Friday, July 3, 2026 9:17 am

ट्रंप जल्द ही यूक्रेन को पूरी तरह से रूस में मिलाने के लिए आतुर हैं, सीजफायर के साथ सैन्य मदद का भी ऐलान

यूक्रेन कुछ दिन पहले अमेरिका बुलाकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन के प्रेजिडेंट वोलोदोमिर जेलेंस्की को जिस तरह बेइज्जत किया, उससे यूरोप और पूरी दुनिया आशंकित हो गई थी कि ट्रंप जल्द ही यूक्रेन को पूरी तरह से रूस में मिलाने के लिए आतुर हैं। तीखी बहस का आलम यह था कि जेलेंस्की को बिना खाना खिलाए वाइट हाउस से बाहर भेज दिया गया। हालांकि, हफ्तेभर बाद ही ट्रंप का दिल यूक्रेन पर पिघल गया है। सऊदी अरब में अमेरिका और जेलेंस्की के बीच हुई वार्ता यूक्रेन के नजर से सफल रही। यूक्रेन युद्ध में 30 दिन का सीजफायर और अमेरिका द्वारा रोकी गई सभी सहायता को फिर से चालू करने पर सहमति बन गई है। अब आगे की बात रूस पर टिकी है। अमेरिका और यूक्रेन के बीच बनी सहमति रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नजरिए से झटका मिलने जैसा है। बैठक से एक दिन पहले पुतिन ने आशंका भी जता दी थी कि ट्रंप पर भरोसा नहीं किया जा सकता। क्रेमलिन ने रूसियों को संबोधित करते हुए कहा कि ट्रंप के फैसलों से अभी यह उम्मीद करना गलत है कि रूस कामयाबी की राह पर है। पुतिन का डर सही साबित हुआ है। सऊदी अरब वार्ता में क्या हुआ सऊदी अरब में अधिकारियों की बैठक के बाद दोनों देशों ने एक संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें कहा गया कि यूक्रेन अमेरिकी प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए तैयार है, जिसके तहत "तत्काल, अस्थायी 30-दिनों के संघर्षविराम को लागू किया जाएगा, जिसे दोनों पक्षों की आपसी सहमति से बढ़ाया जा सकता है।" ट्रंप ने कहा- पुतिन को भी मनाएंगे ज़ेलेंस्की ने टेलीग्राम पर कहा कि संघर्षविराम प्रस्ताव "30 दिनों के लिए पूरी तरह से युद्धविराम स्थापित करेगा, जिसमें न केवल मिसाइल, ड्रोन और बमबारी शामिल होगी, बल्कि काला सागर और पूरे मोर्चे पर भी संघर्ष रोका जाएगा।" ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि रूस संघर्षविराम योजना को स्वीकार करेगा। साथ ही, उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका रूस के साथ बुधवार को बैठक करेगा। अमेरिका का सभी सहायता देने का वादा वार्ता में हुई प्रगति के बाद, अमेरिका ने घोषणा की कि वह "खुफिया साझाकरण पर लगाई गई रोक को तुरंत हटाएगा और यूक्रेन को सुरक्षा सहायता फिर से प्रदान करेगा।" अमेरिका ने पिछले सप्ताह यह सहायता निलंबित कर दी थी, जिससे यूक्रेन की रूसी सैन्य गतिविधियों पर नजर रखने, मिसाइल हमलों से बचाव और हमले करने की क्षमता प्रभावित हुई थी। ट्रंप और जेलेंस्की में कैसे बनी सहमति अमेरिका और यूक्रेन के संयुक्त बयान से संकेत मिलता है कि यह समझौता फिर से पटरी पर आ गया है और दोनों देश "यूक्रेन की महत्वपूर्ण खनिज संपदाओं के विकास के लिए जल्द से जल्द एक व्यापक समझौता करने पर सहमत हुए हैं, ताकि यूक्रेन की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया जा सके और उसके दीर्घकालिक समृद्धि और सुरक्षा की गारंटी दी जा सके।" recent visitors 27

अविराज लाल ने यूपीएससी द्वारा आयोजित परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन ब्रांच के अंतर्गत हासिल की उपलब्धि

अनूपपुर पीएससी द्वारा आयोजित इंडियन इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जाम-2024 में अविराज लाल ने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन ब्रांच में ऑल इंडिया लेवल पर 27वीं रैंक हासिल की है। अविराज ने बताया कि उन्होंने स्टैंडर्ड टेक्स्ट बुक्स को फॉलो किया। साथ ही कहा कि इस एग्जाम के लिए सिलेक्टिव एप्रोच के साथ स्टडी करना बेहतर है, यहाँ हार्ड स्टडी से ज्यादा स्मार्ट स्टडी पर फोकस करना चाहिए। ब्रह्मर्षि कॉलोनी, ग्वारीघाट निवासी अविराज, अरविंद कुमार लाल व विभा लाल के सुपुत्र हैं। उन्होंने स्कूलिंग अनूपपुर व कॉलेज की पढ़ाई इंदौर से की है। आज उनके निज निवास अनूपपुर जिले के जमुना कॉलोनी में आगमन पर भव्य स्वागत हुआ जहां नगर पालिका परिषद पसान के अध्यक्ष राम अवध सिंह सहित वार्ड नंबर 03 के पार्षद सविता रूपेश सिंह ,भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश सिंह,पार्षद,सरोज लोधी, विकास जायसवाल, दिवाकर विश्वकर्मा उनके माता पिता अरविंद कुमार लाल व विभा लाल सहित क्षेत्र के लोगों पटाखे फोड़े मिठाई खिलाकर ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है अविराज लाल केंद्रीय विद्यालय जमुना से कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई की जहां बैचलर ऑफ़ इलेक्ट्रॉनिक एंड कम्युनिकेशन उन्होंने एजीआईएस टेक्नोलॉजी इंदौर से किया फिर उन्होंने गेट का एग्जाम दिया और उनका आल इंडिया रैंक 28 वा आया उसके बाद कई जगह सेलेक्शन हुआ जिसमें इंडियन ऑयल,एयर ऑफ ऑथोरिटी इंडिया,इसरो सहित डीएफओ में हुआ था, अभी वर्तमान में एनटीपीसी बाड़ में कार्यरत हूं जिसका चयन 2023 में गेट के माध्यम से हुआ था,अभी 6 महीने से मेरी ट्रेनिंग चल रही है और मैं वहीं सेवाएं दे रहा हु, अभी यूपीएससी इंडियन इंजीनियरिंग सर्विसेज एग्जाम-2024 में 27 वा रैंक आया है एक दो महीने बाद मेरा ऑफर लेटर आ जाएगा और ट्रेनिंग दिल्ली में होगी, मैं अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देना चाहूंगा, जिन्होंने मुझे शारीरिक और मानसिक रूप से भरपूर सहयोग किया और मेरे आस-पास के लोगों ने मुझे इतना स्वच्छ वातावरण दिया जिसके कारण आज मैं इस मुकाम पर हु उन सभी का मैं शुक्रगुजार हूं ! recent visitors 25

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा की मध्यप्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2025-26 के ऐतिहासिक बजट को लेकर प्रतिक्रिया

भोपाल भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2025-26 के बजट को लेकर मीडिया को प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार के इस ऐतिहासिक बजट के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा को बधाई देते हुए कहा कि 4 लाख, 21 हजार 32 करोड़ रुपये का यह बजट पिछले वर्ष की तुलना में 15 प्रतिशत अधिक है तथा अब तक का सबसे बड़ा बजट है। मध्यप्रदेश सरकार का यह बजट सशक्त व समावेशी अर्थव्यवस्था का ब्लू प्रिंट है एवं विकसित मध्यप्रदेश 2047 का विजन डाक्यूमेंट भी है। इस बजट में न तो कोई नया कर लगाया गया है और किसी लोक कल्याणकारी योजनाओं में कटौती भी नहीं की गयी है। कर्ज के आंकड़ों की बजट के आकार से तुलना करना आप्रासंगिक है, कांग्रेस झूठ बोलकर भ्रम फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रही है। यह बजट मध्यप्रदेश के विकास को सुनिश्चित करने के साथ-साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की भावना के अनुरूप विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। हर वर्ग को सशक्त और सक्षम बनाने वाला बजट प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी जिन चार जातियों गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं की बात करते हैं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार ने उन सभी जातियों को सशक्त और सक्षम बनाने के प्रावधान इस बजट में किए हैं। उन्होंने कहा कि हर गरीब के जीवन को बदलने के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्प के अनुरूप मध्यप्रदेश सरकार के प्रयासों की झलक भी इस बजट में दिखाई देती है। प्रदेश सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तो अनेक कदम उठाए ही हैं, प्रदेश के औद्योगिक विकास के प्रयासों को गति देने का काम भी इस बजट के माध्यम से किया गया है। वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश के सर्वांगीण और समन्वित विकास की रूपरेखा इस बजट के माध्यम से प्रस्तुत की है। यह बजट 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प का विजन डाक्युमेंट है। बजट को लेकर कांग्रेस पूर्वाग्रह से प्रेरित होकर झूठ बोल रही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बजट पर विपक्ष का रवैया जन और विकास विरोधी है। कांग्रेस नेताओं को चाहिए कि इस बजट को लेकर वह मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की प्रशंसा करें, लेकिन पूर्वाग्रह से प्रेरित कांग्रेस और उसके नेता लगातार झूठ बोलकर जनता में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता भी अंदर से यह मानते होंगे कि यह बजट मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास की परिकल्पना को साकार करेगा, लेकिन दिल्ली में बैठे अपने नेताओं को खुश करने के लिए बजट को लेकर झूठ बोल रहे हैं। वित्त वर्ष 2025-26 हेतु राजकोषीय घाटा की गणना एफआरबीएम (FRBM)  के प्रावधान और भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार ही है। यह केवल वर्ष 2025-26 में राजकोषीय घाटा एफआरबीएम (FRBM)  की सीमा जीएसडीपी (GSDP) का 3 प्रतिशत ही अनुमानित है। उन्होंने कहा कि राजकोषीय मापदण्डों की सीमा में राज्य कर प्राप्त करता है। कर्ज के सूचकांकों को जीएसडीपी के प्रतिशत तथा ब्याज भुगतान का राजस्व प्राप्तियों के प्रतिशत से देखा जाता है। इन दो मानकों का पालन प्रदेश सरकार कर रही है। कर्ज के आंकड़ों की बजट के आकार से तुलना आप्रासंगिक है। मध्यप्रदेश एफआरबीएम अधिनियम के अंतर्गत ऋण सीमा जीएसडीपी का 3 प्रतिशत है। केंद्र सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि 15 वें वित्त आयोग की अवधि में पूर्व वर्षों की अनुपयोगित ऋण सीमा का उपयोग किया जा सकता है, इसको लेकर कांग्रेस जनता में भ्रम फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रही है। वित्त वर्ष 2025-26 हेतु सकल राज्य घरेलू उत्पाद से राजकोषीय घाटा का 4.66 प्रतिशत अनुमानित है जिसमें सामान्य ऋण सीमा 3 प्रतिशत तथा पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना अतंर्गत अनुमानित 11,000 करोड़ (जीएसडीपी का 0.65 प्रतिशत) एवं भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार वर्ष 2021-22 से 2023-24 में अनुपयोगित ऋण सीमा (जीएसडीपी का 1.01 प्रतिशत) है। मैं पुनः स्पष्ट करता हूं कि एसएएसीआई और पूर्व वर्षों की अनुपयोगित ऋण सीमा एफआरबीएम की सीमा में संगणित नहीं होते हैं। विकसित और समृद्ध होगा मध्यप्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा की सरकार मध्यप्रदेश को सशक्त, संपन्न, समृद्ध तथा देश का नंबर एक राज्य बनाना चाहती है। सरकार की इस सोच की झलक बजट में भी दिखाई देती है। प्रदेश सरकार ने 2047 तक राज्य की जीडीपी 2 ट्रिलियन डॉलर यानी 250 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय 1.42 लाख से 22.35 लाख पर पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने जो बजट प्रस्तुत किया है, उसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।  recent visitors 22

भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

रायगढ़ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के बरमकेला में जनपद पंचायत चुनाव के दौरान जबरदस्त बवाल हो गया. भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच पहले तीखी बहस हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. मौके पर मौजूद पुलिस विवाद को रोकने में नाकाम रही. वहीं स्थिति को नियंत्रण करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. क्या है मामला जानकारी के मुताबिक, भाजपा प्रभारी कैलाश नायक की गाड़ी से जनपद सदस्यों को छीनने के प्रयास के दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ता भिड़ गए. इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई. देखते ही देखते पंचायत कार्यालय के बाहर तनाव की स्थिति बन गई और दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई. बढ़ते विवाद को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है. पुलिस लगातार दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश कर रही है. कांग्रेस प्रत्याशी की जीत वहीं कड़ी सुरक्षा और विवाद के बीच हुए चुनाव में तमाम कोशिशों के बावजूद भाजपा प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा. कांग्रेस की डॉक्टर विद्या किशोर ने चुनाव जीतकर जनपद पंचायत अध्यक्ष का पद हासिल कर लिया है. recent visitors 28

बीते 10 साल के दौरान रेल नेटवर्क में सराहनीय वृद्धि हुई है, वहीं, विपक्ष ने कहा-रेल हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे

नई दिल्ली राज्यसभा में बुधवार को रेल मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा हुई। सत्ता पक्ष के सांसदों ने कहा कि बीते 10 साल के दौरान रेल नेटवर्क में सराहनीय वृद्धि हुई है। वहीं, विपक्ष के सांसदों ने सुरक्षा और रेल यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि रेल हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। मध्य प्रदेश से भाजपा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि साल 2023 तक भारतीय रेलवे के ब्रॉड गेज नेटवर्क का 85 फीसदी से अधिक विद्युतीकरण हो चुका था, जबकि साल 2014 में यह केवल 45 प्रतिशत था। इसके साथ ही भारतीय रेल दुनिया के सबसे बड़े हरित रेल नेटवर्क में शामिल हो गया है। उन्होंने कहा कि 30 हजार किलोमीटर से अधिक नई पटरियां बिछाई गई हैं और 15 हजार किलोमीटर से अधिक मार्गों का दोहरीकरण कर लिया गया है। इससे रेलवे की दक्षता में वृद्धि हुई है। माया नारोलिया ने कहा कि 2024 तक 51 वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत हो चुकी है। ये ट्रेनें विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस हैं और 160-180 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने में सक्षम हैं। राजद के राज्यसभा सांसद संजय यादव ने कहा कि अभी होली का त्योहार है और हर ट्रेन में क्षमता से ज्यादा लोग हैं। उन्होंने रेल में लोगों को सुविधाएं देने की आवश्यकता की बात कही। उन्होंने कहा कि टिकट की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रीमियम ट्रेनें चलाना अच्छी बात है, लेकिन जो पुरानी पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनें हैं, उन्हें बंद नहीं करना चाहिए, उनमें कोच की संख्या कम नहीं की जानी चाहिए। पहले प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए तेलंगाना से कांग्रेस सांसद अनिल कुमार यादव ने कहा पं. जवाहर लाल नेहरू ने भारतीय रेल का राष्ट्रीयकरण किया था। उन्होंने कई रेलवे जोन स्थापित किए। वहीं, इंदिरा गांधी के कार्यकाल में पहली राजधानी ट्रेन चलाई गई। इंदिरा गांधी ने ही कोलकाता में पहली मेट्रो रेल का उद्घाटन किया था। यादव ने कहा कि लोग आज यात्री ट्रेन में यात्रा करने से डर रहे हैं। यात्रियों के इस डर का एक बड़ा कारण लगातार होते रेल हादसे हैं। पिछले छह महीने में ही कई रेल हादसे हुए हैं। उन्होंने बीते दो साल में हुए कई रेल हादसों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फरवरी 2024 में जम्मू के कटरा से होशियारपुर रूट पर बिना ड्राइवर एक मालगाड़ी चली गई। 60 किलोमीटर चलने के बाद इस ट्रेन को रोका जा सका। कांग्रेस सांसद ने कहा कि 16 फरवरी 2025 को जिस तरह से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के अंदर भगदड़ मची, उसमें 18 लोगों की मौत हुई। इसका जिम्मेदार कौन है? वे लोग कुंभ जाना चाहते थे, वहां जाकर कुंभ में स्नान करना चाहते थे। महिला सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि कोयंबटूर से तिरुपति के बीच चलने वाली एक ट्रेन में गर्भवती महिला का यौन शोषण किया गया। इतना ही नहीं, महिला को ट्रेन से बाहर फेंक दिया गया। उन्होंने कहा कि वंदे भारत ट्रेनों की गति 180 से 200 किलोमीटर तक जा सकती है, लेकिन वंदे भारत ट्रेन केवल 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चल रही है। इसका कारण यह है कि हमारे पास वंदे भारत चलाने के लिए फास्ट ट्रैक और उनके रखरखाव की सुविधा नहीं है। recent visitors 32

रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल और अमेरिका के फुलब्राइट पुरस्कार प्राप्त युवा हिंदी संस्थान द्वारा ‘भाषा संवाद’ का आयोजन

भोपाल न्यू जर्सी (अमेरिका) स्थित युवा हिंदी संस्थान और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के संयुक्त प्रयास से विकसित फुलब्राइट-हेस जी पी ए हिंदी पाठ्यक्रम निर्माण परियोजना के बीस सदस्यीय दल ने रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल  की मेजबानी में आयोजित  'भाषा संवाद' एवं विविध कार्यक्रमों में रचनात्मक भागीदारी की। उल्लेखनीय है कि इस अध्ययन दल में अमेरिका के ग्यारह विश्वविद्यालयों के हिंदी विशेषज्ञों, प्राध्यापकों ने रचनात्मक भागीदारी की। इस अवसर पर विश्व रंग अंतरराष्ट्रीय हिंदी ओलम्पियाड-2025 के पोस्टर का लोकार्पण अतिथियों द्वारा किया गया। प्रवासी भारतीय साहित्य एवं संस्कृति शोध केन्द्र द्वारा तैयार एवं आईसेक्ट पब्लिकेशन द्वारा प्रकाशित 'अमेरिका की चयनित रचनाएँ' पुस्तक का लोकार्पण भी इस अवसर अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संयोजन- संचालन अंतरराष्ट्रीय हिंदी केंद्र के निदेशक डॉक्टर जवाहर कर्णावट ने किया। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल के कुलाधिपति एवं विश्व रंग के निदेशक श्री संतोष चौबे ने कहा कि राष्ट्र प्रेम, मातृभाषा और भारतीय संस्कृति के प्रति गहरी आस्था के कारण विदेशों में प्रवासी भारतीयों और भारतीय मूल के लोगों ने वैश्विक स्तर पर न सिर्फ हिंदी को बचाए रखा है वरन उसके विस्तार की नई संभावनाओं को जन्म दिया है। स्वस्फूर्त प्रयासों से यह संभव हो रहा है। इन प्रयासों से उपजी ऊर्जा को समेकित स्वरूप प्रदान करने के लिए हिंदी के वैश्विक परिवार का निर्माण करना होगा। ग्लोबल नेटवर्क का निर्माण करना होगा। विश्व रंग और रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय ने यह संभव कर दिखाया है। टैगोर विश्वविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी। यह केन्द्र हिंदी शिक्षण के लिए विश्व भर में प्रयोग में लाई जा रही शिक्षण पद्धतियों को सहेजने का कार्य करेगा। फुलब्राइट-हेस जी पी ए परियोजना के कार्यक्रम निदेशक अशोक ओझा ने कहा कि युवा हिंदी संस्थान और न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी फुलब्राइट-हेस जी पी ए परियोजना का मुख्य उद्देश्य यह है कि अमेरिकी भाषा शिक्षकों और वहाँ शिक्षक-प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति का औपचारिक ज्ञान प्राप्त हो, ताकि वे अमेरिका लौटकर उन सांस्कृतिक विषयों पर हिंदी में उत्कृष्ट पाठ्यक्रम तैयार कर सकें। न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय में हिंदी की वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रोफ़ेसर  गैब्रिएला निक इलेवा ने  “भारत की लोक संस्कृति में कहानी के विविध आयाम और  ऐतिहासिक स्थापत्य स्थलों में मूर्ति कला द्वारा प्रस्तुत कहानियाँ" पर विचार प्रस्तुत किये। डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, प्रति कुलाधिपति, आर.एन.टी.यू. ने इस अवसर पर आईसेक्ट नेटवर्क और एजीयू की विगत चालीस वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। प्रो. अमिताभ सक्सेना ने नींव पाठ्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रो. आर.पी.दुबे, कुलपति, आर.एन.टी.यू. ने भी हिंदी शिक्षण पर अपने विचार रखे। आभार संजय सिंह राठौर, सचिव, विश्व रंग सचिवालय ने व्यक्त किया।  रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, भोपाल द्वारा आयोजित भाषा संवाद में डेनियल मेंगो, सन फ्रांसिको विश्वविद्यालय, सविता बाला, मिडलेक्स कॉलेज, ईरयाना बाबिक, बियोस स्टेट यूनिवर्सिटी, निलाक्षी फुकन, नॉर्थ कोरलिना यूनिवर्सिटी, कुसुम , डूके यूनिवर्सिटी, प्रेमलता विश्नवा, कम्युनिटी स्कूल इंस्ट्रेक्टर, भानुश्री सिसोदिया, श्रेयकॉस यूनिवर्सिटी, मयुरी रमन नयन, कम्युनिटी स्कूल इंस्ट्रेक्टर, गरिमा अग्रवाल, कम्युनिटी स्कूल इंस्ट्रेक्टर, प्रशांत शिवकुमार शंकरन, न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी, माइनो मिरू मुर्मू, कम्युनिटी स्कूल इंस्ट्रेक्टर, अनुभूति काबरा, कम्युनिटी स्कूल इंस्ट्रेक्टर, हेमा ओझा, इंस्ट्रेक्टर, फुलब्राइट-हेस जी पी ए परियोजना, डॉ. प्रिथा मुखर्जी, आर्ट हिस्टोरियन, रूटगेर्स यूनिवर्सिटी, बिनोद चौबे, एडमिन असिस्टेंट, फुलब्राइट-हेस जी पी ए परियोजना, मनोज सिंह, फुलब्राइट-हेस जी पी ए परियोजना, राजेश शाह, फुलब्राइट-हेस जी पी ए परियोजना आदि ने रचनात्मक भागीदारी की। recent visitors 30

सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा- सहकारिता का संकल्प नए आयाम स्थापित करेगा

भोपाल सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा है कि सहकारिता का संकल्प नए आयाम स्थापित करेगा। सहकारिता के माध्यम से ही समृद्धि स्थापित होगी। जरूरत है मेहनत, लगन और पारदर्शिता की। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि नवाचार से किये गये कार्य के जरिये व्यक्ति नई ऊंचाईयों को पा सकता है। मंत्री श्री सारंग बुधवार को अपेक्स बैंक परिसर स्थित समन्वय भवन में अपेक्स बैंक एवं नाबार्ड के संयुक्त तत्वावधान में पैक्स कम्प्यूटराईजेशन योजनांतर्गत ई-पैक्स प्रशिक्षण सह संवेदीकरण कार्यक्रम पर राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने सहकारिता विभाग में 23 अनुकम्पा नियुक्ति पाने वालों को नियुक्ति आदेश भी प्रदान किये। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णबाल भी उपस्थित थे। ब्रांडिंग और दृढ़ता के साथ काम करने की भावना स्थापित करें मंत्री श्री सारंग ने कहा कि सहकारिता में ब्रांडिंग और दृढ़ता के साथ काम करने की भावना स्थापित हो। नित नये नवाचार के जरिये अपनी पहचान बनाएं। उन्होंने कहा पूरी दुनिया में उदाहरण है जिन्होंने काम किया लोग उन्हें ही याद रखते है। इसलिये स्वयं अपने व्यक्तित्व निर्माण के साथ उत्कृष्ट कार्य करें, जिससे उन्हें आगे बढ़ने के अवसर मिले और लोग उन्हें याद रखे। पैक्स कम्प्यूटराइजेशन में मध्यप्रदेश प्रथम मंत्री श्री सारंग ने कहा की सीखने की कोई उम्र नहीं होती। सीखने की चाहत सफल बनाती है। सहकारिता के माध्यम से ही अर्थ-व्यवस्था का उन्नयन किया जा सकता है। उन्होंने खुशी जाहिर की कि पैक्स कम्प्यूटराइजेशन में मध्यप्रदेश प्रथम स्थान पर रहा है। कम्प्यूटराइजेशन की इस बड़ी मुहिम में पारदर्शिता के साथ हमारा प्रयास सफल रहा। सीपीपीपी मॉडल की सराहना मंत्री श्री सारंग ने बताया कि मध्यप्रदेश का नया सीपीपीपी (को-ऑपरेटिव पब्लिक पा्रयवेट पारटरशिप) मॉडल की ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में सराहना हुई। यही नहीं राज्य सरकार ने सहकारिता के क्षेत्र में 2500 करोड़ के एम.ओ.यू. भी किये। मंत्री श्री सारंग ने सहकारिता विभाग में अनुकंपा नियुक्ति प्राप्त करने वालों को भी जिम्मेदारी के साथ दिये गये काम को सम्पादित करने को कहा। उन्होंने युवाओं से आहवान किया कि पारदर्शिता, निपुणता और व्यावसायिकता के साथ काम करें। इस मौके पर उन्होंने एक मार्गदर्शिका का विमोचन भी किया। अपेक्स बैंक प्रबंध संचालक श्री मनोज गुप्ता ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में श्री अशोक वर्णवाल,  अपर मुख्य सचिव  सहकारिता, आयुक्त सह पंजीयक श्री मनोज पुष्प, नाबार्ड की मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती सी.सरस्वती, अपर आयुक्त सहकारिता श्री बी.एस. शुक्ला, अपेक्स बैंक ट्रेनिंग कालेज के प्राचार्य श्री पी.एस.तिवारी के साथ पूरे प्रदेश के सहकारिता विभाग, अपेक्स बैंक के अधिकारी, जिला बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं पैक्स के प्रबंधक उपस्थित रहे। कार्यशाला का संचालन श्री अरविंद बौद्ध,  सहायक आयुक्त ने किया, टेक्निकल प्रेजेंटेशन सॉफ्टवेयर वेंडर टीम के प्रतिनिधियों द्वारा तथा बैंकिंग से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर श्री के.टी.सज्जन, उप महाप्रबंधक अपेक्स बैंक द्वारा सेशन में  मॉडरेशन किया गया । अनुकंपा नियुक्ति पाने वालों को नियुक्ति पत्र मंत्री श्री सारंग ने इंदौर की कु. प्रेरणा सोनी, सागर के श्री ओजस्वा यादव, टीकमगढ़ की श्रीमती ऊषा सेन, नरसिंहपुर की कु. पूर्णिमा गहलोद, शाजापुर की कुमारी सौम्या मालवीय, महाराष्ट्र वर्धा की कु. योगिता सतपाल, सतना की श्रीमती शुभांगी श्रीवास्तव और श्रीमती सुभद्रा सिंह, जबलपुर की कु. कंचन दाहिया और श्रीमती भावना तिवारी, रतलाम की सुश्री नेहा सोलंकी, सागर के ओजस्वा यादव और श्री अमित जाटव, बालाघाट के श्री विजय राज सोनवे, सीहोर श्री मुकेश कुमार और श्री दीपेश सिसोदिया, विदिशा के विनोद रायकवार, बैतूल के श्री हेमंत प्रधान, मुरैना के श्री अक्षय चौहान, रीवा के श्री देशराज वर्मा, भोपाल के श्री शुभम पांचाल, श्योपुर के श्री जयकुमार रेगर, सिवनी के श्री आशीष कोरी और सीधी के श्री राजेश कुमार पटेल को नियुक्ति पत्र प्रदान किये। कार्यक्रम के अंतिम सत्र में चेंज मैनेजमेंट हेतु आयोजित किया गया। recent visitors 30