल्ली के विधानसभा चुनाव की तुलना मौत से की गई है। कहा गया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव अब दोनों पार्टियों के लिए जिंदगी और मौत का खेल बन चुका है। ऐसी स्थिति में यह देखना दिलचस्प रहेगा कि दिल्ली की राजनीति की दिशा व दशा कैसी रहती है। ‘सामना’ ने अपने संपादकीय में कहा है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने मिलकर लड़ा था। लेकिन, अब दिल्ली का विधानसभा चुनाव दोनों ही पार्टियां फ्रीस्टाइल कुश्ती के तौर पर लड़ रही है। बता दें कि फरवरी में दिल्ली विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। ऐसे में अभी से ही दोनों पार्टियां चुनाव प्रचार में जुट गई है। दिल्ली की राजनीति में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच माना जा रहा है। बता दें कि इससे पहले उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना ने अपने संपादकीय ‘सामना’ में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की तारीफ करके प्रदेश की राजनीतिक में कई बड़े संकेत दे दिए थे। ‘सामना’ ने अपने संपादकीय में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के कई कार्यों का उल्लेख कर उनकी तारीफ की थी। 'सामना' ने अपने लेख में लिखा था कि नए साल की शुरुआत में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गढ़चिरौली जिले को विकास की नई दिशा देने का संकल्प लिया। जब बाकी मंत्रिमंडल के मंत्री विशेष जिलों और मलाईदार महकमों की तलाश में थे, मुख्यमंत्री फडणवीस ने गढ़चिरौली का दौरा किया और वहां कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था। 'सामना' में आगे कहा गया था कि मुख्यमंत्री ने इस दौरान गढ़चिरौली के विकास के नए युग की शुरुआत की बात कही। मुख्यमंत्री का कहना था कि अगर यह विकास योजनाएं सफल होती हैं, तो यह न केवल गढ़चिरौली, बल्कि पूरे महाराष्ट्र के लिए एक सकारात्मक कदम होगा। विशेष रूप से गढ़चिरौली के गरीब आदिवासी समुदाय के लिए यह एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकता है।   recent visitors 82

खेल गतिविधियां जीवन में सकारात्मकता और ऊर्जा का संचार करती हैं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि खेल गतिविधियां जीवन में सकारात्मकता और ऊर्जा का संचार करती हैं। भारतीय संस्कृति में खेलों की समृद्ध और उत्कृष्ट परम्परा रही है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से खेल के आधार पर डिग्री प्राप्त करने और स्पोर्टस टीचर को असिस्टेंट प्रोफेसर से लेकर वाइस चांसलर तक बनने की व्यवस्था स्थापित की गई है। खेल, व्यक्ति की दक्षता, क्षमता और योग्यता के प्रकटीकरण के प्रभावी माध्यम हैं। राज्य शासन प्रत्येक स्तर पर खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश में सभी खेलों को प्रोत्साहित कर प्रतिभाओं को निखारने के लिए आवश्यक व्यवस्था स्थापित की है। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में इसके परिणाम भी दिखाई दे रहे हैं। भोपाल में बेहतर क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल के खेल पत्रकार संघ द्वारा आयोजित 30 वें इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट-2025 के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओल्ड केम्पियन ग्राउंड पर बल्लेबाजी कर टूर्नामेंट की शुरूआत की। इस अवसर पर खेल मंत्री श्री विश्वास सारंग, पूर्व विधायक श्री ध्रुव नारायण सिंह, खेल पत्रकार संघ के संरक्षण श्री मृगेंद्र सिंह सहित संघ के पदाधिकारी, मीडिया कर्मी एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।   recent visitors 77