Sunday, July 5, 2026 6:31 am

मंडोली जेल के आरएमओ रिटायरमेंट के दिन सस्पेंड, सुकेश चंद्रशेखर को घड़ी पहनने की सलाह देनी आरएमओ पड़ी महंगी

नई दिल्ली दिल्ली की मंडोली जेल में बंद कुख्यात ठग सुकेश चंद्रशेखर को कथित तौर पर घड़ी पहनने की सलाह देना जेल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (आरएमओ) को काफी महंगा पड़ गया। इस मामले में आरएमओ को उनकी रिटायरमेंट वाले दिन ही सस्पेंड कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, मंडोली जेल के आरएमओ को सस्पेंड कर दिया गया है। जेल के एक अधिकारी ने बताया कि आरएमओ ने जेल में बंद कुख्यात ठग सुकेश चंद्रशेखर को कलाई की घड़ी पहनने की डॉक्टरी सलाह दी थी। आरएमओ की ओर से इस मामले में जेल के संबंधित उच्च अधिकारी को कोई सूचना नहीं दी गई। अधिकारी की अनुमति के बिना कलाई घड़ी की डॉक्टरी सलाह का मामला संज्ञान में आने के बाद जेल प्रशासन द्वारा आरएमओ आर. राठी के खिलाफ जांच शुरू की गई और उसके बाद गत 28 फरवरी को उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। बताया गया कि उसी दिन आरएमओ की रिटायरमेंट का भी दिन था। जेल अधिकारी फिलहाल इस बात की जांच कर रहे हैं कि आरएमओ ने आखिर किस कारण से सुकेश को कलाई घड़ी पहनने की सलाह दी थी। बता दें कि, इससे पहले दिल्ली की निचली अदालत के निर्देश पर संबंधित सुरक्षा जांच के साथ जेल अधिकारियों ने सुकेश चंद्रशेखर को कलाई घड़ी उपलब्ध करा दी थी, लेकिन बाद में आदेश के खिलाफ जेल अधिकारियों की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई थी। एक जेल अधिकारी ने बताया कि पिछले महीने दिल्ली हाईकोर्ट ने मंडोली जेल के अधिकारियों द्वारा दाखिल याचिका पर नोटिस जारी किया था, जिसमें ट्रायल कोर्ट द्वारा जारी उक्त फैसले को चुनौती दी गई थी। याचिका में सुरक्षा कारणों के चलते हाईकोर्ट से यह अपील की गई थी कि निचली अदालत के आदेश को खारिज कर दिया जाए। recent visitors 27

सुख-समृद्धि के लिए चैत्र नवरात्रि से पहले घर लाएं ये चीजें

नई दिल्ली  चैत्र नवरात्रि का पर्व हिंदू धर्म में बहुत महत्व रखता है। यह पर्व विशेष रूप से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना का समय होता है, और इस दौरान भक्त पूरे मन, श्रद्धा और आस्था से मां भगवती के नौ रूपों की पूजा करते हैं। इस दौरान यदि कुछ विशेष चीजों को घर में लाया जाए, तो इससे घर में सुख-समृद्धि, शांति और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त होता है। आइए जानते हैं उन 5 चीजों के बारे में, जिन्हें नवरात्रि से पहले घर लाना चाहिए। मिट्टी के बर्तन मिट्टी के बर्तन प्राचीन समय से ही शुभ माने जाते हैं। विशेष रूप से नवरात्रि के समय मिट्टी के बर्तन घर में लाना बहुत शुभ माना जाता है। यह न केवल घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है, बल्कि यह प्रकृति से भी जुड़ा हुआ होता है। मिट्टी के बर्तन में भोजन पकाने से घर के सदस्य स्वस्थ रहते हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है। साथ ही, यह पर्यावरण के लिए भी फायदेमंद है। चांदी का सिक्का चांदी का सिक्का लाना न केवल धार्मिक दृष्टि से शुभ माना जाता है, बल्कि यह धन और संपत्ति के प्रतीक के रूप में भी काम करता है। नवरात्रि से पहले एक चांदी का सिक्का खरीदकर उसे मां दुर्गा की पूजा में रखें। ऐसा माना जाता है कि इस सिक्के से घर में लक्ष्मी का वास होता है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। इसे पूजा स्थल पर रखना चाहिए और नियमित रूप से उसका ध्यान रखना चाहिए। जौ खरीदना नवरात्रि में जौ का बहुत महत्व है। विशेष रूप से घर में नई फसल के रूप में जौ लाना बहुत शुभ माना जाता है। जौ को घर में लाकर पूजा के समय मां दुर्गा को अर्पित करें। इसके साथ ही, जौ को घर के आंगन में बोने से घर में समृद्धि और खुशहाली आती है। यह घर के सदस्यों को शारीरिक और मानसिक रूप से भी स्वस्थ रखने में मदद करता है। पीला चावल नवरात्रि के अवसर पर पीला चावल खरीदने का विशेष महत्व है। पीले चावलों को तंत्र-मंत्र और पूजा में उपयोग करने से मां भगवती प्रसन्न होती हैं और आशीर्वाद देती हैं। पीला चावल विशेष रूप से धरती के पोषण और समृद्धि का प्रतीक होता है। इसे पूजा स्थल पर रखें और मां के चरणों में अर्पित करें, ताकि आपके घर में सुख-समृद्धि का वास हो। श्रृंगार का सामान नवरात्रि में श्रृंगार का सामान लाना भी बहुत शुभ माना जाता है। महिलाएं खासकर इस दिन नवरात्रि के दौरान देवी दुर्गा का श्रृंगार करती हैं और पूजा करती हैं। आप अपनी घर की देवी का श्रृंगार करने के लिए गहने, चूड़ियां, बिचुएं, हार, और सिंदूर जैसी चीजें खरीद सकते हैं। इन चीजों को मां दुर्गा के सामने अर्पित करने से घर में सुख-शांति का वास होता है और हर इच्छा पूरी होती है। नवरात्रि से पहले इन चीजों का महत्व: इन सभी चीजों को घर लाने से न केवल मां दुर्गा की कृपा मिलती है, बल्कि घर के वातावरण में भी सकारात्मकता का संचार होता है। माना जाता है कि नवरात्रि के समय इन चीजों को घर में लाकर पूजा करने से देवी का आशीर्वाद प्राप्त होता है और जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति का वास होता है। recent visitors 30

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी चोटों से जूझ रहे , पाकिस्तान के खिलाफ बाकी बचे दो टी20आई मैचों से बाहर हो गए

नई दिल्ली न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी चोटों से जूझ रहे हैं। वह पाकिस्तान के खिलाफ बाकी बचे दो टी20आई मैचों से बाहर हो गए हैं। उन्हें दाएं कंधे में चोट लगी है और पहले से ही बाएं घुटने की समस्या है। कंधे की चोट उन्हें आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगी थी। न्यूजीलैंड को झटका न्यूजीलैंड 5 मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से आगे है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शनिवार को बताया कि कैंटरबरी के 22 साल के तेज गेंदबाज जैक फाउल्क्स अंतिम दो मैचों के लिए टीम के साथ बने रहेंगे। वह पहले तीन मैचों के लिए कवर के तौर पर टीम में शामिल हुए थे। विल ओ'रूर्के, जिनका नाम पहले तीन मैचों के लिए था, अब काइल जैमीसन की जगह अंतिम दो मैचों के लिए टीम में शामिल हो गए हैं। सीरीज का चौथा मैच रविवार को बे ओवल, टौरंगा में खेला जाएगा। आखिरी मैच अगले बुधवार को वेलिंगटन में होगा। हेनरी लंबे समय के लिए बाहर मैट हेनरी अब पाकिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज में नहीं खेल पाएंगे। उनकी जगह जैक फाउल्क्स और विल ओ'रूर्के को टीम में शामिल किया गया है। मैट हेनरी को कंधे और घुटने में चोट है। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने इस बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जैक फाउल्क्स टीम के साथ बने रहेंगे। फाउल्क्स पहले तीन मैचों के लिए कवर के तौर पर आए थे। न्यूजीलैंड क्रिकेट ने शनिवार को कहा, 'कैंटरबरी के 22 साल के तेज गेंदबाज जैक फाउल्क्स अंतिम दो मैचों के लिए टीम के साथ बने रहेंगे, वह पहले तीन मैचों के लिए कवर के तौर पर टीम में शामिल हुए थे।' काइल जैमीसन की जगह विल ओ'रूर्के को टीम में शामिल किया गया है। विल ओ'रूर्के पहले तीन मैचों के लिए टीम में थे। न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच चौथा टी20आई मैच रविवार को टौरंगा में होगा। सीरीज का आखिरी मैच वेलिंगटन में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड अभी सीरीज में 2-1 से आगे है। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम चाहेगी कि वह बाकी बचे मैच जीतकर सीरीज अपने नाम करे। recent visitors 42

मामा ने मंगवाया पिज्जा, जोमैटो ने नहीं की डिलीवरी, 342 का ऑर्डर पड़ गया भारी!

 ग्वालियर  ग्वालियर में एक ऑनलाइन फूड ऑर्डर को लेकर जोमैटो और परम फूड्स को उपभोक्ता फोरम का सख्त फैसला झेलना पड़ा। उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने आदेश दिया कि दोनों कंपनियां मिलकर उपभोक्ता को 342 रुपए 6% ब्याज सहित लौटाएं और मानसिक पीड़ा के लिए 10 हजार रुपए का हर्जाना दें। इसके अलावा केस लड़ने का खर्च 5 हजार रुपए भी चुकाना होगा। यदि 45 दिनों में यह राशि नहीं दी गई तो अतिरिक्त 5 हजार रुपए और भरने होंगे। ऑनलाइन फूड ऑर्डर बना परेशानी की वजह टीकमगढ़ निवासी संदीप कुमार रिछारिया ने 9 फरवरी 2024 को अपने भांजे के जन्मदिन के लिए ग्वालियर में परम फूड्स से पनीर टिक्का और पिज्जा ऑर्डर किया था। इस ऑर्डर के लिए उन्होंने ऑनलाइन 342 रुपए 11 पैसे का भुगतान किया। डिलीवरी 30 मिनट में होनी थी, लेकिन एक घंटे बाद भी पिज्जा नहीं पहुंचा। जब उन्होंने जोमैटो हेल्पलाइन पर कॉल किया तो पता चला कि उनका ऑर्डर रद्द कर दिया गया है, जिसकी सूचना उन्हें नहीं दी गई थी। न ही भुगतान की गई राशि वापस की गई। पिज्जा न मिलने की वजह से संदीप के भांजे का बर्थडे सेलिब्रेशन बिगड़ गया। इस धोखाधड़ी के खिलाफ उन्होंने उपभोक्ता फोरम में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद फोरम ने जोमैटो और परम फूड्स को नोटिस जारी किया। कंपनियों ने खुद को निर्दोष बताया, लेकिन फोरम ने ठहराया दोषी परम फूड्स ने दलील दी कि वे सीधे ऑर्डर नहीं लेते, बल्कि जोमैटो के जरिए ही बुकिंग स्वीकार करते हैं। उनके अनुसार, जोमैटो ने ऑर्डर कैंसिल किया और इसकी सूचना उन्हें भी नहीं दी गई। इसलिए वे इसमें जिम्मेदार नहीं हैं।जोमैटो की तरफ से कहा गया कि वे केवल फूड डिलीवरी का काम करते हैं, खुद खाना नहीं बेचते। उन्होंने यह भी बताया कि गलत पता या रेस्टोरेंट की समस्या के कारण ऑर्डर रद्द किया गया। हालांकि, उपभोक्ता फोरम ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पाया कि सेवा में कमी हुई है और उपभोक्ता को मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी है। इसी आधार पर फोरम ने जोमैटो और परम फूड्स दोनों को जिम्मेदार ठहराते हुए कुल 15,342 रुपए का भुगतान करने का आदेश दिया। recent visitors 26

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने नौयान शिपयार्ड प्राइवेट लिमिटेड में 74 फीसदी हिस्‍सेदारी खरीदी, डील 382.73 करोड़ रुपये रुपये हुई

मुंबई मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्‍ट्रीज के तहत एक और कंपनी आ चुकी है. रिलायंस इंडस्ट्रीज के पूर्ण मालिकाना हक वाली स्टेप डाउन सब्सिडियरी नौयान ट्रेडिंग्स प्राइवेट लिमिटेड (NTPL) ने नौयान शिपयार्ड प्राइवेट लिमिटेड (NSPL) में 74 फीसदी हिस्‍सेदारी खरीद ली है. यह डील 382.73 करोड़ रुपये रुपये में वेलस्पन कॉर्प लिमिटेड से हुई है. रिलायंस इंडस्‍ट्रीज ने शेयर बाजार को इसकी जानकारी दी है कि NSPL 21 मार्च से रिलायंस इंडस्ट्रीज की स्टेप डाउन सब्सिडियरी बन गई है. इस डील से पहले एनटीपीएल ने एनएसपीएल को 93.66 करोड़ रुपये का अनसिक्योर्ड लोन दिया था. रिलायंस इडस्‍ट्रीज ने एक्‍सचेंज फाइलिंग में कहा कि अधिकारियों की मंजूरी के लिए जरूरी आवेदन किए जा रहे हैं. कंपनी के शेयरों में आई तेजी 21 मार्च को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर BSE पर 0.62 प्रतिशत बढ़त के साथ 1276.45 रुपये पर बंद हुए. कंपनी का मार्केट कैप 17.27 लाख करोड़ रुपये हो चुका है. यह शेयर 6 महीने के दौराप 14 फीसदी तक नीचे आ चुका है. साल 2025 में अब तक शेयर 4 प्रतिशत की तेजी दिखा चुका है. इस शेयर की फेस वैल्‍यू 10 रुपये है. कंपनी में दिसंबर 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 50.13 प्रतिशत हिस्सेदारी थी. यह देश की सबसे ज्‍यादा वैल्‍यूवेबल कंपनी है. पिछले एक साल में रिलायंस इंडस्‍ट्रीज के शेयर में 12.20 फीसदी की गिरावट आई है. हालांकि पांच साल के दौरान यह शेयर 153 फीसदी चढ़ा है. इसके 52 सप्‍ताह का हाई लेवल 1,608.80 रुपये और 52 सप्‍ताह का निचला स्‍तर 1,156 रुपये है. दिसंबर तिमाही में कितना हुआ मुनाफा रिलायंस इंडस्‍ट्रीज के मुनाफे की बात करें तो अक्‍टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान कंपनी ने 18,540 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट दर्ज किया है. यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुनाफे 17,265 करोड़ रुपये से 7 प्रतिशत ज्यादा है. कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 2.40 लाख करोड़ रुपये रहा, जो दिसंबर 2023 तिमाही के रेवेन्यू 2.25 लाख करोड़ रुपये से 6.7 प्रतिशत ज्यादा है. कंपनी का EBITDA दिसंबर 2024 तिमाही में सालाना आधार पर 7.7 प्रतिशत बढ़कर 43,789 करोड़ रुपये हो गया. वहीं EBITDA मार्जिन की बात करें तो यह पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में बढ़कर 18.3 प्रतिशत हो गया.   recent visitors 71

1 अप्रैल से UPI पेमेंट सर्विस से जुड़ा नया नियम होगा लागू, इन नंबरों पर नहीं चलेगा UPI

नई दिल्ली अगर आप यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस (UPI) के जरिए लेन-देन करते हैं और बैंक से जुड़ा आपका मोबाइल नंबर लंबे समय से निष्क्रिय है, तो उसे तुरंत सक्रिय कर लें. अन्यथा, आपको पेमेंट करने में दिक्कत आ सकती है, क्योंकि 1 अप्रैल से UPI पेमेंट सर्विस से जुड़ा नया नियम लागू होने जा रहा है. इस नियम के तहत, बैंक अकाउंट से जुड़े वे मोबाइल नंबर, जो लंबे समय से सक्रिय नहीं हैं या जो बंद होने के बाद दोबारा सक्रिय किए गए हैं, उन्हें UPI सिस्टम से हटा दिया जाएगा. इस बदलाव का असर उन यूजर्स पर पड़ेगा, जिनके बैंक अकाउंट से कोई पुराना या बंद नंबर जुड़ा हुआ है. साइबर फ्रॉड रोकने के लिए लिया गया फैसला UPI को रेगुलेट करने वाली संस्था नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने बैंकों और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर्स को ऐसे मोबाइल नंबरों को डीलिंक (हटाने) करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा, NPCI जल्द ही Pull Transaction फीचर को भी बंद कर सकता है. NPCI ने यह फैसला साइबर फ्रॉड और अनधिकृत ट्रांजेक्शन को रोकने के लिए लिया है. कई बार मोबाइल नंबर बंद होने के बाद टेलीकॉम कंपनियां उसे किसी अन्य उपयोगकर्ता को अलॉट कर देती हैं, जिससे पुराने नंबर से जुड़े बैंक अकाउंट पर धोखाधड़ी का खतरा बढ़ जाता है. इसी वजह से NPCI ने बैंकों और Google Pay, PhonePe और Paytm जैसे UPI ऐप्स को हर हफ्ते निष्क्रिय मोबाइल नंबरों की पहचान कर उन्हें अपने सिस्टम से हटाने का निर्देश दिया है. इसका मतलब यह है कि यदि आपका नंबर लंबे समय से सक्रिय नहीं है, तो उसे बैंक के रिकॉर्ड से स्वतः हटा दिया जा सकता है. सर्विस बंद करने से पहले भेजा जाएगा अलर्ट मैसेज UPI सर्विस बंद करने से पहले यूजर्स को अलर्ट मैसेज भेजे जाएंगे. यदि चेतावनी के बावजूद कोई मोबाइल नंबर निष्क्रिय रहता है, तो उसे UPI सिस्टम से हटा दिया जाएगा. NPCI Pull Transaction फीचर हट सकता है UPI के जरिए Pull Transaction की वजह से धोखाधड़ी के मामले बढ़ रहे हैं. इसी कारण NPCI पेमेंट ऐप्स में इस फीचर को सीमित या बंद करने की योजना बना रहा है. हालांकि, यह योजना अभी प्रारंभिक चरण में है. इसका क्रियान्वयन कब और कैसे होगा, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. recent visitors 36