Wednesday, July 8, 2026 5:35 am

छत्तीसगढ़ में जारी हुई भाजपा जिलाध्यक्षों की लिस्ट, नारायणपुर में महिला को दी कमान

रायपुर  भाजपा ने छत्तीसगढ़ में अपने जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी है। बस्तर के साथ संभाग के दंतेवाड़ा, सुकमा, कोंडागांव, नारायणपुर के अध्यक्ष की घोषणा कर दी गई है। नारायणपुर से संध्या पवार को जिलाध्यक्ष चुना गया है। दंतेवाड़ा भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता बनाए गए। संतोष अभी जिला महामंत्री और गीदम निवासी हैं। इससे पहले रविवार को बीजापुर और कांकेर के अध्यक्ष की घोषणा की जा चुकी है। कांकेर में महेश जैन और बीजापुर में घासीराम नाग अध्यक्ष बनाए गए हैं। वेद प्रकाश पांडे को बस्तर जिला भाजपा अध्यक्ष घोषित किया गया है। 49 वर्षीय वेदप्रकाश को प्रदेश अध्यक्ष का करीबी माना जाता है। वे 2003 में भारतीय युवा मोर्चा बकावंड मंडल के अध्यक्ष बनाए गए थे। इसके बाद मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री और 2019 से जिला महामंत्री हैं। बस्तर स्थित पार्टी कार्यालय में इसकी घोषणा की गई। भाजपा जिला संगठन चुनाव के प्रभारी विक्रम उसेंडी की उपस्थिति में नामों का एलान किया गया। इससे पहले भाजपा कार्यालय में सुबह से चहल-पहल रही। अध्यक्ष पद के दावेदार पहुंचे। ग्रामीण क्षेत्र से भी मंडलों के पदाधिकारी पहुंचे। नारायणपुर भाजपा जिला अध्यक्ष की कमान महिला को मिली है। छोटे डोंगर की संध्या पवार अध्यक्ष बनाई गई हैं। पूर्व में वे महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष थीं। जातिगत और राजनीतिक समीकरण में सधे भाजपा के 15 जिलाध्यक्ष आगामी पंचायत-निकाय चुनाव से पहले भाजपा का संगठन का चुनाव जारी है। मंडल अध्यक्षों के चुनाव के बाद रविवार को भाजपा ने प्रदेश के 15 जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की है। इनमें जातिगत और राजनीतिक समीकरण को साधते हुए सूची जारी हुई है। प्रदेश भाजपा के 36 सांगठनिक जिले हैं। बाकी जिलों में छह जनवरी को चुनाव पूरा करने का दावा है। रमेश ठाकुर को रायपुर शहर का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। ठाकुर रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और रायपुर-दक्षिण के विधायक सुनील सोनी के करीबी माने जाते हैं। संगठन चुनाव के जिला प्रभारी शिव रतन शर्मा ने रायपुर शहर जिला अध्यक्ष की सर्वसम्मति से नियुक्ति की है। रमेश ठाकुर रायपुर शहर जिले के महामंत्री हैं। जिला संगठन चुनाव प्रभारी व पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने उन्हें प्रमाण पत्र सौंपा। विधानसभा चुनाव के पहले ठाकुर पार्टी के विभिन्न अभियानों में सक्रिय रहे हैं। इसी तरह रायपुर ग्रामीण से श्याम नारंग को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। श्याम पेशे से वकील हैं। जनवरी से पहले हो जाएगा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव संगठनात्मक चुनाव के प्रदेश निर्वाचन अधिकारी खूबचंद पारख ने जिला अध्यक्षों की सूची विधिवत रूप से जारी की है। पारख ने कहा कि इन 15 जिलों में 37 विधानसभा क्षेत्र आते हैं जहां से 37 प्रदेश प्रतिनिधियों का निर्वाचन भी विधिवत हो गया है। 18 प्रदेश प्रतिनिधि, जो एससी-एसटी और महिला वर्ग से आते हैं, के भी नाम तय किया जा चुके हैं जिनके चुनाव की प्रक्रिया प्रदेश से होगी। इस तरह से 55 प्रदेश प्रतिनिधियों का चुनाव हो चुका है। पारख ने बताया कि छह जनवरी को बाकी जिला अध्यक्षों का चुनाव होगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव 10 जनवरी से पहले होने का है। recent visitors 44

जांच एजेंसियों में बेहतर समन्वय बनाने में मिलेगी मदद, ‘BHARATPOL’ को अमित शाह ने किया लॉन्च

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देश ने मंगलवार को विभिन्न जांच एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने के लिए सीबीआई की ओर से विकसित भारतपोल पोर्टल को लॉन्च किया। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि यह आधुनिक सेवाओं के इस्तेमाल का वक्त है। इसलिए भारतपोल पोर्टल विकसित किया गया है। इससे सुरक्षित भारत बनाने का सपना पूरा होगा। सुरक्षा चुनौतियों से लड़ने में मदद मिलेगी। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारतपोल हमारे देश में अंतरराष्ट्रीय जांच को एक नए युग में ले जाएगा। सीबीआई इंटरपोल के साथ काम करने वाली एकमात्र एजेंसी थी, लेकिन भारतपोल से हर भारतीय एजेंसी और सभी राज्यों की पुलिस आसानी से इंटरपोल से जुड़ सकेगी। हम अंतर को पाटने और अपराध को नियंत्रित करने के लिए कुशलता से काम करने में सक्षम होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारतपोल पोर्टल से अंतरराष्ट्रीय डाटा का उपयोग करना आसान होगा। भगोड़े अपराधियों को पकड़ने में मदद मिलेगी। इंटरपोल का डाटा भी हमारे पास होगा। अपराधियों को ट्रैक करने की व्यवस्था होगी। इस दौरान बेहतर काम करने पर 35 सीबीआई अधिकारियों को पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। भारतपोल पोर्टल देश की जांच एजेंसियों को रियल टाइम सूचना साझा करने में सक्षम बनाएगा। केंद्र, राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के स्तर पर यह समन्वय इंटरपोल लाइजनिंग ऑफिसर (आईएलओ) के जरिए किया जाता है, जो अपने-अपने संगठनों में पुलिस अधीक्षकों, पुलिस आयुक्तों और शाखा प्रमुखों के स्तर पर यूनिट ऑफिसर से जुड़े होते हैं। मौजूदा समय में सीबीआई, आईएलओ और यूओ के बीच संचार का साधन पत्र, ईमेल और फैक्स है। भारतपोल पोर्टल बनने से एजेंसियों के बीच समन्वय बेहतर होने के साथ ही अपराधी को पकड़ने में मदद मिलेगी। नया अत्याधुनिक ऑनलाइन मंच राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पुलिस बलों और केंद्रीय एजेंसियों को विदेश में छिपे भगोड़े व्यक्तियों या अन्य मामलों के बारे में इंटरपोल से सूचना मांगने के लिए अपने अनुरोध भेजने की सुविधा देगा। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) भारत का राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो है, जो इंटरपोल से संबंधित मामलों के लिए जिम्मेदार है। इंटरपोल के माध्यम से, सीबीआई भारत में अपराध या अपराधियों की जांच में सहायता के लिए इंटरपोल के अन्य सदस्य देशों की समान एजेंसियों से आवश्यक जानकारी मांग सकती है तथा अन्य देशों की सहायता के लिए आपराधिक डेटा और खुफिया जानकारी साझा कर सकती है। गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब में मत्था टेका गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन त्याग, शौर्य और सेवा का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने अधर्म और अत्याचार के खिलाफ अडिग होकर संघर्ष किया। प्रकाश पर्व के शुभ अवसर पर शाह ने नई दिल्ली स्थित गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब में मत्था टेककर सत्संग का आशीष भी प्राप्त किया। recent visitors 69

बस्तर पुलिस ने 48 घंटे में अंधे कत्ल की सुलझाई गुत्थी, वाहन चालक समेत 4 गिरफ्तार

जगदलपुर छत्तीसगढ़ के बस्तर पुलिस ने बीते दिनों हुए एक अंधे के कत्ल की गुत्थी  सुलझा ली है. इस मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दरअसल, जगदलपुर के अनुकूल देव वार्ड करकापाल में भानपुरी अस्पताल में पदस्थ डॉ. वासुदेव राय की पत्नी अर्चना घोष की उनके घर पर संदिग्ध हालात में लाश मिली थी. बोधघाट पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद से आरोपियों की तलाश में जुटी थी. डॉ. वासुदेव राय की पत्नी अर्चना घोष की हत्या के 6 दिन बाद पुलिस ने  4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक इसमें हत्या का  मुख्य  आरोपी मृतिका अर्चना घोष का वाहन चालक है. वाहन चालक ने घर में लूट के इरादे से अपने 3 साथियों के साथ साजिश रची थी. उसने अपने मालकिन की मुंह दबाकर हत्या करवा दी और घर से नगद और जेवरात पर अपना हाथ साफ कर दिया. बस्तर पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका अर्चना घोष के वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ किया. सख्ती से पूछताछ के बाद आरोपी वाहन चालक ने अपना अपराध कबूल कर लिया. साथ ही अन्य 3 साथियों का भी नाम पुलिस को बता दिया. पुलिस ने इन आरोपियों के पास से लूटे गए 36 हजार रुपये नगद और सोने चांदी के आभूषण के साथ ही एक मोटरसाइकिल भी जब्त किया है. आरोपी वाहन चालक ने रची थी हत्या की साजिश बस्तर एसपी सलभ सिन्हा ने बताया कि बीते 1 जनवरी को मृतिका अर्चना घोष निवासी अनुकूल देव वार्ड की खुद के मकान में संदिग्ध हालत में लाश मिली थी. मृतिका के पति डॉक्टर वासुदेव राय ने बोधघाट थाने में इसकी रिपोर्ट दर्ज कराई. इसके बाद बोधघाट पुलिस की टीम साइबर टीम की मदद से इस मामले की  छानबीन में जुटी थी. इस मामले में घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम की मदद से निरीक्षण कराया गया. इसके अलावा, 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे के फुटेज और तकनीकी साक्ष्य के सबूत जुटाए गए. जांच के दौरान मृतिका अर्चना के ड्राइवर रोहित कश्यप से पूछताछ करने पर उसने अपने तीन साथियों के साथ लूट की नीयत से साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया. आरोपी ने बताया कि वह पिछले 5 सालों से मृतिका अर्चना घोष के घर पर  वाहन चालक का काम कर रहा था, जिसकी वजह से आरोपी रोहित को मृतिका अर्चना घोष की आर्थिक संपत्ति और गतिविधियों की पूरी जानकारी थी. आरोपी ने घर में घुसकर लूट करने की योजना बनाई और बीते 1 जनवरी की रात अपने तीन साथियों को लूट के उद्देश्य से मालकिन के घर भेजा. रोहित के अनुसार घर में लूट की वारदात को अंजाम देते समय महिला के जागने पर आरोपियों ने महिला का मुंह दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए. एसपी सलभ सिन्हा के मुताबिक आरोपियों में हत्यारोपी जोसफ कश्यप, नीलू बघेल, पप्पू बघेल और मुख्य आरोपी वाहन चालक रोहित कश्यप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड में लेने के बाद उन्हें जेल भेज दिया. recent visitors 42

गौतम गंभीर की बढ़ सकती है मुश्किलें, जल्द ही कोच का रिपोर्ट कार्ड देखेगा BCCI

मुंबई नया साल आते ही भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में कई बदलाव की तैयारी हो रही है. हाल ही में 12 जनवरी को मुंबई में स्पेशल जनरल मीटिंग (SGM) बुलाने की घोषणा की गई है. इस बैठक का मुख्य एजेंडा सेक्रेटरी और ट्रेजरर पद के लिए चुनाव है. जय शाह की जगह देवजीत सैकिया को सचिव पद का कार्यभार सौंपा जाएगा, जो सितंबर 2025 तक इस पद पर बने रहेंगे. वहीं ट्रेजरर अरुण धूमल अपने दो कार्यकाल पूरे कर चुके हैं, जिसके चलते उन्हें इस पद से हटना पड़ेगा. कोच गौतम गंभीर के प्रदर्शन पर उठ सकते हैं सवाल टेलीग्राफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, इस बैठक में गौतम गंभीर और उनकी कोचिंग टीम के प्रदर्शन पर चर्चा होने की संभावना है. हालांकि, यह प्राथमिक मुद्दा नहीं है, लेकिन हालिया प्रदर्शन को देखते हुए गंभीर की कोचिंग को लेकर बोर्ड के कुछ सदस्यों के बीच असंतोष बढ़ रहा है. 2024-25 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (BGT) में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-3 की हार ने टीम इंडिया को गहरे संकट में डाल दिया है. आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी गंभीर के लिए आखिरी मौका? गौतम गंभीर के लिए सबसे बड़ा संकट यह है कि आगामी आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 उनके कार्यकाल का अहम मोड़ साबित हो सकती है. अगर भारत इस टूर्नामेंट में सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच पाता है तो उनकी कोचिंग पर बड़े सवाल उठना तय है. टीम इंडिया की हालिया असफलताओं के पीछे खराब फॉर्म और प्रमुख खिलाड़ियों की चोट भी बड़ी वजह रही है. विराट कोहली और रोहित शर्मा का प्रदर्शन उम्मीद से कम रहा है, जबकि जसप्रीत बुमराह की चोट ने गेंदबाजी आक्रमण को कमजोर किया है. गौतम गंभीर का कोचिंग कार्यकाल गौतम गंभीर ने सितंबर 2024 में कोच का पद संभाला था, जब टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप जीतकर अपने चरम पर थी. उस समय भारत टेस्ट और वनडे में भी मजबूत स्थिति में था. गंभीर ने अपने कोचिंग कार्यकाल की शुरुआत बांग्लादेश को टेस्ट में 2-0 से हराकर की थी. लेकिन इसके बाद टीम का प्रदर्शन लगातार गिरता चला गया. टीम इंडिया को श्रीलंका के हाथों वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. फिर न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में भारत 0-3 से हारा, जो भारतीय क्रिकेट के इतिहास में पहली बार हुआ. इसके बाद भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 में भी हार का सामना करना पड़ा. recent visitors 52

Maha Kumbh: प्रयागराज में डुबकी लगाएंगी विश्व की अरबपति महिलाएं, पॉवेल कल्पवास तो सुधामूर्ति करेंगी प्रवास

प्रयागराज। दुनिया की चकाचौंध में संगम की रेती की महिमा किस तरह फैलने जा रही है, इसकी बानगी महाकुंभ में दिखेगी। इस महाकुंभ में सिर पर गठरी और हाथ में झोला लेकर पांटून पुलों पर धक्का खाने वाली खांटी गंवई अंदाज वाली घूंघट की ओट से झांकने वाली महिलाएं ही नहीं, दुनिया को चलाने वाली कई अरबपति महिलाएं भी संगम की रेती पर कल्पवास करेंगी। विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक आयोजन महाकुंभ में दुनिया की जिन अरबपति महिलाओं के ठहरने के लिए संगम की रेती पर महाराजा डीलक्स के अलावा अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉटेज लगाए जा रहे हैं, उनमें एप्पल की मालकिन लॉरेन पॉवेल जॉब्स भी शामिल हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, पीट बटिगिग और कमला हैरिस जैसी हस्तियों के राजनीतिक सामाजिक अभियानों में हिस्सा ले चुकीं एप्पल की मालकिन लॉरेन पॉवेल जॉब्स पौष पूर्णिमा पर प्रथम डुबकी के साथ संगम की रेती पर कल्पवास भी करेंगी। लॉरेन महाकुंभ के शुभारंभ के दिन आएंगी। उनके ठहरने की व्यवस्था निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद के शिविर में की गई है। वह 29 जनवरी तक उनके शिविर में रहकर सनातन धर्म को समझेंगी। recent visitors 63

आज मध्य प्रदेश में भाजपा के 40 जिला अध्यक्षों की घोषणा !

भोपाल भाजपा जिला अध्यक्षों की 35 से 40 नामों की सूची मंगलवार को जारी की जाएगी। इसकाे लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में दो घंटे तक मंथन हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने जिला अध्यक्षों के नामों पर विचार-विमर्श किया। सूची फाइनल हो गई है, इसे स्वीकृति के लिए दिल्ली भेजा गया। बताया जा रहा है कि दिल्ली से भी सूची शामिल नामों को स्वीकृति मिल गई है। नामों की सूची सोमवार को जारी की जानी थी, लेकिन कुछ नामों पर सहमति नहीं बनने के कारण सूची रोक दी गई। घोषणा से पहले ही मंदसौर में शुरू हुआ बधाइयों का सिलसिला जिला अध्यक्षों के 15 से अधिक नामों पर अब भी सहमति नहीं बनी है। ऐसे में पहली सूची 35 से 40 नामों की ही जारी की जाएगी। शेष नामों पर पुनर्विचार कर अंतिम रूप दिया जाएगा। सागर, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, सतना, रीवा, नरसिंहपुर सहित अन्य जिलों के जिला अध्यक्ष के एक से अधिक नामों पर पार्टी नेताओं के बीच खींचतान के बीच फिलहाल इन जिलों में जिला अध्यक्ष की घोषणा बाद में की जा सकती है। इधर, जिला अध्यक्ष की घोषणा से पहले ही पंडित राजेश दीक्षित को मंदसौर जिला अध्यक्ष की बधाई वाले फ्लेक्स तैयार कर लिए गए हैं। सोमवार को इसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होती रही। 12 जिलों के अध्यक्ष को पुन: मिल सकता है मौका भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले मप्र के 12 जिला अध्यक्ष बदले थे। इसमें छतरपुर, पन्ना, मऊगंज, मैहर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, पाढुर्णा, हरदा, इंदौर ग्रामीण, बुरहानपुर, बड़वानी और रतलाम में नए जिला अध्यक्ष बनाए गए। ऐसे में इनमें से अधिकांश जिलों में जिला अध्यक्षों को पुन: मौका दिया जा सकता है। सामाजिक व राजनीतिक समीकरण साधने का प्रयास बताया जा रहा है कि भाजपा ने संभागवार सामाजिक और राजनीतिक समीकरण साधने का प्रयास किया है। प्रत्येक संभाग में तीन से आठ जिले हैं। इसमें एसटी, एससी, ओबीसी और सामान्य वर्ग के अलावा महिला को मौका देने का प्रयास है। हालांकि जहां महिला सांसद व महापौर है, वहां पुरुष को ही जिला अध्यक्ष बनाया जाएगा। recent visitors 38

‘दोनों देशों को मिलकर काम करने की जरूरत’, अमेरिका : राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक और डोभाल की भेंट

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर व्हाइट हाउस ने कहा कि दोनों देशों को पहले से ज्यादा विश्वसनीय और लचीला आधार बनाने के लिए अपने साझेदारों के साथ मिलकर काम करने की जरूरत है। दोनों देशों ने तकनीकी और रक्षा आपूर्ति शृंखला को एकीकृत करने के लिए कदम उठाए हैं। व्हाइट हाउस ने कहा कि बैठक के दौरान सुलिवन और डोभाल ने तकनीक के संयुक्त उत्पादन और विकास के प्रयास के महत्व को लेकर चर्चा की। यह हमें दुनिया के लिए सुरक्षित, विश्वसनीय और लागत-प्रतिस्पर्धी तकनीकी समाधान प्रदान करने में सक्षम बनाएगा। संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत अंतरिक्ष से लेकर सेमी कंडक्टर, जैव प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, उन्नत दूरसंचार और स्वच्छ ऊर्जा को लेकर साझेदारी के साथ काम कर रहे हैं। इसके परिणाम भी सामने आए हैं। व्हाइट हाउस के मुताबिक हमारी साझेदारी ने हिंद-प्रशांत और यूरोप के समान विचारधारा वाले देशों के साथ बहुपक्षीय कार्य को भी बढ़ावा दिया है। इसमें बायो-5 बायोफार्मास्युटिकल सप्लाई चेन कंसोर्टियम, यूएस-इंडिया-आरओके टेक्नोलॉजी त्रिपक्षीय और क्वाड के माध्यम से ऑस्ट्रेलिया और जापान के साथ चल रहे सहयोग शामिल हैं। बैठक में सुलिवन और डोभाल ने तकनीकी संरक्षण को मजबूत करने के अपने साझा संकल्प को लेकर प्रतिबद्धता जताई। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के प्रयासों पर चर्चा की। इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा व्हाइट हाउस ने कहा कि दोनों देशों के सुरक्षा सलाहकारों ने द्विपक्षीय रणनीतिक व्यापार, प्रौद्योगिकी और औद्योगिक सहयोग में दीर्घकालिक बाधाओं को दूर करने की प्रगति की सराहना की। दोनों ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकारों, उद्योग और शिक्षा जगत के बीच उन्होंने जो सेतु बनाए हैं, वे कायम रहेंगे और तकनीकी उद्यम के हर आयाम में उनकी महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रतिबिंबित करेंगे। दोनों एनएसए नियमित रूप से व्यापक द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक एजेंडे पर गहन चर्चा के माध्यम से उच्च स्तरीय वार्ता में शामिल रहे हैं। मिसाइल निर्यात नियंत्रण नीतियों की दी जानकारी डोभाल-सुलिवन बैठक के बाद, अमेरिकी एनएसए सुलिवन ने भारत को मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था (एमटीसीआर) के तहत अमेरिकी मिसाइल निर्यात नियंत्रण नीतियों में बाइडन प्रशासन द्वारा लाए गए अपडेट के बारे में जानकारी दी, जिससे भारत के साथ अमेरिकी वाणिज्यिक अंतरिक्ष सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। दो दिवसीय यात्रा पर एनएसए अमेरिका के निवर्तमान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) जेक सुलिवन पांच और छह जनवरी को भारत की यात्रा पर थे। उन्होंने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर से भी मुलाकात की। 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप के 47वें अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के बाद एनएसए का पद माइकल वाल्ट्ज संभालेंगे। recent visitors 64