हिमाचल प्रदेश में आज और कल बारिश-बर्फबारी, शीतलहर और कोहरे का अलर्ट जारी, बादल एक बार फिर बरसने को तैयार

शिमला हिमाचल प्रदेश में बादल एक बार फिर बरसने को तैयार है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने राज्य भर में आज और कल बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। 11 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में अंधड़ और बिजली गिरने की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 12 जनवरी को कुछ इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने की आशंका है। राज्य के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में इस सीजन की चौथी बर्फबारी होगी। इससे तापमान में भारी गिरावट होगी और शीतलहर का कहर और तेज होगा। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर जमेगी बर्फ की चादर राजधानी शिमला से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा और अन्य ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में इस सीजन में पहले भी बर्फबारी हो चुकी है। बीते पांच और छह जनवरी को हुई बर्फबारी के बाद इन इलाकों में बर्फ की मोटी चादर जमी थी। अब 11 व 12 जनवरी की बर्फबारी से इन इलाकों में सैलानियों को फिर बर्फ़बारी का नज़ारा देखने को मिलेगा। 13 से 16 जनवरी तक साफ रहेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार 13 जनवरी से राज्य में मौसम साफ रहेगा। चार दिन यानी 16 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। इसके बावजूद बारिश और बर्फबारी के बाद बढ़ी ठंड और शीतलहर से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मैदानी इलाकों में कोहरे का कहर राज्य के मैदानी इलाकों में कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना और मंडी में शुक्रवार की सुबह घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी 50 मीटर तक कम हो गई है। कांगड़ा जिला के देहरा गोपीपुर, बिलासपुर और ऊना में कोहरे का असर सबसे ज्यादा है। इस कारण सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार को सात जगह पारा शून्य से नीचे राज्य भर में ठंड का कहर जारी है। शुक्रवार को सात जगह न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के ताबो में सबसे अधिक ठंड पड़ी जहां पारा -11.7 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। इसके अलावा कुकुमसेरी में -10.2 डिग्री, समधो में -7.6 डिग्री, कल्पा में -1.6 डिग्री, भुंतर में -0.6 डिग्री, बजुआरा व सियोबाग में -0.3 डिग्री, मनाली में 0.2 डिग्री, सुंदरनगर में 1.5 डिग्री और शिमला में 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन राज्य के मैदानी इलाकों में भी ठंड का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। ऊना, हमीरपुर, बरठीं और मंडी में ठंड के कारण जनजीवन प्रभावित है। सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया है। शिमला और मनाली में धूप खिलने से सुहावना हुआ मौसम शुक्रवार को शिमला और मनाली जैसे पर्यटन स्थलों पर सुबह खिली धूप ने मौसम को सुहावना बना दिया। हालांकि ठंड का असर यहां भी बरकरार है। शिमला और मनाली में आने वाले पर्यटक दिन के समय धूप का आनंद ले रहे हैं।   recent visitors 165

काले तिल से मकर संक्रांति करें ये उपाय

मकर संक्रांति हिंदुओं का विशेष और प्रमुख त्योहार होता है. भगवान सूर्य जब मकर राशि में प्रवेश करते हैं, तो ये त्योहार मनाया जाता है. मकर संक्रांति के दिन स्नान और दान करने की पंरपरा का पालन सदियों से किया जा रहा है. हिंदू धर्म शास्त्रों में कहा गया है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान और दान से पुण्य फल मिलते हैं. इस दिन भगवान सूर्य का पूजन भी किया जाता है. मकर संक्रांति पर तिल का विशेष महत्व इस साल भगवान सूर्य 14 जनवरी को सुबह 9 बजकर 3 मिनट पर मकर राशि में प्रवेश करने वाले हैं. इसी दिन मकर संक्रांति है. मकर संक्रांति पर तिल के लड्डू बनाने और खाने की परंपरा भी है. इस दिन तिल के लड्डू भगवान सूर्य को भेंट स्वरूप दिए जाते हैं. दरअसल, मकर संक्रांति पर तिल का विशेष महत्व है. तिल दो रंग के होते हैं. एक सफेद और दूसरा काला. इस दिन काले तिल का महत्व अधिक होता है. इस दिन काले तिल से किए जाते हैं उपाय इस दिन काले तिल से कई उपाय किए जाते हैं. हिंदू मान्यताओं के अनुसार, इस दिन काले तिल के उपायों से भगवान सूर्य और शनि देव का आशीर्वाद प्राप्त होता है. रोगों और दोषों से मुक्ति प्राप्त होती है. ऐसे में आइए जानते हैं इस दिन काले तिल के क्या उपाय करने चाहिए. तिल के उपाय     मकर संक्रांति के दिन काले तिल के लड्डू बनाए जाते हैं. मान्यता है कि इस दिन तिल के लड्डू खाने से घर में सुख-समृद्धि का वास बना रहता है. साथ ही सेहत भी अच्छी रहती है.     इस दिन भगवान सूर्य को स्नान के बाद जल में काला तिल मिलाकर अर्ध्य देना चाहिए. ऐसा करने से सूर्य देव की विशेष कृपा प्राप्त होती है. करियर आगे बढ़ता है.     इस दिन खिचड़ी का दान उसमें काला तिल मिलाकर ही किया जाना चाहिए. ऐसा करने से सूर्य देव और शनि देव दोनों की कृपा बरसती है. घर में धन-धान्य की बढ़ोतरी होती है.     इस दिन काले तिल से आहुति देने, तिल मिला खाना खाने से और पानी में तिल को डालने से खास लाभ मिलता है.     मान्यता है कि इस दिन पानी में काला तिल डालकर स्नान करने से सभी रोगों और दोषों से छुटकारा मिल जाता है.   recent visitors 123

महाकुंभ 2025: 13 जनवरी से शुरू हो रहा महाकुंभ, प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के कई इंतजाम किए, 40 करोड़ लोग लगाएंगे डुबकी

प्रयागराज महाकुंभ 2025 प्रयागराज में 13 जनवरी से 26 फरवरी तक आयोजित होगा। इस आयोजन में लाखों की संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। इतनी बड़ी भीड़ में खोने की संभावना बनी रहती है। ऐसे में प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधा के कई इंतजाम किए हैं। अगर आप महाकुंभ में खो जाएं या आपका कोई सामान या व्यक्ति गुम हो जाए, तो घबराने की जरूरत नहीं है। निम्नलिखित तीन प्रमुख बिंदुओं के तहत जानिए क्या करना चाहिए। खोया-पाया केंद्रों का सहारा लें महाकुंभ मेला क्षेत्र में 10 अत्याधुनिक डिजिटल 'खोया-पाया केंद्र' स्थापित किए गए हैं। ये केंद्र हर सेक्टर में उपलब्ध हैं और एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।   इन केंद्रों पर जाकर गुमशुदा व्यक्ति या वस्तु की जानकारी दर्ज करवाएं।  सूचना दर्ज कराने वाले को एक कंप्यूटराइज्ड रसीद प्रदान की जाएगी।  इन केंद्रों पर 55 इंच की LED स्क्रीन लगी हैं, जहां गुमशुदा व्यक्ति या वस्तु की जानकारी प्रदर्शित होगी। सोशल मीडिया का उपयोग: इन केंद्रों की जानकारी फेसबुक, ट्विटर और व्हाट्सएप पर भी साझा की जाएगी। अनाउंसमेंट सेंटर से गुमशुदा व्यक्ति या सामान की घोषणा करवाएं। मेला क्षेत्र में जगह-जगह पुलिस तैनात होगी। अनाउंसमेंट सेंटर भी स्थापित किए गए हैं। खोने से बचने के लिए कुछ सामान्य सावधानियां जरूरी हैं बच्चों के लिए विशेष सतर्कता बरतें, उन्हें पहले से सिखाएं कि गुम होने पर पुलिस की मदद लें। बच्चों की जेब में फोन नंबर और पता लिखकर रखें। भीड़ में बच्चों का हाथ पकड़कर चलें। घाटों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतें।   recent visitors 73

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से आज और कल जनवरी को राज्य में कहीं कहीं बारिश होने की संभावना

जयपुर मौसम विभाग ने एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के अनेक इलाकों में आज से बारिश व ओलावृष्टि होने का अनुमान व्यक्त किया है। इस बीच राज्य के अनेक इलाकों में कड़ाके की सर्दी जारी है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 10 और 11 जनवरी को राज्य में कहीं कहीं बारिश होने की संभावना है। इसके असर से आगामी 24 घंटों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम केंद्र के अनुसार 10 जनवरी की रात जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र में बादलों की गरज के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 11 जनवरी को बीकानेर, जयपुर, भरतपुर संभाग के कुछ भागों में बादलों की गरज के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। राज्य में 12 जनवरी से फिर मौसम शुष्क रहने तथा कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है। शुक्रवार की सुबह तक बीते चौबीस घंटे के दौरान राज्य में कई जगह घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान करौली में 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री, दौसा में 4.3 डिग्री, संगरिया में 4.4 डिग्री, चूरू में 5.4 डिग्री, गंगानगर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।   recent visitors 103

अमेरिकी कंपनी ‘टी स्पेसमोबाइल’ के संचार उपग्रह को प्रक्षेपित करेगा इसरो

नई दिल्ली भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का एलवीएम3 रॉकेट मार्च में अमेरिकी कंपनी ‘टी स्पेसमोबाइल’ के संचार उपग्रह को प्रक्षेपित करेगा, जो स्मार्टफोन पर अंतरिक्ष आधारित सेलुलर ब्रॉडबैंड नेटवर्क सेवाएं प्रदान करने की योजना बना रहा है। यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘‘मार्च के लिए निर्धारित वाणिज्यिक एलवीएम3-एम5 मिशन, अमेरिका की ‘टी स्पेसमोबाइल’ के साथ अनुबंध के तहत ब्लूबर्ड ब्लॉक-2 उपग्रहों को तैनात करेगा।’’ यह बयान विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अंतरिक्ष विभाग के कामकाज की समीक्षा के बाद आया है, जिसमें इसरो के निवर्तमान अध्यक्ष एस सोमनाथ, उनके उत्तराधिकारी वी नारायणन और भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (आईएन-स्पेस) के अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका शामिल थे। नारायणन 14 जनवरी को सोमनाथ का स्थान लेंगे। उन्होंने बैठक के दौरान इसरो के वैश्विक विस्तार के लिए एक रणनीतिक खाका तैयार किया। बयान में कहा गया है कि नासा-इसरो का संयुक्त उपग्रह – निसार – और नेविगेशन उपग्रह एनवीएस-02 फरवरी में जीएसएलवी रॉकेट के दो अलग-अलग मिशनों के जरिए प्रक्षेपित किए जाएंगे। ‘गगनयान’ के तहत पहले ‘मानवरहित’ कक्षीय मिशन समेत महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के साथ, भारत के अंतरिक्ष अन्वेषण प्रयास अभूतपूर्व उपलब्धियों के लिए तैयार हैं। इसरो ने तकनीकी कौशल और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करने वाले महत्वपूर्ण मिशनों की योजना बनाई है, जिसमें गगनयान के मानवरहित कक्षीय परीक्षण मिशन का प्रक्षेपण भी शामिल है। बयान में कहा गया है, ‘‘यह महत्वपूर्ण प्रयास भारत के मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम का मार्ग प्रशस्त करेगा, जिसका लक्ष्य चालक दल की सुरक्षा और पुनर्प्राप्ति के लिए प्रणालियों का परीक्षण तथा उन्हें मान्य करना है।’’ इसके अलावा, आने वाले महीनों में दो जीएसएलवी मिशन, एलवीएम3 का वाणिज्यिक प्रक्षेपण और निसार (एनआईएसएआर) उपग्रह पर बहुप्रतीक्षित इसरो-नासा सहयोग निर्धारित है। सिंह ने नवाचार को बढ़ावा देने में इसरो की प्रगति की सराहना की। उन्होंने देश की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं को बढ़ावा देने में सार्वजनिक-निजी सहयोग के महत्व पर बल दिया।   recent visitors 109

आईएमडी के 150 साल पूरे होने पर आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए ‘अविभाजित भारत’ से मेहमानों को किया आमंत्रित

नई दिल्ली सरकार ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के 150 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में शामिल होने के लिए अविभाजित भारत का हिस्सा रहे पाकिस्तान समेत सभी देशों के अधिकारियों को आमंत्रित किया है। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान, अफगानिस्तान, म्यांमा, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, श्रीलंका और नेपाल के अधिकारियों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। पश्चिम एशिया और दक्षिण-पश्चिम एशिया के प्रतिनिधि भी अतिथि सूची में हैं। आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया ‘‘हम चाहते थे कि आईएमडी की स्थापना के समय अविभाजित भारत का हिस्सा रहे सभी देशों के अधिकारी समारोह का हिस्सा बनें।’’ पाकिस्तान ने अपनी भागीदारी की पुष्टि कर दी है, लेकिन आईएमडी को अभी भी बांग्लादेश की प्रतिक्रिया का इंतजार है। समारोह को यादगार बनाने के लिए वित्त मंत्रालय ने 150 रुपये के विशेष स्मारक सिक्के को मंजूरी दी है। मैराथन से लेकर प्रदर्शनियों, कार्यशालाओं से लेकर ओलंपियाड तक, विभिन्न उत्सव भारत के मौसम की तरह ही जीवंत होने की उम्मीद है। पहली बार, आईएमडी गणतंत्र दिवस परेड में अपनी खुद की झांकी प्रदर्शित करेगा। ब्रिटिश काल के दौरान 1875 में स्थापित आईएमडी के 15 जनवरी को 150 वर्ष पूरे हो जाएंगे। इसकी स्थापना 1864 में कलकत्ता में आए चक्रवात और 1866 और 1871 में मानसून की लगातार विफलता के बाद हुई थी। कभी एक सामान्य ढांचे के रूप में शुरू हुआ यह संस्थान आज मौसम पूर्वानुमान, संचार और वैज्ञानिक नवाचार का केंद्र बन गया है। टेलीग्राम के दौर में, आईएमडी पुराने तरीके से मौसम की चेतावनी भेजता था। बाद में, यह एक तकनीकी कौशल युक्त प्रमुख संस्थान बन गया, जिसने वैश्विक डेटा आदान-प्रदान के लिए भारत का पहला संदेश-स्विचिंग कंप्यूटर और मौसम विज्ञान अनुसंधान के लिए सबसे शुरुआती इलेक्ट्रॉनिक कंप्यूटरों में से एक पेश किया। भारत ने चौबीसों घंटे मौसम की निगरानी और चक्रवात संबंधी सतर्कता के लिए अपना स्वयं का भूस्थिर उपग्रह, आईएनएसएटी प्रक्षेपति करने वाला पहला विकासशील देश बनकर इतिहास भी रच दिया।   recent visitors 88

डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 सीजन 3 के उद्घाटन में आज शाहिद कपूर, पूजा हेगड़े और सोनम बाजवा अपना जलवा बिखेरेंगे

दुबई डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 सीजन 3 के उद्घाटन समारोह में आज बॉलीवुड के मेगास्टार शाहिद कपूर, पूजा हेगड़े और सोनम बाजवा अपना जलवा बिखेरेंगे। डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 का तीसरा सीजन 11 जनवरी से 9 फरवरी 2025 तक चलेगा। शाहिद, पूजा और सोनम अपने ब्लॉकबस्टर गानों पर शानदार प्रदर्शन के साथ समारोह की शुरुआत करेंगे। इस अवसर को और भी शानदार बनाने के लिए, प्रसिद्ध बॉलीवुड निर्माता और अभिनेता जैकी भगनानी और रिधिमा पाठक उद्घाटन समारोह की मेज़बानी करेंगे। उद्घाटन समारोह को लेकर शाहिद कपूर ने आयोजकों की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा, अगर आप मुझे जानते हैं, तो आप जानते होंगे कि मुझे क्रिकेट और डांसिंग कितना पसंद है। और जब ये दोनों चीजें एक साथ आती हैं, तो आप दोनों दुनिया का सबसे अच्छा अनुभव प्राप्त करने की उम्मीद कर सकते हैं, यही वजह है कि मैं 11 जनवरी 2025 को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में डीपी वर्ल्ड इंटरनेशनल लीग टी20 के उद्घाटन समारोह का हिस्सा बनने के लिए वास्तव में उत्सुक हूं। बॉलीवुड और क्रिकेट के जश्न के लिए अभी अपने टिकट खरीदें, जिसमें असली क्रिकेट-टेनमेंट की भावना हो। उद्घाटन की शाम बॉलीवुड के बेहतरीन और टी20 क्रिकेट के शिखर का अनूठा संगम पेश करेगी, जो रिंग ऑफ फायर के नाम से मशहूर डीआईएस की शानदार पृष्ठभूमि में होगा। सीजन के उद्घाटन के लिए टिकटों की बिक्री शानदार रही है, और डीआईएस में शनिवार की शाम को खास अंदाज में स्टेडियम खचाखच भरा हुआ है। सीजन की पहली गेंद स्थानीय समयानुसार शाम 7:15 बजे फेंकी जाएगी, जब पिछले साल के ग्रैंड फिनाले के रोमांचक रीमैच में गत चैंपियन एमआई एमिरेट्स का सामना दुबई कैपिटल्स से होगा। छह डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 फ्रेंचाइजी ने आंद्रे रसेल (अबू धाबी नाइट राइडर्स), सुनील नरेन (अबू धाबी नाइट राइडर्स), एलेक्स हेल्स (डेजर्ट वाइपर्स), शेरफेन रदरफोर्ड (डेजर्ट वाइपर्स), डेविड वार्नर (दुबई कैपिटल्स), रोवमैन पॉवेल (दुबई कैपिटल्स), क्रिस जॉर्डन (गल्फ जायंट्स), शिमरॉन हेटमायर (गल्फ जायंट्स), अकील होसैन (एमआई एमिरेट्स), निकोलस पूरन (एमआई एमिरेट्स), आदिल राशिद (सीजन 2 में शारजाह वॉरियर्स वाइल्डकार्ड पिक) और जॉनसन चार्ल्स (शारजाह वॉरियर्स) जैसे टी20 सुपरस्टार्स को रिटेन किया है। इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल के महान खिलाड़ी जेसन रॉय (शारजाह वारियर्स) पिछले सीजन में अबू धाबी नाइट राइडर्स के लिए दो बार खेलने के बाद लीग में वापस आ गए हैं। वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान जेसन होल्डर अबू धाबी नाइट राइडर्स के लिए खेलेंगे, ऑलराउंडर पिछले सीजन में दुबई कैपिटल्स के लिए खेले थे। इंग्लैंड के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट और पाकिस्तान के बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर सूफियान मुकीम भी अबू धाबी नाइट राइडर्स में शामिल हो गए हैं। इसके अलावा, टिम साउथी (शारजाह वारियर्स), फखर जमान (डेजर्ट वाइपर्स), शाई होप (दुबई कैपिटल्स), लॉकी फर्ग्यूसन (डेजर्ट वाइपर्स), रोस्टन चेस (अबू धाबी नाइट राइडर्स), मैथ्यू वेड (शारजाह वारियर्स), इब्राहिम जादरान (गल्फ जायंट्स) और रोमारियो शेफर्ड (एमआई एमिरेट्स) सीजन 3 में अपना डीपी वर्ल्ड आईएलटी20 डेब्यू करने के लिए तैयार हैं।   recent visitors 185