जबलपुर कलेक्टर ने बताया- अब अभिभावकों की जेब पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा, सस्ती दरों पर मिलेंगी स्कूल की किताबें और यूनिफॉर्म

जबलपुर अगर आपको नवीन शिक्षा सत्र में अपने बच्चों की यूनिफार्म और स्कूली किताबों के खर्चे की चिंता सता रही है तो यह खबर आपके लिए काफी लाभप्रद है. मध्य प्रदेश के जबलपुर में कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने निजी स्कूलों के साथ ऐसा प्लान बनाया है कि अब अभिभावकों की जेब पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा. जबलपुर में पुस्तक मेला लगने जा रहा है, जिसमें 500 करोड़ का व्यापार होने की संभावना है. जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने बताया कि विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म खरीदने और स्कूल का कोर्स लेने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है. इसके अलावा कई बार अधिक दरों पर किताबें और यूनिफॉर्म बेचे जाने की शिकायत भी मिलती हैं. इस समस्या का स्थाई निदान करने के लिए जबलपुर जिला प्रशासन ने एक अनूठी पहल की है. प्रशासन ने निजी स्कूल संचालकों से बातचीत करते हुए एक ही स्थान पर सभी विद्यालय की यूनिफार्म और स्कूल की किताबें उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है. 22 मार्च से जबलपुर में पुस्तक मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी निजी विद्यालयों की किताबें और यूनिफॉर्म रियायती दर पर उपलब्ध कराई जाएंगी. स्कूल संचालकों में भी इस बात की सहमति दी है. पुस्तक मेले में उनकी सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी. जबलपुर में 350 करोड़ का व्यापार कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना ने बताया कि स्कूली किताबें और यूनिफॉर्म से जुड़ा व्यापार काफी बड़ा है. यदि केवल जबलपुर जिले की बात की जाए तो 350 करोड़ का व्यापार हर साल होता है. इसके बाद यदि आसपास के जिलों को भी इसमें जोड़ लिया जाए तो उम्मीद की जा रही है कि 20 मार्च 2025 से लगने वाले मेले में 500 करोड़ का व्यापार होगा. जबलपुर में शिक्षा माफिया पर लगी लगाम दीपक कुमार सक्सेना ने जबलपुर में शिक्षा माफिया पर पूरी तरह लगाम कस रखी है. उनकी ओर से अधिक फीस लेने वाले स्कूल संचालकों पर भी करोड़ों रुपये का जुर्माना किया जा चुका है. इसके अलावा शिक्षा विभाग के नियमों का पालन नहीं करने पर भी स्कूल संचालकों को काफी जुर्माना किया जा चुका है. इससे जिला भर के लोगों को काफी लाभ मिला है. recent visitors 62

स्व रोजगार व स्वावलंबन के माध्यम से आर्थिक स्थिति में सुधार करते हुए महिलाओं को सशक्त करना हमारा उद्देश्य: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब युवा शक्ति किसान और नारी के जीवन में बदलाव लाने के लिए चारों मिशन पर कार्य कर रही है। विशेषकर नारी सशक्तिकरण की दिशा में मकर संक्रांति पर्व पर एक वृहद कार्यक्रम प्रस्तावित है। स्व रोजगार व स्वावलंबन के माध्यम से आर्थिक स्थिति में सुधार करते हुए महिलाओं को सशक्त करना हमारा उद्देश्य है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नारी सशक्तिकरण के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ही लाड़ली बहनों को दिए जा रहे अनुदान की राशि में भी वृद्धि की गई थी। बहनों की स्थिति में उत्तरोत्तर उन्नति के उद्देश्य से उद्योग, स्वावलंबन और स्व-सहायता समूह की गतिविधियों जैसे आयाम भी जोड़े जा रहे हैं। रेडीमेड गारमेंट्स सहित अन्य उद्योगों में महिला श्रम आधारित ऐसे कार्य आरंभ किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे और उन्हें बेहतर जीवन का अवसर प्राप्त हो सकेगा। प्रदेश में इस प्रकार के चार उद्योग आरंभ किए जा चुके है, साथ ही गतिविधियों का और विस्तार किया जा रहा है। इन उद्योगों को राज्य सरकार की ओर से प्रति श्रमिक पाँच हजार रूपए इंसेंटिव की व्यवस्था है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश और देश की उन्नति में सब सहभागी हों, इसी भाव से राज्य सरकार विकास और जनकल्याण की दिशा में सक्रिय है। हमारा विश्वास है कि सबके समन्वित प्रयास से ही प्रदेश की तकदीर बदलेगी।   recent visitors 93

प्रयागराज महाकुंभ में जाने के लिए पहली उड़ान आज रात्रि में रवाना होगी और इसकी सभी सीटे एक दिन पहले ही बुक हो गईं

इंदौर प्रयागराज महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और आरामदायक सफर के लिए इंदौर से अलायंस एयर ने सीधी विमान सेवा की घोषणा करते हुए एक सप्ताह पहले बुकिंग शुरू की गई थी। पहली उड़ान आज रात्रि में रवाना होगी और इसकी सभी सीटे एक दिन पहले ही बुक हो गईं। 4.5 हजार का टिकट 20 हजार तक पहुंचा दो घंटे में महाकुंभ में पहुंचने के लिए लोगों ने 15 से 20 हजार रुपये तक खर्च किए हैं। 3 जनवरी को टिकट साढ़े चार हजार का था, जो शुक्रवार को 20 हजार तक पहुंच गया। उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में आयोजित हो रहे महाकुंभ में देशभर के साथ ही इंदौर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए ट्रेन के साथ हवाई सफर की सुविधा भी उपलब्ध हो रही है। शनिवार को इंदौर से उड़ान, सोमवार को प्रयागराज से अलायंस एयर ने एक सप्ताह पहले प्रयागराज उड़ान की घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू की थी। यह उड़ान जनवरी में सप्ताह में एक दिन शनिवार रात्रि में इंदौर से रवाना होगी और सोमवार को प्रयागराज से इंदौर आएगी।   उड़ान दिन: इंदौर से प्रयागराज: 11, 18, 25 जनवरी प्रयागराज से इंदौर: 13, 20, 27 जनवरी सभी सीटें हुईं फुल 11 जनवरी को जाने वाले छोटे विमान की सभी 70 सीटे बुक हो चुकी हैं। रविवार से ही फ्लाइट का टिकट जाने में 15 हजार पार पहुंच गया था। आने में भी टिकट के दाम इसके आसपास पहुंच गए हैं। ट्रेलव एजेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष हेमेन्द्र सिंह जादोन का कहना है कि कुम्भ पहुंचने के लिए एक ही सीधी उड़ान होने से लोग अधिक बुकिंग करवा रहे हैं, इसलिए इसके फेयर बढ़े हुए हैं। उड़ान के कारण लोगों का जाने और आने का समय भी बच रहा है। तीन दिन ही मिलेगी सुविधा इंदौर-प्रयागराज उड़ान शनिवार को दिल्ली से इंदौर आकर प्रयागराज जाएगी और सोमवार को प्रयागराज से इंदौर आकर दिल्ली जाएगी। इंदौर से प्रयागराज के लिए 11, 18 और 25 जनवरी को उड़ान संचालित होगी और प्रयागराज से इंदौर के लिए 13, 20 और 27 जनवरी को उड़ान संचालित होगी। यह होगा इंदौर-प्रयागराज उड़ान का शेड्यूल     इंदौर-प्रयागराज – उड़ान संख्या 9आई 342 इंदौर से रात्रि 8.05 बजे रवाना होकर रात्रि 10.05 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।     प्रयागराज-इंदौर – उड़ान संख्या 9आई 340 प्रयागराज से रात्रि 7.40 बजे रवाना होकर रात्रि 9.40 बजे इंदौर पहुंचेगी।   recent visitors 111

सीजीपीएससी : राज्य सेवा परीक्षा के लिए एक लाख 58 हजार अभ्यर्थियों ने किया आवेदन

रायपुर छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) ने 246 पदों पर भर्ती निकाली है। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस बार राज्य सेवा परीक्षा के लिए एक लाख 58 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। इस हिसाब से एक पद के लिए 642 आवेदन आए हैं। पिछले नौ वर्षों में अभ्यर्थियों की संख्या लगभग दोगुनी हो गई है। वर्ष दर वर्ष स्पर्धा बढ़ती जा रही है। वर्ष 2016 में 293 पदों के लिए 86,341 आवेदन आए थे। शासकीय सेवाओं के प्रति युवाओं का रुझान शुरू से ही अच्छा रहा है। राज्य सेवा परीक्षा के प्रति भी रुझान लगातार बढ़ रहा है। पिछले नौ वर्षों में सिर्फ 2016 और 2018 में ही भर्ती के लिए एक लाख से कम आवेदन मिले थे, बाकी सभी वर्ष में आवेदनों की संख्या एक लाख से अधिक रही है। पीएससी-2022 में तो 1.80 लाख तक आवेदन आए थे। राज्य बनने के बाद राज्य सेवा परीक्षा के लिए जितनी भी भर्तियां निकली, उसमें सबसे अधिक आवेदन इसी साल आए थे। प्रारंभिक परीक्षा नौ फरवरी को आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर आयोग की तरफ से तैयारी की जा रही है। डीएसपी के 21 पदों पर होगी भर्ती राज्य सेवा परीक्षा-2024 के तहत विभिन्न पदों पर भर्ती होनी है। सबसे ज्यादा 90 पद आबकारी उप निरीक्षक के हैं। इस बार डीएसपी के 21 पद हैं। पिछले वर्ष निकली भर्ती में डीएसपी के एक भी पद नहीं थे। इस बार डिप्टी कलेक्टर के लिए सात पद हैं। इसके अलावा वित्त सेवा अधिकारी के सात, जिला आबकारी अधिकारी के दो, सहायक संचालक(वित्त) के तीन, सहायक संचालक (पंचायत एवं ग्रामीण विकास) के एक, सहायक संचालक जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी के दो, सहायक संचालक(समाज कल्याण) के सात, मुख्य कार्यपालन अधिकारी के तीन पद हैं। इसके अलावा बाल विकास परियोजना अधिकारी के छह, लेखा सेवा अधिकारी के 32, नायब तहसीलदार के 10, राज्य कर निरीक्षक के 37, उप पंजीयक के छह, सहकारी निरीक्षक के पांच और सहायक जेल अधीक्षक के सात पद हैं। प्रारंभिक परीक्षा फरवरी और मुख्य परीक्षा जून में राज्य सेवा परीक्षा-2024 के तहत प्रारंभिक परीक्षा नौ फरवरी को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए करीब 1.58 लाख आवेदन मिले हैं। इसमें से 3,690 उम्मीदवार मुख्य परीक्षा (मेंस) के लिए क्वालिफाई करेंगे। बता दें कि विज्ञापित पदों में से 15 गुना उम्मीदवारों का चयन मुख्य परीक्षा के लिए होगा। पदों की संख्या 246 है। मुख्य परीक्षा 26, 27, 28 और 29 जून को आयोजित की जाएगी। recent visitors 101

अमित शाह आज नई दिल्ली में ड्रग तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे

नई दिल्ली केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज नई दिल्ली में ड्रग तस्करी और राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य ड्रग तस्करी की बढ़ती समस्या और राष्ट्रीय सुरक्षा पर इसके प्रभाव, विशेष रूप से उत्तर क्षेत्र के आठ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों, से निपटने पर ध्यान केंद्रित करना है। गृह मंत्री, ड्रग विनष्टीकरण पखवाड़े का शुभारंभ, NCB के भोपाल जोनल यूनिट के नए कार्यालय परिसर का उद्घाटन और MANAS-2 हेल्पलाइन के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में विस्तार की शुरुआत करेंगे। सम्मेलन में राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन ‘MANAS’ पोर्टल से राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) के साथ रीयल-टाइम जानकारी साझा करने,  ड्रग तस्करी के खिलाफ राज्यों की प्रगति और नार्कोटिक्स समन्वय तंत्र (NCORD) की प्रभावशीलता पर चर्चा की जाएगी। साथ ही राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशालाओं (SFSLs) की कार्यक्षमता को मजबूत करने और उनकी प्रभावशीलता बढ़ाने, ड्रग तस्करी के खिलाफ प्रयासों को मजबूत करने के लिए NIDAAN डेटाबेस के उपयोग, PIT-NDPS अधिनियम के प्रावधानों के कार्यान्वयन, ड्रग से संबंधित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए विशेष NDPS अदालतों की स्थापना और ड्रग तस्करी तथा इनके दुरुपयोग से निपटने के लिए सभी एजेंसियों के बीच Whole of Govt. approach पर विचार-विमर्श किया जाएगा। 11 से 25 जनवरी 2025 तक चलने वाले ड्रग विनष्टीकरण पखवाड़े के दौरान ₹2411 करोड़ मूल्य के 44,792 किलोग्राम मादक पदार्थों का विनष्टीकरण किया जाएगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने ड्रग तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ अपनाई है जिससे ड्रग के खतरे को कम किया जा सके। गृह मंत्रालय संस्थागत ढांचे को मजबूत करने, सभी नार्को एजेंसियों के बीच समन्वय और व्यापक जनजागरूकता अभियान की 3 सूत्रीय रणनीति पर चल 2047 तक मोदी जी के नशामुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करेगा। सम्मेलन में आठ प्रतिभागी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के राज्यपाल, उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न केन्द्रीय मंत्रालयों, विभागों और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। recent visitors 85

गणतंत्र दिवस समारोह: रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय ने ‘वीर गाथा’ की संयुक्त पहल की, 1.76 करोड़ छात्र बने हिस्सा

नई दिल्ली गणतंत्र दिवस समारोह के हिस्से के रूप में रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय ने 'वीर गाथा' की संयुक्त पहल की है। इसके चौथे संस्करण में इस वर्ष, लगभग 2.31 लाख स्कूलों के लगभग 1.76 करोड़ छात्रों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया है। इसके तहत राष्ट्रीय स्तर पर सौ (100) विजेताओं का चयन किया जाना है। इन्हें विशेष अतिथि के रूप में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह में आमंत्रित किया जाएगा। 'प्रोजेक्ट वीर गाथा' को 2021 में भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में 'आजादी का अमृत महोत्सव' के हिस्से के रूप में लॉन्च किया गया था। इस परियोजना का उद्देश्य वीरता पुरस्कार विजेताओं के बहादुरी भरे कार्यों और इन नायकों की जीवन से जुड़ी कहानियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। यह पहल छात्रों में देशभक्ति और नागरिक मूल्यों को स्थापित करने में मदद करती है। शीर्ष 100 प्रविष्टियों को 'सुपर-100' विजेताओं के रूप में चुना गया। इन विजेताओं को नई दिल्ली में रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक विजेता को 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार और विशेष अतिथि के रूप में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड देखने का अवसर मिलेगा। 100 राष्ट्रीय स्तर के विजेताओं के अतिरिक्त, राज्य स्तर पर आठ विजेताओं और जिला स्तर पर चार विजेताओं का चयन किया जाएगा। उन्हें प्राधिकारियों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को चार श्रेणियों में विभाजित किया जाएगा, जिनमें से प्रत्येक से 25 विजेता होने हैं। 5 सितंबर 2024 को लॉन्च किए गए प्रोजेक्ट 'वीर गाथा 4.0' में निबंध और पैराग्राफ लेखन के लिए कई प्रेरक विषय प्रस्तुत किए गए। छात्रों को अपने चुने हुए रोल मॉडल के बारे में, विशेष रूप से वीरता पुरस्कार प्राप्तकर्ताओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए लिखने का अवसर मिला। उन्हें रानी लक्ष्मीबाई जैसे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक जीवन, 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम और भारत के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी विद्रोह की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। स्कूल स्तर की गतिविधियां 31 अक्टूबर 2024 को समाप्त हो गईं। राज्य और जिला स्तर पर मूल्यांकन के बाद राष्ट्रीय स्तर के मूल्यांकन के लिए लगभग 4,029 प्रविष्टियां भेजी गईं, जहां वीरगाथा के संस्करण 1 से संस्करण 4 तक प्रोजेक्ट की यात्रा प्रेरणादायक रही है, जिसने पूरे देश में प्रतियोगिता की पहुंच का विस्तार किया है।   recent visitors 148

दिल्ली चुनाव 2025 : मालवीय नगर सीट पर आप पार्टी का कब्जा है, ऐसे में भाजपा की राह नहीं है आसान

नई दिल्ली दिल्ली की मालवीय नगर विधानसभा सीट की गिनती हाई प्रोफाइल सीटों में होती है। कभी कांग्रेस का गढ़ रही मालवीय नगर सीट पर पिछले तीन विधानसभा चुनाव से आम आदमी पार्टी (आप) का कब्जा है। आइए जानते हैं मालवीय नगर सीट से जुड़ी अहम बातें। मालवीय नगर सीट पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप), बीजेपी और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। आप ने लगातार चौथी बार यहां से सोमनाथ भारती को उतारा है, वह पिछले तीन चुनाव 2013, 2015 और 2020 में जीत की हैट्रिक लगा चुके हैं। वह दिसंबर 2013 से फरवरी 2014 तक अरविंद केजरीवाल की सरकार में कानून, पर्यटन, प्रशासनिक सुधार, कला और संस्कृति मंत्री की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बीजेपी ने सतीश उपाध्याय को यहां से उतारा है, जो भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष भी रहे हैं। जुलाई 2014 में लोकसभा चुनाव में उन्हें दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष चुना गया गया था। दिल्ली भाजपा का अध्यक्ष पद संभालने से पहले वह दिल्ली भाजपा इकाई के उपाध्यक्ष और सचिव भी रह चुके हैं। वहीं, कांग्रेस ने मालवीय नगर से जितेंद्र कुमार कोचर को टिकट दिया है, जो दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के पूर्व नेता सदन भी रह चुके हैं। 2020 के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने बड़ी जीत दर्ज की थी। उन्हें 52,043 वोट मिले थे और उनका वोट शेयर 57.97 फीसद था, जबकि भाजपा के उम्मीदवार शैलेंद्र सिंह को 33,899 वोट मिले और उनका वोट शेयर 37.76 फीसद था। वहीं, कांग्रेस की नीतू वर्मा को 3.18 फीसद वोटों के साथ 2,856 वोट मिले थे। इस बार कांग्रेस और भाजपा ने यहां से अपने उम्मीदवारों को बदला है। मालवीय नगर विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या डेढ़ लाख से अधिक है। यहां पुरुष मतदाता 80,777, महिला मतदाता 70,020 और थर्ड जेंडर वोटर 3 हैं। यहां कुल वोटर 1,50,800 हैं। बता दें कि मालवीय नगर विधानसभा सीट दिल्ली के नई दिल्ली जिले में आती है। 1993 से 2020 तक के विधानसभा चुनाव की बात करें तो सिर्फ एक बार ही इस सीट पर भाजपा जीत दर्ज कर पाई है। 1993 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस ने 1998, 2003 और 2008 में जीत हासिल की थी। हालांकि, 2013 विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने पहली बार इस सीट पर जीत हासिल की थी, जो वर्तमान में भी आप के पास है। recent visitors 151