Sunday, July 5, 2026 4:29 pm

दक्षिण 24 परगना में लेदर कॉम्प्लेक्स में मैनहोल साफ करने उतरे तीन मजदूरों की मौत, कई घंटों बाद शव बाहर निकाले

कोलकाता दक्षिण 24 परगना जिले के बंटाला इलाके में लेदर कॉम्प्लेक्स में रविवार को मैनहोल साफ करते समय नाले में गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। प्रारंभिक संदेह यह है कि मौत का कारण दम घुटना है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आपदा प्रबंधन बल और दमकल विभाग के कर्मचारियों की मदद से तीनों मजदूरों के शवों को मैनहोल से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान फरजान शेख, हसी शेख और सुमन सरदार के रूप में हुई है। मजदूर मूल रूप से मुर्शिदाबाद जिले के निवासी हैं। हादसे के कई घंटों बाद मजदूरों के शव मैनहोल से बाहर निकाले गए। कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम का कहना है कि इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा दी जाएगी। पुलिस जांच करेगी कि इन लोगों को मैनहोल में क्यों उतारा गया और पंप का इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रविवार सुबह 9 बजे सफाई का काम शुरू हुआ था। जब पाइप टूटा तो रासायनिक कचरे की सफाई की जा रही थी, जिससे तीनों मजदूर करीब 20 फीट नीचे गिर गए। पुलिस, अग्निशमन सेवा और राज्य आपदा राहत बलों की एक टीम ने दोपहर करीब 1:30 बजे मजदूरों के शव बरामद किए। अभी ये साफ नहीं हुआ है कि मजदूरों की मौत डूबने से या जहरीले पदार्थों के संपर्क में आने से हुई। बता दें कि हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने कोलकाता समेत कई महानगरों में मैनुअल स्कैवेंजिंग और मैनुअल सीवर सफाई पर प्रतिबंध लगाया दिया था, इसके बाद ये घटना हुई है। recent visitors 33

मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘EAGLE’ टीम का किया गठन, चुनाव की वोटिंग से पहले कांग्रेस ने बड़ा एलान किया

नई दिल्ली दिल्ली में विधानसभा चुनाव की वोटिंग से पहले कांग्रेस ने बड़ा एलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'EAGLE' टीम का गठन किया है। यहां 'EAGLE' का मतलब Empowered Action Group of Leaders and Experts है। ये टीम देश में होने वाले चुनावों के परिणाम और वोटर लिस्ट का विश्लेषण करेगी और इस संबंध में रिपोर्ट बनाकर हाईकमान को देगी। पार्टी का कहना है कि टीम का गठन चुनाव को निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए किया गया है। कई दिग्गज नेता शामिल इस टीम में 8 सदस्य शामिल किए गए हैं। अजय माकन, दिग्विजय सिंह, अभिषेक सिंघवी, प्रवीण चक्रवर्ती, पवन खेड़ा, गुरदीप सिंह सपल, नितिन राउत, चल्ला वामशी चंद रेड्डी इसके सदस्य हैं। recent visitors 50

बीजापुर में पुलिस ने 25 किलो के आईईडी को किया नष्ट, मिली बड़ी सफलता

बीजापुर छत्तीसगढ़ में बीजापुर पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता मिली है। उसूर-आवापल्ली मुख्य मार्ग पर उसूर से 3 किलोमीटर की दूरी पर धान मंडी के पास सड़क पर माओवादियों द्वारा लगाए गए 25 किलो के आईईडी को बीडीएस टीम ने खोजकर नष्ट कर दिया। माओवादियों ने सड़क के बीचों-बीच प्लास्टिक के कंटेनर में आईईडी को रखा था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, माओवादियों ने बड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से कमांड स्वीच सिस्टम से आईईडी को मुख्यमार्ग पर प्लास्टिक के कंटेनर में रखा था। आईईडी से आम जनता को नुकसान हो सकता था। सुरक्षाबलों को क्षति पहुचाने की नीयत से आम जनता की जान की परवाह किए बगैर इस प्रकार मुख्यमार्ग पर आईईडी प्लांट करना, माओवादियों की बौखलाहट को दर्शाता है। सुरक्षाबलों द्वारा माओवादियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि उनके नापाक मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे। बता दें कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षाबलों का लगातार अभियान जारी है। बीजापुर में बीते शनिवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में आठ नक्सलियों को मार गिराया था। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने इंसास राइफल, बीजीएल लॉन्चर सहित कई हथियार भी बरामद किए थे। बीजापुर में थाना गंगालूर क्षेत्र में 31 जनवरी को डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा 202 एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस 222 वाहिनी की संयुक्त टीम को पश्चिम बस्तर डिवीजन के प्रतिबंधित नक्सली संगठन के नक्सलियों के मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे से कोरचोली-तोड़का के जंगलों में सुरक्षाबलों और और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। काफी देर तक रुक-रुक कर फायरिंग जारी रही। मुठभेड़ में 8 नक्सलियों मारे गए थे। recent visitors 49

महाकुंभ में पूरी दुनिया आकर अभिभूत है, लेकिन सपा को इससे पीड़ा हो रही है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

अयोध्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी को खूब धोया। बोले कि 'एक्स' पर दो महीने से सपा अध्यक्ष के पोस्ट को देखिए, यह प्रयागराज महाकुंभ का विरोध करते हुए आए हैं। अब तक 34 करोड़ श्रद्धालुओं ने पावन त्रिवेणी के संगम पर आस्था की डुबकी लगाई है। शनिवार को उप राष्ट्रपति, कई देशों के राजदूत-हाई कमिश्नर आए थे। पूरी दुनिया आकर अभिभूत है, लेकिन सपा को इससे पीड़ा हो रही है। जिससे सनातन धर्म का गौरव बढ़ता हो, भारतीयों का सीना चौड़ा होता हो, उससे सपा को पीड़ा होती है। सपा सनातन धर्म और सामाजिक न्याय के पुरोधाओं की विरोधी है। मुख्यमंत्री ने मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान के पक्ष में रविवार को जनसभा कर उन्हें जिताने की अपील की। सीएम ने कहा कि परसों (शुक्रवार) हेलीकॉप्टर से जा रहा था, अयोध्या धाम में हर तरफ जनसैलाब दिखाई दे रहा था। भाजपा की डबल इंजन सरकार ने फोरलेन सड़कें, रेलवे लाइन को डबल, स्टेशनों का सुदृढ़ीकरण, इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विस्तार नहीं किया होता तो प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु यहां नहीं आ पाते। केंद्र व राज्य सरकार का पैसा और हमारे जनप्रतिनिधियों का प्रयास रहा तो अयोध्या का विकास व व्यवसाय बढ़ रहा है। जब भी हमने अयोध्या के विकास की कार्ययोजना को बढ़ाया तो सपा ने विरोध किया। सड़क चौड़ीकरण के दौरान 1700 करोड़ से अधिक का मुआवजा दिया गया। राम मंदिर का शिलान्यास और राम मंदिर में रामलला विराजमान हुए, तब भी सपा ने विरोध किया। एयरपोर्ट का नामकरण महर्षि वाल्मीकि, रैन बसेरों का नाम निषादराज गुह्य के नाम पर किया गया, रसोई का नाम मां शबरी के नाम पर रखा गया, तब भी सपा को पीड़ा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने यूपी में पीएसी की तीन महिला बटालियन (वीरांगना उदा देवी, झलकारी बाई, अवंती बाई लोधी) गठित की। सपा ने तब भी विरोध किया था। यह वही सपा है, जो बहराइच में महाराज सुहेलदेव के विजय स्मारक का विरोध करती है, यह कहती है कि वहां गाजी का स्मारक होना चाहिए। सपा को गाजी व पाजी (बदमाश) प्यारे हैं। इन्हें बेटियों की इज्जत पर हाथ डालने वाला मिल्कीपुर का मोईद खान और कन्नौज का नवाब सिंह यादव प्यारा है। सपा गरीब, किसान, बेटी-बहन, व्यापारी, युवा के साथ नहीं, बल्कि माफिया, दुष्चरित्र व पेशेवर अपराधी के साथ खड़ी होती है। कोई घटना घटित होती है तो सपा का हाथ होता है या वह षड्यंत्र में शामिल रहती है। सीएम ने कहा कि सपा भारत विरोधी तत्वों को गले लगाती है। विधानसभा उपचुनाव के दौरान इनके दरिंदे नेता ने मैनपुरी में दलित बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी थी। अयोध्या में कल एक बेटी के साथ घटना हुई है, आज इनका सांसद नौटंकी कर रहा है। जांच होगी तो उसमें भी सपा का कोई दरिंदा शामिल जरूर होगा। सीएम ने कहा कि 2016 में सपा सरकार के समय 2.35 लाख पर्यटक अयोध्या आए थे, जबकि 2024 में यहां 16.11 करोड़ श्रद्धालु आए। विकास विरोधी सपा की दृष्टि सैफई से बाहर नहीं जाती। सत्ता में आने पर यह परिवार के लिए कार्य करते हैं और वोट मांगने के लिए जाति का सहारा लेते हैं। सीएम ने कहा कि मिल्कीपुर का चुनाव भी राष्ट्रवाद बनाम परिवारवाद का चुनाव बन गया है। एक तरफ एनडीए प्रत्याशी के रूप में चंद्रभानु पासवान राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं के साथ मैदान में हैं तो दूसरी तरफ सपा के परिवारवाद का नमूना है, जिसका नाम भूमाफिया-अनैतिक, अराजक गतिविधियों में आता है। सीएम ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि सब कुछ सुधर सकता है, लेकिन प्रवृत्ति नहीं। इनका पेशा अपराध, गुंडागर्दी, बेटी-व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाना है। समाजवादियों का नारा है, खाली प्लॉट हमारा है…, लेकिन 2017 में जब भाजपा सरकार आई और हमने एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स बनाया तो इसने गुंडों से 64 हजार एकड़ लैंड खाली कराई। यह परेशान हैं कि डबल इंजन सरकार ऐसे ही कार्य करेगी तो इनका धंधा चौपट हो जाएगा। धंधा चौपट होने से इनकी पार्टी भी चौपट हो जाएगी। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या आकर विकास का मॉडल देखा जा सकता है। सरयू में स्टीमर भी चलकर सैर करा रही है। सपा को यह विकास अच्छा नहीं लग रहा है। सपा कहती थी कि अयोध्या का समाधान हुआ तो खून की नदियां बहेंगी, हमने कहा कि खून की नदियां बहाने वाले जहन्नुम में जा चुके हैं, धरती पर उनके लिए जगह नहीं है। अयोध्या की तर्ज पर मिल्कीपुर का समग्र विकास कराने के लिए चंद्रभानु पासवान यहां की आवश्यकता है। सीएम योगी ने कहा कि सपा वाले केवल सैफई का विकास कराते थे, लेकिन मैंने गोरखपुर और पीएम मोदी जी के आशीर्वाद से काशी में जितना विकास हुआ, उससे अधिक विकास अयोध्या में कराया गया। कोई भेदभाव नहीं हुआ। यह लोग कारसेवकों का रक्त बहाते थे। हम लोगों ने दीपोत्सव से यात्रा प्रारंभ की, आज यहां घर-घर में दीप जल रहे हैं। हमारी सरकार बिना भेदभाव विकास के लिए भरपूर मदद कर रही है। जनसभा में कृषि मंत्री व अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, योगी सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, जेपीएस राठौर, गिरीश चंद्र यादव, दयाशंकर मिश्र 'दयालु', मयंकेश्वर शरण सिंह, सतीश चंद शर्मा, मनोहर लाल कोरी, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, धर्मराज निषाद, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, अवनीश सिंह पटेल, पूर्व सांसद लल्लू सिंह आदि मौजूद रहे। recent visitors 59

BharatNet का बजट 238 फीसद बढ़ा, डिजिटल इंडिया का सपना होगा साकार

नई दिल्ली बजट 2025 में सरकार ने वित्त वर्ष 2026 के लिए BharatNet के बजट में पिछले साल के मुकाबले 238 फीसद तक की बढ़ोतरी की है। ऐसे में यह बजट बढ़कर 22000 करोड़ रुपये हो गया है। दरअसल सरकार हर गांव तक ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुंचाना चाहती है। यही वजह है कि सरकार BharatNet की मदद से हर गांव को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ रही है। इससे प्राइमरी स्कूल और हेल्थ केयर सेंटर तक हाई स्पीड इंटरनेट को जोड़ने का सपना पूरा हो सकेगा। सरकार की सस्ता डेटा पहुंचने की कोशिश दरअसल आज के वक्त में इंटरनेट डेटा की खपत तेजी से बढ़ रही है। ऐसे वक्त में इंटरनेट डेटा की कीमत में भी इजाफा देखने को मिला है। यही वजह है कि सरकार हर गांव तक सस्ता और हाई स्पीड इंटरनेट डेटा पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। सरकार ने आवंटित किये 220 रुपये बता दें कि केंद्रीय बजट में भारतनेट प्रोजेक्ट के लिए 220 अरब रुपये का आवंटन किया है, जो वित्त वर्ष 2025 में 65 अरब रुपये था। हालांकि सरकार ने इस बजट में इस बार बेतहाशा बढ़ोतरी की है, जिससे जल्दी से जल्दी स्कूल और हेल्थ केयर सर्विस को ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ा जा सके। मौजूदा वक्त में करीब 1 मिलियन सरकारी है। जबकि भारतनेट-1/2 में 2,14,323 ग्राम पंचायतों को जोड़ने के लिए 420 अरब आवंटित किये गये थे। हर गांव जुड़ेगा हाई स्पीड इंटरनेट से एक्सपर्ट का मानना है कि सरकार का यह कदम ऑप्टिकल फाइबर केबल और टेलिकॉम इक्विपमेंट के लिए सकरात्मक कदम है। BharatNet को 25 अक्टूबर, 2011 को केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से मंजूरी दी गई थी। यह सरकार का ड्रीप प्रोजेक्ट है, जिसका मकसद देश भर में प्रत्येक ग्राम पंचायत और गांव को हाई स्पीड और अफोर्डेबल इंटरनेट से कनेक्ट किया जा सके। 2 लाख पंचायतों तक कनेक्टिविटी रिपोर्ट की मानें, तो 13 जनवरी, 2025 तक भारतनेट परियोजना से 2,14,323 ग्राम पंचायत को जोड़ा जा चुका है और 6,92,676 किलोमीटर ऑप्टिकल फाइबर केबल बिछाई जा चुकी है। इसके अलावा 12,21,014 फाइबर-टू-द-होम (एफटीटीएच) कनेक्शन चालू किए गए हैं और अंतिम मील कनेक्टिविटी के लिए 1,04,574 वाई-फाई हॉटस्पॉट स्थापित किए गए हैं। recent visitors 61

कटघोरा क्षेत्र स्थित अखरापाली धान खरीदी केंद्र में 60 लाख से अधिक की गड़बड़ी, समिति प्रबंधक और फड़ प्रभारी पर मामला दर्ज

कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र स्थित अखरापाली धान खरीदी केंद्र में 60 लाख 53 हजार 680 रुपये की गड़बड़ी का मामला सामने आया है. प्रशासनिक जांच में धान के बोरों की हेराफेरी उजागर होने के बाद हड़कंप मच गया. कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में समिति प्रबंधक रामेश्वर प्रसाद अनंत और फड़ प्रभारी हितेंद्र कुमार के खिलाफ वसूली और आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशानुसार कटघोरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) रोहित सिंह, तहसीलदार दीपका अमित केरकेट्टा, नायब तहसीलदार कटघोरा और राजस्व विभाग की टीम ने अखरापाली धान खरीदी केंद्र का भौतिक सत्यापन किया. जांच में 1952.80 क्विंटल धान कम पाया गया, जिसकी कीमत 60 लाख 53 हजार 680 रुपये आंकी गई. सत्यापन के दौरान 30 से 35 बोरों की तौल करने पर धान की मात्रा मानक से अधिक मिली, जिससे अनियमितता की पुष्टि हुई. जांच टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर दस्तावेज जब्त कर लिए और दोषी पाए गए अधिकारियों पर वसूली और आपराधिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. recent visitors 56

डोनाल्ड ट्रंप ने नए टैरिफ लागू किए जाने पर तीनों देशों ने ट्रंप के आदेश के सामने झुकने से इनकार

वाशिंगटन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका के तीन सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों – चीन, मैक्सिको और कनाडा से आयातित सभी वस्तुओं पर व्यापक नए टैरिफ लागू किए हैं। तीनों देशों ने ट्रंप के आदेश के सामने झुकने से इनकार कर दिया है। इस पूरे घटनाक्रम के चलते दुनिया में एक व्यापार युद्ध छिड़ने की आशंका जताई जा रही है। क्या है यह पूरा विवाद : – 1-अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार (1 फरवरी) को एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए, जिसमें मेक्सिको से आने वाले सामानों पर 25% टैरिफ लगाया गया। कनाडा से आने वाले सामानों पर भी 25% टैरिफ लगाया गया है, लेकिन कनाडा के ऊर्जा संसाधनों पर 10% टैरिफ ही लगेगा। इस ऑर्डर में चीन से आयात पर भी 10% टैरिफ लगाया गया। 2-टैरिफ एक घरेलू कर है जो देश में प्रवेश करने वाले सामानों पर लगाया जाता है, जो आयात के मूल्य के अनुपात में होता है। 3-अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि यह कदम अवैध इमिग्रेशन और ड्रग्स तस्करी के बारे में उनकी चिंताओं को लेकर उठाया गया है। रिपब्लिकन नेता ने इन दो मुख्य मुद्दों को अपने चुनावी अभियान का आधार बनाया था। 4-ट्रंप ने कहा कि तीनों देशों को अवैध आव्रजन और ड्रग्स की तस्करी के मामले में 'जवाबदेह' ठहराने के लिए टैरिफ लगाना जरूरी है। 5-जवाब में, कनाडा और मैक्सिको ने कहा कि वे जवाबी कार्रवाई में टैरिफ लगाने जा रहे हैं। वहीं चीन ने विश्व व्यापार संगठन में मुकदमा दायर करने की बात कही। 6-कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने शनिवार को कहा कि उनका देश राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करते हुए अनेक अमेरिकी आयातों पर 25% शुल्क लगाएगा। उन्होंने कहा कि वह 155 बिलियन कनाडाई डॉलर (107 बिलियन अमेरिकी डॉलर) के अमेरिकी सामानों पर टैरिफ लगा रहे हैं। 7-मीडिया रिपोट्स के मुताबिक कनाडाई पीएम ने कहा कि 30 बिलियन कनाडाई डॉलर के अमेरिकी उत्पादों पर टैरिफ मंगलवार से लागू होंगे, [उसी दिन ट्रंप के टैरिफ भी प्रभावी होंगे], और 125 बिलियन कनाडाई डॉलर मूल्य के यूएस प्रॉडक्ट्स पर 21 दिनों में शुल्क लगाया जाएगा। 8-मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम ने शनिवार को अमेरिकी आयात पर जवाबी टैरिफ लगाने की बात कही। एक्स पर लिखे एक लंबे लेख में शीनबाम ने कहा कि उनकी सरकार अपने शीर्ष व्यापारिक साझेदार के साथ टकराव के बजाय बातचीत चाहती थी, लेकिन मेक्सिको को भी उसी तरह जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा है। 9-शीनबाम ने पोस्ट किया, "मैंने अपने अर्थव्यवस्था मंत्री को प्लान बी को लागू करने का निर्देश दिया है, जिस पर हम काम कर रहे हैं, जिसमें मेक्सिको के हितों की रक्षा के लिए टैरिफ और गैर-टैरिफ उपाय शामिल हैं।" हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी सरकार किन अमेरिकी वस्तुओं को टारगेट करेगी। 10-ट्रंप के आदेश पर चीन की प्रतिक्रिया भी काफी तीखी रही। रविवार को चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि चीन विश्व व्यापार संगठन में मुकदमा दायर करेगा और अपने हितों की रक्षा के लिए उचित जवाबी कदम उठाएगा। मंत्रालय ने कहा, "अमेरिका की ओर से एकतरफा टैरिफ वृद्धि विश्व व्यापार संगठन के नियमों का गंभीर उल्लंघन है। यह कदम न केवल अमेरिका के अपने मुद्दों को हल करने में नाकाम है बल्कि चीन-अमेरिका के सामान्य आर्थिक और व्यापार सहयोग को भी बाधित करता है। चीन [अमेरिकी निर्णय] का कड़ा विरोध करता है और इससे बेहद असंतुष्ट है।" recent visitors 63