रायपुर : गौ सेवा रत्न अलंकरण महोत्सव- राज्यपाल रमेन डेका ने गौशाला में की पूजा अर्चना

रायपुर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में आज गौ सेवा रत्न अलंकरण महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें राज्यपाल रमेन डेका  विशेष रूप से उपस्थित हुए। राज्यपाल ने मनोहर गौशाला में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और गौ माता की आराधना में भाग लिया। राज्यपाल रमेन डेका ने मंदिर में गौ आरती में हिस्सा लिया और गौ माता की पूजा की। उन्होंने इस अवसर पर गौ सेवा के महत्व पर भी अपने विचार रखे और गौ रक्षा और संवर्धन की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। पूजा-अर्चना और आरती के पश्चात, राज्यपाल ने गौशाला परिसर का भ्रमण किया और गौवंश की देखरेख और सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गौ सेवा न केवल हमारी संस्कृति का हिस्सा है, बल्कि यह पर्यावरण और ग्रामीण जीवन के संतुलन को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इस अवसर पर गौशाला प्रबंधन के सदस्य और ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। recent visitors 29

रायपुर : विश्व जल दिवस: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से किया जल संरक्षण का आह्वान

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्व जल दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों से जल संरक्षण अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जल ही जीवन है — जीवन का आरंभ जल से हुआ है और इसका सतत प्रवाह ही जीवन की निरंतरता का आधार है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज जब दुनिया जल संकट की ओर बढ़ रही है, तब हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह जल की हर बूँद को संजोए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 22 मार्च को ‘विश्व जल दिवस’ मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य समाज में जल के महत्व और उसके संरक्षण की आवश्यकता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने जल संरक्षण को अपनी प्राथमिकताओं में रखते हुए कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। राज्य में जन-भागीदारी के माध्यम से जल संचय को बढ़ावा दिया जा रहा है, साथ ही जल प्रदूषण नियंत्रण और जल संसाधनों के पुनर्जीवन के लिए भी योजनाबद्ध और सतत प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धमतरी जिले में आयोजित ‘जल-जगार महोत्सव’ जल संरक्षण को लेकर एक अभिनव पहल थी, जिसमें स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से जल चेतना को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि बढ़ती जनसंख्या, अनियंत्रित दोहन और प्रदूषण के कारण स्वच्छ जल की उपलब्धता भविष्य की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन चुकी है, जिसे केवल सामूहिक प्रयासों से ही टाला जा सकता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि जल की प्रत्येक बूँद को सहेजेंगे, इसके महत्व को जन-जन तक पहुँचाएँगे और आने वाली पीढ़ियों को जल-समृद्ध भविष्य का उपहार देंगे। recent visitors 57

रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर खुला खुड़िया जलाशय का गेट, कई गांवों को मिलेगी राहत

रायपुर लोरमी क्षेत्र के कई गांवों के लोगों की मांग पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद ग्राम खुड़िया स्थित राजीव गांधी जलाशय का गेट खोल दिया गया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने तत्परता से निर्णय लेकर जलाशय से पानी छोड़ा है। इससे क्षेत्र के अनेक गांवों को निस्तारी के लिए जल उपलब्ध होगा।         जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता आर.के. मिश्रा ने बताया कि खुड़िया जलाशय में अभी 65 प्रतिशत पानी भरा हुआ है। उप मुख्यमंत्री साव के निर्देश पर जलाशय से 200 क्यूसेक पानी नहर व नदी के माध्यम से छोड़ा गया है, जिससे क्षेत्र के तालाबों और मनियारी नदी पर निर्मित एनीकटों को भरा जाएगा। इससे ग्रामीणों को निस्तारी के लिए जल मिलेगा। साथ ही पशुपालन और अन्य कार्यों में भी राहत मिलेगी। खुड़िया जलाशय का गेट खुलने के बाद लोरमी क्षेत्र के लोगों ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव और स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उल्लेखनीय है कि लोरमी विकासखण्ड के कई गांवों के लोगों ने 19 मार्च को बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री साव से मुलाकात कर खुड़िया जलाशय से पानी छोड़े जाने की मांग की थी। साव ने इस पर मुंगेली के कलेक्टर को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। कलेक्टर ने निर्देश के बाद जल संसाधन विभाग के अधिकारियों द्वारा तत्काल गेट खोलकर जलाशय से पानी छोड़ा गया। recent visitors 19

रायपुर : राज्यपाल रमेन डेका ने खैरागढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही से भेंट की

रायपुर राज्यपाल रमेन डेका ने अपने खैरागढ़ दौरे के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभान्वित श्रीमती पूसई निषाद और उनकी बहू जानकी निषाद से मुलाकात की। उन्होंने उनके आवास का निरीक्षण किया और इस योजना के तहत प्रदान किए गए आवास की गुणवत्ता और सुविधाओं की जानकारी ली। श्रीमती पूसई निषाद ने राज्यपाल और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके जीवन को बेहतर बनाया है और वे इसके लिए आभारी हैं। राज्यपाल डेका ने योजना के क्रियान्वयन की सराहना की और कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे सरकारी कार्यक्रम आम नागरिकों के जीवन में सुधार लाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का लाभ सही समय पर सभी पात्र लोगों को मिले। राज्यपाल रमेन डेका ने श्रद्धा साईं महिला स्वालंबन केंद्र समिति की सदस्यों से भी मुलाकात की। इस समिति की अध्यक्ष श्रीमती त्रिवेणी पटेल ने राज्यपाल को केंद्र की गतिविधियों और महिलाओं के स्वालंबन में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। राज्यपाल ने महिला स्व सहायता समूह के कार्यों की सराहना की और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए प्रोत्साहित किया। राज्यपाल ने समिति की सभी महिलाओं से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना, दुर्ग संभाग आयुक्त सत्यनारायण राठौर, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। recent visitors 24

अमरूद की पत्ति‍यों में कई पोषक तत्‍व पाए जाते हैं, सुबह-सुबह बासी मुंह चबा लें पत्ति‍यां, 5 बीमार‍ियां होगी दूर

नई द‍िल्‍ली अमरूद की पत्तियां सेहत के लिए किसी औषधि से कम नहीं मानी जातीं हैं। खासतौर पर, बासी मुंह अमरूद की पत्तियां चबाने से सेहत को कई तरह के लाभ म‍िलते हैं। आयुर्वेद में इन्हें पाचन तंत्र सुधारने, मुंह की दुर्गंध दूर करने और दांतों को मजबूत बनाने के लिए फायदेमंद बताया गया है। आपको बता दें क‍ि अमरूद की पत्तियां एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर होती हैं। ये  मुंह के बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करती हैं। इसके अलावा अमरूद की पत्तियां चबा कर डायब‍िटीज को कंट्रोल क‍िया जा सकता है। ये पेट से जुड़ी समस्याओं को कम करने और त्वचा को स्वस्थ बनाए रखने में भी सहायक हो सकती हैं। अगर आप दिन की शुरुआत अमरूद की पत्तियों को चबाने के साथ करते हैं तो यह आपकी इम्युनिटी बढ़ाने के साथ-साथ शरीर को डिटॉक्स करने में भी मदद कर सकती है। लेकिन इन्हें खाने से पहले डॉक्टर या आयुर्वेद विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर होगा। आइए इनके फायदों के बारे में जानते हैं व‍िस्‍तार से- मुंह के छाले से द‍िलाए राहत गर्मियां शुरू होते ही पेट संबंधी द‍िक्‍कतें शुरू हो जाती हैं। पेट की गर्मी क कारण मुंह में छाले न‍िकल आते हैं। कई लोगों को तो ये समस्या बार-बार परेशान करती है। अगर आप भी छाले से परेशान हैं और ये परेशानी पीछा छोड़ने का नाम नहीं ले रही है तो आपको रोज सुबह बासी मुंह अमरूद की पत्‍त‍ियां चबानी चाह‍िए। इससे आपको तुरंत छाले से राहत म‍िलेगी। पाचन रखे दुरुस्‍त सुबह खाली पेट अमरूद की पत्तियां चबाने से आपको पाचन और पेट संबंधी समस्याओं से छुटकारा म‍िल सकता है। आप रोजाना तीन से चार अमरूद की पत्‍त‍ियां चबाना शुरू कर दें। आपको खुद की फर्क मालूम पड़ जाएगा। दांत दर्द से द‍िलाए राहत अगर आपको ओरल हेल्‍थ की समस्‍या है तो अमरूद की पत्‍त‍ियां आपके ल‍िए फायदेमंद हो सकती हैं। कई लोगों को मसूड़ों से खून आना या दांतों में दर्द की समस्या रहती है, उन्‍हें अमरूद की पत्तियां जरूर चबानी चाह‍िए। ये एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होती हैं। ये दांतों और मसूड़ों को मजबूत बनाने में मदद करती हैं। वजन घटाने में मददगार अगर आप रोजाना अमरूद की पत्तियां चबाते हैं तो आपका वजन तेजी से कम होता है। लगातार बढ़ रहे मोटापे से अमरूद की पत्तियां आपको राहत दिला सकती हैं। डायबिटीज करे कंट्रोल अगर आप डेली सुबह खाली पेट अमरूद के पत्ते चबाते हैं तो इससे डायबिटीज को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा अमरूद के पत्ते चबाने से कोलेस्ट्रॉल को भी कंट्रोल क‍िया जा स‍कता है। ध्‍यान रखें ये बातें     अमरूद की पत्तियाें को धुलकर ही चबाएं।     अमरूद की पत्ति‍यां ताजी होनी चाहिए।     अत्यधिक सेवन से बचें।     गर्भवती महिलाएं परहेज करें।   recent visitors 35

आज से शुरू होगा सात दिवसीय विशाल पुस्तक मेला, मिलेगी अतिरिक्त छूट

ग्वालियर स्कूली बच्चों को उचित दाम पर किताबें, ड्रेस व स्टेशनरी उपलब्ध कराने के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मेला परिसर स्थित दस्तकारी हाट बाजार (शिल्प बाजार) में आज दोपहर 2 बजे सात दिवसीय पुस्तक मेला (बुक फेयर) शुरू होगा। जिला प्रशासन की पहल पर आयोजित हो रहे इस पुस्तक मेले का औपचारिक शुभारंभ इस दिन सायंकाल 5.30 बजे विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह एवं सांसद श्री भारत सिंह कुशवाह सहित अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधिगणों की मौजूदगी में होगा। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने अभिभावकों व स्कूली विद्यार्थियों से पुस्तक मेले का लाभ उठाने की अपील की है। पुस्तक विक्रेताओं (ग्वालियर डिवीजन चिल्ड्रन बुक सेलर एसोसिएशन) ने पुस्तक मेले से किताबें, ड्रेस व स्टेशनरी खरीदने पर सभी तरह के डिस्काउंट (छूट) के अलावा अतिरिक्त छूट देने का निर्णय लिया है। व्यापारियों ने जिला प्रशासन द्वारा पुस्तक मेला लगाने के निर्णय का स्वागत किया है। साथ ही कहा है कि पुस्तक मेले से विद्यार्थियों व अभिभावकों को सभी तरह के डिस्काउंट के अलावा पुस्तकों की खरीदी पर 5 प्रतिशत, स्टेशनी पर 10 प्रतिशत तथा यूनीफॉर्म व अन्य सामग्री की खरीदी पर 5 प्रतिशत अतिरिक्त छूट दी जायेगी। शिल्प बाजार परिसर में 22 मार्च से 29 मार्च तक आयोजित होने जा रहे इस पुस्तक मेले में ग्वालियर जिले में संचालित सभी प्राइवेट स्कूलों की पुस्तकों के सेट, स्टेशनरी व यूनीफॉर्म सस्ती दर पर खरीदी जा सकेंगीं। मेले में पुस्तकों व स्टेशनी इत्यादि की 81 दुकानें लगेंगीं। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने लिया मेले की तैयारियों का जायजा कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शुक्रवार को शिल्प बाजार पहुँचकर पुस्तक मेले की तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही इससे पहले अधिकारियों की बैठक लेकर पुस्तक मेले के सुव्यवस्थित आयोजन के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुस्तक मेले में पेयजल, शौचालय व प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था की जाए। साथ ही पेड फूड स्टॉल भी लगाए जाएं। उन्होंने पुस्तक मेला परिसर में अग्नि सुरक्षा व विद्युत सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने पर भी विशेष जोर दिया। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने यह भी निर्देश दिए कि पुस्तक मेला परिसर में साफ-सफाई के विशेष इंतजाम किए जाएं। जगह-जगह डस्टबिन रखें, जिससे मेले में कचरा न फैले। उन्होंने पुस्तक मेला परिसर की सुबह-शाम नियमित सफाई करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने सड़क आवागमन व्यवस्थित रखने और बच्चों के सुरक्षित आवागमन का ध्यान रखने पर विशेष बल दिया।  इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार, अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम व श्री टी एन सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। recent visitors 22

राजस्थान ग्रुप-डी में 10वीं पास के लिए 53 हजार से अधिक पदों पर

जयपुर राजस्थान में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के 53,749 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 21 मार्च 2025 से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी rssb.rajasthan.gov.in और sso.rajasthan.gov.in पर जाकर 19 अप्रैल 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। अगर किसी अभ्यर्थी ने ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) शुल्क जमा नहीं किया है, तो उसे पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आवेदन पत्र भरते समय एक माह से अधिक पुरानी न होने वाली नवीनतम फोटो अपलोड करनी होगी। इसके अलावा, फॉर्म में विजिबल मार्क (पहचान चिन्ह) भरना अनिवार्य है। राजस्थान ग्रुप-डी भर्ती: वैकेंसी में बढ़ोतरी अब इस भर्ती अभियान के तहत 52,453 की बजाय 53,749 पदों पर भर्ती की जाएगी, यानी कुल 668 पदों का इजाफा किया गया है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) ने संशोधित विज्ञप्ति जारी कर दी है। पहले राजस्थान क्लास-IV भर्ती 2024-2025 में 46,931 पद नॉन-टीएसपी और 5,522 पद टीएसपी के लिए आरक्षित थे। अब इसे बढ़ाकर 48,199 नॉन-टीएसपी और 5,550 टीएसपी कर दिया गया है। इस बदलाव के तहत नॉन-टीएसपी के 640 और टीएसपी के 28 पद बढ़ाए गए हैं। आयु सीमा और शैक्षणिक योग्यता आयु सीमा इस भर्ती के लिए 18 से 40 वर्ष की आयु वाले 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को आयु में छूट राजस्थान सरकार के नियमों के अनुसार, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में विशेष छूट दी जाएगी: अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), पिछड़ा वर्ग (OBC), अति पिछड़ा वर्ग (MBC), और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के पुरुष उम्मीदवारों को 5 साल की छूट मिलेगी। इन्हीं वर्गों की महिला अभ्यर्थियों को 10 साल की छूट दी जाएगी। सामान्य (अनारक्षित) वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को 5 साल की छूट दी जाएगी। राजस्थान ग्रुप-डी भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं (सेकेंडरी) पास होना अनिवार्य है। जो अभ्यर्थी 10वीं कक्षा के अंतिम वर्ष की परीक्षा में शामिल हो चुके हैं, वे भी इस सीधी भर्ती के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। हालांकि, चयन के समय उन्हें उत्तीर्ण होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग और ओबीसी/अति पिछड़ा वर्ग (क्रीमीलेयर) के अभ्यर्थियों को 600 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं सभी आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 400 रुपये रखा गया है। इस दिन होगी परीक्षा राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSMSSB) के परीक्षा कैलेंडर के अनुसार, इस भर्ती की परीक्षा 18 से 21 सितंबर 2025 तक आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। recent visitors 33