Sunday, July 5, 2026 5:40 pm

भगवान मुरुगन के मंदिर निर्माण पर मोदी ने खुशी जाहिर की, दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी विरासत का नया स्वर्णिम अध्याय

नई दिल्ली इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में भगवान मुरुगन के मंदिर निर्माण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को खुशी जाहिर की है। मंदिर के महा कुंभाभिषेकम के अवसर पर उन्होंने दोनों देशों के संबंध मजबूत होने की बात कही। उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया की सदियों पुरानी विरासत में आज नया अध्याय जुड़ रहा है। पीएम मोदी ने इस अवसर पर इंडोनेशिया के लोगों और भगवान मुरुगन को मानने वालों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा, "मेरा सौभाग्य है कि जकार्ता के मुरुगन मंदिर में महा कुंभाभिषेकम जैसे कार्यक्रम का हिस्सा बन रहा हूं। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की मौजूदगी ने कार्यक्रम को मेरे लिए और विशेष बना दिया है। भले ही मैं शारीरिक रूप से जकार्ता से सैकड़ों किलोमीटर दूर हूं। लेकिन मेरा मन इस आयोजन के उतने ही करीब है, जितना भारत और इंडोनेशिया के आपसी रिश्ते। अभी कुछ दिन पहले ही इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो 140 करोड़ भारतवासियों का प्यार लेकर लौटे हैं।" पीएम मोदी ने सभी को जकार्ता मंदिर के महा कुंभाभिषेकम की बधाई देते हुए कहा, "भारत और इंडोनेशिया के लोगों के लिए आपसी रिश्ते सिर्फ जियोपॉलीटिकल नहीं हैं। दोनों देश हजारों वर्ष पुराने संस्कृति और इतिहास से जुड़े हैं। हमारा संबंध विरासत, विज्ञान और विश्वास का है। हमारा संबंध साझी आस्था और अध्यात्म का है। हमारा संबंध भगवान मुरुगन और भगवान राम का भी है। भारत से इंडोनेशिया जाने वाला व्यक्ति जब प्रम्बानन मंदिर में हाथ जोड़ता है, तो उसे काशी और केदार जैसी आध्यात्मिक अनुभूति होती है। भारत में इंडोनेशिया के रामलीला का मंचन भी होता रहता है।" उन्होंने कहा, "आज जब भारत के लोग हवाई यात्रा के लिए गरुड़ इंडोनेशिया में बैठते हैं, तो उन्हें उसमें भी हमारी साझी संस्कृति के दर्शन होते हैं। हमारे रिश्ते कई मजबूत तारों से जुड़े हुए हैं। जब राष्ट्रपति प्रबोवो भारत आए थे, तो हमने दोनों देशों के साझी विरासत से जुड़ी कई बातें की थीं। आज जकार्ता में भगवान मुरुगन के इस नए मंदिर के जरिए हमारी सदियों पुरानी विरासत में नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ रहा है। यह मंदिर न सिर्फ आस्था का बल्कि सांस्कृतिक मूल्यों का भी केंद्र बनेगा।" recent visitors 49

बजट अगर चुनावी व राजनीतिक स्वार्थ पर आधारित होगा तो उससे देशहित कैसे संभव है: मायावती

लखनऊ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने केंद्रीय बजट पर रविवार को विस्तार से प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बजट अगर चुनावी व राजनीतिक स्वार्थ पर आधारित होगा तो उससे देशहित कैसे संभव है। मायावती ने कहा कि केंद्र सरकार का बजट विशुद्ध रूप से देश की प्रगति अर्थात करोड़ों गरीबों, मजदूरों, किसानों व अन्य मेहनतकशों के साथ-साथ खासकर दलितों, आदिवासियों, अन्य पिछड़ों व धार्मिक अल्पसंख्यकों के हित व कल्याण को साधने वाला बहुजनों का हितैषी होना जरूरी है, तभी विकसित भारत का सपना व लक्ष्य की प्राप्ति आज नहीं तो कल संभव हो पाएगा। उन्होंने कहा कि वैसे तो 12 लाख रुपए तक के इनकम टैक्स में छूट देने को सरकार व रूलिंग पार्टी भाजपा राजनीतिक रूप से काफी भुनाने की कोशिश करने में लगी है, किन्तु वेतन पाने वाले मध्यम वर्ग के एक छोटे से समूह को ही इसका लाभ मिल पाएगा, तो फिर इससे सर्वजन हित कैसे संभव होगा। मायावती ने कहा कि वास्तव में देश की सम्पूर्ण कर व्यवस्था तथा जीएसटी कर व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत है ताकि मासिक सैलरी पाने वाले मध्यम वर्ग के साथ ही रोजमर्रा इस्तेमाल की चीजों पर जीएसटी कर का भारी बोझ झेलने वाले सवा सौ करोड़ से अधिक देश की आबादी को इस महंगाई के दौर में थोड़ी राहत जरूर मिल सके। बसपा मुखिया ने कहा कि भाजपा तथा उसकी केंद्र सरकार की गलत नियत एवं नीतियों के कारण देश में छाई जबरदस्त महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, असुरक्षा जन व देशहित के ऐसे गंभीर वास्तविक मुद्दे हैं, जिसके प्रति सच्ची देशभक्ति, सोच व ईमानदार कार्यशैली बहुत जरूरी है। तभी सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय के लक्ष्य की प्राप्ति होगी। मायावती ने कहा कि बजट जिस भी मद में निर्धारित किया जा रहा है, उसका सही से उपयोग न होने से, उसका जमीनी लाभ लोगों को नहीं मिल पाना कांग्रेस के समय से ही बहुत बड़ी समस्या है। इतना ही नहीं, बल्कि बजट का सही आकलन, सही निर्धारण तथा बिना डाइवर्जन के सही से जमीनी उपयोग सुनिश्चित होना भी अति आवश्यक है। वर्ना विकास व जीडीपी दर आदि के वादे और दावे सब वैसे ही हवा-हवाई ही बने रहेंगे, जैसा कि कांग्रेस के समय से अब तक होता चला आ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति व विकास पर सभी का हक होगा, तभी देश गैर-बराबरी व विषमताओं से मुक्त, गौरव करने योग्य खुश व खुशहाल हो पाएगा। केवल सरकारी वादों व दावों से लोगों का पेट नहीं भरेगा और न ही खाली पेट लोग बहुत दिनों तक सरकारी भजन करेंगे। मायावती ने कहा कि बीएसपी की यूपी में चार बार रही सरकार "सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय" के आधार पर सर्व समाज की गरीब, बेरोजगारी, रोटी-रोजी के अभाव में मजबूरी का पलायन रोकने तथा पिछड़ापन आदि दूर करने के मामले में ऐसी मिसाल है, जो लोगों के दिल-दिमाग में लगातार जीवित है। इसलिए सरकार, केंद्र सरकार को राजनीतिक व चुनावी स्वार्थ से ऊपर उठकर पूरी तरह से जन व देशहित में बजट का आवंटन तथा उससे भ्रष्टाचार से मुक्त जमीनी हकीकत में उतारना भी बहुत जरूरी है। recent visitors 48

कांग्रेस सांसद अजय माकन ने कहा- आप सरकार ने दिल्ली के स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र को बनाया बदहाल

नई दिल्ली कांग्रेस सांसद अजय माकन ने दिल्ली में रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। माकन ने आरोप लगाया कि आप सरकार ने दिल्ली के स्वास्थ्य क्षेत्र को बदहाल कर दिया। उन्होंने कहा कि पहले दिल्ली सरकार ने दिल्ली के विकास को लेकर भ्रम का जाल बिछाया। मैंने शीला दीक्षित के कार्यकाल और वर्तमान सरकार के बीच अंतर को उजागर किया था। मैंने बताया कि कैसे दिल्ली के अस्पतालों में विशेष रूप से राष्ट्रीय राजधानी में प्रति बिस्तर दो मरीज हैं। मैंने यह भी बताया था कि अस्पतालों में एक्स-रे, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी मशीनों की क्या हालत है। राज्य के प्रमुख अस्पतालों में जरूरी मेडिकल उपकरण जैसे एक्स-रे, सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड मशीनें खराब पड़ी हैं। साथ ही कई अस्पतालों में आईसीयू भी कार्य में नहीं हैं। कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार से जो वित्तीय मदद मिली थी, वह भी आप सरकार द्वारा सही तरीके से खर्च नहीं की जा सकी। यह गंभीर लापरवाही है। यह सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी, बिजली बुनियादी मुद्दों पर असफल साबित हुई है। अब दिल्ली की जनता यह महसूस कर रही है कि कांग्रेस पार्टी ही उनकी सभी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम है। ऐसे में मैं दिल्लीवासियों से कांग्रेस को समर्थन देने की अपील करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि अरविंद केजरीवाल का एजुकेशन मॉडल केवल एक धोखा है। हम उस शिक्षा मॉडल को कैसे उचित ठहरा सकते हैं, जहां सरकारी स्कूलों के छात्र निजी स्कूलों में स्थानांतरित हो रहे हैं? हम आज यह सवाल पूछना चाहते हैं, और आप को इसका जवाब देना ही होगा कि अगर शिक्षा मॉडल इतना अच्छा है, तो 12वीं कक्षा पास करने वाले छात्रों की संख्या क्यों कम हो रही है? पूरी दुनिया में आप जैसी सरकार नहीं है, जहां शिक्षा और शराब मंत्री एक ही व्यक्ति हो। recent visitors 39

कांग्रेस ने प्रदेश की सरकार को दिशाहीन-अनिर्णय वाली रिमोट सरकार करार देते हुए 25 बिंदुओं पर आरोप पत्र किया जारी

रायपुर नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने प्रदेश की सरकार को दिशाहीन-अनिर्णय वाली रिमोट सरकार करार देते हुए 25 बिंदुओं पर आरोप पत्र जारी किया है. इसमें एक साल के कार्यकाल में प्रदेश की जनता के बदहाल होने और सत्ताधीश भाजपाइयों के मालामाल होने की बात कही गई है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेंद्र साहू, पूर्व विधायक सत्यनारायण शर्मा, गुरुमुख सिंह होरा, अमितेश शुक्ला, कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला के साथ प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान आरोप पत्र जारी किया. इसमें निकाय चुनाव में बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की आम आदमी डरी हुई है. हत्या, लूट, बलात्कार, चाकूबाजी के कारण राज्य का हर शहर असुरक्षित है. राजधानी से लेकर मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र तक गोलियां चल रही है. कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गयी. एसपी-कलेक्टर कार्यालय जला दिया गया. कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हत्याओं का नया रिकॉर्ड बन गया. प्रदेश में मॉब लिंचिंग शुरू हो गई. आरंग में दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या हो गई. राजधानी में 5 बार गोली बारी हो गयी. गौ तस्करी की घटनायें शुरू हो गई. महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हो गई. पोटा केबिन में बच्ची की जलकर मौत, अबोध बच्ची मां बनी, वहीं नारायणपुर में मासूम बच्चियों से स्कूल में छेड़खानी हो गई. सरकार ने 1 साल में कोई घोषित नक्सल नीति नहीं बनाई. जानिए क्या है आरोप पत्र     पिछले 1 साल में भाजपा की साय सरकार जनता की उम्मीदों पर विफल साबित हो चुकी है. सरकार से युवा, किसान, महिला, मजदूर, विद्यार्थी, अनुसूचित जाति, जनजाति हर वर्ग के लोग निराश है. सब सरकार से अपने आपको ठगा महसूस कर रहे है.     भाजपा की विष्णुदेव सरकार 1 साल में विफल साबित हो गई. राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन का दौर हावी है. साय सरकार के 1 साल में विष्णु का सुशासन तो दूर विष्णु की सरकार कही नहीं दिख रही.     स्थानीय निकायों में किये गये दोषपूर्ण आरक्षण नीति के कारण ओबीसी वर्ग के लोग सरकार से नाराज है.     3100 रू. एकमुश्त एवं धान का बढ़ा हुआ समर्थन मूल्य 112 रू., कुल 3217 रू. नहीं मिलने से किसान हताश है.     सरकार के निकम्मेपन के कारण गृहमंत्री के गृह जिले के लोहारीडीह ग्राम में एक व्यक्ति की हत्या कर फाँसी पर टांग दिया गया और दूसरे व्यक्ति को घर में जिंदा जला दिया गया. एक निर्दोष को पुलिस ने मार दिया.     लोहारीडीह मामले में प्रशासन ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए गांव के 169 से अधिक निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमा कर जेल में डाल दिया.     बलौदाबाजार में सरकार की लापरवाही के कारण पवित्र जैत खंभ में तोड़ फोड़ हुई और बाद में सरकार के निकम्मेपन के कारण कलेक्टर, एसपी कार्यालय जला दिया गया. इस मामले में सतनामी समाज के युवाओं के साथ विपक्ष के नेताओं को षड़यंत्रपूर्वक जेलों में बंद रखा गया.     पिछली भाजपा की रमन सरकार की तरह साय सरकार में पुनः एक बार अँखफोड़वा कांड हुआ.लापरवाही पूर्वक मोतियाबिंद का ऑपरेशन किए जाने के कारण दर्जनों बुजुर्गों की आंखों की रोशनी चली गई.     भाजपा सरकार में दबाव पूर्वक धर्मांतरण ज़ोर शोर से चल रहा है, धर्मांतरण के लिए दबाव डालने के कारण अब तक तीन लोग आत्महत्या कर चुके हैं और प्रदेश में विवाद की स्थिति बनी हुई है.     वनरक्षकों, पुलिस आरक्षकों तथा सरकारी नौकरी में हुये भ्रष्टाचार एवं सरकारी नौकरियां बेचे जाने के कारण युवा सरकार से नाराज है. विधानसभा चुनाव में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया था एक साल में 20 हजार नौकरियां मिलना था लेकिन एक साल में भर्ती नहीं निकाली गयी. युवा ठगे महसूस कर रहे है.     18.5 लाख आवास देने का वादा विधानसभा में किया था, लेकिन अभी तक आवास देने के मामले में सरकार कोई कार्ययोजना नहीं बना पायी. आवासहीन खुद को ठगा महसूस कर रहे.     भाजपा ने 500 रू. में सिलेंडर देने का वादा किया था, 1 साल हो गया 1 भी महिला को सिलेंडर नहीं दिया गया. यहां भी महिलाएं खुद को ठगा महसूस कर रही.     गरीबों के मकान, दुकान को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा, सरकारी जमीनों पर भाजपा के चहेते कब्जा कर रहे.     डीजल खरीदी में प्रति लीटर 6.50 रू. की छूट सिर्फ उद्योगपतियों को दिया जा रहा है. आम जनता, किसान, ट्रांसपोर्ट, आटो, टेम्पो चालक, बस मालिक, ट्रेक्टर चालक, डीजल भट्ठी उपयोग करने वाले होटल मालिकों को छुट नहीं दिया जा रहा.     सत्ता के संरक्षण में जगह-जगह अवैध शराब, गांजा, ड्रग्स, नसीली दवाई बिक रहा है.     सरकारी अस्पतालों में मरीजों का इलाज नहीं हो रहा है. अस्पतालों में दवाईयां, चिकित्सकी टेस्टींग की सुविधा नहीं मिल रहा है.     स्कूलों में चाक, डस्टर लेने पैसे नहीं.     जमीन के रजिस्ट्री की गाईड लाईन दरों में कांग्रेस सरकार के समय किये गये 30 प्रतिशत छूट को समाप्त कर दिया, जिससे गरीबों के मकान, प्लाट का सपना टूट गया.     भाजपा सरकार 5 डिसमिल से कम के छोटे प्लाटों की रजिस्ट्री बंद करने जा रही है. कांग्रेस इसका विरोध करती है. हम नगरीय निकायों और पंचायतों में इसको मुद्दा बनाने जा रहे है.     1 साल में बिजली के दाम 4-4 बार बढ़ाये गये, 400 यूनिट की छूट को अघोषित तौर पर समाप्त कर दिया गया.     1 साल में रेत के दाम 6 गुना, सिमेंट की कीमतें 5-5 बार बढ़ाये गये. भाजपाई सत्ताधीशों और रेत माफियाओं के बीच सांठगांठ हो गयी है, रेत के कारोबार में रोज खून बहाया जा रहा है.     100 दिन में अनियमित/संविदा कर्मियों को नियमित करने की मोदी की गारंटी फेल हो चुकी है. उल्टे बीएड शिक्षकों, विद्यामितान, अतिथि शिक्षक निकाले गये.     बेरोजगारी भत्ता बंद, तेंदूपत्ता संग्राहक बीमा योजना बंद, कोदो, कुटकी, रागी खरीदी बंद.     सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन बंद पात्र हितग्राही भटक रहे.     बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था इस चुनाव में बड़ा मुद्दा है. प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम आदमी डरा हुआ है. हत्या, लूट, बलात्कार, चाकूबाजी के कारण राज्य का हर शहर असुरक्षित है…   recent visitors 40

मध्यप्रदेश के बाग प्रिंट शिल्पियों की पुणे की विरासत हाट में धूम

भोपाल मध्यप्रदेश की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले बाग प्रिंट ने पुणे के विरासत कारीगर हाट में अपनी अनूठी छाप छोड़ी। पुणे के मोनालिसा कलाग्राम में आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रसिद्ध फिल्म निर्माता सुश्री गौरी शिंदे और आर. बाल्की ने किया। यह पहली बार है जब भारत में इस स्तर पर विरासत कारीगर हाट का आयोजन किया गया है, जिसमें देशभर के 30 प्रमुख शिल्पकारों को आमंत्रित किया गया है। यह प्रदर्शनी 3 फरवरी 2025 तक चलेगी। बाग प्रिंट को मिली सराहना धार जिले के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता शिल्पगुरु मोहम्मद युसुफ खत्री और अब्दुल करीम खत्री ने इस आयोजन में मध्यप्रदेश की प्रतिष्ठित बाग प्रिंट हस्तकला का प्रदर्शन किया। महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों से आए शिल्प प्रेमियों ने इस प्राचीन कला को नजदीक से जाना, इसकी बारीकियों को समझा और बाग प्रिंट की समृद्ध परंपरा से रूबरू हुए। प्रसिद्ध सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती लिसा पिंगले ने अपने फार्म हाउस मोनालिसा पर देशभर के 30 प्रतिष्ठित शिल्पकारों को नि:शुल्क आमंत्रित किया। उन्होंने बाग प्रिंट के प्रति अपनी विशेष रुचि दर्शाते हुए स्वयं बाग प्रिंट की साड़ी खरीदी और वहीं पर ब्लाउज सिलवाकर इसे पहनकर इस हस्तशिल्प का प्रचार किया। बॉलीवुड ने सराहा बाघ प्रिंट, शिल्पियों का बढ़ाया मनोबल बॉलीवुड की दिग्गज निर्माता गौरी शिंदे और आर. बाल्की ने बाग प्रिंट की सुंदरता और विशिष्टता की सराहना की। उन्होंने शिल्पगुरु मोहम्मद युसूफ और अब्दुल करीम खत्री के कार्यों को न सिर्फ सराहा बल्कि बाग प्रिंट कला को संरक्षित और बढ़ावा देने के प्रयासों की प्रशंसा भी की। इस अवसर पर मोहम्मद युसूफ खत्री ने विरासत कारीगर हाट की ओर से फिल्म निर्माता आर. बाल्की को बाग प्रिंट की एक विशेष पेंटिंग भेंट की। यह हस्तशिल्प कला के प्रति उनके योगदान और समर्थन के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत की गई। पुणे में बाग प्रिंट की लोकप्रियता में वृद्धि प्रदर्शनी के दौरान पूना के नागरिकों ने बाग प्रिंट के सूती वस्त्रों को अत्यधिक पसंद किया और बड़ी संख्या में इन वस्त्रों की खरीदारी की। यह प्रदर्शनी न केवल बाग प्रिंट के प्रचार-प्रसार का एक महत्वपूर्ण मंच बनी बल्कि इससे मध्यप्रदेश के हस्तशिल्पियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर भी मिला। मध्यप्रदेश की पारंपरिक हस्तशिल्प और बाग प्रिंट को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने के प्रयासों में यह आयोजन एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ है।   recent visitors 29

मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा- अनेकता में एकता ही भारत की विशेषता है

भोपाल उप मुख्यमंत्री एवं देवास जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि अनेकता में एकता ही भारत की विशेषता है। सोनकच्छ में आज समरसता का अद्भुत दृश्य दिखाई दे रहा है, इसके बारे में जितना कहा जाए कम है। सभी के सहयोग से ही इतना बड़ा कार्य सफल होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना से आज प्रदेश में कई विवाह/निकाह सम्पन्न हो रहे है। मेरा सौभाग्य है कि मैं यहाँ आया हूँ, यहां आकर में गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सभी वर्गों के लिये योजनाएं बनाई है, योजनाओं का लाभ सभी को समान रूप से मिल रहा है। आयुष्मान योजना से सभी को 05 लाख रूपये तक का नि:शुल्क उपचार मिल रहा है। उज्ज्वला योजना से सभी को गैस कनेक्शन दिये गये है। सबके घर नल से जल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने सभी नव विवाहितों को बधाई दी। उप मुख्यमंत्री मंत्री श्री देवड़ा ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजनांतर्गत कृषि उपज मण्डी प्रांगण सोनकच्छ में सर्वधर्म सामूहिक आयोजित विवाह/निकाह सम्मेलन नवदम्पतियों को जीवन में नए पड़ाव के लिए शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन में 290 हिंदू जोड़ों का विवाह एवं 42 मुस्लिम जोड़ों का निकाह करवाया गया। इसमें 03 जोड़े कल्याणी विवाह योजना एवं 2 जोड़े नि:शक्त विवाह योजना से संबंधित है। मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह प्रोत्साहन योजना एवं निशक्त विवाह प्रोत्साहन योजना अंतर्गत 2-2 लाख रूपये का लाभ दिया जायेगा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/निकाह सम्मेलन में उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने 49-49 हजार रुपए का चेक वर-वधू को दिया। recent visitors 40

खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री मनसुख मांडविया से सौजन्य मुलाकात की और पुष्प-गुच्छ भेंट कर अभिवादन किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विंध्य क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि हाल ही में रीवा में एक भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया गया है, जहां दूरस्थ और पिछड़े क्षेत्रों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र के जनजातीय और पिछड़े क्षेत्रों से उभर रही खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने केन्द्रीय मंत्री श्री मांडविया से विंध्य क्षेत्र के खिलाड़ियों के विकास के लिए रीवा में 10 करोड़ 33 लाख रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक निर्माण के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान करने के लिये अनुरोध किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि यह प्रस्ताव प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ अभियान और खेल के माध्यम से युवाओं के समग्र विकास की प्रतिबद्धता के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के निर्माण से विंध्य क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकेंगे। इस महत्वपूर्ण पहल के लिए केन्द्रीय मंत्री श्री मांडविया ने सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त किया और आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। रीवा के सांसद श्री जनार्दन मिश्र और सीधी के सांसद डॉ. राजेश मिश्र भी उपस्थित रहे।   recent visitors 42