Saturday, July 4, 2026 3:39 pm

14 महिला समेत 26 वर्दीधारी ढेर, 93 लाख का था इनाम, हथियारों का जखीरा बरामद

बीजापुर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के जंगलों में गुरुवार को हुई मुठभेड़ में 14 महिला माओवादियों सहित कुल 26 वर्दीधारी माओवादी मारे गए. इस मुठभेड़ में डीआरजी बीजापुर के एक आरक्षक राजूराम ओयाम भी शहीद हो गए. मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और माओवादी सामग्री बरामद की गई. वहीं आज नक्सलियों के शव को लेकर जवान बीजापुर जिला मुख्यालय पहुंचे. मारे गए 18 माओवादियों की शिनाख्त हो गई है, इन सभी पर 93 लाख रुपये का इनाम घोषित था. शेष मारे गये माओवादियों की पहचान की जा रही है. पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पश्चिम बस्तर डिवीजन के कोय 2, प्लाटून नंबर 13 और दरभा डिवीजन के सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद बीजापुर डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ, सुकमा डीआरजी, कोबरा और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया. 20 मार्च को सुबह करीब 7 बजे अंडरी के जंगल में माओवादियों के साथ मुठभेड़ शुरू हुई, जो रुक-रुक कर शाम तक चली. मारे गए माओवादियों की पहचान मुठभेड़ में मारे गए 26 माओवादियों में से 18 की प्रारंभिक पहचान कर ली गई है, जबकि शेष की शिनाख्त जारी है. मृतकों में डीवीसीएम (डिविजनल कमेटी मेंबर) सीतो कड़ती (8 लाख का इनाम), पांच एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) और तीन पीपीसीएम (प्लाटून पार्टी कमेटी मेंबर) शामिल हैं. इसके अलावा नौ पीएलजीए (पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी) प्लाटून मेंबर भी मारे गए, जिनमें से प्रत्येक पर 5 लाख रुपये का इनाम था. बरामद हथियार और सामग्री घटनास्थल से एके-47, स्नाइपर एसएलआर, इंसास राइफल, 303 राइफल, रॉकेट लॉन्चर, बीजीएल लॉन्चर सहित बड़ी मात्रा में हथियार और विस्फोटक बरामद हुए. इसके साथ ही माओवादी वर्दी, साहित्य, दवाइयां, बैटरी, रेडियो और दैनिक उपयोग की सामग्री भी जब्त की गई. मुठभेड़ में मारे गए 18 माओवादियों की जानकारी     सीतो कड़ती – निवासी मुण्डेर, थाना मिरतुर; पदनाम – DVCM, पश्चिम बस्तर डिवीजन, इनाम – ₹8 लाख     सुकई हपका – निवासी काकेकोरमा, थाना बीजापुर; पदनाम – ACM, इनाम – ₹5 लाख     सुक्की पूनेम – निवासी पुसनार, थाना गंगालूर, पदनाम – ACM, पश्चिम बस्तर डिवीजन, इनाम – ₹5 लाख     कांती लेकाम – निवासी पेद्दापाल, पदनाम – ACM, पश्चिम बस्तर डिवीजन, इनाम – ₹5 लाख     मधु कुंजाम – निवासी रामपुर, थाना गंगालूर, पदनाम – ACM, पश्चिम बस्तर डिवीजन, इनाम – ₹5 लाख     सुखराम ओयाम – निवासी मिरतुर, थाना मिरतुर, पदनाम – ACM, पश्चिम बस्तर डिवीजन, इनाम – ₹5 लाख     कोसी पूनेम – निवासी कोकरा, थाना बीजापुर, पदनाम – PPCM, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     वागा – निवासी बेचापाल, थाना मिरतुर, पदनाम – PPCM, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     बुधरू पूनेम – निवासी मुनगा, थाना गंगालूर, पदनाम – PPCM, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     आयते हेमला – निवासी कोकरा, थाना बीजापुर, पदनाम – PLGA प्लाटून मेंबर, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     लच्छी पूनेम – निवासी डोडीतुमनार, थाना गंगालूर, पदनाम – PLGA प्लाटून मेंबर, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     जुगनी – निवासी भैरमगढ़; पदनाम – PLGA प्लाटून मेंबर, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     सरिता – निवासी बेलमनेण्ड्रा, थाना आवापल्ली, पदनाम – PLGA प्लाटून मेंबर, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     नंदा – निवासी मुतवेंडी, थाना गंगालूर, पदनाम – PLGA प्लाटून मेंबर, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     जितेंद्र – निवासी फरसेगढ़ क्षेत्र, पदनाम – PLGA प्लाटून मेंबर, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     मोटू पोड़ियामी – निवासी हकवा, थाना मिरतुर, पदनाम – PLGA प्लाटून मेंबर, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     लखमा ओयाम – निवासी पीड़िया, थाना गंगालूर, पदनाम – PLGA प्लाटून मेंबर, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख     मंगू ओयाम – निवासी पीड़िया, थाना गंगालूर, पदनाम – PLGA प्लाटून मेंबर, प्लाटून नंबर-13, इनाम – ₹5 लाख शहीद जवान को श्रद्धांजलि मुठभेड़ में डीआरजी का जवान राजूराम ओयाम वीरगति को प्राप्त हुआ. उनके पार्थिव शरीर को जिला मुख्यालय बीजापुर लाया गया, जहां 21 मार्च को सुबह 10 बजे नई पुलिस लाइन स्थित शहीद वाटिका में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई. 80 दिनों में 97 माओवादी ढेर पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी. ने बताया कि बस्तर क्षेत्र में शांति और विकास के लिए सुरक्षा बल मजबूत मनोबल के साथ कार्य कर रहे हैं. इस साल के पहले 80 दिनों में बस्तर संभाग में 97 हार्डकोर माओवादी मारे गए हैं, जिनमें से 82 बीजापुर जिले से हैं. उन्होंने माओवादियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण करने और छत्तीसगढ़ सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाने की अपील की. माओवादी संगठन में बढ़ रही अंदरूनी कलह अधिकारियों ने बताया कि माओवादी संगठन में आपसी अविश्वास और कलह बढ़ रही है, जिसके चलते सदस्य एक-दूसरे की हत्या भी कर रहे हैं. इलाके में सुरक्षा बलों के लगातार अभियानों और विकास कार्यों से माओवादियों का प्रभाव कम हो रहा है. recent visitors 37

पूर्ववर्ती गहलोत सरकार के सबसे बड़े छात्रवृत्ति घोटाले में भजनलाल सरकार ने की अब तक 2 करोड़ की वसूली

जयपुर राजस्थान का सबसे बड़ा छात्रवृत्ति घोटाला, जो पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार के वक्त का था, उसमें भजनलाल सरकार ने 2 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक की वसूली आरोपी छात्रों से 18 मार्च 2025 तक कर ली है । जबकि अभी भी 337 आरोपी छात्रों से छात्रवृत्ति की वसूली करनी बाकी है । यह छात्रवृत्ति घोटाला शैक्षणिक वर्ष 2021-22 और 2022-23 का है । सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग के सूत्रों के मुताबिक पूरे प्रदेश में जांच के दौरान 10248 संदिग्ध मामले छात्रवृत्ति लेने के पकड़े गए थे । इसमें से 1654 मामले वसूली के योग्य पाए गए थे। इसमें से अब तक गलत तरीके से छात्रवृत्ति लेने वाले 1075 छात्रों से 2 करोड़ 22 लाख 49 हजार 554 रुपये वसूली हो चुकी है । वहीं जांच के बाद सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग ने 311 शिक्षण संस्थानों को ब्लैकलिस्ट भी कर दिया था । जांच के दौरान पता चला कि सबसे ज्यादा मामले जयपुर ग्रामीण से थे । यहां पर 2928 संदिग्ध तरीके से छात्रवृत्ति लेने के पकड़े गए थे । जिसमें से 310 वसूली के योग्य पाए गए । इसमें से अब तक 266 आरोपी छात्रों से 9807008 रुपये की वसूली हो चुकी है,जबकि 44 छात्रों से वसूली की कार्य प्रक्रियाधीन है । वहीं जयपुर ग्रामीण के बाद दौसा जिले में 1752 संदिग्ध मामले छात्रवृत्ति लेने के पकड़े गए थे । इसमें से 469 केस वसूली के योग्य पाए गए इसमें से 449 छात्रों से 41 लाख 16 हजार 600 रुपये की वसूली हो चुकी है, जबकि 20 मामलों में वसूली की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है । वहीं सवाईमाधोपुर जिले में 1483 संदिग्ध मामले जांच के दौरान पकड़े गए थे । इसमें से 295 मामले वसूली के योग्य पाए गए थे । लेकिन सवाईमाधोपुर जिले में अभी तक 65 आरोपी छात्रों से 12 लाख 49 हजार 300 रुपये की वसूली हो सकी है, जबकि 230 छात्रों से वसूली बाकी है । साथ ही यहां पर 16 संस्थानों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई थी । वहीं सीकर जिले में 504 संदिग्ध मामले जांच के दौरान पकड़े गए थे । इसमें से 167 मामले वसूली के योग्य पाए गए थे । इसमें अब तक 49 छात्रों से 9 लाख 46 हजार 300 रुपये की वसूली हो चुकी है,जबकि बाकी की जानकारी जिला कार्यालय द्वारा उपलब्ध नहीं कराई गई है । वहीं सीकर जिले में एक विश्वविद्यालय समेत 8 संस्थाओं और 118 अपात्र छात्रों के खिलाफ 9 जनवरी 2024 को एफआईआर दर्ज करवाई गई थी । जांच रिपोर्ट के मुताबिक भरतपुर जिले में 122 संदिग्ध मामले पकड़े गए थे । जिसमें से 33 वसूली योग्य पाए गए थे। इसमें से 27 केसों में अब तक 4 लाख 72 हजार 544 रुपये की वसूली कर ली गई है, जबकि 5 मामलों में वसूली कार्यवाही प्रक्रियाधीन है । वहीं झुंझुनूं जिले में 207 संदिग्ध मामलों में से 84 मामले वसूली के योग्य चिह्नित किए गए थे । इसमें से अब तक 55 आरोपी छात्रों से 18 लाख 65 हजार 550 रुपये की वसूली हो चुकी है । recent visitors 53

दो करोड़ की अवैध शराब पर चला बुलडोजर, 40 हजार लीटर मदिरा को पुलिस ने किया नष्ट

राजनांदगांव जिलेभर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जब्त की गई करीब दो करोड़ की अवैध शराब पर राजनांदगांव पुलिस ने बुलडोजर चलाकर नष्ट किया. जिले के विभिन थानों से 10-12 वर्ष पुराने प्रकरणों में जब्त 40 हजार लीटर शराब को शहर के सीआईटी मैदान के पास नष्ट किया गया. इस दौरान एसपी मोहित गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल सहित सभी थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे. एसपी मोहित गर्ग ने कहा, अवैध शराब के खिलाफ जिले में कार्रवाई जारी है. 2012 के बाद से जब्त मदिरा का आज नष्टीकरण किया गया। राजनांदगांव में अवैध शराब के मामलों में विभिन्न थाना क्षेत्रों में जब्त शराब का मामला न्यायालय में चला और इसके बाद जब्त शराब को विनष्टिकरण करने के लिए अनुमति मांगी गई. अनुमति मिलने पर पुलिस विभाग ने बुलडोजर की मदद से इस शराब को नष्ट करने की कार्रवाई की. कड़ी सुरक्षा के बीच हजारों बोतलों में भरी शराब पर बुलडोजर चलाया गया. recent visitors 28

बिना ब्याज पांच लाख तक लोक के लिए अब तक तीन लाख पंजीकरण हो चुके, 33 हजार ऋण स्वीकृत: योगी आदित्‍यनाथ

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत बिना ब्याज पांच लाख तक लोक के लिए अब तक तीन लाख से अधिक युवा उद्यमियों के पंजीकरण हो चुके हैं और 32 हजार से अधिक युवाओं को ऋण स्वीकृत हो चुका है। योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को यहां मुख्‍यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत अयोध्या मंडल के सभी जिलों से आए युवाओं के ऋण वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह ऋण व्यवसाय को आगे बढ़ाने में युवाओं का संबल बनने के लिए स्वीकृत किया गया है। उप्र में मुख्‍यमंत्री युवा उद्यमी योजना विकास अभियान (सीएम-युवा) के तहत लाभार्थी को पांच लाख रुपये तक की लागत का व्यवसाय शुरू करने के लिए ब्याज मुक्त कर्ज देने की सरकार की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्याज-मुक्त ऋण युवा उद्यमियों को आगे बढ़ने के लिए एक बेहतरीन योजना है। उन्होंने कहा कि योजना शुरू होने के दो महीने के भीतर एक लाख युवाओं को इससे जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। उन्होंने कहा कि पोर्टल लांच होने के कुछ ही समय बाद उप्र के युवाओं से इस योजना को समर्थन मिला। तीन लाख से अधिक पंजीकरण अब तक हो गये हैं जिसमें एक लाख 27 हजार से अधिक युवाओं के फार्म स्‍क्रीनिंग के बाद बैंकों को भेजे जा चुके हैं। इसमें 32 हजार से अधिक युवाओं के लिए बैंक का कर्ज स्वीकृत हो गया है। मंडलवार आयोजित होने वाले इस तरह के समारोह की चर्चा करते हुए मुख्‍यमंत्री ने कहा कि मैं इस सातवें कार्यक्रम में भाग ले रहा हूं। 25, 26, 27 मार्च तक हर जिले में निवेश मेला आयोजित होने जा रहा है, उस मेले में भी युवाओं के लिए ऐसी योजनाओं के शिविर लगेंगे। उन्होंने कहा कि एक हजार से अधिक युवा उद्यमी बैंक ऋण का लाभ लेकर एक नए जीवन की शुरुआत करना चाहते हैं। वे भी अपने जनपद, प्रदेश व देश के विकास में सहयोगी बनना चाहते हैं। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, एमएसएमई मंत्री राकेश सचान,अयोध्‍या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या मंडल के 1,148 युवा उद्यमियों को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत 47 करोड़ रुपये के ब्याज मुक्त ऋण वितरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के लाभार्थियों को टूलकिट भी वितरित किए ताकि वे अपने हुनर को निखार सकें। योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा पहले अपनी पहचान छुपाता था लेकिन आज वह अपना उद्यम स्थापित कर रहा है। यह वही उत्तर प्रदेश है जहां पहले उद्यम नहीं लगते थे, आज नए-नए उद्यम भी लग रहे हैं और हमारा युवा भी अपना उद्यम लगाने के लिए तैयार हो रहा है। मुख्‍यमंत्री ने उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति पर गर्व जताते हुए कहा कि पिछले आठ वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था 12.75 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 27.51 लाख करोड़ रुपये हो गई है, जो दोगुने से अधिक की वृद्धि है। योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के बदलते स्वरूप की चर्चा करते हुए कहा कि 2016-17 में पूरे साल में 2.34 से 2.50 लाख श्रद्धालु आते थे, लेकिन 2024 में 16 करोड़ से अधिक श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। अब प्रतिदिन 2.5 लाख लोग दर्शन के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान विंध्यवासिनी धाम, काशी, गोरखपुर, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे तीर्थ भी श्रद्धालुओं से भरे रहे। उन्होंने कहा कि इन धार्मिक आयोजनों ने आस्था को आजीविका से जोड़ा है। हजारों लोगों के लिए नए रोजगार का सृजन भी हुआ। उन्होंने कहा कि आस्था और संस्कृति रोजगार का पर्व भी बन सकती है। recent visitors 48

कोर्ट से कई शर्तों पर अब्बास अंसारी को जमानत मिली, ढाई साल बाद जेल से बाहर, ईद से पहले परिवार में छाईं खुशियां

लखनऊ मुख्तार अंसारी का विधायक बेटा अब्बास अंसारी ढाई साल से भी अधिक समय तक जेल में रहने के बाद शुक्रवार को बाहर आ गया। अब्बास को सात मार्च को सुप्रीम कोर्ट से कई शर्तों पर अब्बास अंसारी को जमानत मिली थी। करीब 15 दिनों बाद कोर्ट का परवाना कासगंज जेल पहुंचा और अब्बास को रिहाई मिल सकी है। मुख्तार अंसारी के परिवार के लिए ईद से पहले यह बड़ी खुशी है। रमजान के महीने में जुमे के दिन अब्बास के बाहर आने को भी उसके समर्थक खुदा की मेहरबानी मान रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अब्बास अंसारी को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास में रहने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही कहा है कि उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र मऊ का दौरा करने से पहले प्राधिकारियों से अनुमति लेनी होगी। इसके साथ ही अदालत की बिना अनुमति के उत्तर प्रदेश नहीं छोड़ सकेंगे। अदालतों में पेश होने से एक दिन पहले पुलिस अधिकारियों को जानकारी भी देंगे। अब्बास अंसारी को पिछले विधानसभा चुनाव के कुछ समय बाद ही 4 नवंबर 2022 को गिरफ्तार किया गया था। उनके ऊपर सबसे बड़ा मामला हेट स्पीच का था। इसके बाद 6 सितंबर 2024 को उनके ऊपर गैंगस्टर लग गया था। अब्बास पहले चित्रकूट जेल में थे। यहां पत्नी निकहत के साथ अवैध रूप से मुलाकात करते पकड़े जाने पर कासगंज जेल भेजा गया था। निकहत को भी गिरफ्तार कर चित्रकूट जेल में रखा गया था। निकहत को भी सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रिहा किया गया था। अब्बास ने 2022 का विधानसभा चुनाव ओपी राजभर की पार्टी सुभासपा के चुनाव चिह्न पर जीता था। तब सुभासपा और समाजवादी पार्टी ने गठबंधन करके चुनाव लड़ा था। सपा का साथ छोड़कर भाजपा से गठबंधन करने पर जब सवाल उठे तो ओपी राजभर ने अब्बास को सपा का भेजा हुआ प्रत्याशी बताया था। अब अब्बास के बाहर आने से यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि वह सुभासपा की बैठकों जाते हैं या उससे दूरी बनाकर रहते हैं। विधानसभा में भी उनकी सीट पर नजर रहेगी। recent visitors 42

विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस का सफल आयोजन

जबलपुर इस बार विश्व उपभोक्ता दिवस 15 मार्च 2025 को होली पर्व होने के कारण शासन द्वारा विश्व उपभोक्ता दिवस का कार्यक्रम 21 मार्च 2025 को आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देश के तारतम्य में आज विश्व उपभोक्ता दिवस के उपलक्ष्य में उपभोक्ताओ को जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शनी तथा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रदर्शनी में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, खा‌द्य एवं औषधि प्रशासन, सहकारी दुग्ध संघ एवं विधिक माप विज्ञान (नाप-तौल) विभाग द्वारा स्टॉल लगाए गए। प्रदर्शनी में पेट्रोल पम्प में डीजल/पेट्रोल की डेंसिटी कैसे मापे, जैसी कई जानकारियां दी गई। कार्यक्रम मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर तथा सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभांरम किया गया। उक्त कार्यक्रम में विभिन्न उपभोक्ता संगठनों के पदाधिकारी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में जिला आपूर्ति नियंत्रक श्रीमती नुजहत बानो बकाई, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के श्री परविन्दर जीत सिंह बिन्द्रा एवं श्रीमती मंजू वैश्य द्वारा अपने विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम का संचालन तथा आभार प्रदर्शन सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री संजय खरे द्वारा किया गया। recent visitors 44

रैम्प योजना के तहत एनएसई कार्यशाला संपन्न

जबलपुर जबलपुर संभाग के लघु एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई) के प्रदर्शन में सुधार लाने के उद्देश्य से रेजिंग एंड एक्सलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (रैम्प) योजना के तहत आज शुक्रवार को होटल शॉन अलीजे में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संभाग के जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्रों, विभिन्न उद्योग संघों एवं उद्यमियों ने भागीदारी की। कार्यशाला का शुभारम्भ उद्यमियों को रैम्प योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान कर किया गया। कार्यशाला में उद्यमियों को आईपीओ के माध्यम से फंड प्राप्त करने और रैंप योजना के अंतर्गत एनएसई एसएमई बोर्ड पर पंजीकरण करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। इसके साथ ही ज़ीरो डिफेक्ट ज़ीरो इफेक्ट (जेड) योजना, एमएसएमई कॉम्पिटीटिव लीन स्कीम (एमसीएलएस) एवं बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यशाला में मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम एवं रैम्प योजना के स्टेट नोडल अधिकारी अनिल थागले ने एनएसई के माध्यम से उद्योगों को वित्तीय संसाधन जुटाने के तरीकों पर प्रकाश डालते हुए योजना के उद्देश्य, मध्य प्रदेश सरकार की भूमिका और स्थानीय उद्योगों के लिए उपलब्ध संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) की एसोसिएट वाइस प्रेसीडेंट सुश्री पार्वती मूर्ति ने उद्यमियों को स्टॉक लिस्टिंग प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि लगभग 15 उद्योगों ने एनएसई लिस्टिंग के लिए अपनी रुचि व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि एसएमई इकोसिस्टम को मजबूत करने से न केवल यह लार्ज-स्केल इंडस्ट्रीज को आकर्षित करता है, बल्कि उद्योगों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी भी बनाता है। एनएसई में लिस्टेड उद्यमों को वित्त के नए तरीकों के साथ साथ राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान भी प्राप्त होती है। संयुक्त संचालक, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग विनीत रजक ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि एमएसएमई इकाइयों को पूंजी के लिए गैर पारंपरिक वित्तीय व्यवस्थाओं को अपनाना चाहिए। यह उद्योगों के स्थायित्व के लिए जरूरी है। राष्ट्रीय उत्पादकता परिषद के अधिकारी बी प्रभाकर ने उत्पादकता बढ़ाने के विषय पर चर्चा की। उन्होंने उद्योगपतियों को लीन योजना एवं कानबान सिस्टम आदि के बारे में जानकारी दी। recent visitors 50